मरिचझाँपि : इस रात की सुबह नहीं

0
10

“इतिहास ने कभी भी उनके जीवन की कहानी नहीं लिखी कि कैसे उन्होंने असंभव बाधाओं का सामना करते हुए अपने जीवन को बचाने के लिए अत्यंत कटु अंत तक संघर्ष किया।”
दंडक ठेके मरिचझाँपि- शक्तिपाद राजगुरु

” सुंदरवन का एक छोटा- सा द्वीप मरिचझाँपि। हिंदुस्तान के नक्शे में किंतु हिन्दुस्तानियों के नक्शे से गायब। आजाद हिंदुस्तान का हादसा – मरिचझाँपि। आजाद हिंदुस्तान का जलियांवाला बाग – मरिचझाँपि। 13 मई, 1979 का वह मनहूस दिन। पश्चिम बंगाल के वाममोर्चे की सरकार की पुलिस और सरकार समर्थित हजारों गुंडो ने मरिचझांपि को चारों ओर से घेर लिया। गोलियों की बौछार… लाशों की ढेर… चीख- पुकार… आर्तनाद। मरिचझाँपि द्वीप के ये निवासी कौन थे, जिसे सरकार ने बेरहमी से मारा? यह नरसंहार क्यों किया गया? हिंदी का साहित्य जगत इस प्रश्न पर खामोश है-“सब चुप, साहित्यिक चुप और कविजन निर्वाक चिंतक , शिल्पकार, नर्तक चुप हैं।”

इस निर्मम और जघन्य नरसंहार के लगभग पैंतालीस साल बाद हिंदी में एक एक किताब आती है – ‘मरिचझाँपि को छूकर बहती है जो नदी’ (ऋत्विज प्रकाशन, 2025)। नीलकमल का यह उपन्यास मरिचझाँपि के हादसे की दुर्गम यात्रा कराता है। पूर्वी बंगाल से खदेड़े गए दलित हिंदू, लुटे – पिटे, थके- हारे, भूखे- प्यासे शरणार्थियों की कथायात्रा है यह उपन्यास। पूरे पश्चिम बंगाल में इन शरणार्थियों के लिए कहीं कोई जगह नहीं। पहले तो इन्हें दंडकारण्य जंगल में ‘फेका’ जाता है| लेकिन वहां से भागकर शरणार्थी सुंदरवन के इस झाड़ीनुमा दलदली क्षेत्र को अथक परिश्रम से रहने लायक बनाते हैं। लेकिन बंगाल सरकार को उनका यहां रहना कबूल नहीं। यह सुंदरवन आरक्षित वनप्रदेश जो है। यहां पशु निर्विघ्न रह सकते हैं, मनुष्य नहीं। अमिताभ घोष के प्रसिद्ध उपन्यास ‘द हंग्री टाइड’ का एक ग्रामीण सोचता है, “वह कौन से लोग हैं जो जानवरों से इतना प्यार करते हैं कि उनके लिए शरणार्थियों को मारने के लिए तैयार हैं।”

‘मरिचझाँपि को छूकर बहती है जो नदी’ उपन्यास के रूपबंध में मरिचझाँपि के शरणार्थियों का ऐसा हलफनामा जो तत्कालीन बंगाल सरकार के तानाशाही रूप को अनावृत्त करता है। अपने को मजदूर और मजलूमों की पार्टी कहलानेवाली वाम सरकार बेसहारा शरणार्थियों को उजाड़ने में कोई कोताही नहीं बरतती। पश्चिम बंगाल से यूं ही वामपार्टी के सुदीर्घ अध्याय का अंत नहीं हुआ है। वाम सरकार की कुछ जनविरोधी नीतियां ही इसकी नींव बनी। सजास्वरूप इसकी अनुगूँज उन्हें लंबे समय तक सुनाई देगी। आत्मालोचन, प्रायश्चित और ईमानदार जनपक्षधरता ही उन्हें इस ‘अभिशाप’ से मुक्ति दिला सकती है। आज दक्षिणपंथी राजनीति उनकी गलतियों को भुना रही है और अपने पंजे पश्चिम बंगाल में भी फैला रही है।
मृत्यु ऊपत्यका बनता एक देश

“विभाजन के बाद पूर्वी पाकिस्तान से हिंदुओं के पलायन का इतिहास समकालीन इतिहास की सबसे दुखद घटनाओं में से एक है।”
दी मार्जिनल मैन- प्रफुल्ल के चक्रवर्ती

इन पंक्तियों के लेखक प्रफुल्ल के चक्रवर्ती ने अपने जीवन का अधिकांश भाग पश्चिम बंगाल के शरणार्थी केंद्रित क्षेत्र में बिताया और इस विषय पर अद्भुत पुस्तक ‘द मार्जिनल मैन’ की रचना की। जिस दुखद घटना का जिक्र प्रफुल्ल कर रहे हैं इस विषय को ‘मरिचझाँपि को छूकर बहती है जो नदी’ में नीलकमल ने उपन्यासिक कलेवर दिया है। विभाजनजन्य विस्थापन भारत की वह दुखती रग है जो समय-समय पर असहनीय विषाद के रूप में फैल जाती है। यह उपन्यास विस्थापन के इसी दर्द को महसूस करता है। शरणार्थियों का मरिचझाँपि आने का रास्ता इतना सुगम नहीं था। सबसे पहले इन्हें पूर्वी पाकिस्तान में प्रताड़ित किया गया। विभाजन के समय इन दलित हिन्दुओं का हिंदुस्तान न आने का फैसला उनका अपना था। नेहरू- लियाकत समझौते पर इन्होंने भरोसा किया। जिसमें कहा गया था कि दोनों सरकारें अपने-अपने देश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा करेंगी। उपन्यास कुछ अन्य कारणों की सूक्ष्म पड़ताल भी करता है। दलित सदियों से उच्च वर्णों द्वारा सताए गए थे। उन्होंने देखा कि मुसलमान में वर्ण व्यवस्था का भेद नहीं है। वहां सभी समान हैं। उन्हें लगा कि मुस्लिम शासन में उन्हें विषमता का दंश नहीं झेलना पड़ेगा। उन्हें क्या पता था कि उन्हें वहां हिंदू होने का दंश झेलना पड़ेगा। हिंदुस्तान में दलित- दंश और पाकिस्तान में हिंदू- दंश। जिस जोगेंद्रनाथ मंडल के आश्वासन पर उन्होंने पूर्वी पाकिस्तान न छोड़ने का फैसला लिया था, उन्होंने 1950 में कानून और श्रम मंत्री (पाकिस्तान) के पद से इस्तीफा दे दिया। इस्तीफा देकर वे तो भारत आ गए और कई दलित हिंदुओं को वहीं उनके अपने रहमों करम पर छोड़ दिया। उन्होंने विभाजन के समय दलित-हिंदू और मुसलमान एकता का आश्वासन दिया था। (द प्रिंट्स) उपन्यास इस विडंबना को रेखांकित करता है, “निम्नवर्ण हिंदुओं के मन में यह धारणा थी कि पाकिस्तान समर्थक मुसलमान चूंकि धनी हिंदू वर्ग को अपने शत्रु के रूप में देखता है और चूंकि हिंदू समाज इस निम्नवर्ण को अपनाने में सहज नहीं है इसलिए मुसलमान ही उनका स्वाभाविक मित्र हो सकता है और धनी हिंदू-दमन से उसके जरिए मुक्ति संभव है। लेकिन इन्हें अपनी भूल का एहसास तब हुआ जब देखा गया कि वास्तव में लूट की सारी संपत्ति पर दबंग और अमीर पाकिस्तान समर्थक मुसलमान वर्ग का ही वर्चस्व रहा और उनके हाथ कुछ भी नहीं आया। बाद में आक्रमण निम्न वर्ग हिंदू को भी झेलना पड़ा और वह पलायन के लिए बाध्य हुआ।”
विभाजन के बाद पूर्वी पाकिस्तान में हिंदुओं को निशाना बनाया गया। उनके अंदर इस बात को लेकर काफी मलाल था कि वहां की संपत्ति और बड़े पद का अधिकांश हिस्सा हिंदुओं के अधिकार क्षेत्र में है। जनसंख्या में अधिक मुसलमान थे किन्तु पद और संपत्ति हिंदुओं के पास थी। पूर्वी बंगाल में लगभग 80% उच्च पद हिंदुओं के पास थे। प्रत्येक शहर में अधिकांश इमारतें और संपत्तियां, कुछ मामलों में शहर की पचासी प्रतिशत से अधिक संपत्ति हिंदुओं के पास थी। पूर्वी बंगाल की सभी उल्लेखनीय औद्योगिक संस्थाएं गैर मुसलमानों द्वारा संगठित, वित्तपोषित और नियंत्रित थे। चार महत्वपूर्ण बैंक जिन्होंने पूरे पूर्वी बंगाल के आर्थिक जीवन को बहुत प्रभावित किया हिंदुओं द्वारा स्थापित और नियंत्रित किए गए थे।

विस्थापन का यह महत्वपूर्ण आर्थिक पक्ष था जिस पर हिंदी में बहुत कम चर्चा हुई है। वहां के मुसलमान की नजर हिंदुओं की संपत्ति पर भी टिकी हुई थी। जब वहां के हिंदुओं को पूर्वी पाकिस्तान में रहना संभव नहीं लगा तो वे अपनी संपत्ति बेचकर भारत पलायन करना चाह रहे थे। किंतु यह भी मुमकिन नहीं हो पाया। उपन्यास इस तथ्य को अनदेखा नहीं करता है, “इस बीच असम और त्रिपुरा से पाकिस्तान जाने वाले मुसलमान के पुनर्वासन के लिए हिंदू घरों को सरकारी स्तर पर रिक्विजिशन किया जाने लगा। कई शहरों में हिंदू घरों को इस व्यवस्था की आड़ में दखल में लिया गया है। वह अपने घर, मकान बेच न सके इसके लिए यूनियन काउंसिल का सर्टिफिकेट अनिवार्य कर दिया गया। आगे कोई हिंदू अपना घर बेच देना चाहे तो अब बिना इस सर्टिफिकेट के ऐसा नहीं कर सकेगा।” कई हिंदुओं ने अपनी संपत्ति जैसे- तैसे ओने- पौने भाव में बेच दिये और कई तो अपनी सारी संपत्ति छोड़कर भागने पर विवश किए गए। वह भागते कैसे नहीं? पूर्वी पाकिस्तान में हिंसा का यह आलम था कि “ट्रैकों में भरकर हिंदुओं की लाशों को अस्पताल ले आया जाता और वहां से बिना किसी जांच पड़ताल के कब्रिस्तान में ले जाकर दफन कर दिया जाता। फ़ौजों की कड़ी निगरानी में यह सब अंजाम दिया जा रहा है। सामान्यतया लोग इसे सांप्रदायिक दंगा कहते हैं किंतु इस हिंसा के प्रत्यक्षदर्शी एक वृद्ध के अनुसार यह दंगा कतई नहीं था- “आप उसे दंगा कहते हैं? दंगे में दो दल आपस में लड़ते हैं, एक दूसरे पर आक्रमण करते हैं । दोनों तरफ के लोग घायल होते हैं, मारे जाते हैं। यह कैसा दंगा है जिसमें एक दल मार रहा है दूसरा प्राण बचाकर भाग रहा है। जो पीड़ित हैं, जो मारे जा रहे हैं, कोई उसको बताएगा उनका अपराध आखिर क्या है?” उपन्यास में एकतरफा हिंसा के इस वीभत्स दृश्य को विस्तार से उद्घाटित किया गया है। हिंसा का यह तांडव थमने का नाम नहीं ले रहा, “हिंदू आबादी वाले गांव में यह हजारों लोग नींद में सोए परिवारों के घर जला रहे हैं। चाकू-छुरी से खुलेआम हमला कर रहे हैं। लड़कियों और स्त्रियों को खींचकर बाहर निकाला जाता है और उनके साथ दुष्कर्म किया जाता है। शिशुओं को भी नहीं छोड़ रहे हैं|”

ऐसा नहीं है कि पूर्वी पाकिस्तान के सभी मुसलमान हत्यारे हो गए हैं उनमें ऐसे भी मुसलमान है जो जान की बाजी लगाकर हिंदुओं को अपने घर में शरण दिए हुए हैं। ढाका का एक कॉलेज हिंदुओं की शरणस्थली बनी हुई है। प्रिंसिपल रहमान साहब ने अपने घर में भी हिंदू परिवार को आश्रय दिया हुआ है। जमात की ओर से उन्हें कड़ी हिदायत दी गई है कि काफिरों को पनाह देना बंद करना होगा। लेकिन रहमान साहब ने फिरकापरस्त को दो टूक कह दिया, “जीते जी तो ऐसा नहीं हो पायेगा हमसे। दुनिया का कोई मजहब किसी मुसीबतज़दा आदमी की मदद के लिए मना नहीं करता। मुल्क में जो हो रहा है मजहब के नाम पर वह इंसानियत की नजर में शर्म की बात है। अल्लाह अपने बंदों को अक्ल दे।” ऐसे ही एक रसूल चाचा हैं जो सुरेंद्रनाथ के कपड़े के दुकान में ईमानदार कर्मचारी हैं। जब सुरेंद्रनाथ अपनी दुकान और घर बेचने की बात करते हैं तो रसूल चाचा साहस के साथ कहते हैं, “मेरे रहते आप लोगों को कुछ नहीं होगा। मेरे घर पर चलिए आप लोग। रसूल के जिंदा रहते कोई हाथ लगाकर तो देखे।” लेकिन फिरकापरस्त हिंसक भीड़ के आगे ये मुसलमान भी असहाय हो गए थे।

उपन्यास एक युवक बादल की रोमांचक कथा के माध्यम से पूर्वी पाकिस्तान से भाया दंडकारण्य मरिचझांपि की दिल दहला देने वाली यात्रा कराता है। बादल पढ़ा- लिखा निम्न मध्यवर्ग का होनहार युवक है। माता-पिता और एक बहन के साथ वह पूर्वी पाकिस्तान के गांव में रह रहा है। इस हिंसक आंधी ने उसे भी घर छोड़ने पर विवश कर दिया। पूर्वी पाकिस्तान से हिंदुस्तान जाना किसी लोककथा के नायक का समुद्र पार करने के समान दुरूह।

ये लोग अपनी चल- अचल संपत्ति छोड़कर जो थोड़े से नगद लेकर भागे थे, उन्हें नदी पार कराने के नाम पर मोहम्मद गुलाम ने ठग लिया। दूसरी नदी पार कराने में बादल की मां के पास बचा हुआ एक मात्र कान का नग भी चला गया। पश्चिम बंगाल के हसनाबाद स्टेशन पर जहां तक निगाह जाती शरणार्थियों की अपार भीड़। रहने का दर नहीं, खाने का दाना नहीं, पास में पैसा नहीं। रिलीफ कैंप में आश्रय पाने के लिए रजिस्ट्रेशन आवश्यक और रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया दिल्ली दूर। पेट है कि मानता नहीं। भीख मांग नहीं सकते। मजदूरी एकमात्र सहारा। लेकिन इतने लोगों को मजदूरी दे भी कौन सकता है? पिता- पुत्र एक मंदिर निर्माण की जगह पहुंचते हैं, “हम दो जन हैं बाबू। गरीब लोग हैं। हम मजदूरी कर देंगे। मां के पवित्र मंदिर का काम है। आपको जो मन में आएगा दे दीजिएगा बाबू। दो दिन से परिवार भूखा है। चोरी नहीं कर सकते बाबू। दुहाई बाबू।” विस्थापन ने खाते-पीते घर के लोगों की यह दुर्दशा कर दी। इस तरह से बमुश्किल ‘भात’ का इंतजाम हुआ, “दोपहर में होटल में ठेकेदार ने भात का इंतजाम कर दिया था, लेकिन एक आदमी के हिस्से का भात वह एक डिब्बा में बचा लेते और उसे शाम में लेकर जाते छावनी में मां और बहन के पेट को थोड़ा अन्न मिल पाता।”
परकटे परिंदे की कोशिश पूर्वी बंगाल से आने वाले शरणार्थियों के अंतहीन मुश्किलें देखकर लगता है कि मनुष्य अपनी आखिरी सांस तक हिम्मत को बचाए रखता है। यही जिजीविषा मनुष्य को किसी भी तरह की बाधाओं से लड़ने की ताकत देता है। अब शुरू होता है मिशन-ए-पंजीकरण। पिता- पुत्र को पंजीकरण की कतार देखकर तो होश ही गुम हो गए। यह एक हृदय विदारक दृश्य है। हजारों हजार लोग कतार में हैं । रोते – बिलखते शिशु, कातर स्त्रियां, असहाय वृद्ध जहां – तहां दिख जाते हैं। कतार देखकर लगता है जैसे यह कभी खत्म न होने वाला कोई सिलसिला है। उन्हें पता चला कि दो हफ्ते से लोग यहां कतारों में खड़े हैं इस आशा में कि देर-सवेर उनका नाम भी खाता में दर्ज हो जाएगा। एक आदमी दिशा मैदान के लिए जाता तो परिवार का दूसरा सदस्य कतार में खड़ा होता। बादल के परिवार के चारों सदस्य अब अधिकृत रूप से शरणार्थी हैं। रिफ्यूजी! यह उनका नया परिचय है, इस नए देश में। एक कहावत है नर्क में भी ठेलम – ठेला। नर्क जैसी जिंदगी जीने के लिए दो हफ्ते से लोक कतार में खड़े हैं। इस विशाल जन समूह को पंजीकरण के बाद दंडकारण्य जंगल ले जाया जाता है। रायपुर से लगभग 10 किलोमीटर दूर एक खास भौगोलिक क्षेत्र को दण्डकारण्य प्रोजेक्ट के नाम से भारत सरकार ने चिह्नित किया है, इन शरणार्थियों के पुनर्वासन के लिए। यहां उनके बच्चों के लिए कोई स्कूल नहीं, हारी बीमारी के लिए कोई चिकित्सालय नहीं। चारों ओर जंगल और छोटे – छोटे पहाड़। इस पथरीली जमीन में खेती का काम संभव नहीं। इन सब के अतिरिक्त यहां की चुनौतियां अलहदा थी। यह आदिवासी क्षेत्र था। उनकी संस्कृति, रहन-सहन, भाषा बोली अलग। शरणार्थी न तो आदिवासियों की भाषा समझते हैं न प्रोजेक्ट वालों की। इस तरह एक संवादहीनता की गहरी खाई इनके बीच तैयार हो रही है। सबसे बड़ी दिक्कत तो यह थी कि इन्हें रहना उन्हीं आदिवासियों के साथ था जो इन्हें शंका और संदेह की दृष्टि से देख रहे थे। “एक तरफ आदिवासियों का भोलापन और दूसरी ओर शरणार्थी परिवारों के सामने जीवन का संकट। धीरे-धीरे सरलता की जगह संदेह ने प्रकट किया, अविश्वास के माहौल ने संघात को जन्म दिया। आदिवासियों को धीरे-धीरे यह बात समझ में आने लगी कि यह बाहरी लोग उनके लिए भविष्य में दिक्कतें पैदा कर सकते हैं।”

पूर्वी बंगाल से आए शरणार्थी दंडकारण्य में घुट घुट कर जी रहे थे। उनके पैर तले की जमीन तक खिसक गई जब उन्हें पता चला कि उन्हें बेलाडिला में प्राप्त लोहे के खदान में पथरीली जमीन तोड़ने के लिए ले जाया जाएगा। उनका दिल पश्चिम बंगाल जाने के लिए तरस रहा था, अपनी भाषा- भाषियों के बीच। लेकिन पश्चिम बंगाल सरकार ने साफ कह दिया है कि राज्य के चालू शरणार्थी शिवरों को देखते हुए राज्य के अंदर नए शिविर बनाए जाने की कोई संभावना नहीं है। लेकिन इन शरणार्थियों ने सुंदरबन के निर्जन द्वीप मरिचझांपि जाने का स्वप्न देख लिया था। इन लोगों ने उदवास्तु समिति बनाई और मरिचझांपि जाने का आंदोलन तेज किया। नमः शूद्र जाति के दलित शरणार्थियों की आंखों में उम्मीद की किरण तब जगी जब पश्चिम बंगाल के विरोधी फ्रंट दल के नेताओं ने उन्हें विश्वास दिलाया कि जब हमारी सरकार बनेगी तब वह सुंदरवन द्वीप में पुनर्वासन की न्यायसंगत मांग को अवश्य ही पूरा करेंगे। जब वाम मोर्चा (फ्रंट) की सरकार पश्चिम बंगाल में बन गई तो शरणार्थी आनन- फानन में सुंदरवन के लिए कूच कर गए। अनुमान है कि लगभग 16000 परिवार मरिचझाँपि द्वीप आने के लिए तैयार थे। उनमें ऐसा हौसला था कि बगैर सरकारी सहायता के सुंदरवन के उस निर्जन झाड़ीदार दलदली द्वीप को रहने लायक बना सकते हैं। धीरे-धीरे वे मरिचझाँपि आने लगे और वहाँ बसने लगे। कठोर श्रम से जंगल में मंगल होने लगा। वाममोर्चा की सरकार बनते ही उसने यू टर्न ले लिया। स्पष्ट निर्देश दिया कि सुंदरवन आरक्षित वन है यहां शरणार्थी किसी हालत में नहीं रह सकते, वे दण्डकारण्य लौट जाएं।

हर ख्वाहिश पे दम निकले
“सौम्या शंकर बोस का विश्व प्रसिद्ध फोटो बुक ‘व्हेयर द बर्डस नेवर सिंग’ मरिचझांपि नरसंहार की लहुलुहान स्मृतियों को पुनजीर्वित करने का विलक्षण प्रयास है। इस घटना का लगभग कोई लिखित रिकॉर्ड या आधिकारिक दस्तावेज न होने के बावजूद, बोस ने जीवित बचे लोगों की यादों पर शोध किया और उन्हें फिर से जीवंत किया, तथा इस दर्दनाक इतिहासपरक दृष्टिकोणों को बुना, जो सामूहिक स्मृति से धीरे-धीरे मिट रहा है।”
फोटो बुक की इन तस्वीरों को इस उपन्यास के साथ पढ़े जाने की दरकार है। लगता है जैसे चित्र शब्दों में ढलकर पाठकों से संवाद कर रहे हैं। यह घटना एक ऐसी एकतरफा लड़ाई थी जो सिर्फ जीने के लिए लड़ी जा रही थी। 3 अक्टूबर, 2018 को देवयानी सेनगुप्ता ‘द वायर’ में लिखती हैं, “दंडकारण्य से मरिचझाँपि तक निम्न जाति के नामशूद्र शरणार्थियों के प्रवास और उसके बाद नरसंहार की गाथा दलितों के इनकार, वंचना और राज्य प्रायोजित विनाश की गाथा है जिसकी स्वतंत्रता के बाद के भारतीय इतिहास में बहुत कम समानताएं हैं।”

मरिचझाँपि के इस खूनी खेल का अनकहा असुंदर पक्ष राजनीतिक दुराग्रह भी है। वाम मोर्चे की सरकार इन शरणार्थियों से नाराज इसलिए थी कि उनके राजनीतिक संगठन का हिस्सा बनने से उन्होंने इनकार कर दिया था। देवयानी के अनुसार, “दंडकारण्य में शरणार्थियों की समिति ने भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के शरणार्थी संगठन यूनाइटेड सेंट्रल रिफ्यूजी काउंसिल का हिस्सा बनने से इनकार कर दिया था, क्योंकि उन्हें लगा कि शरणार्थी समस्या एक राष्ट्रीय समस्या है और उनकी पहचान किसी भी राजनीतिक समूह का हिस्सा नहीं होनी चाहिए।” इस उपन्यास में बहुत बेबाकी से यह दिखाया गया है कि किस तरह मरिचझाँपि के शरणार्थी राजनीतिक मोहरा बन गए। समिति के नेता सोशलिस्ट पार्टी के प्रभाव में हैं जो वाम मोर्चे को नापसंद है। इसलिए इस पार्टी ने उनके विरुद्ध माहौल बनाना शुरू किया, “मरिचझाँपिमें बिना सरकारी अनुमति के कैसे कोई आकर बस्ती बना सकता है? यह वन विभाग के आईन का उल्लंघन है। यह जल आईन का भी उल्लंघन है। भारी संख्या में रिफ्यूजी के आने से चोरी की घटना में वृद्धि होगी, वन संपत्ति का नाश होगा। स्थानीय मानुष के लिए आवास कम हो जाएंगे।” पश्चिम बंगाल में पहले से शरणार्थियों के प्रति वितृष्णा का भाव था ही इस प्रचार ने आग में घी का काम किया। सरकार जनविरोधी कारवाई के लिए भी पहले जनमत निर्माण का काम करती है।
सन 1979 वसंत पंचमी का दिन। मरिचझांपि के बच्चों में सरस्वती पूजा का उत्साह चरम पर था। बच्चे आधे पेट खाकर भी उत्सव का पूरा लुत्फ़ उठाते हैं। बांध पर खड़े कुछ लोगों ने बागना फॉरेस्ट ऑफिस की ओर से कुछ लॉन्च को अपनी ओर आते देखा। पुलिस से भरी लॉन्च। उन्होंने चारों तरफ से द्वीप को घेर लिया- “तुम लोग बेआईनी तरीके से यहां नहीं रह सकते। सरकार का निर्देश है कि तुम लोग अपने-अपने कैंप में लौट जाओ। दंडकारण्य लौट जाओ। तुम सबको सावधान किया जाता है।” इस पुलिसिया घोषणा ने उन्हें अंदर तक हिला दिया था। वे जाने के लिए दंडकारण से यहां नहीं आए थे। सभी शरणार्थी पूरी हिम्मत से जुट गए- “मरिचझाँपि छेड़े अमरा जाबो न, जाबो न। बांग्ला पुनर्वास चाई।” मरिचझाँपि अन्न और पानी के लिए कुमिरमारी पर आश्रित है जिसे नाव से नदी पार करके लाना होता है। सरकार के नुमाइंदे ने सारे नाव जब्त कर लिए। मरिचझांपि का राशन-पानी बंद। समिति के पास अधिक से अधिक दो दिनों का भात। वे गंदा पानी पीने पर विवश हो गए। मरिचझाँपि पर पुलिस ने अघोषित ब्लॉकेड कर दिया। शरणार्थियों ने हाथ पांव पकड़े।

गिड़गिड़ाया…”हाथ जोड़ रहे हैं सर! असंख्य शिशु हैं, वृद्ध लोग हैं, भूख से मर जाएंगे ये लोग।… दया करके हमें उस पार जाने दीजिए। पुलिसिया जवाब – चुप कर हरामजादों! बाप की संपत्ति समझ लिया है क्या। लौट जा अन्यथा पुलिस की गोली से मरेगा।” इस घेरेबंदी ने शरणार्थियों का जीना दूभर कर दिया। मरता क्या नहीं करता। वे घास खाने लगे, “मोटी पत्तियों वाला जदुपालंग साग उनका अंतिम आसरा है, जिसे पानी में उबाल कर घर में सभी खा रहे हैं। मोथा घास को जड़ से खोदकर उसे उबालकर खा रहे हैं।” शरणार्थियों ने पुलिस के हाथों मृत्यु का वरण स्वीकार किया किंतु मरिचझाँपि छोड़कर जाना कबूल नहीं किया। मरने से पहले वे अपनी लाठियों और बल्लम के साथ अपनी एकता जाहिर करना चाह रहे थे। “आदेश मिलते ही राइफल गरज उठी। सैकड़ो राउंड गोलियां चली। लाशों का ढेर लग गया। खून से माटी लाल हो उठी। यह 31 जनवरी 1979 का दिन है।”

शरणार्थी के एक शुभचिंतक वकील ने कोलकाता हाई कोर्ट में ब्लॉकेड के खिलाफ याचिका दायर की। न्यायाधीश ने बंगाल सरकार को इस अमानवीय कृत्य के लिए फटकार लगाई, “पानी, दवा और खाने की आवश्यक वस्तुओं पर रोक नहीं लगाई जा सकती, और इसकी व्यवस्था सरकार सुनिश्चित करनी होगी।” लेकिन साथ ही जज महोदय ने यह भी कहा “सरकार को यह अधिकार रहेगा कि वह वन संरक्षण के लिए जरूरी कदम उठाए।” ब्लॉकेड हटा लिया गया। पहली बार दुनिया की नजरों में मरिचझांपि नाम कौंधा। यह घटना उन दिनों अखबारों की सुर्खियां बनी। जज ने इतनी बड़ी घटना के लिए सरकार को सिर्फ फटकार लगाई, दोषी नहीं ठहराया। आंखों के सामने संविधान और लोकतंत्र की धज्जियां उड़ती रही। सरकारी रिकॉर्ड में सिर्फ दो मृत्यु दर्ज हुए। लेकिन केंद्र सरकार (जनता पार्टी) द्वारा गठित जांच समिति ने सरकार के झूठ की कलई खोल कर रख दी। रिपोर्ट में साफ लिखा गया “घटना के दिन काम से कम दस लोग मारे गए हैं और मरिचझाँपि में आर्थिक अवरोध और खाद्य अवरोध के कारण लगभग पचास लोग भूख से मर गए हैं।”
ब्लॉकेड हटा लिया गया। लेकिन इस हत्याकांड का अंतिम एक अध्याय अभी लिखा जाना शेष था। अध्याय भी इसी वर्ष के मई के शुरुआती दिनों में लिखा जाना था। लेकिन इस अध्याय के लिखे जाने से पहले राजनीतिक गलियारे में बहुत कुछ घट रहा था। भारतीय राजनीतिक इतिहास के पेचोखम को जानने – समझने के लिए मरिचझांपि एक दुखद लेकिन विलक्षण केस स्टडी हो सकता है। सिटिजन फॉर डेमोक्रेसी के एक प्रतिनिधिमंडल को वहां तक पहुंचने ही नहीं दिया गया। अन्यथा बंगाल सरकार के इस हत्या कारोबार का पर्दाफाश हो जाता। दूसरी तरफ केंद्र सरकार भी आधे – अधूरे चित्त से शरणार्थियों के प्रति सहानुभूति जताने का दिखावा कर रही थी, क्योंकि केंद्र में पश्चिम बंगाल के 22 सांसदों की बैसाखी पर वह रेंग रही थी। ऐसे में ज्योतिबसु की सरकार को नाराज किया ही नहीं जा सकता था। इस घटना के बाद मुख्यमंत्री ज्योति बसु ने 9 फरवरी, 1979 को विधानसभा में सरकार की ओर से सफाई दी और उन शरणार्थियों को ही अपराधी घोषित कर दिया, उन्होंने कहा “पेड़ों को काटना और पर्यावरण संसाधनों को नष्ट करना मारिचझाँपि की नियमित आदत बन गई है। इन्होंने अवैध रूप से कृत्रिम मत्स्य पालन भी शुरू कर दिया। ऐसी गतिविधि ने क्षेत्र के पारिस्थितिकी तंत्र और अर्थव्यवस्था दोनों को प्रभावित किया है।… किसी भी तरह से सरकार द्वारा प्रताड़ित न किए जाने के बावजूद तथाकथित शरणार्थी नेताओं ने हिंसा भड़काने की कोशिश की और अवैध हथियारों का संग्रह जारी रहा। उन्होंने अवैध हथियार भी इकट्ठा करना शुरू कर दिया। भ्रष्ट व्यापारियों ने अपने स्वार्थ के लिए वहां बहुत सारा पैसा निवेश किया|” ज्योति बसु का यह कहना एक सीमा तक सही था कि यह शरणार्थी पेड़ काटते थे और मत्स्य पालन भी किया करते थे। किंतु जीवन यापन के लिए उनके पास दूसरा चारा ही क्या था? सरकार ने किसी भी तरह की सहायता से साफ इनकार जो कर दिया था। पेड़ काटने के सच को शरणार्थी इंटेलिजेंस ब्यूरो के डीआईजी के सामने रखते हैं, “लेकिन यहां उस तरह से बड़े वृक्ष नहीं थे कभी, झाड़ झंकार ही थे, वह भी 6 फुट से अधिक ऊंचे नहीं।” सत्तातंत्र कैसे पाला बदलता है इसका उदाहरण है पश्चिम बंगाल की वाम सरकार। जो सरकार जंगल को बचाने के लिए शरणार्थियों पर गोली चलती है वही सरकार कुछ वर्षों के बाद उपजाऊ जमीन को उद्योगपतियों को देने का विरोध करने वालों (सिंगूर) पर भी गोली चलती है। ज्योति बसु ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार द्वारा उन्हें प्रताड़ित नहीं किया गया। फिर सरकार को उच्च न्यायालय की फटकार और जांच समिति की रिपोर्ट को हम क्या कहेंगे?

आखिर वह दिन भी आ ही गया जिस दिनमरिचझांपि के शरणार्थियों की विनाशलीला का अंतिम अध्याय लिखा जाना था। सरकार ने उन्हें यहां से खदेड़ने का दूसरा तरीका अपनाया। हजारों पुलिस बल के साथ भाड़े के गुंडो को शरणार्थियों को सबक सिखाने के लिए भेजा गया। इन लोगों ने इस बार अधिक मुस्तैदी और तत्परता से पूरे द्वीप की सख्त नाकेबंदी कर दी – “मरिचझांपि में वह दिन मौत का सन्नाटा लेकर आया। कहीं कोई आवाज नहीं। डरे – डरे लोग… हर तरफ चुप है चुप।” उसके बाद तो जिस तरह से शरणार्थियों पर कहर बरपा उसकी तुलना सिर्फ जलियांवाला बाग से ही की जा सकती है। “सोलह मई का दिन। एक भी शरणार्थी मरिचझाँपि में साबुत नहीं बचा। या तो वह गिरफ्तार कर लिया जा चुका है या फिर उसे मार डाला गया है। बादल जेल में है। बादल की तरह हजार हजार शरणार्थी जेल में हैं। इस मृत्युलीला के बाद ऐलान किया गया “मरिचझांपि उदवास्तु शून्य हो चुका है। शरणार्थियों को समझा बुझाकर दंडकारण्य भेजने के लिए राजी कर लिया गया है।” इस नरसंहार और गिरफ्तारी के अतिरिक्त किराए के गुंडो ने शरणार्थी औरतों के साथ भी बदसलूकी की, “सब ने लूटपाट का तांडव तो किया ही बच्चियों और युवतियों को भी जानवर की तरह नोचा – खसोटा, उनके साथ दुष्कर्म किए। पुलिस की छत्रछाया में लीला चलती रही। इस प्रकार मारिचझांपि को जनशून्य निर्जन कर दिया गया।

मिल रही है हयात फूलों की
इस भीषण दुश्वारियों के बीच भी मरिचझाँपि में प्रेम के फूल खिल रहे हैं। मर्मांतक कठिनाइयों का सामना करते हुए भी बादल और मेघना एक दूसरे के करीब आते हैं। दुख ही इन दो दिलों को मिलाने में ‘दूती’ का काम करता है। शरणार्थियों के प्रत्येक परिवारों की अपनी अलग-अलग अंतर्कथाएँ हैं। एक-एक अंतर्कथा अपने आप में विस्थापन का पूरा इतिहास समेटे हुए है। ऐसी ही एक त्रासदपूर्ण अंतर्कथा है मेघना की। उपन्यासकार ने मेघना की संघर्ष कथा को बड़ी शिद्दत से ढाला है। मेघना पूर्वी पाकिस्तान के हिंसा में अपने पिता और दो बहनों को गवां चुकी है। मरिचझाँपि में वह मां की एकमात्र सहारा है। बादल द्वीप के बच्चों के लिए स्कूल खोलता है। ‘बड़ी-बड़ी हिरनी सी चंचल आंखों से किसी को भी मोह लेने में सक्षम’ मेघना से बादल की पहली मुलाकात स्कूल के पास ही होती है। बादल स्कूल में बच्चों को नृत्य सिखाने के लिए मेघना को राजी कर लेता है। मरिचझाँपि के जिन बच्चों का कोई भविष्य नहीं बादल और मेघना उन बच्चों के भविष्य का स्वप्न देखते हैं। इस स्वप्न के साथ बादल कभी-कभी मेघना के स्वप्न में भी खो जाता है। लेकिन दूसरी तरफ जिंदगी की बेहिसाब ठोकरों ने मेघना के स्वप्न को कुंद कर दिया है। जब भी वह बादल के बारे में सोचती है वे भयावह दिन उसकी स्मृतियां को रौंद डालता है। मां को लेकर वह पूर्वी पाकिस्तान से सियालदह आती है तो सड़क के किनारे पनाह पाती है। एक होटल मालिक की कृपा से उसे जीने भर का जुगाड़ तो हो जाता है लेकिन उसका अपूर्व सौंदर्य उसके लिए काल साबित होता है। फुटपाथ के उचक्कों और बदमाशों की नशीली आंखें उसे डराती हैं, “एक रात जब पूरा शहर नींद के आगोश में था, मेघना ने अपनी छाती पर एक अपरिचित स्पर्श को महसूस किया। झटके से उठ बैठी। देखा कुछ आवारा किस्म के युवक जो पूरी तरह शराब के नशे में है सामने बैठे बेहयाई के साथ हंस रहे हैं। उसने सिरहाने पड़ा ईंट का एक टुकड़ा उठाया और उनमें से एक के सिर पर जोर से प्रहार किया। वह वहीं ढेर हो गया और उसके बाकी साथी वहां से नौ दो ग्यारह हो गए।”

मरिचझाँपि में बादल का संग – साथ उसे जीवन के प्रति उम्मीद जगाता है। जिस दिन पुलिस लॉन्च ने मरिचझांपि में कदम रखा था उस दिन स्कूल में सरस्वती पूजा की तैयारी चल रही थी। कुछ फूल कम पड़ रहे थे। मेघना और बादल फूलों की तलाश में जंगल की ओर जाते हैं। आज मेघना किसी वनदेवी से कम नहीं लग रही है। “बादल उसके नजदीक आ गया। उसने अपने हाथों से मेघना के चेहरे को थामा और उसके बहुत करीब आते हुए कहा ‘तुमसे अधिक सुंदर नहीं है यह सरस्वती’। वह मेघना के इतना निकट आ गया कि मेघना की छाती के तेजी से उठने और गिरने को वह अपने सीने पर महसूस कर रहा है। इस क्षण में यदि मृत्यु भी आ जाए तो वह उसे अपनी बाहों में भर लेगा। मेघना के कांपते होठों पर उसने अपनी उंगली रख देनी चाही। मेघना के होंठ कांप रहे हैं। हठात कहीं गोली चलने की आवाज आई और मेघना उससे छिटककर अलग खड़ी हो गई।” पश्चिम बंगाल की सरकार ने मरिचझांपि ऑपरेशन में सिर्फ शरणार्थियों को ही नहीं खदेड़ा प्यार करने वाले दो दिलों को भी बेरहमी से खदेड़ दिया। जिस प्रकार से पुलिस ने द्वीप में तबाही मचाई उसमें मेघना कहीं गुम हो गई। मेघना और बादल का प्यार अपना आकार ले पता उससे पहले ही उस प्यार का जनाजा निकल गया।

बांग्ला साहित्य के बुद्धिजीवियों और आलोचकों ने इस बात को रेखांकित किया है कि बांग्ला साहित्य; जो काफी समृद्ध रहा है मरिचझांपि के शरणार्थियों के दुख-दर्द से मुंह फेर लिया। वे समय पर इसे दर्ज करने में चूक गए। कई बंगाली विद्वानों ने इसका कारण उनकी वर्णवादी अभिजात्य दृष्टि और शरणार्थियों के प्रति उनके उपेक्षा भाव को माना है। बांग्ला साहित्य के वरिष्ठ आलोचक असरू कुमार सिकदर ने अपने निबंध ‘भंगा देस, भंगा मानुष बोबा बांग्ला साहित्य’ (टूटी हुई भूमि, टूटे हुए लोग और गूंगा बंगाली साहित्य) में मरिचझांपि विस्थापन पर बांग्ला साहित्यकारों की चुनी हुई चुप्पियों को विस्तार से रेखांकित किया है। उनके अनुसार “सांप्रदायिक सद्भाव और नई भूमि में उच्च जाति के विजयी पुनर्वास की स्पष्ट रूप से सुकून देने वाली कहानियों की मिठास और सुखद अतीत की यादों से चुप्पी टूटने में कोई मदद नहीं मिलती।”
पूर्वी बंगाल में मुसलमानों द्वारा हिंदुओं की नृशंस हत्या से लेकर मरिचझांपि संघर्ष में वाम मोर्चे की सरकार की क्रूरतापूर्ण दमन में लेखक ने स्थूल वर्णन का ही सहारा लिया है। नृशंस हत्याओं की अनेकशः पुनरावृत्ति से पाठकों के चित्त में जितनी जुगुप्सा की भावना उत्पन्न होती है उतनी करुणा की नहीं। हिंसा का यह स्थूल रूप ‘आंखों देखा हाल’ (जो कि वह है नहीं। क्योंकि उपन्यास साक्षात्कारों, अन्य की स्मृतियों और कई पुस्तकों के आध्ययन के आधार पर लिखा गया है) और रिपोर्टिंग जैसी लगती है। इस ‘लाउड स्थूल वर्णन’ में इंसानी हालात की जटिलता, संबंधों का टूटन, स्थितियों – परिस्थितियों की विडंबना और मानसिक आलोड़न आदि घनीभूत होकर नहीं आ पाया है। कई बार यह भ्रम होने लगता है कि उपन्यासकार इन हिंसाओं का अतिरंजित वर्णन किसी पूर्वाग्रह के कारण तो नहीं कर रहे हैं? एक उदाहरण के द्वारा इस अतिरंजना को हम समझ सकते हैं। अंतिम दिन वाममोर्चा सरकार की पुलिस जवान और भाड़े के गुंडे पक्ष – प्रतिपक्ष के रूप में एक मैदान में फुटबॉल खेल रहे हैं। वहां मरिचझांपि के एक युवक को पकड़ कर लाया जाता है- “युवक अभी छटपटा रहा है। गुहार लगा रहा है। जवान उसके पास जाता है। राइफल के कुंदे से वह उसके सिर पर जोरदार प्रहार करता है। युवक बेहोश हो गया है। जवान की आंखों में एक पाशविक चमक है। वह अपने शागिर्दों को ललकारता है।
आज नरमुंड से फुटबॉल खेला जाएगा।

वह एक भयंकर दृश्य था। कालू शेख एक धारदार हथियार लेकर सामने आया। एक बार में सर जमीन पर आ गया। खून का फव्वारा गर्दन से फूट पड़ा। गर्दन कटे मुर्गे की तरह तड़प तड़प कर वह सुस्त पड़ गया। फुटबॉल का खेल आरंभ हुआ। गेंद की जगह नरमुंड। ऐसा वीभत्स खेल।”

लूटपाट, हत्या और बलात्कार आदि का सूक्ष्म, सघन और सांकेतिक चित्रण के अभाव में ‘मरिचझांपि को छूकर बहती है जो नदी’ तमस’ जैसा उपन्यास नहीं बन पाया है।

‘बयां’ में प्रकाशित

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here