Home Blog Page 3

कहानी: टुकी मिसिर


अभय कुमार 

बारह साल की ललिता जब किराने की दुकान पर नमक, तेल, ज़ीरा, मिर्च इत्यादि सामान ख़रीदने जाती, तो पास बैठे कुछ बूढ़े-बुज़ुर्ग, अगर उसे पहचान न पाते, तो पूछ बैठते— “किसकी बेटी हो?” बाप का नाम पूछने पर उन्हें जवाब मिलता, “टुकी मिसिर (मिश्र) की।”

ललिता कई सालों से चौथी क्लास में ही है। जिस तरह पैसेनजर गाड़ी को स्टेशनों पर एक्सप्रेस रेलगाड़ियों के गुज़र जाने के लिए रोक दिया जाता है, उसी तरह टुकी मिसिर ने अपनी इकलौती बेटी को एक ही क्लास में रोक रखा है। पिछले साल की तरह ललिता का यह साल भी बर्बाद हो गया, क्योंकि पिता ने बेटी का परीक्षा शुल्क नहीं भरा।

टुकी मिसिर को लगता है कि बेटी इम्तहान दे या न दे, क्या ही फ़र्क़ पड़ता है। उनकी यह समझदारी है कि बेटा होता तो कुछ और बात होती। परीक्षा में बैठने के लिए स्कूल ने पूरे एक सौ रुपये माँगे थे। टुकी मिसिर को यह लगा कि सौ रुपये के मकई के बीज से दो कठा खेत आबाद हो जाएगा; वहीं बेटी को पाँचवीं में भेजकर छठी क्लास के ख़र्च की मुसीबत को दावत देना होगा।

एक समय था, जब ललिता या उसकी माँ किसी के मुँह से “टुकी मिसिर” सुन लेती थीं, तो बहुत लड़ाई करती थीं और गंदी-गंदी गालियाँ देती थीं। जब गाँव के कुछ निठल्लों को मनोरंजन करने का दिल करता, तो जानबूझकर वे परिवारवालों के सामने राजेंद्र मिसिर को “टुकी मिसिर” कहकर संबोधित करते थे। “टुकी मिसिर” सुनते ही ललिता, उसकी माँ, उसका भाई विकास—सब ऐसे भड़क जाते थे, गोया गैस सिलिंडर अचानक फट गया हो।

एक बार गाँव के बच्चों ने सरस्वती पूजा का आयोजन किया। पूजा की तैयारी और चंदे की रक़म जमा करने के बहाने बच्चों को स्कूल न जाने का मौक़ा मिल जाता था। इतना ही नहीं, पूजा के नाम पर उन्हें कई दिनों तक लाउडस्पीकर बजाने, प्रोजेक्टर की मदद से फ़िल्म स्क्रीन करने और मूर्ति-विसर्जन के दौरान डांस करने का भी पूरा मौक़ा मिल जाता था। यही वजह थी कि गाँव के बच्चों में पंडाल स्थापित करने का काफ़ी क्रेज़ था।

चंदा इकट्ठा करने के क्रम में बच्चे टुकी मिसिर के दरवाज़े पर गए और ज़ोर से बोले, “बाबूजी, गेट खोलिए।” अंदर से जब कोई आवाज़ नहीं आई, तो बच्चे और ज़ोर से चिल्लाने लगे।

भरी दोपहरिया थी। टुकी मिसिर अभी-अभी खाना खाकर लेटे ही थे। बाहर आते ही उन्होंने अपने कर्कश स्वर में कहा, “क्या करने आए हो तुम लोग? भागो यहाँ से!”

सच पूछिए तो बच्चों को टुकी मिसिर से चंदा लेने से ज़्यादा उनके साथ मनोरंजन करने में दिलचस्पी थी। यही वजह थी कि वे जितना ग़ुस्से में चिल्लाते और गालियाँ देते, बच्चों को उतना ही मज़ा आता था और वे ज़ोर-ज़ोर से हँसते थे।

“बाबूजी, चंदा दीजिए। मूर्ति वाले को पेशगी में पाँच सौ रुपये देने हैं। आपको एक सौ एक रुपये देना है।”

एक सौ एक रुपये चंदे की फ़रमाइश सुनकर टुकी मिसिर और ज़ोर से चिल्लाने लगे— “मेरे पास ज़हर खाने के लिए एक रुपया नहीं है!”

टुकी मिसिर की पत्नी कमला को भी अपने पैसे से कम मोह नहीं था। मगर बच्चों की ज़िद देखकर उन्हें यह एहसास हो गया कि ये बच्चे यमराज की तरह ख़ाली हाथ लौटकर जाने वाले नहीं हैं।

दिल पर पत्थर रखकर वे पाँच रुपये का नोट लेकर आईं और बच्चों के सामने उसे पेश करते हुए कहा, “अब हल्ला मत करो यहाँ पर। सर-दर्द से मैं मर रही हूँ। ये लो पाँच रुपये और जाओ। जिसकी जितनी औक़ात होगी, उतना ही तो चंदा देगा।”

बच्चों को भी यह समझ में आ गया था कि पत्थर से तेल निकालना और रेगिस्तान में खेती करना भी शायद आसान हो, मगर टुकी मिसिर से एक पाई निकलवाना बेहद मुश्किल है।

बच्चों की टोली में से एक ने पाँच रुपये का नोट जेब में रखा और चंदे की रसीद पर चंदे की रक़म और चंदा देने वाले का नाम लिखने लगा। फिर उसने धीरे से रसीद आगे बढ़ाते हुए कहा, “बाबूजी, रसीद ले लीजिए। हम लोग चंदा जमा करने में कोई बेईमानी नहीं करते हैं। सबको रसीद देते हैं और पाई-पाई का हिसाब होता है।”

टुकी मिसिर ने जब रसीद अपने हाथों में ली और उस पर एक नज़र डाली, तो बारूद की तरह भड़क उठे। बोले, “किस नालायक ने रसीद के ऊपर मेरा नाम ‘टुकी मिसिर’ लिखा है? दो मेरे नोट वापस, कुत्तों…!”

बच्चे तो इसी घड़ी के इंतज़ार में थे। उन्होंने अपने प्लान के तहत रसीद पर राजेंद्र मिसिर लिखने के बजाय टुकी मिसिर लिख दिया था। जैसे-जैसे टुकी मिसिर उन्हें गालियाँ दे रहे थे, वैसे-वैसे कुछ बच्चे उनसे दूर भागते हुए “टुकी मिसिर, चूक-चूक…!” कहकर उन्हें चिढ़ा रहे थे।

दरअसल, टुकी मिसिर के माई-बाबूजी ने बड़े प्यार से उनका नाम राजेंद्र रखा था, मगर उनकी कुछ ऐसी हरकत गाँववालों ने पकड़ ली कि राजेंद्र मिसिर, “टुकी मिसिर” कहलाए जाने लगे।

टुकी मिसिर किसानी किया करते थे। घर में पैसों की आमदनी बहुत कम थी। पिताजी एक सरकारी दफ़्तर में चपरासी का काम करते थे। तीन बेटियों की शादी की वजह से वे काफ़ी क़र्ज़ में डूबे हुए थे। खेती-बारी भी बहुत जोखिम का पेशा था। कभी बाढ़, तो कभी सूखाड़ की वजह से खेती में लगे पैसे भी कई बार नहीं निकल पाते थे। ऊपर से ज़मीन के झगड़े की वजह से पट्टीदारों से केस-मुक़दमा भी हो गया था। मोतिहारी कचहरी में तारीख़ के दिन काफ़ी पैसे ख़र्च होते थे। घर की महिलाओं के कुछ गहने भी गिरवी रखे हुए थे।

परिवार की समस्याओं की वजह से टुकी मिसिर पढ़ाई पर ध्यान नहीं दे पाए और मैट्रिक किसी तरह ‘थर्ड डिवीज़न’ से पास हुए। पढ़ाई छूटने की एक बड़ी वजह पिताजी का अचानक देहांत होना भी था। जब मैट्रिक का रिज़ल्ट आया, उसके कुछ ही दिनों बाद पिताजी रात को खाना खाकर सोए, तो सोए ही रह गए।

घर की सारी ज़िम्मेदारी अचानक टुकी मिसिर के कंधों पर आकर गिर पड़ी। विधवा माँ, छोटा भाई वीरेंद्र, बेटी ललिता और छोटा बेटा विकास—इन सबका ख़र्च उठाना इतना आसान नहीं था। खेती से अनाज तो मिल जाता था, मगर तेल, मसाले, कपड़ा, दवा-दारू, खाद और न्योता के लिए तो नक़द चाहिए ही चाहिए। सिर्फ़ धान और गेहूँ बेचकर सब कुछ पूरा करना मुश्किल था। सामाजिक हालात ने टुकी मिसिर को कंजूसी के गुण सिखा दिए थे।

समय गुज़रने के साथ टुकी मिसिर की बख़ीली बढ़ती चली गई। किसी को चाय पिलाना तो दूर की बात, वे किसी को अपने दरवाज़े पर बैठने तक के लिए नहीं कहते थे। उन्हें डर लगता था कि अगर कोई उनके घर बैठ गया, तो शायद उसे कुछ खाने-पीने को देना पड़ सकता है। किसी को कुछ देना उन्हें काफ़ी पीड़ादायक लगता था। जैसे ख़ून को सिरिंज से खींचने पर कष्ट होता है, वैसे ही अपनी कोई भी चीज़ किसी दूसरे को देने पर उनकी जान हाथ में आ जाती थी।

जहाँ अपनी चीज़ दूसरों को देना उन्हें बिल्कुल भी नागवार गुज़रता था, उसके उलट दूसरों की चीज़ खाने और लेने में उनका दिल बाग़-बाग़ हो जाता था। पूरे गाँव में कहीं भी शादी हो, तो वे कई दिनों से कुछ नहीं खाते; और जब खाने को कुछ मिलता, तो रामायण के लोकप्रिय पात्र और रावण के भाई कुंभकर्ण को भी टक्कर दे देते थे। शादी से ज़्यादा उन्हें मृत्युभोज का इंतज़ार रहता था, क्योंकि ब्राह्मणों को वहाँ न सिर्फ़ खाना मिलता था, बल्कि कुछ दान भी मिल जाता था। भोले-भाले लोगों को ठगने में भी उन्हें महारत हासिल थी।

दिन भर टुकी मिसिर दूसरों के सामान को पलक झपकते ही उठाकर अपने घर में छुपा लेने की कला भी सीख गए थे। दो कमरों का उनका घर किसी गोदाम से कम नहीं था। यही वजह थी कि उनका घर चूहों का अड्डा बन गया था, क्योंकि वे घर का कचरा फेंकना तो दूर की बात, दूसरों के कचरों से भी कुछ चुनकर अपने घर में लाकर रख देते थे। वे जिस ऊर्जा के साथ अपने घर में हर तरह के सड़े-गले और टूटे-फूटे पुराने सामान जमा करते थे, मानो कुछ दिनों बाद वह सोने में तब्दील होने वाला हो! 

टुकी मिसिर को बीड़ी पीने की बड़ी बुरी लत लग गई थी। जब वे छोटे बच्चे थे, तो पड़ोस की बुधिया काकी के लिए दुकान से बीड़ी ख़रीद कर लाते थे। गाँव में ब्राह्मण औरतों के घर से निकलने पर एक तरह की पाबंदी होती है। घर के भीतर उनके साथ जैसा भी बुरा सलूक हो, सब जायज़ माना जाता है, क्योंकि यह सब तो घर के अंदर ही होता है।

बुधिया काकी के पति शंभु मिसिर दिन भर मुखिया के दरवाज़े पर बैठे रहते थे। एक तरह से वे मुखिया के चमचे थे—मुखिया की हर बात में ‘हाँ’ भरते थे, और बदले में मुखिया के यहाँ उन्हें चाय, नाश्ता और खाना मिल जाता था। जब भी मुखिया दारू पीते, तो गिलास धोने से लेकर चखने का इंतज़ाम तक शंभु मिसिर करते थे। जब दारू चलती, तो गाँजे की चिलम भी जलती थी।

बुधिया काकी ने खाया या नहीं, घर में तेल, मसाला, साग-सब्ज़ी है या नहीं—इससे उनके पति को कोई मतलब नहीं होता था। जिस दिन मुखिया के घर से खाना नहीं मिलता, उसी दिन वे घर का खाना खाते थे।

शाम होने के बाद बुधिया काकी बीड़ी पीते हुए अपने मालिक के घर आने का इंतज़ार करती रहती थीं। बचपन से ही टुकी मिसिर बुधिया काकी को बीड़ी पीते देख-देखकर बीड़ी पीना सीख गए। वक़्त गुज़रने के साथ टुकी मिसिर की बीड़ी पीने की लत उनके शरीर से भी ज़्यादा तेज़ी से जवान होने लगी।

बीड़ी की गंध सूँघते ही टुकी मिसिर बेचैन हो जाते थे। उनकी समस्या यह थी कि बीड़ी ख़रीदने के लिए उनके पास अक्सर पैसे नहीं होते थे। अगर कभी कुछ पैसे होते भी, तो कंजूसी की वजह से वे उन्हें खर्च नहीं करना चाहते थे। उन्हें बीड़ी भी पीनी है और पैसे भी खर्च करने से बचना है। यही वजह थी कि वे बीड़ी पीने वालों के पास बिन बुलाए जाकर बैठ जाते थे, ताकि कोई उन्हें बीड़ी पीने में शरीक कर ले। 

टुकी मिसिर कई सारी दुकानों से बीड़ी उधार पर ले चुके थे, और जब दुकानदार ने पैसे के लिए टोकना शुरू किया, तो उन्होंने उस दुकान पर जाना ही छोड़ दिया और नई दुकान की तलाश में लग जाते।

गाँव कोई शहर तो है नहीं कि हर क़दम पर दुकान मिल जाएगी। गाँव में तो कुल चार ही दुकानें थीं—तीन ब्राह्मण, बनिया और कायस्थ के इलाक़े में, जहाँ से सब जाति और धर्म के लोग सामान लेते थे, और एक दलितों की बस्ती में, जहाँ से दलितों को छोड़कर कोई नहीं जाता था।

मगर टुकी मिसिर की बीड़ी की लत ऐसी थी कि उन्होंने दलित बस्ती वाली दुकान से भी बीड़ी उधार लेना शुरू कर दिया था, और तब तक लेते रहे, जब तक कि दुकानदार ने पुराने हिसाब न चुकाने की वजह से नया सामान देने से मना नहीं कर दिया।

दलित बस्ती से बीड़ी ख़रीदने की वजह से ब्राह्मणों ने टुकी मिसिर को बुरा-भला भी कहा और जात से निकालने की धमकी भी दी, मगर मुफ़्त की बीड़ी कोई भी जात-बिरादरी का आदमी दे दे तो टुकी मिसिर को उससे बहुत फ़र्क़ नहीं पड़ता था। 

जब टुकी मिसिर को कहीं भी मुफ़्त की बीड़ी पीने को नहीं मिलती थी, तो मजबूरी में वे आधा किलो धान लेकर दुकान पर उसे बेचने के लिए निकल पड़ते थे। आधा किलो धान को बोरी से निकालने और बेचने में उनकी जान निकल जाती थी। 

घर में नक़द न होने की वजह से किसान के पास अनाज बेचने के अलावा और कोई रास्ता नहीं बचता था। चूँकि गाँव के दुकानदार अपना सामान नक़द से भी बेचते थे, और जिनके पास नक़द नहीं होता था उनसे अनाज के बदले सामान दे दिया करते थे। यह एक तरह के ‘बार्टर सिस्टम’ की तरह काम करता था। इस ‘एक्सचेंज’ प्रणाली में दुकानदारों को ज़्यादा फ़ायदा होता था, क्योंकि वे अनाज सस्ते दाम पर ख़रीदते थे और तौलते समय न सिर्फ़ डंडी मारते थे, बल्कि उनका एक किलो का पत्थर का बटखरा भी सवा किलो का होता था।

जब कभी टुकी मिसिर आधा किलो धान लेकर दुकान बीड़ी ख़रीदने जाया करते थे, तो वे सोचते रहते थे कि इस धान को उगाने में उन्हें कितनी मेहनत करनी पड़ी है, मगर बीड़ी के धुएँ के लिए वे अपनी ही मेहनत में आग लगा रहे हैं।

धान की रोपाई के समय का मंज़र उनकी आँखों के सामने उभर आता था—किस तरह उन्हें घंटों पानी से भरे खेत में खड़ा रहना पड़ता था। कीचड़ की वजह से उनके पैरों की उँगलियों में खुजली होने लगती और कई बार वे सड़ भी जाती थीं। कुछ अवसरों पर उन्हें कीड़ों ने भी काटा था। दिन भर खेत में रोपाई करने के बाद, जब शाम को वे घर लौटते, तो पैरों को धोते और फिर उँगलियों के बीच में गरम तेल डालते, ताकि सड़न जल्दी ठीक हो जाए।

रास्ते भर टुकी मिसिर सोचते रहते कि आधा किलो धान का भात बन जाए, तो एक इंसान का पेट भर जाएगा; मगर उसी धान को वे बीड़ी के लिए—जो मुफ़्त में खाँसी ही देती है—दुकानदार को बेच रहे हैं। हालाँकि अगले ही पल उनके दिमाग़ में यह ख़याल भी आता कि कमाया आखिर किस लिए जाता है? अगर शौक़ पूरे ही न हों, तो फिर सारे धन का क्या फ़ायदा?

मगर जब वे धान बेचकर बीड़ी लाते, तो बड़े आराम से उसे पीते। सोकर उठते ही जब गाँव के दूसरे ब्राह्मण भगवान का नाम लेते, टुकी मिसिर बीड़ी जलाना शुरू कर देते थे; और बीड़ी पीते-पीते खाँसने का सिलसिला भी शुरू हो जाता था।

एक दिन टुकी मिसिर सुबह-सुबह बीड़ी पी रहे थे कि अचानक उनके दिमाग़ में एक ‘आइडिया’ आया। वे यही चाहते थे कि उन्हें बीड़ी पीने को भी मिल जाए और घर का अनाज भी घर में ही बचा रहे। चूँकि गाँव के लोगों ने पहले ही उन्हें बीड़ी देना बंद कर दिया था और दुकानदारों ने भी कब का उधार देने से मना कर दिया था, इसलिए उन्हें किसी नए रास्ते की तलाश थी। आज रात वे उसी रास्ते पर चलकर अपनी तलब पूरी करने का इरादा कर चुके थे।

रात में जब सब लोग खाना-पीना खाकर सो रहे थे, तब टुकी मिसिर घर से टॉर्च लेकर बाहर निकले। उन्होंने अपने ‘प्लान’ के बारे में किसी को कुछ नहीं बताया—अपनी पत्नी को भी नहीं, जो दूसरे कमरे में सो रही थी। रात के अँधेरे में वे टॉर्च लिए बाज़ार की तरफ़ निकल पड़े। 

गाँव से पूरब की ओर पाँच मिनट पैदल चलने पर एक प्राइमरी स्कूल था, जहाँ पर कुछ ज़मीन ख़ाली थी। हर शाम सब्ज़ी वाले यहाँ अपनी टोकरी रखकर अपना सामान बेचते थे। बग़ल में एक मंदिर था। मंदिर के पास बरगद का एक पुराना पेड़ था। कुछ साल पहले, जब मुखिया जी की माँ का स्वर्गवास हुआ था, तो पंडित के कहने पर मुखिया जी ने मंदिर की मरम्मत करवाई थी और पास के बरगद के चारों तरफ़ एक चबूतरा बनवाया था, जहाँ कुछ लोग दिन भर ताश खेलते थे और उनमें से कुछ वहीं बीड़ी भी पीते थे।

गाँव में लोग शाम ढलते ही खाने और सोने की तैयारी करने लगते हैं। शहर के लोग जब शाम को ‘मार्केटिंग’ करने निकलते हैं, तो आधा गाँव सोने के लिए बिस्तर पर लेट जाता है। शहरों की तरह गाँव में बिजली और ‘स्ट्रीट लाइट’ नहीं थी। इसलिए हर तरफ़ अंधेरा पसरा हुआ था। गाँव के कुत्ते भूख से भौंक रहे थे। मगर इन सब से टुकी मिसिर बेफिक्र थे। उनके ऊपर बीड़ी की लत का ऐसा नशा छाया था कि अगर कोई कह दे कि शेर की गुफा में बीड़ी का एक पैकेट रखा हुआ है, तो वह उसे पाने के लिए दौड़ पड़ते।

रात में जब सब सो रहे थे, तो टुकी मिसिर चुपके-चुपके मुखिया जी के बरगद के पेड़ की तरफ़ बढ़ने लगे। पूरे रास्ते भर वह यही सोच रहे थे कि अगर किसी ने उन्हें देख लिया तो कल से गाँव में मुँह दिखलाना मुश्किल हो जाएगा। अंदर से थोड़ा बहुत डर तो लग ही रहा था कि कहीं कुत्ता न काट ले। कुछ ही दिन पहले किशून पधेया (उपाध्याय) के घर के पास काले कुत्ते ने दो लोगों को काट लिया था और फिर उन्हें मोतिहारी सदर अस्पताल जाकर सुई लगवानी पड़ी थी।

जब वह किशून पधेया के घर से गुज़र रहे थे, तो मन ही मन हनुमान चालीसा पढ़ रहे थे। सांस को थामे वे चुपके से गुज़र रहे थे। काला कुत्ता सड़क के किनारे बैठा उन्हें देख रहा था। टुकी मिसिर को यह मालूम था कि कुत्ता कितना भी ख़तरनाक क्यों न हो, उसके पास से गुज़रते वक्त न तो डरना चाहिए और न ही भागना। हालाँकि, उनकी हालत अंदर से पतली थी, मगर वे बाहर से निडर बने हुए थे। जैसे-जैसे वे कुत्ते को पार करके आगे बढ़े, उनकी निकली हुई जान फिर से वापस आने लगी। मगर दूर तक वे पीछे मुड़कर देखते रहे कि कहीं कुत्ता उनका पीछा तो नहीं कर रहा है।

रात के काले अंधेरे में वह बरगद के पेड़ के नीचे पहुँच गए। इधर उधर देखा तो दूर तक कोई नज़र नहीं आया। उनको इस बात की ख़ुशी हुई कि वह जो कुछ भी करने जा रहे हैं उसे गाँव का कोई भी आदमी नहीं जान पाएगा। अचानक से टुकी मिसिर ने अपनी टॉर्च जलाई और पेड़ के चबूतरे के आस पास कुछ ढूँढने लगे। दिन भर चबूतरे के आस पास लोगों का जमावड़ा लगा रहता है। लोग वही बैठ कर ताश खेलते हैं। ताश खेलते वक़्त बीड़ी बात बात पर जलती है। बीड़ी के कश को खींचते वक़्त, ताश के खिलाड़ी पत्ते फेकते हैं और हारने वाले अपने प्रतिद्वंदी पर जुमले कसते हैं।

 

टॉर्च की लाइट में टुकी मिसिर बड़ी तेज़ी से वहाँ आस-पास बिखरी हुई बीड़ी के टुकड़े चुन रहे थे। अंदर से इस बात का डर भी था कि कोई उन्हें यह सब करते हुए देख न ले। मगर जैसे-जैसे उन्हें बीड़ी के टुकड़े मिलते, उनके दिलों में आँधी में आम चुनते छोटे बच्चों की तरह ख़ुशी होती। कुछ ही देर में उनके पास दर्जनों बीड़ी के टुकड़े मिल गए। वह अंदर ही अंदर खुश हो रहे थे कि चलो, कई दिनों का काम हो गया। 

बीड़ी के टुकड़े उन्होंने अपनी अगुच्ची में बंधा। सोचा कि घर जाकर इत्मीनान से पियेंगे। मगर तलब का ज़ोर ऐसा था कि रहा नहीं गया और झटसे बीड़ी के एक टुकड़े को उन्होंने जला दिया। बीड़ी को जैसे-जैसे वह खींचते, उन्हें ऐसा महसूस होता कि भगवान ने ज़िंदा रहते ही उन्हें स्वर्ग में पहुँचा दिया हो। बीड़ी खींचते वक़्त वह मन ही मन सोच रहे थे, “क्या बुराई है इसमें? लोगों के पास पैसे बहुत हैं, तो वह थोड़ी बीड़ी पीकर फेंक देते हैं। इस तरह से बीड़ी को बर्बाद करना ठीक थोड़े ही है? पैसे हैं तो क्या है, चीज़ों को नुक़सान करोगे?”

बीड़ी के अभी दो कश भी नहीं लिए थे कि उनके पीछे से आवाज़ आई।

“जा हो राजेंद्र, गाँव के नाम पर कलंक हो! ब्राह्मण के कुल में पैदा हो कर तुमने सब सत्यानाश कर दिया। तुम फेंकी हुई बीड़ी का टुकड़ा पी रहे हो। जब नशे के लिए जेब से पैसे नहीं निकलते, तो नशा छोड़ क्यों नहीं देते? भिकारी कहीं का… टुकी बीड़ी पिता है… टुकी बीड़ी…।”

दरअसल, किशून पधेया किसी मर्त्यु-भोज में पेट से चार गुना ज़्यादा खा कर लौटे थे। उम्र बढ़ने के साथ-साथ उनकी खुराक कम होने की जगह बढ़ती ही जा रही थी। कहीं भी भोज का मौका आता, तो उसकी तैयारी वह कई दिन पहले से करते थे। भोज से एक-दो दिन पहले हल्का खाना लेने लगते थे, ताकि मौके पर छक्के लगा सकें। मगर आज के भोज से लौटने के बाद उनका पेट भारी सा हो गया। कुछ घंटों के बाद पतला दस्त आने लगा। खेत से शौच कर के आते और हाथ भी नहीं धो पाते कि फिर लोटा लेकर खेत में निकल पड़ते थे।

जिस दिन टुकी मिसिर बीड़ी चुन रहे थे, उसी वक्त किशून पधेया बरगद के पास के खेत में शौच कर रहे थे, और टॉर्च की लाइट में उन्हें सब कुछ दिख गया। अगले ही दिन किशून पधेया ने पूरी बात गाँव में फैला दी। गाँववालों ने इस पूरे मामले को बड़े चटकारे से सुना और मिर्च-मसाला लगाकर इसे दूसरों को भी सुनाया। टुकी मिसिर को बात-बात पर लोग पकड़ कर इस मामले पर बात करना चाहते। दरअसल, यह सब उनका मज़ा लेने के लिए होता था।

न सिर्फ़ टुकी मिसिर, बल्कि उनके परिवार वालों का भी हर तरफ़ मज़ाक उड़ने लगा। देखते ही देखते राजेंद्र मिसिर को लोग टुकी मिसिर कह कर पुकारने लगे। गाँव में नाम बदलने के लिए कोई ‘एफिडेविट’ नहीं बनता। माँ-बाप ने भले ही उनका नाम बड़े प्यार से रखा हो, मगर गाँव वाले अपने ढंग से लोगों का नामकरण करते हैं। देखते ही देखते राजेंद्र मिसिर टुकी मिसिर हो गए। शुरू-शुरू में तो टुकी मिसिर के घरवालों ने काफ़ी एतराज किया, मगर धीरे-धीरे सब ‘नार्मल’-सा हो गया।

लेखक अभय कुमार कई भाषाओं के जानकार और राजनीतिक समाज विज्ञानी है। उन्होंने कहानी में भी हाथ आजमाया है

One response to “कहानी: टुकी मिसिर”

  1. Raksha Geeta Avatar
    Raksha Geeta

    अच्छी कहानी आपको बधाई 💐

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

जदयू में उतराधिकार : नीतीश मॉडल की नयी पटकथा

अरुण आनंद

बिहार की राजनीति में वंशवाद शब्द पिछले तीन दशकों से एक खास राजनीतिक हथियार की तरह इस्तेमाल होता रहा है। जब भी इस शब्द का उच्चारण होता है तो निशाना लगभग तय होता है; लालू प्रसाद और उनका परिवार। लेकिन हाल के दिनों में रालोसपा सुप्रीमो उपेन्द्र कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश को बिहार विधान मंडल के किसी भी सदन का सदस्य नहीं होने के बावजूद मंत्री बनाया गया, या जदयू का सदस्य बनते ही नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार को जिस तरह प्रोजेक्ट किया गया उसने इस ‘नैरेटिव’ की सारी नैतिकता को नंगा कर दिया है।

जिस राजनीति ने वर्षों तक यह दावा किया कि वह परिवारवाद से मुक्त है, वही राजनीति आज अपने भीतर वंशवाद की सबसे विडंबनापूर्ण मिसाल गढ़ रही है।

निशांत कुमार वे शख्स हैं जो कल तक जदयू के साधारण सदस्य भी नहीं थे। पार्टी के भीतर उनका कोई राजनीतिक इतिहास नहीं था, न कोई संगठनात्मक संघर्ष, न जनता के बीच कोई लंबा संवाद। लेकिन जैसे ही उन्होंने सदस्यता ग्रहण की, रातों-रात उन्हें राजनीतिक वारिस और पार्टी के भविष्य के रूप में प्रस्तुत किया जाने लगा। जिस पार्टी में हजारों कार्यकर्ता दशकों से संघर्ष कर रहे हैं, वहां अचानक एक व्यक्ति को केवल इसलिए तारणहार घोषित कर दिया जाता है क्योंकि वह मुख्यमंत्री का बेटा है। यह सब सिर्फ वंशवाद नहीं है; यह राजनीतिक नैतिकता की खुली हत्या है।

जदयू के उन कार्यकर्ताओं पर क्या गुजरती होगी जो पिछले तीस वर्षों से पार्टी के लिए गाँव-गाँव में पसीना बहा रहे हैं। वे लोग जिन्होंने आंदोलन किए, जेल गए, चुनाव लड़े, हार-जीत का सामना किया उनकी पूरी राजनीतिक यात्रा को एक झटके में अप्रासंगिक बना दिया गया। क्योंकि लोकतंत्र की जगह वंश ने ले ली है।

निशांत कुमार का राजनीतिक उभार इस मायने में भी विचित्र है कि उन्हें ऐसे व्यक्ति के रूप में पेश किया जा रहा है जो न तो सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहे हैं और न ही राजनीतिक संवाद में उनकी कोई पहचान रही है। लेकिन अचानक उन्हें ऐसे प्रस्तुत किया जा रहा है जैसे जदयू का भविष्य उन्हीं के हाथों में सुरक्षित है। यह दृश्य किसी लोकतांत्रिक दल का नहीं, बल्कि किसी सामंती दरबार का प्रतीक लगता है जहां राजा के बाद राजकुमार का राज्याभिषेक तय होता है।

बिहार की इस पूरी राजनीति की सबसे बड़ी विडंबना यह है कि यह सब कुछ उन तस्वीरों के सामने रखकर हो रहा था जिनमें महात्मा गांधी, राममनोहर लोहिया और भीमराव आंबेडकर जैसे महापुरुषों की छवियां अंकित थीं। गांधी का सपना लोकतांत्रिक नैतिकता का था। सिद्धांतविहीन राजनीति के आज के दौर में नीतीश सबसे बड़े प्रतीक रहे हैं। डॉ० राममनोहर लोहिया ने वंशवाद और सामंती राजनीति का खुलकर विरोध किया था। और आंबेडकर ने राजनीतिक प्रतिनिधित्व को सामाजिक न्याय से जोड़ा था।

लेकिन उन्हीं की तस्वीरों के नीचे एक ऐसी राजनीतिक व्यवस्था खड़ी की गई जहां पार्टी का भविष्य तय करने का अधिकार कार्यकर्ताओं या जनता के पास नहीं, बल्कि परिवार के पास है। यह घटनाक्रम राजनीतिक स्मृतिहीनता का चरम है।

विडंबनापूर्ण बात यह कि यह सब उसी राजनीतिक खेमे में हो रहा है जो वर्षों से परिवारवाद के खिलाफ सबसे जोरदार भाषण देता रहा है। NDA के नेताओं ने लंबे समय तक बिहार में यह प्रचार किया कि वंशवाद केवल लालू प्रसाद के परिवार में है। लेकिन आज वही गठबंधन अपने भीतर उसी प्रवृत्ति को खुलकर बढ़ावा दे रहा है।

अगर किसी दल में नेता का बेटा अचानक राजनीति में आकर पार्टी का भविष्य घोषित कर दिया जाए, तो उसे क्या कहा जाएगा? अगर यह वंशवाद नहीं है, तो फिर वंशवाद की परिभाषा क्या है?

असल समस्या यह है कि बिहार की राजनीति में वंशवाद पर बहस भी वर्गीय और जातीय पूर्वाग्रहों से संचालित होती रही है। जब राजद नेता लालू प्रसाद अपने परिवार के साथ राजनीति में दिखते हैं तो उसे वंशवाद कहकर बदनाम किया जाता है। लेकिन जब सत्ता के भीतर वही काम रामविलास पासवान, जीतनराम मांझी, उपेन्द्र कुशवाहा, भाजपा, और नीतीश कुमार करते हैं तो उसे राजनीतिक विरासत कहकर सामान्य बना दिया जाता है।

कभी जदयू खुद को समाजवादी परंपरा की पार्टी कहा जाता था, जब यह पार्टी बिहार में स्थापित होने के लिए संघर्ष कर रही थी तो मंगनीलाल मंडल और उदयकांत चौधरी जैसे पिछड़े वर्ग के विचारवान नेता इसकी अगली कतार में होते थे, लेकिन जैसे ही यह पार्टी सत्तासीन हुई इसने साजिशन पिछड़े वर्ग से किसी नेता को उभरने ही नहीं दिया। उसका चरित्र तेजी से सवर्णमुखी होकर रह गया।

पार्टी के भीतर जिन लोगों का प्रभाव बढ़ा है, उनमें ललन सिंह, संजय झा और विजय चौधरी जैसे नेता शामिल हैं। बहुजन समाज के जिन नेताओं की उनकी पहुंच है वह अशोक चौधरी जैसे भ्रष्टतम नेता शामिल रहे हैं। जाहिर है नीतीश के इसी व्यक्तिवादी सोच के कारण जदयू में समाजवादी विचारधारा या जनआंदोलनों की विरासत की जगह सत्ता-केंद्रित राजनीति हावी होती गई है। परिणाम यह हुआ कि पार्टी धीरे-धीरे एक व्यक्ति और उसके परिवार के इर्द-गिर्द सिमटती चली गई। यही वह प्रक्रिया है जिसने जदयू को एक राजनीतिक आंदोलन की बजाय भ्रष्टतम प्रशासनिक तंत्र में बदल दिया।

निशांत कुमार की ताजपोशी को केवल परिवारवाद की घटना मानना अधूरा होगा। यह उस लंबी प्रक्रिया का हिस्सा है जिसमें नीतीश कुमार की राजनीति धीरे-धीरे व्यक्तिवाद में बदलती गई। एक समय वे सामाजिक न्याय और विकास के संतुलन की राजनीति का दावा करते थे। लेकिन समय के साथ उनकी राजनीति का केंद्रीय तत्व केवल सत्ता-प्रबंधन बनकर रह गया। इसी प्रक्रिया में उन्होंने बिहार की राजनीति का बड़ा हिस्सा भाजपा के लिए खुला छोड़ दिया।

आज स्थिति यह है कि भाजपा वैचारिक और संगठनात्मक रूप से लगातार मजबूत होती गई, जबकि जदयू अपने ही ढांचे में सिकुड़ती चली गई। ऐसे में निशांत कुमार की एंट्री केवल एक पारिवारिक घटना नहीं है। यह उस राजनीतिक खालीपन का प्रतीक भी है जो जदयू के भीतर पैदा हो चुका है।

राजनीति में कुछ क्षण ऐसे होते हैं जो केवल तत्कालीन घटना नहीं रहते, बल्कि इतिहास का प्रतीक बन जाते हैं। निशांत कुमार की यह ताजपोशी भी शायद वैसा ही एक क्षण है। यह क्षण याद दिलाएगा कि कैसे एक पार्टी, जिसने कभी समाजवाद और लोकतंत्र की बात की थी, धीरे-धीरे परिवार और व्यक्तिवाद की राजनीति में बदल गई। और यह भी याद किया जाएगा कि बिहार की राजनीति में एक समय ऐसा आया जब वंशवाद के खिलाफ सबसे जोरदार भाषण देने वाले ही उसी वंशवाद के सबसे बड़े संरक्षक बन बैठे।

संभव है कि आने वाले वर्षों में इतिहास नीतीश कुमार को केवल एक प्रशासक या गठबंधन-कुशल नेता के रूप में नहीं, बल्कि उस राजनेता के रूप में भी याद करे जिसने अंततः अपनी राजनीति को व्यक्तिवाद में बदल दिया और बिहार की पूरी राजनीतिक जमीन भाजपा के लिए खाली कर दी।

निशांत की ताजपोशी उसी कहानी का सबसे ताजा अध्याय है जहां वंशवाद के खिलाफ खड़ा किया गया नैरेटिव अंततः उसी के सामने नतमस्तक हो गया।

अरुण आनंद स्वतंत्र पत्रकार हैं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

इमाम आयतुल्लाह ख़ामेनेई से नासिरा शर्मा का साक्षात्कार

एक अत्यंत ज़हीन खूबसूरत, जिज्ञासु, तेज तर्रार और उत्साहित युवती। जिसे ईरान जाने का मौका मिला तो इंडो-ईरान संबंधों की और बहुत-सी महत्वपूर्ण बातें जानने समझने को मिली। जैसे-जैसे समय आगे बढ़ता है उनकी दिलचस्पी मिडिल ईस्ट से भारतीय संबंधों में गहरी और गहन होती चली गई। इंडो-ईरान संबंधों की सांस्कृतिक विरासत हो अथवा इराक़ अफ़ग़ानिस्तान जैसे देशों की राजनैतिक, ऐतिहासिक,सामाजिक परिदृश्यों को पृष्ठभूमि में रखते हुए साहित्य- सृजन, आज भी उनसे बेहतर और संवेदनशील लेखन हमें नहीं मिल सकता,बल्कि इस विषय पर लेखन से बचा जा रहा है । उनका कथा-साहित्य और कथेतर साहित्य हमें वर्तमान के ईरान-इजरायल-अमेरिका के संबंधों के भीतर निहित गठजोड़ या उलझनों को समझने में बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। जी हाँ, हम बात कर रहे हैं सुप्रसिद्ध प्रतिष्ठित वरिष्ठ लेखिका नासिरा शर्मा जी की, जिन्होंने 1982 में अली ख़ामनेई का साक्षात्कार लिया था संभवतः वे पहली स्त्री पत्रकार रही हैं जिन्हें ख़ामनेई की ओर से इस साक्षात्कार के लिए इजाज़त मिली थी।यह साक्षात्कार एक दस्तावेज़ है जो हमें आज युद्धों की कूट राजनीति को समझने में एक दृष्टि देता है । युद्ध के प्रश्न ज्यों के त्यों हैं ! क्रांतियाँ होती है! सफल होती हैं लेकिन क्यों वही क्रांतियाँ बाद में गलत भी साबित हो जाती हैं? क्रांति के देश ईरान से एक निर्भीक, निष्पक्ष और सच के साथ संवेदनशील भारतीय पत्रकार का यह इंटरव्यू आपके सामने है।

“मेरी श्रद्धांजलि ईरान के इमाम आयतुल्लाह ख़ामेनेई की शहादत की ख़बर सुनने के लिए इस समय कोई भी तैयार नहीं था ,ख़ासकर तब जब बातचीत चल रही हो। यह समय सिर्फ़ ईरान और उसके आसपास के इलाक़े के लिए नहीं बल्कि पूरे विश्व की राजनीति, सुरक्षा और शांति के लिए एक ग़ैरक़ानूनी व ग़ैरज़रूरी हस्तक्षेप माना जायेगा और तीसरे महायुद्ध की शंकाओं को हवा देना जैसा। पूरी दुनियाँ में ख़ुशी से ज़्यादा ग़म मनाया जा रहा है। मुझे वह दोपहर याद आई जब मैं इमाम के राष्ट्रपति कार्यालय पहुँची। यह उनका पहला इंटरव्यू उस हादसे के बाद था जिस में वह बुरी तरह घायल हो गए थे जब जून 1981 में इंटरव्यू के बहाने उनके पास पत्रकार पहुँचा और टेप का बटन दबाते ही विस्फोट हुआ । राष्ट्रपति बच गए मगर उनका दहिना हाँथ हमेशा के लिए बेकार हो गया। इस तरह के जानलेवा हमले के बाद उन्होंने मुझे लम्बे इंटरव्यू का समय दिया। जिसके लिए मैं उनकी शुक्रगुज़ार थी । जिस कमरे में मुझे इंटरव्यू लेना था वह सादा कमरा था जहाँ एक बड़ा तख़्त सफेद चादर के साथ दीवार से लगा पड़ा था और उसी के सामने एक कुर्सी थी जिस पर वह आकर तशरीफ़ फ़रमा हुऐ और मैं तख़्त पर बैठ गई। मेरे पच्चीस सवालों में से ज़्यादातर सवालों के जवाब उन्होंने दिये। यह सवाल आज के हालात के देखते हुए पाठकों को लग सकता है कि बहुत सरल हैं मगर 1981के उस दौर के लिए बहुत तीखे और ख़तरनाक थे मगर उन्होंने सवालों के जवाब बिना इरीटेट हुए दिए। यह इंटरव्यू फ़ारसी में लिया गया था जो दिल्ली के अंग्रेज़ी अख़बार इंडियन एकस्प्रेस में छपा और इस के कुछ अंश मिडिल ईस्ट अंग्रेज़ी पत्रिका लंदन मे 1982 में प्रकाशित हुआ । जिसको गीता रक्षा जी ने हिंदी में अनुवाद किया है। यह इंटरव्यू कल के और आज के ईरान को समझने के लिए किसी हद तक सहायक हो सकता है”।[नासिरा शर्मा ]

जानलेवा बम हमले में दाहिना हाथ घायल होने के बाद अपने पहले इंटरव्यू में, ईरान के राष्ट्रपति अली खामेनेई ने नासिरा शर्मा से इस्लामिक रिपब्लिक की उपलब्धियों के बारे में बात की और इसकी आलोचना करने वालों को जवाब दिया।

नासिरा शर्मा: आपकी क्रांति दुनिया के लिए बहुत दिलचस्प है, लेकिन लोग फांसी से परेशान हो रहे हैं, खासकर युवाओं की।

इमाम आयतुल्लाह ख़ामेनेई : कोई भी हमारी असली समस्याओं को नहीं समझता। वे हमारी उपलब्धियों से अनजान हैं और क्रांति के अच्छे पहलुओं से वाकिफ नहीं हैं। उन्हें दोष नहीं देना चाहिए, क्योंकि प्रेस हर जगह खबरों को तोड़-मरोड़कर पेश करता है।इस्लामिक रिपब्लिक ने कई लोगों को माफ कर दिया है और उन्हें इस्लामी नैतिकता सिखाई है और इस्लामी आध्यात्मिक प्रभाव डाला है। लेकिन कुछ लोग हैं जो मारते हैं, पब्लिक बसें जलाते हैं, पब्लिक प्रॉपर्टी को नुकसान पहुंचाते हैं और हथियारों के साथ प्रदर्शन करते हैं। हमें लगता है कि वे अपराधी हैं और उन्हें इस्लामिक कानून के तहत फांसी दी जानी चाहिए।

नासिरा शर्मा: क्या आप मुझे ईरान की विदेश नीति के बारे में बता सकते हैं? ईरान के दोस्त और दुश्मन कौन हैं?

खामेनेई : हमारी फॉरेन पॉलिसी कमजोर नहीं है, हालांकि हमारी डिप्लोमैटिक एक्टिविटीज़ जितनी होनी चाहिए उससे कम हैं। हमारी प्राथमिकताएं तय हैं, और हम जानते हैं कि हमारे हितों को सबसे अच्छे तरीके से कैसे पूरा किया जाए। हमने दुनिया को ग्रुप में बांट दिया है – भाईचारे वाले देश, दोस्त देश, न्यूट्रल देश और दुश्मन देश। दुश्मन वे सरकारें हैं जो हमारे खिलाफ हमला करती हैं और ईरान के खिलाफ रवैया रखती हैं। बाकी या तो भाई हैं, दोस्त हैं या न्यूट्रल हैं।

फ्रांस की बात करें तो, [पूर्व राष्ट्रपति] बनी-सद्र के वहां राजनीतिक शरण मांगने से पहले ही, उसने हम पर आर्थिक रोक लगा दी थी। हम फ्रांस के साथ दोस्ती नहीं करना चाहते। लेकिन फ्रांस ने अक्सर सामान और मिलिट्री हार्डवेयर न देकर और इज़राइल के साथ सहयोग करके क्रांति-विरोधी और ईरान-विरोधी इरादे दिखाए हैं। इसलिए यह पक्का है कि यह देश दोस्त नहीं है। इसने हमारे दुश्मन इराक को भी हथियार सप्लाई किए हैं। इन दिनों ईरानी एयर फ़ोर्स फ्रांसीसी मिराज को मार गिरा रही है।

नासिरा शर्मा: फ्रांस ईरानी विपक्षी ग्रुप्स को होस्ट कर रहा है, फिर भी फ्रेंच न्यूज़ एजेंसी यहां काम कर रही है, जबकि दूसरों को ऐसी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। क्यों?

इमाम आयतुल्लाह ख़ामेनेई :  न्यूज़ एजेंसियां पूरी दुनिया में आज़ाद हैं। लेकिन कभी-कभी हमें कुछ एजेंसियों की एक्टिविटीज़ पर कड़ा नज़रिया रखना पड़ता है। जैसे, हमने एक अमेरिकन जर्नलिस्ट को यह दिखाने के लिए एक सिंबॉलिक एक्शन के तौर पर निकाल दिया कि US हमारा असली दुश्मन है। ईरान में न्यूज़ एजेंसियां हैं, जिसमें AFP [एजेंस फ्रांस-प्रेस] भी शामिल है। अक्सर वे खबरों को तोड़-मरोड़कर पेश करते हैं और मतलब को घुमा-फिराकर पेश करते हैं।वे अपनी पसंद के हिसाब से खबरों को कंडीशन करते हैं।हम उनका स्वागत करते हैं। यह हमारे देश में आज़ादी की बात करता है।

नासिरा शर्मा: बनी-सद्र ईरान पर फिर से राज करने का सपना देखते हैं। जनता के बीच, सेना में और सरकार में उनका कितना बड़ा बेस  है?

इमाम आयतुल्लाह ख़ामेनेई : कई और लोगों की भी ऐसी ही ख्वाहिशें हैं – एरियाना, बख्तियार, ओवेसी, राजवी और विदेशों में कई राजभक्त और क्रांति-विरोधी। हर कोई दावा करता है कि वह अगले दो या तीन महीनों में ईरान पहुँच जाएगा और ईरानियों के बीच उसका बड़ा बेस है।उन्हें दूसरे देशों का सपोर्ट है जो कंजर्वेटिव और ईरान विरोधी हैं। बनी-सद्र, बख्तियार और राजवी समेत सभी को इन देशों से फाइनेंशियल मदद मिल रही है और हमसे लड़ने के लिए पैसे दिए जा रहे हैं।

अपने भला चाहने वालों को भरोसा दिलाने के लिए उन्हें ईरानियों के बीच झूठा सपोर्ट बनाना पड़ता है। हम जानते हैं कि न तो बनी-सद्र का और न ही किसी और का आर्मी में लोगों के बीच कोई बेस है। अगर था, तो वे ईरान से क्यों भागे?

नासिरा शर्मा: ईरान-इराक युद्ध को एक साल से ज़्यादा हो गया है। क्या आप इसे खत्म करने के बारे में सोच रहे हैं ताकि देश आर्थिक रूप से तरक्की कर सके?

इमाम आयतुल्लाह ख़ामेनेई : हमें शांतिपूर्ण समाधान से कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन यह विचार इराकी नेताओं के मन में नहीं आता।शांति के लिए जंग से ज़्यादा हिम्मत चाहिए और इराकी नेताओं में इसकी कमी है। हम शांति के लिए तैयार हैं, लेकिन इज्ज़त और सम्मान के साथ शांति और पक्के वादे भी।  ईरान अलगाववादी आंदोलनों से परेशान है और ऐसी अफवाहें हैं कि इसमें सोवियत यूनियन का हाथ है।  इसके कई वर्जन हैं। हम असली दुश्मन को जानते हैं। वेस्टर्न और अमेरिकन हाथ ज़्यादा दिख रहे हैं। वे कुछ हद तक इराक के साथ हैं और कुछ हद तक दूसरों के साथ हैं जिनका ईरान पर ऐसा ही इरादा है। हम ऐसे विदेशी एलिमेंट्स से सावधान हैं और हम अपने देश को उनसे बचाने के लिए पूरी लगन से काम करते हैं।

नासिरा शर्मा: ईरान कहता है कि ईरान के बाहर एंटी-रेवोल्यूशनरी एक्टिव हैं जो इंपीरियलिस्ट्स के लिए बेस तैयार कर रहे हैं, लेकिन मोजाहिदीन और फेदायीन जैसे रेवोल्यूशनरी प्रोग्रेसिव एलिमेंट्स को रोज़ाना मार दिया जाता है।

इमाम आयतुल्लाह ख़ामेनेई : ये एंटी-रेवोल्यूशनरी हैं जो रेवोल्यूशनरी होने का दावा करते हैं। एक पुराने सावक [मेंबर] और जो उनके खिलाफ लड़े लेकिन अब इस्लामिक रिपब्लिक के खिलाफ वही कर रहे हैं, उनमें क्या फर्क है? यह अजीब है कि आप उन लोगों को रेवोल्यूशनरी मानते हैं जिनके कुर्दिस्तान में फ्यूडलिस्ट्स से लिंक हैं।

सिर्फ़ राजभक्त ही क्रांति-विरोधी नहीं हैं, बल्कि वे सभी लोग हैं जो इस्लामी क्रांति के ख़िलाफ़ लड़ रहे हैं, चाहे वह आज मसूद राजवी हों या अली अमीनी। कल के बख्तियार और ओवेसी। उन्हें उनके लेबल से मत आंकिए। आज के क्रांतिकारी कल क्रांति-विरोधी हो सकते हैं।

मिडल ईस्ट  17 अप्रैल 1982 में प्रकाशित साक्षात्कार

महकार की महागाथा: लोकतंत्र का एक जीवित महाकाव्य है महकार

क्या आपने डॉन्स ऑफ डेमोक्रेसी देखा है? लोकतंत्र का संगीत सुना है? महकार गांव आइए, हमारी तरह।लोकतंत्र का एक जीवित महाकाव्य, घटित महागाथा है महकार- गया जिले के खिजरसराय प्रखंड का महाकार गांव!

संविधान आधारित लोकतांत्रिक गणराज्य की रोशनी से पहले अंधेरा था उस गांव में और इसके पड़ोस के गांवों में – आज से 83 साल पहले।

कल्पना करिए -धुप्प अंधेरा, उन्मादी बाढ़ से जलमग्न खेत,खलिहान, बरसात की रात में बरसता बादल, कड़कती बिजली और फुस व मिट्टी के घर में रहने वाला चार पांच मजदूर परिवार बरगद के पेड़ पर जान बचाने के लिए दुबका बैठा है।एक मां और पिता की गोद में कुछ सप्ताह का बच्चा भी है – साल 1944। इसके 70 साल बाद बंधुआ मजदूर मां और पिता का वह बच्चा बिहार का मुख्यमंत्री बना-जीतनराम मांझी। है न डांस ऑफ डेमोक्रेसी! है न महकार में रचा गया महाकाव्य!

कई सर्ग – उपसर्ग का महाकाव्य है महकार। जब महकार का जीतन स्कूल पढ़ने पहुंचा देश में दलितों का साक्षरता दर 15% से भी कम था। मुसहर – भुइंया जाति में साक्षरता दर शून्य के बराबर। आज भी साक्षरता दर बेहद कम है। 2011 की जनगणना के अनुसार 10% , महिलाओं की तो 10% से भी कम। आज भी मुसहर जाति में दस हजार की आबादी पर एक एमए है, जीतन राम मांझी ने एमए किया 7वें दशक में।

पिछले दिनों दिल्ली में बात बात में बात निकली कि ‘ महकार में लिट्टी ड्यू है।’ मन और व्यवहार से सरल मांझी जी ने पूछा, ‘ आइएगा महकार, खाइएगा लिट्टी!’ हमारा उत्तर सकारात्मक था और हम अगले दो दिन में खिजरसराय प्रखंड के गांव महकार में थे।गांव का काया कल्प हो चुका है। यह गांव अब उसी बंधुआ मजदूर के बेटे के नाम से जाना जाता है, जिसे घर बनाने के लिए मिली बंजर पथरीली जमीन भी उसके मालिकाना में नहीं थी, जमींदार की थी जमीन। यह गांव अब जीतन राम मांझी का गांव है।

हमलोग-सुबोध जी, अरुण नारायण, हुलासगंज और खिजरसराय के बीच से महकार जाने वाली सड़क पर मुड़े तो हमें कहां पता था कि लोकतंत्र के महाकाव्य की यथार्थ रचना देखने जा रहे हैं। हमारे मित्र जितेंद्र दिल्ली से नहीं पहुंच पाए थे, रास्ते में थे, बाय रोड। उनके न पहुंच पाने का हमें अफसोस था।

नहर के दो किनारों से सड़क है। बाईं वाली पकड़ेंगे आप तो 45 किलोमीटर के बाद राजगीर पहुंचेंगे, बिहार के वर्तमान मुख्यमंत्री की सांस्कृतिक अवधारणा का केंद्र। दाईं वाली से जायेंगे तो 11 किलोमीटर के बाद महकार पहुंचेंगे, पूर्व मुख्यमंत्री के सपनों का केंद्र।

हमसब चकित रह गए जब हमने देखा कि गांव शिक्षा का हब बन चुका है- पोलीटेक्निक कॉलेज, आईटीआई, अनुसूचित जाति के लड़कों और लड़कियों के लिए आवासीय स्कूल, प्राइमरी और हायरसेकेंड्री स्कूल। ये सारे संस्थान सरकार के उपक्रम हैं, उन्हें संभव करने वाला इस गांव का ही जीतन है, जो आज केंद्रीय मंत्री है – जीतन राम मांझी, जो बिहार का मुख्यमंत्री रहा है, जिसकी घोषित राजनीति है शिक्षा का सरकारीकरण, अफसर, नेता और जनता के बच्चे समान स्कूल में पढ़ें, समान पाठ्यक्रम में पढ़ें। निजी तौर पर मेरी एक शिकायत जाती रही मांझी जी से। वह यह कि अपने प्रयास से शिक्षा के लिए उन्होंने क्या किया। यह कि मुसहर और दलित समाज में शिक्षा के लिए क्या किया। अवसर मिला तो जितना संभव हो सका वह किया, यह महकार आकर समझ में आता है। वैसे मुख्यमंत्री रहते हुए गया में आईआईएम भी तो लेकर आए।

महकार को रात में देखिए। बिजली से जगमगाता गांव। बिजली का ग्रिड लगा है, गांव में 24 घंटे बिजली है। पइन/ नहर बना है, गांव के इलाके में सिंचाई की सुविधा है। महकार को प्रखंड बनाने का सपना मांझी जी का। प्रस्ताव पर नीतीश कुमार को एक्जिक्यूट करना है। प्रखंड कार्यालय के लिए भवन बनकर तैयार है। प्रखंड बना नहीं है लेकिन प्रखंड इलाके में डिग्री कॉलेज हो चुका है। बिहार सरकार की भी योजना है अब कि हर प्रखंड में होगा एक डिग्री कॉलेज।

जब हम गांव में पहुंचे तो मांझी जी इंतजार में थे। एक दिन उन्होंने अपने लिए तय किया था। हर सप्ताह आते हैं वे महकार, लोगों से मिलते हैं। उस दिन को उन्होंने अपने लिए रखा था, आराम के लिए, लेकिन अब वह पूरा दिन उन्होंने हमारे लिए कर दिया था।

‘ महकार की लिट्टी ‘ अब एक आयोजन बन गया था। हमारे आने को उन्होंने एक आयोजन में तब्दील कर दिया था, गेट टुगेदर। परिवार के लोगों को बुला लिया। बिहार सरकार में मंत्री और अपने बड़े बेटे संतोष कुमार सुमन को, उनकी विधायक पत्नी दीपा जी को। छोटे बेटे और उनके परिवार को। पार्टी के एक दो और विधायकों को। चुनिंदा कार्यकर्ताओं को। एक क्लोज गेट टुगेदर।

हर कोई पहुंचा लेकिन मांझी जी आज हमारे लिए थे। आज हम उनके खास मेहमान थे। ग्रामीणों के साथ बैठे थे, हमारे इंतजार में, खासकर उसी जमींदार परिवार के अपने हमउम्र मित्र के साथ, जहां उनके पिता, उनका परिवार कभी बंधुआ मजदूर था – सबसे मिलवाया, बैठे ग्रामीणों से, परिवार के सदस्य से।

हमारा तो उद्देश्य था महकार के महाकाव्य के पन्नों से गुजरना, उसकी काव्यात्मकता का आनंद लेना। बहुत कुछ हम पहले से सुन चुके थे। आज फिर उकसा कर सुन रहे थे। आज देख भी रहे थे। जीतन राम मांझी बड़े अच्छे किस्सागो हैं। वे नेता नहीं होते तो साहित्यकार होते। अच्छा हुआ नेता हुए -महाकाव्य पन्नों पर नहीं, पगडंडियों पर रचा गया, घटित हुआ।जितना संभव हो सके पुराने क्षणों का रिप्लिका तैयार हो रहा था। पुराने का कुछ ढांचागत अवशेष नहीं है, लेकिन पुराने अवशेष पर ही खड़ा है सपनों का यथार्थ, वर्तमान का यथार्थ।

वे हमें दिखाना चाहते हैं वह जगह, जहां बाढ़ में बरगद पर मां – पिता की गोद में बच सका था जीतन। 83 साल पहले की घटना। वे नॉस्टैल्जिया में हैं, वे कोमल उछाह से भरे हैं। कहते हैं 50 साल पहले आए थे यहां। 50 साल बाद फिर से आए हैं। हमें अच्छा लगा। हमलोग निमित्त बने हैं।

एक मृत पईन है, जिसके किनारे बसा था उनका परिवार, कुछ और मुसहर – भुइंया परिवार, एक – दो घुमंतू परिवार। बरगद कट चुका है। हमलोग कहते हैं रिप्लिका बनाइए। पुराने अवशेष की स्मृति। बेटे संतोष कुमार सुमन का विभाग है, पुराने पईन को जिंदा किया जा सकता है। झोपड़ियां खड़ी हो सकती है। 83 सालों में लोकतंत्र के महाकाव्य का बड़ा सर्ग है यह। झोपड़ी से महल तक।

जीतन राम मांझी अब लय में आ गए थे। गांव में ही अपना एक तालाब बनवाया है- पानी रचना है, पानी विध्वंस है। पानी के विध्वंस से पानी की रचना है! तालाब पर फिर से कहानियों का सिलसिला। कहानियां हम पहले भी सुन चुके हैं उनसे। कुछ नई बातें, कुछ नए उपसर्ग।

अब मांझी जी के सपनों के गांव का शैक्षणिक हब देखना है दुबारा। मांझी जी की निगाहों से, उनके विवरणों के साथ।एक हेलीपेड बना है। महकार का जीतन अब जीतनराम मांझी है बरगद से भी ऊंचा उड़ने की क्षमता, योग्यता और असवर वाला, हेलीपेड तो होना ही चाहिए महकार में। हेलीपेड दिखाकर ही नहीं रुकने वाले हैं मांझी जी।

जीवन का एक और यथार्थ है। लोकतंत्र का महाकाव्य अंतिम सर्ग वाला नहीं होता है। हमेशा शेष रहता है महाकाव्य, महागाथाओं में गाथाओं के सूत्र निरंतर होते है, लेकिन व्यक्ति शेष होगा। व्यक्ति रुकता है एक जगह – बरगद के पेड़ पर पिता की गोद में दुबका जीतन पूरा संसार लांघ चुका है। देश दुनिया पर अपनी अमिट छाप छोड़ चुका है। देश और विदेश के महान विश्व विद्यालयों में व्याख्यान दे चुका है। महकार की कस्तूरी फैल चुकी है। जीतन को महकार में लेनी है पर आखिरी नींद!

महकार में ही सोएंगे आखिरी नींद जीतन राम मांझी। बताते हैं, दिखाते हैं कि अपने लिए बना लिया है श्मशान। तय कर लिया है वह चबूतरा, जहां उनकी देह पंच तत्व में विलीन होगी ! क्षिति, जल, पावक, गगन और समीर- गोरी सोवै सेज पर, मुख पर डारे केस। लेकिन लोकतंत्र के महाकाव्य के पन्नों पर रैन नहीं होता। जीतन राम मांझी खुद सो जायेंगे अपने भाई, पिता, मां और पत्नी के बगल में। लेकिन महकार में अपनी क्षमताओं के साथ रच दिया है आने वाले जीतन का भविष्य – अनुसूचित जाति के बच्चों के लिए 400 बेड का छात्रावास और बच्चियों के लिए 250 बेड का छात्रावास!

हमें तो महकार से विदा लेना ही था फिलहाल! संवैधानिक व्यवस्थाओं के भीतर, संसदीय लोकतंत्र का एक पुरोधा, लोकतांत्रिक हासिल का बड़ा रचनाकार हमें विदा दे रहा था और गांव की सीमा से हमने भी उन्हें विदा किया, महकार में ही रात होगी, अपने जिले में, बोध गया में, एक खादी उद्योग का हब बनाने का सपना लिए सोएंगे वे, सुबह अधिकारियों से उसके लिए मीटिंग हैं ।

पुनश्च: लोकतंत्र के महाकाव्य, महकार की महागाथा का एक स्थाई रस है, एक स्थाई भाव, स्टेट पावर को साथ लेकर समन्वय का भाव – इस भाव के साथ अपने स्पेस को बढ़ाते जाना, विराटता हासिल करना। भूमिहीन बंधुआ पिता का पुत्र एक गांव नहीं, एक प्रखंड नहीं, एक राज्य, एक देश पर काबिज हो जाता है। इस रस और इस भाव को समझने के लिए, उसके आस्वाद के लिए, उस आस्वाद के साथ उत्सव के लिए आपको भी पात्रता हासिल करनी होगी। जाति श्रेणी की ऊंची सीढ़ी से ‘ फासीवाद के खिलाफ विद्रोह का ‘वीर भाव ‘ खोजने पर हासिल नहीं होता है उसका आनंद। 10% से भी कम साक्षरता और 80% से भी अधिक परिवारों के 6 हजार रुपए में मासिक जीवन की सीढ़ी से फासीवाद कुछ अलग ढंग से दिखता है। तब ‘ घोषित आपातकाल ‘ में भी जीवन सुंदर दिखने लगता है, जैसे जीतनराम मांझी को दिखा था, अघोषित आपातकाल तो महकार का जीतन, इस देश का जीतन हर रोज झेलता है।

लेखक स्त्रीकाल के संपादक हैं।

ग्रामीण बिहार में “सूखा नशा” का बढ़ता जाल: 10 वर्षों से उभरता एक सामाजिक आपदा

प्रतिमा कुमारी की ख़ास रिपोर्ट

ग्रामीण बिहार के कई इलाकों में बीते कुछ वर्षों से एक खामोश लेकिन भयावह संकट फैल रहा है, जिसे स्थानीय लोग “सूखा नशा” कहते हैं। ब्राउन शुगर, स्मैक और सिंथेटिक ड्रग्स जैसे नशीले पदार्थ अब शहरों तक सीमित नहीं रहे, बल्कि गाँवों की गलियों, खेतों के रास्तों और यहाँ तक कि स्कूलों के आसपास तक पहुँच चुके हैं। यह समस्या 2016 के बाद धीरे-धीरे उभरनी शुरू हुई, लेकिन शुरुआत में किसी ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। परिवारों को लगा बच्चे बिगड़ रहे हैं, गलत संगत में पड़ गए हैं या जिद्दी हो गए हैं। असलियत तब सामने आई जब बच्चों का व्यवहार अचानक बदलने लगा — वे घर से पैसे चुराने लगे, गहने और बर्तन बेचने लगे और रात-रात भर गायब रहने लगे।

2017–18 तक स्थिति इतनी बिगड़ चुकी थी कि कई गाँवों में किशोर उम्र के बच्चों का एक बड़ा हिस्सा नशे की गिरफ्त में आ चुका था। लेकिन असली झटका 2020 में लगा, जब परसा बाजार क्षेत्र में ओवरडोज़ से पहली चर्चित मौत हुई। उस घटना ने पूरे इलाके को हिला दिया। तब जाकर अभिभावकों ने अपने बच्चों पर नजर रखनी शुरू की और कई परिवार मजबूरी में उन्हें नशा मुक्ति केंद्रों में भेजने लगे। समस्या यह थी कि जब तक लक्षण दिखते, तब तक लत गहरी हो चुकी होती थी।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह नशा अपने आप नहीं फैल रहा, बल्कि योजनाबद्ध तरीके से बच्चों तक पहुँचाया जा रहा है। स्कूलों के आसपास संदिग्ध लोग मंडराते दिखते हैं। पहले मुफ्त या बहुत सस्ते में नशा दिया जाता है, फिर धीरे-धीरे बच्चे पूरी तरह निर्भर हो जाते हैं। परिवारों को अक्सर तब पता चलता है जब घर से सामान गायब होने लगता है या बच्चा हिंसक हो जाता है। 2020 के आसपास हालात इतने खराब बताए जाते हैं कि हर पाँच-छह घरों में कोई न कोई बच्चा इस लत से जूझ रहा था।

इन वर्षों में कई दर्दनाक मौतें सामने आई हैं। परसा बाजार थाना क्षेत्र के एक गाँव में 8 सितम्बर 2025 को एक युवक का शव एक कुएँ से मिला। मृतक की पहचान “राहुल” (काल्पनिक नाम) के रूप में की गई है। गले में गमछा बंधा था और शरीर पर बर्बर पिटाई के निशान थे। हाथ-पैर टूटे हुए थे और बेल्ट जैसे गहरे दाग शरीर पर साफ दिख रहे थे। ग्रामीणों ने इसे हत्या बताया और आरोप लगाया कि वह कुआँ पहले भी अपराधियों द्वारा इस्तेमाल किया जाता रहा है। उनका कहना है कि पुलिस की गश्त और नशा विरोधी अभियान लगभग बंद हो चुके हैं, जिससे नशा कारोबारियों का मनोबल बढ़ा है।

इसी क्षेत्र के पास रेलवे लाइन के किनारे 22 वर्षीय एक अन्य युवक का शव मिला, जिसे यहाँ “अमित” (काल्पनिक नाम) कहा जा रहा है। परिवार इसे हत्या मानता है, जबकि कुछ लोगों का कहना है कि वह नशे की हालत में ट्रेन के सामने आ गया होगा। ऐसी मौतों में सच्चाई अक्सर धुंधली रह जाती है, क्योंकि परिवार बदनामी और पुलिस झंझट के डर से खुलकर सामने नहीं आते।

एक दिहाड़ी मजदूर, जिन्हें हम “सुरेश” (काल्पनिक नाम) कह रहे हैं, ने 2023 में अपने 13–14 साल के बेटे को ओवरडोज़ से खो दिया। वे कहते हैं, “माँ-बाप के लिए इससे बड़ा दुख क्या होगा कि बच्चा आँखों के सामने तड़प कर मर जाए और हम कुछ न कर सकें।” उनका आरोप है कि सिस्टम की नाक के नीचे यह ज़हर बिक रहा है, लेकिन कार्रवाई नहीं होती। शराबबंदी के बाद ग्रामीणों में यह डर भी बैठ गया है कि कहीं शिकायत करने पर उल्टा उन्हीं पर केस न दर्ज हो जाए। कई लोग कहते हैं कि थाने में जाने पर उन्हें टाल दिया जाता है या कहा जाता है कि बड़े अधिकारी ही कुछ कर सकते हैं।

एक अन्य परिवार, जिनका नाम यहाँ “महेश” (काल्पनिक नाम) के रूप में दिया जा रहा है, ने 23 वर्षीय बेटे को खो दिया। उसने पहले ब्राउन शुगर लेना शुरू किया, फिर इंजेक्शन तक पहुँच गया और आखिरकार ओवरडोज़ से उसकी जान चली गई। इसी तरह “राजीव” (काल्पनिक नाम) नाम से संदर्भित एक पिता ने 2020 में अपने इकलौते बेटे को खोया था। उनकी घटना के बाद ही कई परिवारों को समझ आया कि पहले जो बच्चों की “आत्महत्या” या “अचानक मौत” लगती थी, उसके पीछे नशे की भूमिका हो सकती है।

एक 16 वर्षीय लड़के की कहानी पूरे इलाके में लोगों की जुबान पर है, जिसे यहाँ “गुड्डू” (काल्पनिक नाम) कहा जा रहा है। उसके पिता का निधन उसके जन्म से पहले हो गया था। माँ घरों में काम करती थी, बड़ा भाई किसी तरह परिवार चलाता था। उसने 11–12 साल की उम्र में साथियों के साथ नशा शुरू किया और 2022 में रेलवे ट्रैक पर मृत मिला। उसका भाई आज भी कहता है, “ये लोग सौदागर नहीं, हत्यारे हैं।”

एक अन्य परिवार, जिसे यहाँ “शंकर” (काल्पनिक नाम) के नाम से दर्शाया गया है, के दो बेटे थे। बड़ा बेटा नशे का शिकार हुआ, जबकि छोटा बेटा, सिर्फ 18 साल की उम्र में, 2023 में नशे की हालत में फाँसी लगाकर मर गया।

कई परिवारों ने बच्चों को नशा मुक्ति केंद्रों में भेजा, लेकिन वहाँ से जो अनुभव सामने आए, वे खुद एक अलग चिंता का विषय हैं। कुछ युवाओं ने बताया कि उन्हें शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया, उल्टी साफ करने और गंदे शौचालय नंगे हाथों से साफ करने को मजबूर किया गया। कई बच्चे डर के मारे पूरी बात बताने से भी हिचकते हैं। उनके शब्दों में, “वहाँ रहना जीते-जी नरक में रहने जैसा है।” नतीजा यह कि इलाज के नाम पर भी परिवार असमंजस में हैं — घर रखें तो नशे का खतरा, भेजें तो अमानवीय व्यवहार का डर।

इस संकट ने गरीब परिवारों को आर्थिक रूप से भी तोड़ दिया है। इलाज और पुनर्वास के लिए लोगों ने माइक्रोफाइनेंस से कर्ज़ लिए, गहने बेचे, घर गिरवी रखे। एक कर्ज़ चुकाने के लिए दूसरा कर्ज़ लेना अब आम बात है। एक माँ ने रोते हुए कहा, “बच्चा गया, अब कर्ज़ भी नहीं उतर रहा। रोने का भी वक्त नहीं मिला।” स्थानीय लोगों का कहना है कि दलित, पिछड़े और बेहद गरीब परिवार इस मार को सबसे ज्यादा झेल रहे हैं।

राज्य स्तर के अधिकारियों ने भी माना है कि शराबबंदी के बाद सूखे नशे का चलन तेजी से बढ़ा है। स्मैक, ब्राउन शुगर और सिंथेटिक ड्रग्स युवाओं को बर्बाद कर रहे हैं। सरकार ने विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म और हेल्पलाइन व्यवस्थाएँ शुरू की हैं, लेकिन गाँवों के लोग कहते हैं कि कागजों से बाहर इनका असर बहुत कम दिखता है। स्थानीय स्तर पर कार्रवाई छिटपुट है और अक्सर कुछ दिनों के अभियान के बाद सब ठंडा पड़ जाता है।

आज हाल यह है कि स्कूल के छात्र, दिहाड़ी मजदूर, रिक्शा चालक — हर वर्ग के युवा इस जाल में फँसते दिख रहे हैं। यह सिर्फ कानून-व्यवस्था का मुद्दा नहीं, बल्कि एक गहरी सामाजिक और सार्वजनिक स्वास्थ्य आपदा का रूप ले चुका है। परिवार डर में जी रहे हैं, बच्चे भविष्य खो रहे हैं और समाज धीरे-धीरे भीतर से टूट रहा है। ग्रामीणों की एक ही मांग है — नशा बेचने वालों पर सख्त कार्रवाई, मानवीय पुनर्वास व्यवस्था और ऐसा माहौल जहाँ पीड़ित परिवार बिना डर अपनी बात कह सकें। जब तक यह नहीं होता, “सूखा नशा” गाँवों में चुपचाप अपनी अगली पीढ़ी निगलता रहेगा।

होना चाहती हूं मूक इतिहास की बोली: बापू टावर (पटना) में मुखरित हुआ स्त्री स्वर

बापू टावर (पटना) में युवा कवयित्रियों का स्त्रीवादी कविता-पाठ

पटना का साहित्यिक समाज लंबे समय से ध्रुवों, गुटों और आपसी गिरोहबंदियों में बंटा हुआ दिखाई देता है। ऐसे में किसी साहित्यिक समारोह में शामिल होने की इच्छा सहज ही क्षीण हो जाती है। विचारों से ज्यादा व्यक्तियों और खेमों की निष्ठा को प्राथमिकता देने वाला यह माहौल अक्सर साहित्य की मूल आत्मा को आहत करता है। लेकिन जब युवा कवि प्रत्यूष चंद्र मिश्रा की ओर से युवा कवयित्रियों के कविता-पाठ का निमंत्रण मिला, तो तमाम संकोचों के बावजूद उसे स्वीकार करने से स्वयं को रोक पाना संभव नहीं हुआ।

प्रत्युष मिश्रा की पहल से पटना के बापू टावर में आयोजित यह संगोष्ठी कई अर्थों में अपवाद थी। यह पूरी तरह स्त्रीवादी एप्रोच के साथ आयोजित कार्यक्रम था, कविता-पाठ से लेकर अध्यक्षता तक। मंच पर उपस्थित सभी प्रतिभागी स्त्रियां थीं। सबसे महत्वपूर्ण बात यह कि ये कवयित्रियां अलग-अलग सामाजिक, भौगोलिक और वैचारिक पृष्ठभूमियों से आई थीं, जिसने इस आयोजन को एकरूपता से बाहर निकालकर बहुस्तरीय बना दिया।

कविता-पाठ में मंच से स्त्री दृष्टि के जरिए जिस यथार्थ की यात्रा कराई गई, वह न तो चिकनी थी और न ही पूरी तरह व्यवस्थित, बल्कि वह कच्चे-पक्के रास्तों से होकर गुजरने वाली वह यात्रा थी, जो स्त्री जीवन के संघर्ष, अस्मिता, प्रतिरोध और स्वप्नों को एक साथ उद्घाटित करती है। यह अनुभव इसलिए भी आह्लादकारी था क्योंकि मंच से कही जा रही कविताओं को श्रोताओं ने पूरे धैर्य और तल्लीनता से सुना। यह आज के साहित्यिक आयोजनों में विरल होता जा रहा है।

ज्योति स्पर्श, कंचन राय, चाहत अन्वी, ज्योति रीता, नताशा और गुंजन उपाध्याय पाठक—इन 6 युवा कवयित्रियों ने पाठ किया। इन सभी की कविताओं में अपने समय की व्यापक चिंताएं, स्त्री जीवन की जटिलताएं और सत्ता-संरचनाओं से टकराने की स्पष्ट आकांक्षा दिखाई दी। कहीं निजी अनुभव सामाजिक यथार्थ में रूपांतरित होता दिखा, तो कहीं राजनीतिक हिंसा और ऐतिहासिक चुप्पियों पर स्त्री दृष्टि से सवाल खड़े किये गए। विशेष रूप से कंचन राय की कविता “बंदूक की गोली” ने अपनी स्त्रीवादी तेवर और प्रतीकात्मक भाषा के कारण गहरा प्रभाव छोड़ा। कविता की ये पंक्तियां श्रोताओं के भीतर तक उतरती चली गईं—
चाहती हूं
आग होना..
पहाड़ होना..
पखेरू होना…

होना चाहती हूं
मूक इतिहास की बोली
जरूरत पड़े तो
बंदूक की गोली….
कविता स्त्री को केवल पीड़िता के रूप में नहीं, बल्कि इतिहास से संवाद करती, जरूरत पड़ने पर प्रतिरोध का रूप धारण करती एक सक्रिय शक्ति के रूप में प्रस्तुत करती है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सुनीता गुप्ता ने की। अपने अध्यक्षीय वक्तव्य में उन्होंने गांधी और उनके स्त्री सशक्तिकरण संबंधी विचारों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने यह रेखांकित किया कि ‘गांधी की राजनीतिक और नैतिक दृष्टि में स्त्री केवल सहायक नहीं, बल्कि परिवर्तन की केंद्रीय शक्ति थी।’ साथ ही उन्होंने पठित कविताओं में निहित विविध स्त्रीवादी अप्रोच को समकालीन साहित्य के लिए न केवल आवश्यक बल्कि श्रेयस्कर बताया।

संचालन युवा कवि प्रत्यूष चंद्र मिश्रा ने किया। संचालन में अनावश्यक औपचारिकता से बचते हुए उन्होंने संवाद और कविता को केंद्र में रखा, जिससे कार्यक्रम की प्रवाहशीलता बनी रही।
इस अवसर पर श्रोताओं के रूप में संजीव चंदन, कुमार मुकुल, वीरेंद्र यादव, नरेंद्र कुमार विद्याभूषण, श्रीधर करुणानिधि , सुशील, राजेश कमल, अरविंद पासवान, मुसाफिर बैठा, धर्मवीर यादव गगन और श्वेता शेखर सहित कई लेखक, कवि और साहित्यकार उपस्थित थे। यह उपस्थिति इस बात का संकेत थी कि यदि मंच वैचारिक रूप से ईमानदार हो, तो पटना का साहित्यिक समाज अभी पूरी तरह निष्क्रिय नहीं हुआ है।

कुल मिलाकर, यह आयोजन पटना के साहित्यिक परिदृश्य में एक ताजी हवा के झोंके की तरह था—जहां न गुट थे, न गिरोह, बल्कि स्त्री स्वर, स्त्री दृष्टि और कविता का ईमानदार संवाद था। ऐसे आयोजन यह उम्मीद जगाते हैं कि यदि मंच स्त्रीवादी, समावेशी और वैचारिक रूप से सजग हों, तो साहित्य अब भी समाज से गहरे संवाद की क्षमता रखता है।

हंस ब्राह्मणवाद के यम ही नहीं,डाइवर्सिटी आंदोलन के स्तम्भ भी रहे!


— एच. एल. दुसाध

पुरखे बुद्ध शरण हंस का हमेशा-हमेशा के लिए चले जाना

22 जनवरी की शाम हिंदी पट्टी की आंबेडकरवादी दुनिया स्तब्ध रह गई, जब पाँच बजे के करीब सोशल मीडिया पर यह खबर वायरल हुई कि महान बहुजन लेखक बुद्ध शरण हंस ने पटना एम्स में अंतिम सांस ली! किसी आंबेडकरवादी लेखक के निधन पर हिंदी पट्टी में शोक की ऐसी लहर इसके पूर्व नहीं देखी गई। उसके बाद तो उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए सोशल मीडिया पर सैलाब ही आ गया!

उनके परिनिर्वाण की खबर पाकर आम से लेकर खास लोगों ने तरह-तरह से उनके अवदानों को स्मरण करना शुरू किया, जिनमें डॉ. जय प्रकाश कर्दम, डॉ. विजय कुमार त्रिशरण, प्रो. विलक्षण बौद्ध, संजीव चन्दन, प्रो. हेमलता महिश्वर, मुसाफिर बैठा, हीरालाल राजस्थानी, सत्येन्द्र पासवान, प्रमोद पासवान, अनुराग दुसाध, डॉ. दिनेश पाल, डॉ. कर्मानंद आर्य, विधायक ललन पासवान, डॉक्टर एम.एल. परिहार, इंजी. हरिकेश्वर राम, मुनेश राम, प्रो. कालीचरण स्नेही इत्यादि जैसे बड़े-बड़े लेखक, शिक्षाविद, एक्टिविस्ट भी रहे।

इनकी भावना का उपयुक्त प्रतिबिम्बन प्रख्यात लेखक डॉ. सिद्धार्थ रामू के इन शब्दों में हुआ। डॉ. सिद्धार्थ ने ‘पुरखे बुद्ध शरण हंस का हमेशा-हमेशा के लिए चले जाना’ शीर्षक से फेसबुक पर लिखा—

‘यह सच है कि ब्राह्मणवाद के चाक-चौबंद किले में कैद दलितों की मुक्ति का द्वार आधुनिक युग में फुले दंपत्ति ने खोला था। उस द्वार को शाहू महाराज ने और चौड़ा किया। बाबा साहेब ने उसे एक विशाल हाईवे में बदल दिया। पर, जिन लाखों लोगों ने फुले-शाहू जी और बाबा साहेब के दलित मुक्ति के सपने को जन-जन का सपना बनाया और उसे जमीन पर उतारने के लिए अपने को पूरी तरह समर्पित कर दिया, उनमें एक बड़ा व्यक्तित्व बुद्ध शरण हंस भी थे!

बुद्ध शरण हंस जैसे लाखों मिशनरी लोगों ने यदि बाबा साहेब के मिशन को पूरा करने के लिए अपनी जिंदगी न लगाई होती, तो हम आज जहां खड़े हैं, हमारे पास प्रतिवाद, प्रतिरोध और संघर्ष की जो शक्ति और आवाज है, वह नहीं होती। बुद्ध शरण ने बाबा साहेब के आह्वान को स्वीकार करते हुए उच्च शिक्षा ग्रहण की। आईएएस बने, पर उन्होंने कभी इसका गुमान नहीं पाला कि वे आईएएस हैं। उनके लिए यह पद बाबा साहेब के मिशन को पूरा करने का एक साधन था, व्यक्तिगत अहंकार और पद-प्रतिष्ठा का विषय नहीं।

उन्होंने इस उपलब्धि को कभी अपनी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं माना। वे हमेशा बातचीत में कहते थे कि यदि फुले-शाहू जी और बाबा साहेब ने संघर्ष न किया होता, तो हम आज भी अपने बाप-दादों (पुरखों) की तरह हलवाही कर रहे होते या सफाई कर्मी होते। उनके दिल-दिमाग में स्पष्ट था कि उन्हें जो कुछ पद-प्रतिष्ठा और धन के रूप में मिला है, वह बाबा साहेब और अन्य नायकों के नेतृत्व में चले सामूहिक संघर्षों की देन है। यह मेरी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है।

इसके चलते उन्होंने अपनी योग्यता, क्षमता, प्रतिभा और कमाई को दलित-बहुजनों की मुक्ति के लिए समर्पित कर दिया। जो कोई भी उनसे मिला होगा, उसे इसका अहसास होगा कि उनसे मिलकर लगता ही नहीं था कि यह व्यक्ति इतना बड़ा भारत सरकार का अधिकारी है या रहा है। बुद्ध शरण हंस एक सामान्य कार्यकर्ता की तरह मिशन के साथी थे।

मैं बड़ा हूं, तू छोटा है; मैं अफसर हूं, तो चपरासी—यह कभी उनके व्यवहार में नहीं दिखता था। उनका झोला पुस्तकालय, उनकी छोटी-छोटी पुस्तिकाएं, पत्रिकाएं और उनकी किताबें किसी विद्वान के विद्वतापूर्ण उपदेश नहीं थीं, बल्कि इस चिंता से प्रेरित थीं कि कैसे सहज-सरल और सामान्य तरीके से बाबा साहेब और उनके विचारों को लोगों तक पहुंचाया जाए, और कैसे ब्राह्मणवाद से पूर्ण मुक्ति का रास्ता प्रशस्त किया जाए।

ब्राह्मणवाद के चंगुल से दलित-बहुजन मुक्ति के संघर्ष में लगे हममें से बहुत सारे लोग यह शायद भूल रहे हैं कि लाखों बुद्ध शरण हंस इस देश में दलित-बहुजनों के मुक्ति संघर्ष की नींव में खपे, तब जाकर हम आज इस स्थिति में हैं कि ब्राह्मणवाद को हर स्तर पर चुनौती दे सकते हैं।

बुद्ध शरण हंस मेरे लिए मेरे परदादा की तरह थे—सिर्फ वैचारिक और संवेदनात्मक स्तर पर ही नहीं, व्यक्तिगत स्तर पर भी। परदादा की तरह का स्नेह, उसी तरह का ख्याल, उसी तरह की प्रेरणा देने वाले। पटना जाने पर करीब तीन-चार बार ही उनसे मिल पाया, पर उनका फोन अक्सर आ जाता था—इस विषय पर भी लिखो, उस विषय पर लिखो, तुम अच्छा लिखे हो।

निजी बात यह कि वे उन लोगों में से थे, जो पूछते थे—घर में रोटी बन रही है या नहीं; जेब में दो रुपये हैं या नहीं; कोई दिक्कत तो नहीं है, बताओ? बच्ची कैसी है?

पुरखे बुद्ध शरण हंस को सादर नमन के साथ अंतिम अलविदा।’

बुद्ध शरण हंस को अंतिम जोहार!
उनके अवदानों से धन्य पटना के आंबेडकरवादियों ने अभूतपूर्व भावभीनी विदाई दी। इस लेखक को हंस साहब के बेहद करीबी चर्चित लेखक मुसाफिर बैठा ने बताया कि घाट पर उन्हें अंतिम विदाई देने के लिए ढाई सौ से अधिक लोग उपस्थित रहे। घर पर उनका अंतिम दर्शन करने के लिए हजार से अधिक लोग आए। उनके अंतिम दर्शन के लिए पटना के बुद्ध विहार में भी सैकड़ों की संख्या में लोग आए!

उनकी अंतिम विदाई का मार्मिक वर्णन चर्चित पत्रकार अरुण नारायण ने ‘बुद्ध शरण हंस सर को अंतिम जोहार!’ शीर्षक से इन शब्दों में किया है —

‘22 जनवरी, 2026 को हिन्दी समाज ने एक साधारण व्यक्ति नहीं, बल्कि एक सजग विवेक और एक निर्भीक वैचारिक पहरेदार को खो दिया। बुद्ध शरण हंस का जाना आज के इस अंधकारमय, फासीवादी समय में उस आवाज़ का मौन हो जाना है, जो सत्ता, सुविधा और समझौतों के विरुद्ध आजीवन खड़ी रही। यद्यपि उन्होंने एक पूरा जीवन जिया, पर उनकी अनुपस्थिति हाशिये के समाज के लिए एक गहरी रिक्ति है—एक ऐसी चुनौती, जिसे वे स्वयं जीवन भर गढ़ते और साधते रहे।

एक प्रशासनिक अधिकारी के रूप में कार्य करते हुए भी उन्होंने कभी सत्ता की चुप्पी को अपना आभूषण नहीं बनाया। पद, प्रतिष्ठा और सुविधा उनके लिए कभी विचारों का विकल्प नहीं बने। अंबेडकर मिशन पत्रिका के संपादक के रूप में उन्होंने फुले, पेरियार और आंबेडकर की परंपरा को केवल स्मरण की वस्तु नहीं, बल्कि संघर्ष की जीवित धारा बनाए रखा। अर्जक साहित्य को बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, बंगाल और मध्य प्रदेश तक पहुंचाने में उनकी भूमिका ऐतिहासिक थी।

वे उन विरले व्यक्तित्वों में थे, जिनके विचार और जीवन के बीच कोई फांक नहीं थी। समता और न्याय पर आधारित समाज का सपना उन्होंने केवल देखा ही नहीं, उसे जिया। अर्जक, बौद्ध और आंबेडकरवादी चेतना को उन्होंने अकादमिक विमर्श की सीमाओं से निकालकर जनभाषा, जनसाहित्य और जनसंघर्ष का औज़ार बनाया। हिन्दी कहानी, आत्मकथा और जीवनी विधा को उन्होंने जिन जमीनी अनुभवों से समृद्ध किया, उसका सम्यक मूल्यांकन अभी शेष है—और वह मूल्यांकन आने वाले समय की वैचारिक जिम्मेदारी है।

पिछले दस–बारह दिनों से वे एम्स में भर्ती थे। उनके निधन की सूचना जैसे ही फैली, पूरा बहुजन समाज स्तब्ध रह गया। उनकी अंतिम यात्रा भी उनके विचारों की ही प्रतिछाया थी—आंबेडकर और जोतीराव फुले की तस्वीरों व उद्धरणों से सजा मुक्ति रथ, उनके आवास बुद्धा सिटी हॉस्पिटल, विष्णुपुरी, चितकोहरा से निकलकर गौतम बुद्ध विहार (दारोगा राय मार्ग) पहुंचा।

‘जय भीम’ और ‘जीवन-मरण सत्य है’ के नारों के बीच हुई जनसभा में लोगों ने उन्हें स्मृतियों, संघर्षों और संकल्पों में याद किया। इसके बाद कारवां बांसघाट पहुँचा, जहां बौद्ध परंपरा के अनुसार उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस यात्रा में उनके सुपुत्र डॉ. यशपाल और डॉ. आनंद दीप सहित फुले–आंबेडकरवादी परिवार के सैकड़ों साथी शामिल थे।

उनकी शवयात्रा में उमड़ा जनसैलाब इस बात का प्रमाण था कि जो लोग निस्वार्थ भाव से समाज-निर्माण में लगे रहते हैं, समाज उन्हें सम्मान, स्मृति और कृतज्ञता के रूप में अपना प्रतिदान अवश्य देता है। हिन्दी के बौद्धिक परिसर में—विशेषकर बहुजन और अर्जक समाज के बीच—बुद्ध शरण हंस ने तर्कशीलता, वैज्ञानिक चेतना और नैतिक साहस की जो मशाल जलाई, वह बुझी नहीं है। वह मशाल अब हम सबके हाथों में है!’

निहायत ही अर्थाभाव में शिक्षा को मुक्ति का हथियार बनाए बुद्ध शरण हंस ने
पत्रकार अरुण नायर ने सही कहा कि बुद्ध शरण हंस ने तर्कशीलता, वैज्ञानिक चेतना और नैतिक साहस की जो मशाल जलाई, वह बुझी नहीं है। वह मशाल अब हम सबके हाथों में है! उनके परिनिर्वाण के बाद दर्जन भर से अधिक लेखक, शिक्षाविदों, एक्टिविस्टों से मेरी बात हुई—सब में उनके जलाए मशाल को आगे बढ़ाने का संकल्प पाया। उनकी तर्कशीलता और वैज्ञानिक चेतना की मशाल हम कैसे जलाए रखेंगे, इसका रोडमैप जल्द ही सामने आएगा!

बहरहाल, आंबेडकरी आंदोलन में दादा-परदादा और अभिभावक की हैसियत रखने वाले बुद्ध शरण हंस ने 8 अप्रैल, 1942 को गया जिला के वजीरगंज अंतर्गत तिलोरा गाँव को अपने जन्म से धन्य किया था। निहायत ही गरीबी में रहकर उन्होंने बाबा साहेब आंबेडकर के “शिक्षित बनो” आह्वान को स्वीकार करते हुए उच्च शिक्षा ग्रहण की, आईएएस बने और वर्ष 2000 में श्रम विभाग के विशेष सचिव के पद से सेवा-निवृत्त हुए।

उन्होंने कितने अभावों में रहकर शिक्षार्जन किया, इसकी जानकारी देते हुए एक चैनल पर कहा था, ‘स्कूल से आने के बाद मैं सबसे पहले घर का चूल्हा देखता था। अगर चूल्हा गरम मिलता, तब विश्वास हो जाता कि आज खाना मिलेगा। ठंडा मिलने पर मन मारकर थोड़ा आराम करता और फिर पढ़ाई में जुट जाता!’

आंबेडकरवादी चिंतन में ‘दलित’ शब्द की उत्पत्ति को लेकर अक्सर बहस होती रहती है। ढेरों लोग इस शब्द की उत्पत्ति के लिए सत्तर के दशक को चिन्हित करते हैं, किन्तु हंस साहब के साथ यह जन्म से जुड़ गया था। उनके बड़े भाई ने उनका नामकरण ‘दलित प्रसाद’ के रूप में किया था, जिसे बाद में उनके प्राइमरी स्कूल के प्राध्यापक ने ‘दलित पासवान’ कर दिया। किन्तु आंबेडकरवादी चेतना विकसित होने के बाद, सत्तर के दशक की शुरुआत में, उन्होंने बौद्ध धर्म अंगीकार करने के बाद इस नाम का परित्याग कर ‘बुद्ध शरण हंस’ नाम धारण किया।

वे साहित्य सृजन के जरिए इस नाम को भारतमय इतना विख्यात कर गए कि उनके चाहने वाले उनकी अंतिम यात्रा में बार-बार यह नारा उछालते रहे—
‘जब तक सूरज चाँद रहेगा – बुद्ध शरण हंस का नाम रहेगा!’

हंस का साहित्य सृजन आत्म-प्रतिष्ठा के लिए नहीं, बहुजन मुक्ति को समर्पित रहा

हंस साहब हिंदी दलित साहित्य की शुरुआत करने वाले चुनिंदा साहित्यकारों में एक रहे। उन्होंने साहित्य की प्रायः हर विधा—कविता, कहानी, आत्मकथा, निबंध, यात्रा-वृत्तांत—पर कलम चलाया। किन्तु साहित्य उनके लिए आत्म-प्रतिष्ठा का सुखबोध एन्जॉय करने का जरिया नहीं रहा। उन्होंने इस बात का जरा भी प्रयास नहीं किया कि उनकी किताबें प्रतिष्ठित लाइब्रेरियों में जगह पाएं या उनकी किताबें कोर्स में लगें।

उनके समकालीन ही नहीं, उनसे प्रेरणा लेकर साहित्य सृजन में जुटे ढेरों दलित साहित्यकारों की किताबें विश्वविद्यालयों के कोर्स में लगी हैं, लेकिन यह सुखद संयोग हंस साहब के साथ नहीं है। अरुण नारायण जी ने उनके विषय में ठीक ही लिखा है कि, ‘आंबेडकरवादी चेतना को उन्होंने अकादमिक विमर्श की सीमाओं से निकालकर जनभाषा, जनसाहित्य और जनसंघर्ष का औज़ार बनाया!’

इस विषय में डॉ. सिद्धार्थ रामू का यह कथन काबिले-गौर है कि जिन लाखों लोगों ने फुले-शाहू जी और बाबा साहेब के दलित मुक्ति के सपने को जन-जन का सपना बनाया और उसे जमीन पर उतारने के लिए अपने को पूरी तरह समर्पित कर दिया, उनमें एक बड़ा व्यक्तित्व बुद्ध शरण हंस भी थे। सच में, हंस साहब ने साहित्य को वंचित-बहुजनों तक फुले-शाहू जी—बाबा साहेब के बहुजन-मुक्ति के संदेश को पहुँचाने का जरिया बनाया।

इस दिशा में और लोगों ने भी प्रयास किया, किन्तु हंस साहब का प्रयास बहुत विरल इसलिए रहा क्योंकि उन्होंने फुले-शाहू जी—बाबा साहेब के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के लिए सिर्फ साहित्य-सृजन ही नहीं किया, बल्कि इससे आगे बढ़कर उन्होंने इसके प्रकाशन व वितरण का चुनौतीपूर्ण काम भी अंजाम दिया। इस क्रम में उनका सबसे महत्त्वपूर्ण काम दिखता है—पुस्तकों का वितरण!
यह काम सुचारू रूप से चल सके, इसके लिए उन्होंने अपनी जीवन-संगिनी कान्ति बाला के साथ अपने दोनों डॉक्टर पुत्रों और बहुओं को भी लगा दिया। एक बड़े अधिकारी होकर भी अपने परिवार के साथ सड़कों, मेलों इत्यादि में उन्हें स्टॉल लगाते देख लोग विस्मित होते। पूरे परिवार को आंबेडकरी मिशन में लगाने के कारण ही वह 1993 से लेकर अपने जीवन के शेष दिनों तक आंबेडकर मिशन पत्रिका का सफलतापूर्वक प्रकाशन और वितरण कर सके।

किताबों के जरिए फुले-आंबेडकर का संदेश गाँव-गाँव तक पहुँचाने के लिए वह मुकदमे झेलने के बावजूद ब्राह्मणवाद से बचो, तीन महाप्राणी जैसी अन्य कई विस्फोटक किताबें तैयार कर सके। इस साहस के जोर से ही बड़े अधिकारी होकर ललई सिंह यादव जैसे क्रांतिकारी को तीन दिन अपने घर पर रखकर अपना जीवन धन्य कर सके।

वह जन-जन तक किताबें पहुँचाने के लिए लगातार तरह-तरह के प्रयोग करते रहे। इसी क्रम में जीवन के शेष दिनों में उनके जेहन में ‘सावित्रीबाई झोला पुस्तकालय’ का अनूठा कॉन्सेप्ट उभरा। उम्मीद है, उनके नहीं रहने पर भी झोला पुस्तकालय फुले-शाहू जी—बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुँचाने का काम करता रहेगा, जोकि महामानव हंस साहब का सपना था!

ऐसे मिली मुझे हंस की निकटता

आंबेडकर मिशन चलाकर बीसवीं सदी में ही किंवदंती बन चुके हंस साहब से एक नाटकीय घटना के माध्यम से निकटता प्राप्त करने का अवसर मुझे अप्रैल 2000 में मिला। उन दिनों मैं ‘ब्लूमून बुक्स’ प्रकाशन के लिए घूम-घूम कर लोगों के बीच किताबें पहुँचाने का काम किया करता था। यह संस्था खुद की किताबें प्रकाशित करने के साथ दूसरों की भी किताबें लेकर मिशन भाव से उन्हें जन-जन तक पहुँचाने का काम किया करती थी।

वहाँ जॉब करने के दौरान हंस साहब की ढेरों किताबें पढ़कर उनसे मिले बिना ही उनका एक अनुसरणकारी बन चुका था। अप्रैल 2000 में किसी दिन दिल्ली के मावलंकर हॉल में दलित साहित्यकारों का जुटान हुआ था। उस अवसर पर मैं भी ब्लूमून बुक्स की ओर से किताबों की प्रदर्शनी लगाने पहुँचा था। साहित्यकारों की भारी उपस्थिति को देखते हुए लगा कि हंस साहब भी शायद इस आयोजन में शिरकत करने आए होंगे।

इस बात का अनुमान लगाते हुए मैंने किसी साहित्यकार से उनके विषय में पूछा, तो पता चला कि वह भी आए हुए हैं। चूँकि मैंने हंस साहब को कभी देखा नहीं था, इसलिए उस सज्जन से उन्हें मिलवा देने का आग्रह किया और मेरे अनुरोध की रक्षा करते हुए उन्होंने उनसे मिलवा भी दिया। उनका शांत व सौम्य व्यक्तित्व और स्नेहपूर्ण व्यवहार देखकर अभिभूत हुए बिना न रह सका।

उस समय तक मेरी एक छोटी-सी पुस्तिका ‘प्रचारतंत्र और बहुजन समाज’ ही प्रकाशित हो पाई थी, जिसे मैंने साहस जुटाकर उन्हें भेंट किया। दस–पंद्रह मिनट की उस मुलाकात में कभी ऐसा नहीं लगा कि मैं किंवदंती बन चुके एक ऐसे बौद्धिक नायक से मिल रहा हूँ, जो आईएएस जैसे उच्च पद पर भी रहा हो।

उनकी सहजता देखकर पहली ही मुलाकात में जून में होने जा रही अपने बड़े बेटे की शादी में उपस्थित होने का अनुरोध कर डाला। जब उन्हें यह पता चला कि शादी अंतरजातीय होगी, जिसे अभिभावकों ने खुद आपसी सहमति से तय किया है, तो वह खुशी से उछल पड़े और आने की सहमति दे दी।


मेरे बेटे की शादी में शरीक होने वाले दूर-दराज के अतिथियों में हंस साहब पहले व्यक्ति थे, जो जून की भीषण गर्मी की उपेक्षा कर पुणे से चलकर सबसे पहले सपत्नीक लखनऊ पहुंचे थे। विवाह का आयोजन एक होटल में हुआ था। विवाह कार्य उन्होंने ही प्रसिद्ध बौद्ध विद्वान अंगने लाल साहब के साथ मिलकर संपन्न करवाया था। जिस तरह जाति के बंधन को तोड़कर दहेज रहित वह शादी भव्यता के साथ हुई थी, वह बहुतों को प्रेरित की थी, लेकिन सबसे ज्यादा स्पर्श शायद हंस साहब को ही की थी। अगले दिन वह लखनऊ छोड़ते समय मुझे और मेरे समधी को एक अनुकरणीय विवाह आयोजित करवाने के लिए बधाई देते हुए आग्रह किए कि मेरे लिए भी इसी तरह उपयुक्त पात्र-पात्री ढूंढें, मैं भी अपने बच्चों की शादी इसी तरह करना चाहता हूँ। वह अपने बच्चों के अंतरजातीय विवाह के प्रति गंभीर थे, इस लिए पटना में बैठे-बैठे थोड़े-थोड़े अंतराल पर योग्य लड़का-लड़की ढूंढ देने के लिए हम दोनों को याद दिलाते रहे। अंततः कुछ अंतराल बाद उनकी छोटी बेटी ज्योति बाला की शादी मेरे समधी के मझले बेटे डॉ. प्रदीप चौधरी से तय हुई, जो बाद में चलकर अंतरजातीय विवाह की एक अनुकरणीय मिसाल बनी। इसके बाद तो हमें हंस साहब की और निकटता मिल गई और उनकी वजह से बिहार डाइवर्सिटी के वैचारिक आंदोलन का सबसे बड़ा केंद्र बन गया। हंस साहब के सहयोग से 2010 में भागलपुर और उसके निकटवर्ती इलाकों में बहुजन डाइवर्सिटी मिशन की ओर से छः दिवसीय डाइवर्सिटी यात्रा निकली। बाद में बिहार विधानसभा चुनाव में पार्टियों के घोषणापत्रों में डाइवर्सिटी के एजेंडे को शामिल करवाने के लिए मैंने बिहार के 18 प्रमुख जिलों में प्रेस कॉन्फ्रेंस करने के साथ उन सभी जिलों के छात्रावासों में संबोधित किया एवं वहां के कोर्ट-कचहरियों में परचे बांटे। हमारा प्रयास सफल रहा और कुछ पार्टियों के घोषणापत्रों में डाइवर्सिटी एजेंडे को जगह मिली। इसके पीछे सबसे बड़ी भूमिका हंस साहब की रही। उन्होंने इस यात्रा के लिए आर्थिक संसाधन सुलभ कराए और मैं जिस भी जिले में जाता, उनके कद्रदान हर तरह से सहयोग के लिए खड़े मिलते!

हंस साहब ब्राह्मणवाद के यम से आगे की चीज रहे

हंस साहब की पहचान मुख्यतः ब्राह्मणवाद के यम के रूप में रही। वह पूरे देश में घूम-घूम कर साहस के साथ ब्राह्मणवाद के खात्मे का गगनभेदी आह्वान तो करते ही रहते थे, सबसे बढ़कर उनकी ऐसी छवि निर्मित करने में उनकी ब्राह्मणवाद विरोधी किताबों का योगदान रहा! लेकिन ब्राह्मणवाद के खात्मे का उद्घोष करते रहने वाले हंस आंबेडकरवाद के गंभीर अध्येता रहे। उन्हें बाबा साहेब के 13 फरवरी, 1938 के मनमाड वाले ऐतिहासिक भाषण का निष्कर्ष याद था, जिसमें उन्होंने ‘पूंजीवाद और ब्राह्मणवाद को सबसे बड़ा शत्रु’ बताते हुए कहा था, ‘अभी तक दलित वर्ग मुख्य रूप से सामाजिक कष्टों के निवारण के लिए ही आंदोलित होते रहे हैं। उन्होंने अपने आर्थिक कष्टों के निवारण का काम हाथ में लिया ही नहीं था। यह पहला अवसर है जब वे अपने आर्थिक कष्टों पर विचार करने के लिए एकत्रित हो रहे हैं… जिन आर्थिक समस्याओं से हम जूझ रहे हैं, अपनी उन आर्थिक समस्याओं पर सामाजिक समस्याओं जैसा जोर देने के काम की लंबे समय से उपेक्षा करते आए हैं।’ ऐसा कहकर बाबा साहेब ने मनमाड सम्मेलन को दलित आंदोलन का एक प्रस्थान बिंदु बताते हुए आंदोलन को आर्थिक कष्टों के निवारण पर केंद्रित करने का आह्वान किया था। उनका यह आह्वान जिन दलित लेखकों को स्पर्श किया, उनमें शीर्ष के लोगों में एक रहे बुद्ध शरण हंस साहब, जिसका साक्ष्य वहन करती है 1977 में प्रकाशित उनकी 32 पृष्ठीय पुस्तक: ‘शोषितों की समस्या और समाधान!’ दलित आंदोलनों में मान्यवर कांशीराम के उदय के बाद सामाजिक परिवर्तन व आर्थिक मुक्ति की बात खूब होती रही है। लेकिन मान्यवर के उदय पूर्व ही हंस साहब ने सामाजिक परिवर्तन व आर्थिक मुक्ति का निर्भूल नक्शा ‘शोषितों की समस्या और समाधान’ के जरिए पेश कर दिया था। उन्होंने जनसंख्या के अनुपात में इंजीनियर, डॉक्टर, मजिस्ट्रेट, टेक्निशियन, लेक्चरर, डॉक्टर, बैंकों के एजेंट, मैनेजर, कारखानों के मैनेजर और डायरेक्टर, सेना और पुलिस के उच्च पदाधिकारी, महलनुमा घरों के स्वामी, लेखक, चिंतक, नेता व अभिनेता बनने का सपना तब दिया था, जब समाज के बड़े-बड़े बुद्धिजीवी इसकी कल्पना करने की स्थिति में नहीं थे। लेकिन ब्राह्मणवाद जैसी अमूर्त समस्या के खात्मे में अपनी अधिकतम ऊर्जा लगाने वाले उनके कद्रदान इस पुस्तक की उपेक्षा कर गए! अगर ऐसा नहीं किए होते तो आज उनके निधन के उपरांत वे इस पुस्तिका का जरूर उल्लेख करते एवं इससे प्रेरणा लेने की अपील करते!

हंस ने ऐसे पेश किया था: सामाजिक परिवर्तन व आर्थिक मुक्ति का नक्शा
हंस साहब ने ‘शोषितों की समस्या और समाधान’ में आने वाले 50 वर्षों का दलित एजेंडा पेश करते हुए बहुजनों के विकास का मापदंड दे दिया था। कम्युनिस्ट पार्टी के घोषणापत्र जैसी धारदार इस पुस्तिका में उन्होंने दलित और आदिवासियों को ‘अवर्ण’ के रूप में चिन्हित करते हुए उन्नत जीवन जीने की आकांक्षा पैदा करने का विरल प्रयास किया था। उन्होंने पुस्तिका के पृष्ठ 11 पर सवाल उठाया था, ‘क्या अवर्ण अभी भी पत्थर की गुफाओं में, झाड़ी-झुरमुटों, फूल और पत्तियों की झोपड़ी में जीवन गुजारें या बड़े-बड़े शहरों के ऊँचे विशाल महलों के स्वामी बनें? अवर्ण साधनहीन, संपत्तिहीन बनकर भूखे पेट आजीवन दुःख झेलते रहें या तेजी से बदलती हुई दुनिया और दौलत के साझीदार बन सुखोपभोग करें? क्या अवर्ण अभी भी सीधेपन का तमगा पहन, अपने धन और धरती गंवाते रहें या अन्य प्रगतिशील लोगों की तरह चुस्त और चतुर बन अपने अधिकारों के लिए दृढ़ संकल्प लें? ऐसे अनगिनत प्रश्न हैं, जिनका अंतिम और स्पष्ट उत्तर पाना आवश्यक है। इन प्रश्नों का उत्तर पाए बिना अवर्णों के विकास की बात सोचना मुश्किल है!’

पृष्ठ 15 पर वह सवाल उठाते हैं, ‘आजादी की इतनी लंबी अवधि के बाद अवर्णों को जिस अनुपात में इंजीनियर, मजिस्ट्रेट, डॉक्टर, टेक्निशियन, वकील, लेक्चरर, कारखाने के मैनेजर और डायरेक्टर, सेना और पुलिस के उच्च अधिकारी होना चाहिए, नहीं हो पाए हैं। ये सब ऐसे पद हैं जहाँ सुख-सुविधा, सम्मान, संपत्ति मिलने की गुंजाइश है। इन पदों पर ऐसी जगहों पर अवर्ण कम मात्रा में हैं, या अति-अल्प पहुँच पाए हैं, तो यह स्वतः सिद्ध होता है कि अवर्णों को सुख-सुविधा, सम्मान और संपत्ति बहुत ही कम मिल पाए हैं। आवश्यकता इस बात की है कि अवर्ण अधिक से अधिक योग्य बनें; भिन्न-भिन्न प्रकार की शिक्षा अपने बाल-बच्चों को दें और स्वयं भी लें। यह अत्यंत आवश्यक है कि भिन्न-भिन्न प्रकार की अधिक से अधिक शिक्षा प्राप्त कर सुखी जीवन जीने के लिए हर क्षेत्र में प्रवेश कर सकें। अवर्ण अपनी जनसंख्या के अनुपात में जब इंजीनियर, डॉक्टर, मजिस्ट्रेट, टेक्निशियन, लेक्चरर, बैंकों के एजेंट, मैनेजर, कारखानों के मैनेजर और डायरेक्टर, सेना और पुलिस के उच्च पदाधिकारी, लेखक, चिंतक, नेता व अभिनेता का पद प्राप्त कर लेंगे, तभी विकास का सही परिणाम देखा और समझा जा सकता है। ये सब विकास के चिन्ह और मापदंड हैं। इस मापदंड पर अवर्ण अभी अपनी स्थिति का अंदाजा लगाएँ कि वे कहाँ हैं!

अवर्णों के प्रत्येक परिवार में एक सदस्य को व्यवसायी बनाना चाहिए। दो-चार सदस्यों के परिवार में नियमित रूप से एक-दो सदस्यों को व्यवसाय में दिलचस्पी लेनी चाहिए। यह बात सत्य है कि अवर्ण एकाएक खान और कारखानों के मालिक नहीं बन सकते, विभिन्न प्रकार के साधनों का भंडार (आढ़त) नहीं बना सकते, स्टॉकिस्ट नहीं बन सकते, लेकिन खुदरा विक्रेता तो बन सकते हैं! अनाज, कपड़ों, दवाई, बर्तन, जूते आदि की दुकानें तो चला सकते हैं। शहरों में छोटे-बड़े होटल तो चला सकते हैं। अवर्ण को व्यवसाय के क्षेत्रों में जाना है, व्यवसाय करने का दृढ़ संकल्प लेना है और व्यवसाय की सफलता के लिए अथक परिश्रम करना है!’ (वही, पृष्ठ 20)

और सामाजिक परिवर्तन व आर्थिक मुक्ति की चाह में: हंस साहब बन गए डाइवर्सिटी के स्तंभ!
सत्तर के दशक में उन्होंने ‘शोषितों की समस्या और समाधान’ के जरिए सामाजिक परिवर्तन व आर्थिक मुक्ति का जो सपना देखा था, 2002 के भोपाल सम्मेलन—जहाँ दलित–आदिवासियों को उद्योगपति-व्यापारी बनाने वाले डाइवर्सिटी के विचार का उदय हुआ था—के बाद उनके सपनों को पंख लग गए। और जब 2007 में भोपाल सम्मेलन से निकले डाइवर्सिटी के विचार को आगे बढ़ाने के लिए ‘बहुजन डाइवर्सिटी मिशन’ (बीडीएम) की स्थापना हुई, वे न सिर्फ इससे सक्रिय रूप से जुड़े, बल्कि देखते ही देखते इसके प्रमुख स्तंभ बन गए। वे बीडीएम की ओर से हर साल औसतन हजार पृष्ठों में प्रकाशित होने वाली जिस ‘डाइवर्सिटी ईयर बुक’ को बहुजनों के आर्थिक विकास का बाइबिल, कुरान, धम्मपद और गुरु ग्रंथ कहा करते थे, उसके मुख्य परामर्शदाता बनकर इसके प्रकाशन में योगदान करने लगे। यह ईयर बुक 2006 से 2020 तक नियमित रूप से उनकी देखरेख में प्रकाशित होती रही। औसतन हजार पृष्ठों की ईयर बुक में कम से कम 50 पृष्ठों में उनके लेख फैले हुआ करते थे। इस तरह देखा जाए तो हंस साहब ने नई सदी में कम से कम 750 पृष्ठों का लेखन सिर्फ डाइवर्सिटी के विचार को फैलाने के लिए किया। उनकी आत्मकथा ‘टुकड़े-टुकड़े आईने’ के पाँच खंडों को छोड़ दिया जाए तो नई सदी में इतना लेखन किसी अन्य विषय पर नहीं किया। वह ऐसा क्यों कर सके, इसका साक्ष्य 1400 पृष्ठों में प्रकाशित ‘डाइवर्सिटी ईयर बुक: 2009-10’ सुलभ कराती है। इसमें पृष्ठ 1339 से 1383 तक उनके लेख हैं। इसके पृष्ठ 1344–45 पर डाइवर्सिटी की अहमियत का अहसास कराते हुए वे कहते हैं—

‘बहुजन डाइवर्सिटी मिशन अपने आप में एक सामाजिक क्रांति है। इसे किसी राजनीति के पक्ष-विपक्ष से कुछ लेना-देना नहीं है। बहुजन डाइवर्सिटी मिशन कोई राजनीति है ही नहीं; यह स्पष्ट तौर पर एक सामाजिक क्रांति है। यह बहुजन कल्याण, बहुजन विकास का खुला आंदोलन है। आज की तारीख में बेहतर विकास के रास्ते की इजाद डाइवर्सिटी मिशन ने की है। कारण की पहचान हो जाने से कार्य में सुगमता आती है। देश में व्याप्त आर्थिक स्रोतों पर सरकारी व्यवस्था कम, लूटपाट ज्यादा है। आर्थिक स्रोतों पर सुव्यवस्था की मांग डाइवर्सिटी मिशन करता है और साथ ही इनमें हो रही लूट का विरोध भी करता है। इस मिशन के आंदोलन की गति सर्जनात्मक है। बहुजन विकास के इस सर्जनात्मक आंदोलन में किसी के विरोध की गुंजाइश कहाँ! डॉ. राम मनोहर लोहिया ने अपने कार्यक्रम में राजनीति, व्यापार, पलटन और ऊँची सरकारी सेवाओं में सभी वर्गों की आबादी के अनुपात में स्थान सुरक्षित करने की मांग की थी। बहुजन डाइवर्सिटी मिशन ने आज की तारीख में भूमि, व्यापार, रोजगार, उद्योग-धंधों, मीडिया, स्पोर्ट्स, परिवहन, पार्किंग, फिल्म, उच्च शैक्षणिक संस्थाओं, कॉन्ट्रैक्ट, सप्लाई—यानी कमतर से लेकर बेहतर आय के सभी स्रोतों पर सभी वर्गों की आबादी के अनुसार हिस्सेदारी की मांग और पूर्ति का आंदोलन चलाया है। इस आंदोलन में सभी वर्गों का सुख, सभी वर्गों का हित शामिल है; न किसी वर्ग की उपेक्षा है और न ही किसी को वेटेज। बहुजन डाइवर्सिटी मिशन का एजेंडा समय की मांग है। आज की तारीख में डाइवर्सिटी की मांग को नकारने वाले बहुजनों के द्वारा नकार दिए जाएंगे! भूमि, व्यापार, रोजगार, उद्योग-धंधों, मीडिया, स्पोर्ट्स, परिवहन, पार्किंग, फिल्म, उच्च शैक्षणिक संस्थाओं, कॉन्ट्रैक्ट, सप्लाई इत्यादि आय के सर्वोत्तम स्रोत हैं। इन आय के स्रोतों पर ब्राह्मण-सवर्ण लोगों का एकाधिकार बना हुआ है। सरकार की नीति में न तो आय के सभी स्रोतों में सभी वर्गों के लिए आरक्षण है और न ही डाइवर्सिटी की नियत व्यवस्था। फलतः संपन्न समाज के लोग आय के बेहतर साधनों पर कब्ज़ा जमाकर मालामाल हो रहे हैं और शेष बहुजन बदतर स्थिति में जाने के लिए बाध्य हो रहे हैं। इसी दोरंगी स्थिति से उबरने के लिए डाइवर्सिटी आंदोलन का सूत्रपात किया गया है!’

हंस साहब के सामाजिक परिवर्तन व आर्थिक मुक्ति एजेंडे को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी

हंस साहब का परिनिर्वाण एक ऐसे समय में हुआ है, जब निकट भविष्य में साधु-संतों द्वारा हिंदू राष्ट्र का संविधान लागू किए जाने की घोषणा हो चुकी है एवं शक्ति के स्रोतों का असमान बंटवारा खतरनाक बिंदु पर पहुँच चुका है। 2024 के मई में आई ‘वर्ल्ड इनइक्वालिटी लैब’ के मुताबिक देश के 89% धन-संपदा पर संघ के चहेते अपर कास्ट का कब्ज़ा हो गया है और दलित-आदिवासी 2.8% धन पर, जबकि विशाल पिछड़ा समाज मात्र 9% वेल्थ पर गुजर-बसर करने के लिए विवश है। वहीं विश्व में सबसे ज्यादा बदहाली का शिकार भारत की आधी आबादी को ग्लोबल जेंडर गैप की 2020 की रिपोर्ट के मुताबिक पुरुषों की बराबरी में आने में 257 साल लगने हैं। ऐसी कठिन स्थिति में ज़रूरत इस बात की है कि हम हंस साहब के गुणानुरागी ब्राह्मणवाद जैसी अमूर्त समस्या के खात्मे के बजाय अपनी अधिकतम ऊर्जा उनके सामाजिक और आर्थिक मुक्ति के विचार को आगे बढ़ाने में लगाएँ। यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
(लेखक बहुजन डाइवर्सिटी मिशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। संपर्क: 9654816191)

“धरती भर आकाश” में स्त्री शिक्षा और आर्थिक स्वतंत्रता का प्रतिरोध

तसनीम पटेल की आत्मकथा : शोध आलेख

आत्मकथा धरती भर आकाशमें स्त्री शिक्षा और आर्थिक स्वतंत्रता का प्रतिरोध

अहमद अली

शोध सार – हिंदी आत्मकथात्मक साहित्य में तसनीम पटेल की आत्मकथा “धरती भर आकाश” स्त्री जीवन के संघर्षों  का एक सशक्त दस्तावेज़ है। यह कृति केवल लेखिका के निजी अनुभवों को अभिव्यक्त नहीं करती बल्कि भारतीय समाज में स्त्री शिक्षा और आर्थिक स्वतंत्रता के प्रति व्याप्त सामाजिक, धार्मिक और पितृसत्तात्मक प्रतिरोध को भी उजागर करती है।प्रस्तुत आत्मकथा बताती है कि समाज  में स्त्री की शिक्षा को संदेह की दृष्टि से देखा जाता है, और कैसे उसकी आर्थिक आत्मनिर्भरता को पारिवारिक ‘इज़्ज़त’ और पुरुष-सत्ता के लिए ख़तरा माना  गया है

आत्मकथा में यह स्पष्ट रूप से दिखाई देता है कि जब लेखिका की बहन के लिए शिक्षिका की नौकरी का प्रस्ताव आता है वह अवसर उसके जीवन को नई दिशा दे सकता था किंतु पिता द्वारा उस प्रस्ताव का कठोर विरोध पितृसत्ता की जड़ मानसिकता को उजागर करता है। बेटी की कमाई को ‘भाड़’ कहना केवल व्यक्तिगत प्रतिक्रिया नहीं, बल्कि उस सामाजिक सोच का प्रतीक है जिसमें पुरुष को ही परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य माना जाता है और स्त्री की आर्थिक स्वतंत्रता को पुरुषत्व पर आघात समझा जाता है।

इसके अतिरिक्त आत्मकथा में मज़हबी फ़िरक़ेबंदी भी स्त्री शिक्षा के मार्ग में बाधा बनकर उभरती है। मेहदवी फ़िरक़े से संबंधित होने के कारण परिवार का सामाजिक बहिष्कार और धार्मिक असहिष्णुता बच्चों के मानसिक विकास को भी प्रभावित करती है। इस प्रकार स्त्री शिक्षा का प्रतिरोध केवल लिंग आधारित नहीं रह जाता बल्कि उसमें मज़हब, समाज और परंपरा की कई परतें जुड़ जाती हैं।

धरती भर आकाश यह स्थापित करती है कि स्त्री की शिक्षा और आर्थिक स्वतंत्रता केवल व्यक्तिगत अधिकार का प्रश्न नहीं यह सामाजिक परिवर्तन का आधार है। यह आत्मकथा पितृसत्तात्मक व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लगाते हुए स्त्री अस्मिता, संघर्ष और आत्मसम्मान की सशक्त अभिव्यक्ति बन जाती है।

बीज शब्द – स्त्री आत्मकथा, स्त्री शिक्षा, आर्थिक स्वतंत्रता, पितृसत्ता, मज़हबी फ़िरक़ेबंदी, सामाजिक प्रतिरोध, मुस्लिम समाज, स्त्री अस्मिता

मूल आलेख – हिंदी साहित्य में आत्मकथा विधा ने हाशिए पर पड़े जीवनानुभवों को अभिव्यक्ति देने का महत्वपूर्ण कार्य किया है। विशेषतः स्त्री आत्मकथाएँ उस सामाजिक यथार्थ को सामने लाती हैं जिसे पुरुष-प्रधान इतिहास और साहित्य प्रायः अनदेखा करता रहा है। तसनीम पटेल की आत्मकथा धरती भर आकाश इसी परंपरा की एक सशक्त कड़ी है। यह कृति स्त्री जीवन की उन जटिल परिस्थितियों को उजागर करती है जहाँ शिक्षा और आर्थिक स्वतंत्रता जैसे मूलभूत अधिकार भी संघर्ष का विषय बन जाते हैं। गरिमा श्रीवास्तमव के मतानुसार, “ इन आत्मकथाओं को स्त्री के आक्रोश और प्रतिरोध की रचनात्मक अभिव्यक्ति के रूप में देखा जाना चाहिए।”1 

धरती भर आकाश आत्मकथा में जब हम देखते है कि तसनीम को उसके सर बुलाकर उसके घर के हाल चाल पूछते है और उसको पिता को बुला कर लाने के लिए कहते है “प्रार्थना के बाद जोग सर ने मुझे अपने कार्यालय में बुलाया और मेरे घर के हालत की जानकारी ली। मुझसे कहा अभी घर जाकर अपने अब्बा से कहना- ‘सर ने बुलाया है।’ मैं तुरंत घर गई और अब्बा को साथ लेकर जोग सर के ऑफिस में आ गई। सर ने मेरी तारीफ़ करते हुए अब्बा के सामने एक सुझाव रखा कि ‘आपकी बड़ी बेटी’ अभी-अभी मैट्रिक पास हुई है। ऐसा तसनीम ने मुझे बताया है। शिक्षा विभाग में बड़े अधिकारी मेरे परिचित है। स्त्री शिक्षिकाओं की आज भी कमी है। मैं उसकी शिक्षिका की नौकरी लगा सकता हूँ। आपके घर की हालत सुधरेगी। इस बच्ची की पढ़ाई अच्छी होगी। इस बात पर अब्बा वहाँ शांत रहे। सर से कुछ नहीं बोले। घर आकर अम्मी से कहने लगे- हेडमास्टर रानी को नौकरी लगाने को कह रहा है, इस बात को सुनकर ही मेरा खून खौल रहा था। सभी को जहर देकर, मैं भी जहर खाकर मर जाऊँगा लेकिन बेटी की कमाई खाने वाला भाँड़ (नामर्द) मैं नहीं बनूँगा, मैं उसकी भाड़ नहीं खाऊँगा”2 

भारतीय समाज में स्त्री शिक्षा को लंबे समय तक संदेह और भय की दृष्टि से देखा गया है। आत्मकथा में जब लेखिका के लिए शिक्षिका की नौकरी का प्रस्ताव आता है।  तब यह क्षण सामाजिक बदलाव की संभावना लेकर आता है। शिक्षा विभाग में नौकरी का सुझाव न केवल लेखिका की प्रतिभा की स्वीकृति है बल्कि यह संकेत भी देता है कि स्त्री आत्मनिर्भर होकर परिवार की आर्थिक स्थिति सुधार सकती है। किंतु पिता द्वारा इस प्रस्ताव का तीव्र विरोध यह दर्शाता है कि पितृसत्तात्मक समाज में स्त्री की कमाई को सहज रूप से स्वीकार नहीं किया जाता। मंजु आर्या लिखती है, “वैसे तो महिलाएं सदैव हाशिये पर रही है। चाहे वो कोई भी समाज हो हिन्दू सिख ईसाई अथवा मुसलमान। इतना हुआ की समय के साथ – साथ और धर्मों में तो काफी चीजे बदल गई और महिलाओं की स्थिति में भी उतरोत्तर सुधार होता गया किन्तु मुस्लिम समाज में महिलाओं की स्थिति जस की तस रही।”3 

पिता का यह कथन कि “बेटी की कमाई खाने वाला भाँड़ मैं नहीं बनूँगा” स्त्री के श्रम को अपमानजनक ठहराने वाली मानसिकता को उजागर करता है। यहाँ शिक्षा और नौकरी स्त्री की प्रगति के साधन न होकर पुरुष की प्रतिष्ठा के लिए चुनौती बन जाते हैं। यह प्रतिरोध केवल व्यक्तिगत नहीं है बल्कि उस सामाजिक सोच का प्रतिनिधित्व करता है जिसमें पुरुष की पहचान ‘कमाऊ मुखिया’ के रूप में स्थापित है और स्त्री की भूमिका घरेलू दायरे तक सीमित कर दी जाती है।

“हम मेहदवी फ़िरक़े से थे। कुरान, नमाज़, रोज़ा, ज़कात, हज आदि इस्लाम के पाँच अरकान (पाँच तत्व) मेहदवी फ़िरक़े में भी मानते हैं। फ़र्क़ बस इतना है, सुन्नी फ़िरक़े के लोग यह मानते हैं कि मेहदी अले-सलाम ज़माने आख़िर में आएँगे। और मेहदवी यह कहते हैं कि मेहदी अलैह सलाम इस दुनिया में आकर चले गए। फिर वापस कैसे आएँगे? ऐसी कोई बात नहीं है, यह बहुत बुनियादी फ़र्क़ है। दूसरे धर्मों में जैसे भेदभाव और संप्रदाय हैं, वैसा ही इस्लाम में भी है। इस्लाम में भी 76 फ़िरके (पंथ) हैं। अब्बा पंथाभिमान के कारण नमाज़ अदा करने नहीं जाते थे। इसलिए बिलोली के मुस्लिम समाज का रोष हमारे परिवार पर था। श्रेष्ठ और स्वजन यदि साथ में हों तो इन्सान मुसीबतों का – सामना करता है। अब्बा बिलोली में अकेले ही थे इसलिए वहाँ के मुस्लिम हमें अपना नहीं मानते थे। अब्बा और समाज के बीच मज़हब की श्रेष्ठता की लड़ाई चलती थी और हम बच्चों को मुस्लिम समाज के ताने झेलने पड़ते थे। इस मज़हबी जंग में अब्बा बड़ी हिम्मत से लड़ते रहे लेकिन धर्मांध और नासमझ लोगों से कभी हार नहीं मानी, न उनके सामने झुकना पसंद किया।”4     

आत्मकथा में मज़हबी फ़िरक़ेबंदी का प्रश्न भी स्त्री शिक्षा के प्रतिरोध से गहराई से जुड़ा हुआ है। मेहदवी फ़िरक़े से संबंधित होने के कारण परिवार को सामाजिक बहिष्कार का सामना करना पड़ता है। नमाज़ न पढ़ने और धार्मिक मतभेदों के कारण समाज द्वारा तिरस्कार झेलना पड़ता है। इस सामाजिक अलगाव का प्रभाव सीधे बच्चों पर पड़ता है। ऐसे वातावरण में स्त्री शिक्षा और आत्मनिर्भरता को और अधिक संदेह की दृष्टि से देखा जाता है, क्योंकि समाज पहले से ही परिवार को ‘अलग’ और ‘विरोधी’ मान चुका होता है।

“बिलोली में घर के सामने किराना की दुकान थी। उसके मालिक गनी सेठ से फूफी के नैन लड़ गए, लेकिन यह मुहब्बत दादी को रास नहीं आई। बेटी की हरकत को दादी ने पहचान लिया और अपने बेटे को सब बता दिया। अब्बा बहुत नाराज हुए, क्योंकि गनी सेठ कच्छी मुसलमान था जबकि अब्बा मेहदवी मुसलमान थे। लिहाजा, दोनों में बेटी-व्यवहार जुर्म करने के बराबर था। अब्बा फिर से हैदराबाद पहुँचे और अपने मुर्शिद (धर्मगुरु) से बहन के हालात बताए। अब्बा और अम्मी के जीवन में फुंफू खमरुन्निसा बानो ने एक तूफान खड़ा कर दिया था। हैदराबाद के अशरफुद्दीन को अब्बा ने पसंद किया। उनकी पहली पत्नी मर चुकी थी। अब्बा के सामने एक ही लक्ष्य था, बहन की शादी करना। वह उन्होंने पूरा कर दिया। फूफी का निकाह अशरफुद्दीन से हो गया और फूफी हैदराबाद रहने चली गई।”5 

स्त्री शिक्षा के प्रति यह प्रतिरोध विवाह संस्था से भी जुड़ा हुआ है। आत्मकथा में फूफी की प्रेमकथा यह स्पष्ट करती है कि स्त्री की इच्छा और चयन को सामाजिक अनुशासन के विरुद्ध माना जाता है। विवाह के माध्यम से स्त्री को ‘सुरक्षित’ दायरे में बाँध देना ही समाज का लक्ष्य बन जाता है। ऐसी स्थिति में शिक्षा और नौकरी जैसी स्वतंत्रताएँ स्त्री को उस दायरे से बाहर निकालने वाली शक्तियाँ प्रतीत होती हैं जिनसे समाज भयभीत रहता है।

आर्थिक स्वतंत्रता स्त्री को निर्णय लेने की क्षमता प्रदान करती है। यही कारण है कि पितृसत्ता इसे सबसे बड़ा खतरा मानती है। धरती भर आकाश में शिक्षा और नौकरी का विरोध केवल आर्थिक प्रश्न नहीं है, बल्कि वह स्त्री की सोच, आत्मविश्वास और भविष्य पर नियंत्रण बनाए रखने की कोशिश है। पिता का आक्रोश दरअसल उस व्यवस्था का आक्रोश है, जिसमें स्त्री की स्वतंत्र पहचान की कोई जगह नहीं है।

इसके बावजूद आत्मकथा का स्वर पूरी तरह निराशावादी नहीं है। संघर्षों, अपमान और अस्वीकार के बीच लेखिका की चेतना विकसित होती है। शिक्षा के महत्व की समझ, समाज की सच्चाइयों की पहचान और आत्मसम्मान की भावना धीरे-धीरे आकार लेती है। यही संघर्ष आगे चलकर स्त्री की अस्मिता को सुदृढ़ बनाता है।

इस प्रकार धरती भर आकाश स्त्री शिक्षा और आर्थिक स्वतंत्रता के प्रतिरोध को केवल समस्या के रूप में नहीं सामाजिक संरचना के भीतर छिपे सत्ता-संबंधों के रूप में प्रस्तुत करती है। यह आत्मकथा पाठक को यह सोचने पर विवश करती है कि जब तक स्त्री की शिक्षा और आत्मनिर्भरता को सम्मान नहीं मिलेगा, तब तक सामाजिक समानता का सपना अधूरा ही रहेगा।

यह कहा जा सकता है कि तसनीम पटेल की आत्मकथा न केवल एक स्त्री के जीवन संघर्ष की कथा है बल्कि यह भारतीय समाज में स्त्री शिक्षा और आर्थिक स्वतंत्रता के प्रति व्याप्त विरोध की गहरी पड़ताल भी है। यह कृति स्त्री आत्मकथात्मक लेखन को नई दिशा देते हुए सामाजिक परिवर्तन की चेतना को मजबूत करती है।

निष्कर्ष – धरती भर आकाश स्पष्ट करती है कि किसी भी समाज में स्त्री की शिक्षा और आर्थिक स्वतंत्रता केवल व्यक्तिगत विकास का विषय नहीं है यह सामाजिक संरचना की परीक्षा है। तसनीम पटेल अपने अनुभवों के माध्यम से यह दिखाती हैं कि धार्मिक पहचान, पारिवारिक निर्णय और सामाजिक प्रतिष्ठा ये तीनों मिलकर स्त्री के अवसरों को सीमित कर देते हैं। शिक्षा और नौकरी का विरोध दरअसल उस मानसिकता का परिणाम है जो स्त्री को परिवार की मर्यादा से बँधी भूमिका में देखना चाहती है।

आत्मकथा यह भी संकेत देती है कि स्त्री का संघर्ष अकेले बाहरी दुनिया से नहीं बल्कि घर के भीतर उपस्थित पितृसत्ता से भी होता है। पिता का कठोर रुख, समाज का अविश्वास और फ़िरक़ों का दबाव इन सबके बीच लेखिका की चेतना धीरे-धीरे मजबूत होती है। यही आंतरिक विकास इस कृति को विशिष्ट बनाता है।

संदभ ग्रंथ सूची

  1. चुप्पियाँ और दरारें’स्त्री आत्मकथाः पाठ और सै‌द्धांतिकी, गरिमा श्रीवास्तव, राजकमल पेपरबैक्स, नई दिल्ली, पृ. 21
  2. धरती भर आकाश, तसनीम पटेल, अगोरा प्रकाशन, ग्राम अहिरान, पोस्ट चमॉव, शिवपुर, पृ.110 -111 
  3. साहित्य में मुस्लिम महिलाओं के मुद्दे, मंजु आर्य, साखी प्रकाशन, पृ. 13 
  4. धरती भर आकाश, तसनीम पटेल, अगोरा प्रकाशन, ग्राम अहिरान, पोस्ट चमॉव, शिवपुर, पृ.99 
  5. धरती भर आकाश, तसनीम पटेल, अगोरा प्रकाशन, ग्राम अहिरान, पोस्ट चमॉव, शिवपुर, पृ.30 

अहमद अली
शोधार्थी (पीएच.डी.)
अंग्रेजी एवं विदेशी भाषा विश्वविद्यालय
[विभाग का नाम – हिंदी विभाग]
Email – sayaadali99@gmail.com

स्त्री सुन्दरता के नये पैमाने : आत्ममुग्धता से आत्मकुंठा तक

मेट्रो में, बस में, सड़क पर,बाज़ार और यहाँ तक की घर में आप गौर करेंगे तो स्त्री-पुरुष के बीच अप्राकृतिक रूप से सुंदर लगने के प्रति एक खास रुझान दिखाई देगा। दिखने और देखे जाने की इस प्रवृत्ति ने मानवजाति को अन्य पशु-जातियों से अलग एक ऐसे प्राणी के रूप में लाकर खड़ा कर दिया है की वह अजूबा बना चुका है।खुद को श्रेष्ठ मानने की मानसिकता ने इन्सान के भीतर कई कोम्प्लिकेश्न्स को भी जन्म दिया है।ऐसा लगता है मानवजाति के पास खुद को संवारने-सजाने और ‘सुंदर’ दिखाने की एक प्रतिस्पर्धा छिड़ गई हो। यह प्रवृत्ति स्त्री-पुरुष दोनों के बीच देखी जा सकती है। इस मानसिकता ने मानव शरीर में कई भिन्नताओं को खोज निकाला जो उन्हें एक-दूसरें से ‘भिन्न’ ही नहीं बतलाते बल्कि इस धरती पर सबसे अनूठा और हास्यपद प्राणी के रूप में पेश करता है। सुंदर दिखने, आकर्षण लगने, रिझाने की यह कला अन्यों प्रजातियों में भी है।अपनी सुन्दरता से मोहने या आकर्षक लगने का काम नर ही किया करते हैं।मोर अपनी सुंदरता से मोरनी को आकर्षित करता है, ऐसे ही कई नर जीव संबंध और प्रजनन के लिए अपनी सुन्दरता का उपयोग भी करते हैं।लेकिन सुन्दरता ही उनके लिए सर्वोपरी कभी नहीं रही न ही यह जीने-मरने का प्रश्न से जुड़ा था जैसे आज स्त्री-पुरुष के बीच है।

सुदंरता और उसे महसूस करने के अनुभवों को केवल कुछ खास इन्द्रियों तक सीमित कर दिया गया है और इससे सौन्दर्य शरीर के कुछ खास अंगों तक सिमट कर रह गया। वह आन्तरिक विशेषता से ज्यादा देखे जाने, उपभोग किये जाने में बदल गई है।सुंदर लगने की यहप्रवृत्ति, यह दबाव धीरे-धीरे पुरुषों से  स्त्रियों के जिम्मे आगया है। सामाजिक-सांस्कृतिक कारणों से उपजीसौन्दर्य की क्रूर और दकियानूसी धारणाओं ने नर-मादा को‘स्त्री’ और ‘पुरुष’ बनने पर अत्यधिक जोर दिया है। स्त्री-पुरुष की शारीरिक भिन्नताओं के आधार पर आज उनमें इतनी भिन्नताएं पैदा कर दी है की वह नितांत एक-दूसरे से भिन्न दिखे। पितृसत्तात्मक समाज ने सुन्दरता का जिम्मा स्त्रियों के लिए इसउपक्रम को बहुत सामान्य बनाकर पेश किया।असाधारण दिखने की लालसा, अन्य स्त्रियों से भिन्न नजर आने की कुंठा ने स्त्री को अपने ही शरीर के प्रति संदेह को पाला और पोषित किया।इसने शरीर के प्रति महसूस करने वाली स्वभाविक संवेदनाओं को भी बदल कर रख दिया है। आधुनिक समाज में आज स्त्रियाँ अपने चेहरे और शरीर के प्रति कई धारणाओं, चिंताओं से घिरा हुआ महसूस करती हैं, उनका चेहरा बहुत सुंदर और आत्मविश्वास से भरा दिखाई देगा लेकिन भीतर से वह खुद को सुंदरदिखाने के अत्यधिक दबाव से दबी हुई महसूस करती हैं।

सुन्दरता के पैमानों पर खरे उतरने का दबाव उन पर हमेशा रहता है। मेकअप और सजने-संवरने की यह प्रवृत्ति बचपन से उनके भीतर डाल दी जाती है। कपड़े,आभुषण, सौन्दर्य प्रसाधन की सामग्रियों की कभी न खत्म होने वाली सूची है जिसमें सभी वर्ग,उम्र और पद की स्त्रियों के लिए कुछ न कुछ मौजूद है।यह हस्तक्षेप इतना बढ़ गया है की खुद स्त्री ने इस देह को उस तरह दिखाने के लिए क्या कुछ नहीं किया।साहित्य, फैशन, फिल्मों और सोशल मीडिया ने स्त्री देह को प्रस्तुत करने के कई तरीके ईजाद कर दिए है। जिसने स्त्री की एक अलग ही छवि को गढ़ा है।इस नई छवि को लेकर स्त्री स्वयंआत्ममुग्ध और दुविधाग्रस्त दोनों है।क्योंकि यह छवियाँ पितृसत्तात्मक प्रतिमान से गढ़ी गई हैं जिसने स्त्री को केवल वस्तु में रूपांतरित कर दिया है। उसके चारों तरफ भ्रम फैलाया है। उसे एक तरफ नई पहचान देकर उसे ‘आजाद’ दिखाने का दावा करती हैं, वहीं दूसरी तरफ स्त्री के भीतर आत्मविश्वास और संदेह को भी बरकरार रखा है, जैसे स्त्री शरीर उपभोग की जाने वाली कोई वस्तु हो।आधुनिक पूंजीवादी समाज में सुंदर दिखने के लिए स्त्री अपनी जान को खतरें में डाल कर तमाम तरह के हथकंडे अपनाने से भी पीछे नहीं है। गोरा दिखने, एच डी ग्लो पाने, क्रिस्टल क्लियर ग्लास स्किन, स्किन ब्राईट, फ्यूचर ब्राईटजैसी अतार्किकबातों को सबसे जरूरी बातें बना कर पेश की जाती है।

‘नारीवादी निगाह से’ पुस्तक में निवेदिता मेनन न्यूड मेकअप के पीछे की जालसाजी पर लिखती हैं“न्यूड मेकअप में आपकी त्वचा एकदम ताज़ा और ओस से भीगी नजर आती है।ऐसा मेकअप करने के बाद आपको यह लगता ही नहीं कि आपने मेकअप जैसा कुछ किया भी है। इसके लिए कुल मिलाकर एक आई-लाइनर, मस्कारे,न्यूड लिपस्टिक और एक ब्लश की जरूरत पड़ती है जिससे आपकी त्वचा में एक प्राकृतिकचमक पैदा हो सके। इसमें घंटों लगते हैं और इतना फिजूल है की उसके बाद साफ़ करने में भी आपकी शक्ति लगती है।”[1]कुलमिलाकर मेकअप एक ऐसा मुखौटा है जिसके पीछे आप अपने असली रूप को छिपा रहे हैं। सुंदर दिखना आज प्राकृतिकरहा ही नहीं। आज सर्जरी और चिकित्सक के जरिये असुन्दर को सुन्दर भी बनाया जा रहा है।वह भी खरीदी और बेची जाने का व्यवसाय का रूप ले चुकी है, जिसके ग्राहकों की संख्या दिनों-दिन बढ़ रही है।जाहिर है इस तरह की अर्जित सुन्दरता भी एक खास वर्ग की मुट्ठी भर स्त्रियों के पास ही है। गरीब, श्रमशील स्त्रियों के लिए नहीं उन्हें असुन्दर ही समझा जाएगा।सुंदर औरअसुंदर स्त्रियों को उपेक्षित और शोषित करता है।क्योंकि तमाम सौंदर्य प्रसाधनों पर पहुंच सबके वश की बात नहीं।यह एक तरह से पितृसत्तात्मक सौन्दर्य के यह पैमाने स्त्री-पुरुषमें भिन्नता ही नहीं पैदा करते बल्कि यह अमीर और गरीबमें भी एक बहुत बड़ा फर्क पैदा करते हैं।यह जातिवाद को बढ़ावा देता है।हीनता बोध महसूस करवाता है।

क्योंकी स्त्री सुन्दरता और उससे जुड़े मुद्दे स्त्री के सोचने, उसके जीने और महसूस करने से जुड़ता है तो यह बहुत जरूरी है जानना की वह कौन से कारण हैं जो स्त्री सुन्दरता, स्त्री छवि को वैसा बनाये रखने में सहयोग करती है। इस तरह यह मुद्दा स्त्री मुक्ति और स्त्री सौन्दर्य के बीच के रिश्ते से भी जुड़ा हुआ है।क्यूंकि यह आज उतनी ही अधिक सख्ती और क्रूर रूप से स्त्री सौन्दर्य की छवियाँ पर हावी है जो आत्मघृणा, बढ़ती उम्र का आतंक, अपना नियन्त्रण खोने का डर जैसे विभिन्न रूपों में प्रकट हो रहा है। इससे अनजाने ही एक विभाजन खड़ा होजाता है कौन सुंदर है और कौन असुन्दर।पितृसत्तात्मक समाज के चलते स्त्रियाँ सहमती से, कभी दबाव से इन पैमानों पर खरा उतरने की कोशिश करती है।सुंदरता का पैमाना भी समय और समाज, विभिन्न समुदायों, वर्गों में अलग-अलग है लेकिन इसने हमेशा एक को कमतर, असहज और अप्राकृतिकदिखाने पर जोर दिया है। यह न केवल स्त्रियों के बीच एक तरह का विभेद कायम रखता है वरन पुरुषों के समक्ष स्त्री शरीर को उपभोग की जाने वाली किसी रहस्यमयी वस्तु के रूप में रखता है।

नारीवादी चिंतक और लेखिका नाओमी वुल्फ के अनुसार सुन्दरता कीविचारधारा पुरानी स्त्री विचारधाराओं में से आखरी बची हुई विचारधारा है, जो अभी भी महिलाओं को नियंत्रित करने की शक्ति रखती है।मेरे ख्याल से यह बात विकाशील हो या विकसित देशों में सभी पर समान रूप से कायम है।सौन्दर्य मिथक स्त्रीके शरीर के प्रति गलत धारणाओं को मजबूत कर रहा है बल्कि, राजनीतिक हथियार के रूप में स्त्री सौन्दर्य की छवियों का उपयोग भी करता है।वहीं दूसरी तरफ स्त्रियों ने इसे अपनी शक्ति को बचाए रखने, अपना नियन्त्रण बनाये रखने की जुगत के रूप में समझा।सौन्दर्य आज शक्ति संबधों की अभिव्यक्तिव है। यह एक तरह से पुरुष वर्चस्व में अपनी हिस्सेदारी से भी जुड़ा है।जो असल में पुरुष प्रभुत्व को बनाये रखने उसे बरकरार रखने पर जोर देती है।जैसा की नाओमी वुल्फ अपनी किताब ‘द ब्यूटी मिथ’ में बताती हैं की सौन्दर्य मिथक महिलाओं के बारें बिलकुल नहीं है यह पुरुषों की संस्थाओं और संस्थागत शक्ति के बारे में है। सौन्दर्य के प्रति आपकी सचेतता वास्तव में व्यवहार को निर्धारित करता है। महिलाओं के बीच प्रतिस्पर्धा को मिथक का हिस्सा बना दिया है ताकि महिलाओं को एक-दूसरे से न सिर्फ अलग देखा जाये बल्कि इस सोच को और ज्यादा मजबूत भी करता है की वह उन जैसी बिलकुल नहीं है, वह असाधारण हैं।

जब से पितृसत्ता है, तब से किसी न किसी रूप में सौन्दर्य मिथक रहा है।आज जिसे सामान्य व्यवहार की तरह आदत में शामिल कर लिया गया है।नाक, होंठकेआकारयात्वचा के रंगकेप्रतिहीनतबोधस्त्रियों में एक प्रकार की समस्या के रूप में उन पर हावीरहता हैजिससेउन्हें बॉडीडिसफॉर्मिकडिसॉर्डरजैसीगंभीरबीमारीघेरलेतीहैं।ऐसेलोगआजीवनअपनेशरीरकेप्रतिअसन्तुष्टरहतेहैं।असहजताहीसुंदरताकापर्यायबनचुकीहैंऔरस्त्रियांइसमेंअपनेआपकोढालनेकाकामबखूबीकरतीहैं।दुनियाभरमें नारीवादियों ने स्त्रियों को चेताया है स्त्री शरीर को लेकर भ्रमित और रूढ़ छवियों को तोड़ा है। अलग-अलग देशों मेंमहिलाएंअपनेकम्फर्टऔरसुरक्षाकेलिएबेझिझकलड़ीहै ‘बर्निंगब्रा’मूवमेंटइसकाउदाहरणहै।“मुक्ति की निशानी मिनीस्कर्ट पर भी बात कर ली जाये ।प्रतिबंधों से त्रस्त बहुत से नारीवादियों ने जिनमें पश्चिम के नारीवादी भी शामिल हैं, यह बात दर्ज की है कि झीने या देह-दिखाऊ कपड़े पहने की ‘आजादी भी उस लैंगिक संस्कृती का ही अंग है जो बाज़ार की सदारत में परवान चढ़ती है क्योंकि इसमें देह के एक खास हिस्से-जवान, तराशे हुए और रंग-रोगन से दमकते हिस्से का ही प्रदर्शन किया जाता है।”[2]

सुंदरताको इतनी अहमियत क्यों मिलती है? और ऐसेसौंदर्यकीसामाजिकभूमिकाक्याहै? जबचारोंतरफएकजैसेलोगही दिखनेवालेहैं।मानवीय संवेदनाओं, इन्द्रियों को सम्मोहन शक्ति को कुछ समय तक अपने नियन्त्रण करने की प्रबल इच्छा इसे जन्म देती है।हम समूह से अलग तो नही दिख रहे इस का जरा सा भी डर हमारा आत्मविश्वास कम कर देता है। दुखद तो यह है की हर रोज ऐसा उपक्रम किया जाता है की पहले से अधिक सुंदर और भिन्न कैसे दिखा जाये जो एक थका देने वाला काम है। यह कभी न संतुष्ट होने वाला काम बन चुका है। बाहरी आवरण को ही सब कुछ मान लेने से सुन्दरता आज बहुत सस्ती और साथ ही बहुत गैर जरूरी लेकिन उपयोगी बन चुकी है।

नामोमी वुल्फ़ कहती है “ब्यूटी एक मर्दवादी पूंजीवादी मिथ है[3]मीडिया, विज्ञापन, फिल्मों में भावरहित कामुकता पर जोर दिया जा रहा है। क्या ‘ग्लैमर’ पुरुष की नई व्यवस्था नहीं है?”[4] जिसमें स्त्री का मनचाहा प्रयोग हो रहा है वो भी स्त्री की बगैर इजाजत के।क्योंकि वह तो देह से जुड़े झूठे लुभावनो में जकड़ी हुई होती है।‘सौन्दर्य पोर्नग्राफी’ कृत्रिमरूप से एक वस्तुगत ‘सौन्दर्य’ को सीधे और स्पष्ट रूप से कामुकता से जोड़ती है। पश्चिम के देशों में फिल्म, फैशन इंडस्ट्री, सौन्दर्य आयोजन और प्रतिस्पर्धाओं, मेट गाला जैसे आयोजनों ने स्त्री छवियों को उनकी कामुकता का उपभोग करने, प्रदर्शनी की तरह कई मौके दिए।जिसमें अभिनेत्रियां ही नहीं अभिनेता भी अजीबो गरीब वेशभूषा में दिखाई देते है। एक-दूसरे से अलग दिखने की उनके बीच एक तरह की होड़ को देखा जा सकताहै।

आज भारत में भी उसी तर्ज पर उर्फी जावेद का नाम लिया जा सकता है।कद काठी में सामान्य, सामन्ती परिवार की लड़की जो अपनी छवि को लेकर,अपनेशरीरके प्रति आत्ममुग्धताने उसे एकप्रदर्शनी में बदलदिया है। अब आकर्षित करने का तरीका बदल गया।अब कपड़े आपको परिभाषित नहीं करते बल्कि, आप उन्हें परिभाषित कर रहे है।यह वह सांस्कृतिक दबाव है जो स्त्रियों को एक खास तरह के कपड़े पहनने के लिए मजबूर करता है।यह दबाव उन्हें चाहें अपनी देह को ज्यादा दिखाने के लिए विवश करता है या छुपाने के लिए दोनों ही मामलों में यह सरोकार वेशभूषा पहनावे से ज्यादा उस ताकत से है जो उन्हें ऐसादिखने के लिए, ऐसा महसूस करने के लिए मजबूर करती है।उसे ही सबसे बड़ा सच मान बैठती हैं।कपड़ो के नाम पर कतरनें, शरीर को रंगना, जंजीर, मार्बल, फूलों, चांदी की वर्क,चाबी, नेट, सिम कार्ड, चेस्टेटी बेल्ट जैसी दिखने वाली ड्रेसज, घड़ियों से बनी पोशाकें हैं जिन्हें आकर्षक कहना भी गलत होगा। यह उसे फूहड़ दिखता है।उर्फी की यह देह प्रदर्शन एक तरह की यौन अश्लीलता नहीं तो और क्या है ?

इस झूठी चयनशीलता ने स्त्री को और भी असुरक्षित भावना से भर दिया है। देह के बनाये इस तिलिस्म का प्रभाव इस कदर है की उससे अलग दिखने वाली साधारण देह जो बनावटी न हो, सहज और स्वस्थ है उसे नकारे जाने पर जोर देती है।सुन्दरता का पैमाना एक खास तरह से ढाली गई देह से जोड़ दिया गया है।एक नयामूल्यबोधबनचुकाहैस्त्रीसौंदर्य का। स्त्री देह देखने निहारने और घूरने अचंभित कर देने वाली कोई चीज बन गई है। शायद स्त्री की कृत्रिमछवि का सर्वाधिक दोहन आज आधुनिक समाज में किया जा रहा है। स्त्री खुद इसमें अपना सहयोग दे रहीं है।नारीवादी लेखिका नाओमी वुल्फ पुस्तक ‘ब्यूटी मिथ’ में लिखती हैं की “ब्यूटी मिथ ने औरत की आजादी को मोड़ कर उसे चेहरे और देह में बदल दियावह सवाल उठाती है क्या हम स्त्री देह की अन्य अवधारणा और रूप की कल्पना कर सकते है ? क्या सुन्दरता वाकई सेक्स है? क्या एक स्त्री की यौनता उसके रूप में निहित है[5]

पारंपरिकऔरआधुनिककेमिलेजुलेइससमाजमेंकेंद्रमेंबनेरहनेकेलिए, जल्दीप्रभावितकरनेऔरआकर्षकदिखनेकीभूखभीबड़ीहै। लेकिन “आधुनिक औरत की छवि को सुन्दरता की मिसाल की तरह पेश करना एक अंतर्विरोधी बात है[6] पूंजीवादी, उपभोगतावादी नजरिये ने स्त्री को जितना ‘आजाद’ महसूस करवाया उससे ज्यादा उसने उसे अपनी शर्तों पर कैद भी किया है। एक स्वतंत्र ख्यालों वाली, मजबूत स्त्री के मुकाबले उसने स्त्रियों का ऐसा वर्ग तैयार किया जो पल भर में किसी को भी, कहीं भी सुंदर और आकर्षित करने की क्षमता रखती है।भले ही व्यहारिक रूप से वह एकबिम्बोही हो। वह उन तंग कपड़ो में भी अपने आपको सहज करवाने की भरपूर कोशिश करती है और उन जूतों से भी जो तकलीफदेह हो।जिसे पहन वह ज्यादा आत्मविश्वासी होने का ढोंग करती दिखाई देती है।जो मेडोना की ‘मटिरियल गर्ल’ की छवि को ही दिखाता है।जिसके बारे में “कहा गया है की मडोना ने एक ऐसा यौन-यूटोपिया प्रस्तुत किया है जो महान अमरीकी स्वप्न को साकार करता है[7] क्या उर्फी मडोना की इस मटिरियल गर्ल से ही प्रेरित नहीं है। यह स्त्री छवि पुराने प्रतिमानों को बदल रही है जो खुद एक मानक बनने को आतुर नजर आती है।

    नारीवादीलेखिका,चिंतक जर्मेन ग्रीयर कहती हैं “हर युवा और खुबसुरत स्त्री के मन में सपना हो सकता है कि वह छलांग लगाकर सामाजिक  सीढ़ी के शीर्ष पर पहुंच जाए और अपने शुद्ध, सहज, सौन्दर्य से ऐश्वर्य की दमक को फीका कर दे[8]उर्फी जावेद की निर्भीकता चौकांती है लेकिन उसके भीतर के हीनताबोध को भी दिखाती है जो स्वभाव से मुंहफट लगती है लेकिन अपनी सहज दिखने को लेकर उसका यह मुंहफट अदृश्य हो जाता है और अजीब पोशाकों के बीच दबी-धंसी हुई एक कमजोर लड़की दिखाई देगी जो अपने चेहरे के निशान, लकीरों से, बिना मेकअप के खुद कोदेखना उसे भयभीत करता है, गिल्ट पैदा करता है।

मेरी वोल्स्टनक्राफ्ट के शब्दों में “सुन्दरता स्त्री का राजदंड है, बचपन से ही यह सीखते हुए मांस खुद को शरीर के अनुरूप ढल लेता है और अपने सुनहरे पिंजड़े में घूमता सिर्फ अपने कारागार को सजाना चाहता है[9]जिसे स्त्री के लिए कमी समझा गया है वह सुन्दरता निजी देखभाल से बहुत अलग है।स्त्री देह से जुड़े कई अंतर्विरोध हमेशा से रहे है आज भी है। अपनी देह को परिभाषित करने का जिम्मा भले आज स्त्री ने अपने हाथ में ले लिया हो लेकिन उसकी कमान हमेशा पुरुषों ने अपने हाथ में रखी है।स्त्री को अपनी ही आत्ममुग्धता में इतना व्यस्त रखा गया की उसके भीतर हमेशा खालीपन रहा। वह व्यक्तिवान प्राणी नहीं रह जाती।

देहकेप्रसंगमेंसौंदर्यऔरअश्लीलताकीबहसबहुतपुरानीहै।स्त्री और पुरुष दोनों की ही प्रतिमाओं में नग्नता सराही भीगई है। अजन्ता कि गुफाओं से लेकर राजा रवि वर्मा तक, कला का कोई भी रूप देह की नग्नता को उसके वीभत्स रूप अश्लीलता में नहीं देखता। बल्कि, यह हमारे देखे जाने के आग्रह उन मानको को बदलने का प्रयास भी करता रहा है जो हमें बताता है क्या अश्लील है और क्या अश्लील नहीं है।असल में अश्लीलता एक अर्थ में पुरुषवर्चस्व को कायम रखने का माध्यम रहा है।हिंदी के नारीवादी साहित्य में भी यह एक मूल्य बन चुका है जिसकी परिभाषा भी वह अपने हिसाब से रचता-गढ़ता है। देह को लेकर हमारी सतकर्ता, सचेतता ही है की आजकल तो भगवान की मूर्तियों को भी कपड़े पहनाया जाता है। लेकिन एक ऐसा समय भी था जब स्त्री शरीर के ऊपरी भाग में कोई कपड़ा पहनने की मनाही थी। “जब ब्रिटिश राज के दौरान उच्चवर्गीय महिलाएं साड़ी के नीचे ब्लाउज पहनने लगीं तो उस दौर में इसे उत्तेजक माना जाता था|”[10]वैसे स्त्री देह चाहें बुर्के में हो, दस घुंघट में या जींस में वह कुछ भी पहने आलोचना का शिकार होती है।कपड़ो को लेकर मोरल पुलिसिंगतो आम बात है।जेंडर जो समाज से निर्मित होता है वह यह तय करता है स्त्री-पुरुष को कैसा दिखना चाहिए।स्त्रियों को भी मूंछे आती है यह बात लोगों कोआश्चर्य करती है जबकि, हाथ-पैरों पर उगे बालों को साफ़ करके मोम की तरह चिकना दिखाना सामान्य नजर आता है। लड़की के भी चहरे पर उगी मूंछे देख कर असुविधाजनक लगने लगता है। उस वर्ग को जो अपने इन्सान होने के सभी चिन्हों को मिटा देना चाहते हैं। सर से लेकर अंगूठे का नाख़ून तक सब कुछ नकली है। सुन्दरता को लेकर यह भ्रमआज मानसिक गुलामी को दर्शाती है।आप इस मानसिकता से जितना दूर हो रह सकते उतना ही अपने आप से प्रेम कर सकते हैं, फिर चाहें आप कैसे भी दिखते और बोलते हैं।लेकिन देह के बनाये तिलिस्म अगर आपके सोचने-समझने की शक्ति को ही प्रभावित करने लगे तो समस्या गंभीर हो सकती है।क्या इस देह की सबसे बड़ी उपयोगिता यहीं है दूसरों को आकर्षित करना? दूसरों के लिए महज आकर्षण वस्तु की तरह देखे जाने वाली यह लालसा पहले से ही दूषित मानसिकता को उकसा जरुर सकती है।लेकिन कोई स्वस्थ नजरिया नहीं देती।

बच्चे की देह हो या स्त्री-पुरुष की देह, देह से जुड़े हमारे मन में भ्रांतियां है।जिसके प्रति हम सचेत रहते है अपनी देह के भी और दूसरों की देह के प्रति भी। समय के साथ इस देह के प्रति हमारी चेतना बनती और बदलती भी रही है।बहरहाल, स्त्री देह और उसके वस्तुकरण की उस चरमस्थिति को महसूस किया जा सकता है जिसने पुरुष और स्त्री दोनों ने सहजता से अपना लिया है, इतना ही नहीं उससे भी खतरनाक यह की उसे अपनी ‘आजादी’ से जोड़ लिया है। लेकिन इसी समाज में कुछ लोग है जो सौन्दर्य के पितृसत्तात्मक प्रतिमानों का विरोध करते हैं, सहज और प्राकृतिकरूप से दिखना-देखना पसंद करते हैं। और यही स्वस्थ और प्राकृतिकतरह से जीना और सुन्दरता को महसूस करना है।

सन्दर्भ


[1]निवेदिता मेनन, नारीवादी निगाह से, अनु. नरेश गोस्वामी, राजकमल प्रकाशन, नई दिल्ली, 2021, पृष्ठ 07

[2]वहीं, पृष्ठ 160

[3]राजेन्द्र यादव संपा, प्रभा खेतान, अभय कुमार दुबे, पितृसत्ता के नये रूप, राजकमल प्रकाशन, नई दिल्ली, 2003, देखे लेख ‘एक अधखुला क्षण: सौंदर्य मिथक की द्वन्दात्म्कता’ सुधीर पचौरी, पेज 40

[4]वहीं, पृष्ठ47

[5]वहीं,पृष्ठ39

[6]वहीं,पृष्ठ37

[7]देवेन्द्र इस्सर,स्त्री मुक्ति के प्रश्न,राजकमल प्रकाशन,नई दिल्ली,पृष्ठ108

[8]जर्मेन ग्रीयर, विद्रोही स्त्री, अनु. मधु बी. जोशी, राजकमल प्रकाशन, नई दिल्ली, 2001, पृष्ठ57

[9]मेरी वोल्स्टनक्राफ्ट, स्त्री अधिकारों का औचित्य, 1792, पृष्ठ 90

[10]ग्लोरिया स्टाय्नेम, वजूद औरत का- स्त्री विमर्श : प्रतिनिधि पाठ, अनु. भावना मिश्र, चयन एंव संपा रुचिरा गुप्ता, राजकमल प्रकाशन, नई दिल्ली, 2020, पृष्ठ78

एक निर्भीक श्रमण को आखिरी जोहार! वीरेंद्र यादव (5 मार्च 1950-16 जनवरी 2026)

अरुण नारायण

वीरेंद्र यादव हिन्दी के उन विरल आलोचकों में थे, जो प्रगतिशील परंपरा में खड़े होकर भी उसकी जड़ता को प्रश्नांकित करने का साहस रखते थे। वे ऐसे बौद्धिक थे जिन्होंने प्रगतिशीलता को किसी एक विचारधारा या वर्गीय सीमाओं में कैद नहीं किया, बल्कि उसे जाति, नस्ल, पितृ सत्ता, औपनिवेशिक विरोध और फासीवाद-विरोधी संघर्ष की बहुस्तरीय जमीन पर विस्तार दिया।

उनका लेखन उन आवाज़ों का पक्षधर था जिन्हें हिन्दी की मुख्यधारा ने या तो अनसुना किया या हाशिये पर धकेल दिया। उनकी वैचारिक रेंज जितनी व्यापक थी, उतनी ही विविध और गहन भी। 1857 की क्रांतिकारी विरासत से लेकर प्रेमचंद, रेणु, यशपाल, राही मासूम रजा, निर्मल वर्मा की साहित्यिक परंपरा तक, और समकालीन समय में विनोद कुमार शुक्ल से लेकर महुआ माजी और अरुंधति राय के हस्तक्षेपों तक—इन सभी विषयों को उन्होंने जिस ऐतिहासिक चेतना और आलोचनात्मक सूझबूझ के साथ संबोधित किया, वह हिंदी की प्रगतिशील आलोचना में दुर्लभ है।

जीवनकाल में ही उन्होंने रामविलास शर्मा और नामवर सिंह जैसे प्रतिष्ठित आलोचकों को जिस निर्भीकता से प्रश्नांकित किया, उससे उनकी स्वतंत्र बौद्धिक मेधा और वैचारिक ईमानदारी का पता चलता है। वे किसी भी स्थापित सत्ता—चाहे वह साहित्यिक हो या वैचारिक—के आगे नतमस्तक नहीं हुए।

हिन्दी की प्रगतिशील आलोचना परंपरा में वीरेंद्र यादव संभवतः पहले ऐसे बौद्धिक थे जिन्हें फुले, आंबेडकर, पेरियार और रामस्वरूप वर्मा की वैचारिकी की स्पष्ट, गहन और वैज्ञानिक समझ थी। उनसे पूर्व की प्रगतिशील आलोचना में इस बहुजन वैचारिक धारा की लगभग अनुपस्थिति रही है। इस अर्थ में वीरेंद्र यादव ने न सिर्फ आलोचना को नया दृष्टिकोण दिया, बल्कि उसकी वैचारिक सीमाओं को भी तोड़ा।

उनकी कृतियां—
उपन्यास और वर्चस्व की सत्ता, उपन्यास और देस, प्रगतिशीलता के पक्ष में, विवाद नहीं, हस्तक्षेप, विमर्श और व्यक्तित्व आदि हिन्दी साहित्य की अमूल्य वैचारिक थाती हैं। ये पुस्तकें सिर्फ आलोचना नहीं हैं, बल्कि सत्ता, समाज और साहित्य के अंतर्संबंधों को समझने की वैचारिक कुंजी भी हैं।

दुखद यह है कि उनकी रचनात्मक मेधा का श्रेष्ठ अभी आना शेष था। उनके विचारों की यात्रा अधूरी रह गई।

आज, जब देश और समाज एक गहरे फासीवादी अंधकार से गुजर रहा है, वीरेंद्र यादव जैसे निर्भीक, विवेकशील और बहुजन-पक्षधर आलोचक की अनुपस्थिति और अधिक खलती है। उनकी वैचारिक रोशनी की जरूरत इस अंधेरे समय में पहले से कहीं ज्यादा है।

भारी मन से उन्हें आखिरी जोहार!