Home Blog Page 143

पहले बाबरी , फिर दादरी , फिर हिन्दुत्व के नाम पर बहादुरी

90 साल की लेखिका कृष्णा सोबती को जब दिल्ली के मावलंकर
हाल
के मंच पर व्हील चेयर में बैठाकर लाया गया तो जो दृश्य उपस्थित हुआ वह दुनिया
के किसी भी निरंकुश सत्ता के लिए आसानी से हजम करने वाला दृश्य नहीं था. मंच से
कहे गये कृष्णा सोबती के शब्द उस बुजुर्ग लेखिका के शब्द थे, जो अपने देश को सह –अस्तित्व
का एक ऐसा भू –भाग के रूप में देखना चाहती है, जहां आने वाली पीढियां सुकून का
जीवन जी सकें, जहां जीने –रहने –खाने के ऊपर सत्ता या किसी लम्पट तंत्र की
निगाहबानी नहीं हो .
कृष्णा सोबती ने बढ़ती
असहिष्णुता के प्रति अपनी
चिंताओं से समाज को आगाह करते हुए कहा  ‘ पहले बाबरी , फिर दादरी, फिर हिंदुत्व के नाम
पर बहादुरी’. यह पंक्ति कोई तुकबंदी नहीं है, यह पिछले कुछ दशकों से देश के भीतर
बन रहे वातावरण को नकारती वरिष्ठ लेखिका का
उदगार है , चिंता और आक्रोश है. 1 नवंबर को मावलंकर
हाल में ‘ प्रतिरोध’ के लिए साहित्यकार –इतिहासकार –वैज्ञानिक –सामाजिक कार्यकर्ता
इकट्ठा हुए . यहाँ उपस्थित लोग देश में बढ़ती असहिष्णुता के खिलाफ इकट्ठा हुए थे.
इनमें से कई लोगों ने पिछले दिनों अपने सम्मान वापस किये थे, इस आशा में कि सरकार
की संवेदना अपने देश के विवेकशील लोगों के ध्यानाकर्षण के बाद शायद जाग जाये,
लेकिन दुखद था कि सरकार और उसके लोगों ने इस समूह का नाम ‘ गैंग’ दे दिया और इनकी
चिंताओं का माखौल उड़ाना शुरू किया.
                                                                         
मावलंकर हाल में
वरिष्ठ लेखिका कृष्णा सोबती ने
जहां अपनी चिंताएं जाहिर की, वहीं इतिहासकार रोमिला
थापर ने सत्ता और संघ के लोगों के इस दुष्प्रचार कि सम्मान लौटाने
वालों ने , बढ़ती असहिष्णुता के खिलाफ बोलने वालों ने इसके पहले कभी प्रतिरोध में
आवाज नहीं उठाई थी, का जवाब दिया. रोमिला थापर ने इमरजेंसी , 84 के
दंगों , बाबरी मस्जिद के गिराये जाने , गुजरात के दंगों सहित अनेक अवसरों की याद
दिलाई जब अदीबों ने,  बुद्धिजीवियों ने अपना
प्रतिरोध दर्ज कराया था. प्रसिद्ध इतिहासकार ने अपने एक अनुभव के आधार पर अफ़सोस
जताया कि ऐसा समय कभी नहीं आया था जब किसी बुद्धिजीवी को अपनी बात कहने के लिए
पुलिस संरक्षण में सभाओं में जाना पड़े. हाल के दिनों में मुम्बई में रोमिला थापर
को एक व्याख्यान देने के पहले पुलिस ने उन्हें अपनी ओर से सुरक्षा –कवर उपलब्ध
कराया.
इतिहासकार इरफ़ान
हबीब ने अपने अंदाज में
इतिहास और वैज्ञानिकता से हो रहे खिलवाड़ पर सवाल उठाया- एक
वाजिब तंज के साथ कि दुनिया में हुए आविष्कारों को लेकर ये लोग दावा करते हैं कि
इसका उल्लेख वेदों में भी मिलता है, ये लोग वेदों के वैसे आविष्कार सामने क्यों
नहीं लाते , जिसे दुनिया में अभी अविष्कृत नहीं किया गया है . ये लोग वैसे
फ़ॉर्मूले क्यों नहीं बताते कि यह ज्ञान भी वेदों में है , इसे दुनिया नहीं जानती.’
1 नवम्बर को मावलंकर हाल में इकट्ठा बुद्धिजीवी
किसी एक विचारधारा से नहीं थे, जिसका दावा संघ और सरकार के लोग करते हैं. वैसे लोग
भी उस हाल में मौजूद थे , जिन्हें इस सभा में ‘वैष्णव जन’ के गायन पर ऐतराज था, या
आयोजकों में एक,  कवि अशोक वाजपेयी ,  के द्वारा इस असहिष्णु माहौल का समाधान रामायण –महाभारत –रामचरितमानस
की पंक्तियों में ढूँढने की कवायद के प्रति आलोचक रुख के लोग भी वहां उपस्थित थे.
दलित लेखक मोहनदास नैमिशराय ने ‘ वैष्णव जन’ में समाधान खोजने की आलोचना भी
सार्वजनिक रूप से वहां की. इसके बावजूद सैकड़ों की संख्या में अलग –अलग विचारधाराओं के लोग उपस्थित थे तो उसका एक मतलब है.  और यह मतलब है कि समाज की अगुआई का एक बड़ा तबका
, देश का बौद्धिक नेतृत्व यह समझता है कि पिछले कुछ दिनों में देश का माहौल खतरनाक
मोड़ पर है.
आयोजकों ने हिन्दू
आक्रामकता के शिकार लेखकों
–सामाजिक कार्यकर्ताओं और बुद्धीजिवियों के परिवार से
भी लोगों को आमंत्रित किया था. सत्ता और आक्रामक हिंदुत्व को निराश होने के लिए यह
पर्याप्त है कि अपने परिजन की ह्त्या के बावजूद ये लोग तार्किकता और वैज्ञानिकता
को समर्पित मुहीम से पीछे नहीं हटे हैं. देश की राजधानी सहित देश के अन्य हिस्सों
में बुद्धिजीवियों , तार्किक और वैज्ञानिक समूहों और लेखकों की आवाज को सत्ता के
द्वारा ‘ ‘मैन्युफैक्चर्ड विरोध’ मात्र कह देने से इन्हें नकारा नहीं जा सकता है.
रोमिला थापर का भाषण यहाँ सूना जा सकता है .
मावलंकर हाल के
आयोजन के संयोजकों में
भले ही अशोक वाजपेयी , ओम थानवी एम के रैना हों , लेकिन वहां
बड़ी संख्या में उपस्थित बुद्धिजीवी इस बात के संकेत थे कि इस माहौल के प्रति
अकुलाहट सभी बुद्धिजीवियों में है . इसके पहले भी एम. एम कलबुर्गी की ह्त्या के
विरोध में जंतर –मंतर पर इसी तरह लेखक –सामाजिक कार्यकर्ता –बुद्धिजीवी जुटे थे.

“मोर्चे पर कवि” / राजा रोज कुरते बदलता है/लेकिन राजा नंगा है

 जनता के बीच सीधे जाकर अपनी कविताओं की प्रस्तुति द्वारा देश में बढ़ते जा रहे साम्प्रदायिक तनाव के माहौल में सकारात्मक हस्तक्षेप और प्रतिरोध के उद्देश्य से आयोजित “मोर्चे पर कवि” के का पहला आयोजन 31 अक्टूबर की शाम कनाट प्लेस स्थित सेन्ट्रल पार्क के एम्पिथियेटर में किया गया. शाम साढ़े तीन बजे के आसपास प्रशांत टंडन, वंदना राठौर, नीलाभ, उज्ज्वल भट्टाचार्य, यास्मीन खान, अभिषेक श्रीवास्तव, जगन्नाथ, देवेश, अशोक कुमार पाण्डेय और पंकज श्रीवास्तव सहित कुछ लोग एकत्र हुए और नुक्कड़ नाटकों वाली शैली में तीन ताल की ताली बजाकर वहाँ घूमने आये लोगों से अपील की कवितायेँ सुनने की. पंकज श्रीवास्तव ने संचालक की भूमिका निभाते हुए बताया कि यह कार्यक्रम सीधे जनता के बीच कवितायेँ सुनने सुनाने के एक वृहत्तर उद्देश्य से शुरू किया गया है.

देवेश ने हबीब जालिब की प्रसिद्द नज़्म “मैं नहीं मानता” के पाठ से शुरुआत की तो अशोक ने अहमद फराज़ की नज़्म “तुम अपनी अक़ीदत के नेज़े” पढ़ते हुए कहा कि यह पहल इस लिए कि इस देश में वे हालात कभी न आने पायें जो पाकिस्तान में हैं. कविता पाठ की शुरुआत यास्मीन खान से हुई. इसी बीच संगवारी के साथी आ गए और पंकज ने उन्हें जनगीतों के साथ आमंत्रित कर लिया. गोरख और फैज़ के गीतों ने वह समा बांधा की श्रोताओं की संख्या बढ़ने लगी और गीतों की टेक पर दूर खड़े लोग भी तालियों की संगत देने लगे.

इसके बाद वरिष्ठ कवि नीलाभ ने कवितायें और ग़ज़लें पढ़ीं. क्रम बढ़ता गया धीरे धीरे. राज़ देहलवी की ग़ज़लें हों या नवीन, सुमन केशरी की कविता या लीना द्वारा किया नागार्जुन का पाठ हो या निखिल आनंद गिरि की तंजिया ग़ज़ल हो, लोगों ने बहुत चाव के साथ सुना और सराहा. कुछ युवा साथियों ने भी कविता पढने की इच्छा जताई और उनमें से एक को मंच दिया गया.अब भी कुछ कवियों के नाम छूट रहे हैं.
तभी पंकज की नज़र भीड़ में बैठे हेम मिश्रा पर पड़ी. दो साल से अधिक जेल में काट कर आये हेम ने बहुत विनम्रता और प्रतिबद्धता के साथ अपनी बात रखते हुए एक अनुदित कविता सुनाई तो एम्पिथियेटर तालियों से गूँज उठा.

अंत से ठीक पहले अभिषेक ने यूजीसी भवन पर धरने पर बैठे छात्र साथियों के समर्थन में एक प्रस्ताव पेश किया जिसे ध्वनिमत से पारित किया गया.अंत में उज्ज्वल भट्टाचार्य अपनी कविताओं के साथ उपस्थित हुए. राजा रोज कुरते बदलता है/लेकिन राजा नंगा है. दूर तक गयी बात और पंकज प्रेरित हुए अपना गीत “गुजरात का लला” प्रस्तुत करने के लिए जिसने माहौल को एकदम उत्तेजित कर दिया. अंत में मंच पर फिर आये संगवारी के साथी और इस आयोजन को हर महीने करने के संकल्प के साथ विदा ली गयी.

बाद तुम्हारे

सुनीता झाड़े


सुनीता झाड़े मराठी और हिन्दी में कविताएँ  लिखती हैं  तीन मराठी कविता संग्रह प्रकाशित संपर्क: commonwomen@gmail.com

( पिछले दिनों हमारे मित्र और पत्रकार  देवेंद्र वानखेड़े नहीं रहे . उनकी हमसफ़र और मराठी कवयित्री सुनीता झाड़े की कविताएँ उन्हें याद करते हुए )


तुम मेरे सारे मकाम को जानते थे
उस तक पहुचती हुई हर राह को
देखो तो वहां तक सफर कर रही हूँ  मै
मुझे तुम्हे बताना है,
सहर होने तक अपने सफर की बातें
बताओं तो, कहां हो तुम
बाद तुम्हारे… तुम्हारे बाद

———————–

आज,
तुम्हारे आवाज का नाम मिटा दिया
डिअर हबी
अब नंबर खुला है
तुम्हारी चाहत की तरह
बाद तुम्हारे… तुम्हारे बाद

———————–

हर त्योहार के पीछे
कोई पौराणिक कहानी छपी होती है
ठीक वैसे ही हमारे सारे त्योहार
तुम्हारे प्रिस्कीपशन पर लिखे होते
डिस्चार्ज पेपर पर उसकी वास्तविक कहानी
कृष्ण गणेश राम हनुमान लक्ष्मी दुर्गा भोले शंकर
सभी अस्पताल में
नानक गुरु यशु साई पीर बाबा फकीर सारे
एक के पीछे  एक वहीं…

याद आया अबकी बार कोई भगवान आयसीयु में था
गार्ड बाहर आकर पूछ रहा था, फिर चीख रहा था
भाई भगवान के साथ कोई है?
देर तक उस पॅसेज में सन्नाटा छाया रहता, एक दबी सी हंसी के साथ
देखो तो यहां भगवान के लिए कोई  नही…??

तुम्हे कभी बताया नही
लेकिन  तिज-त्योहारो में दिल दिमाग पर
अस्पताल की अधार्मिक  बु सी बनी रहती थी
और तुम नाराज मेरे धार्मिक  हस्तक्षेप को लेकर
कई कई दिनो तक…

पता है, इन सजे हुऎ बाजारों से खिजा सा रहाता मन
कुछ लेने में मन ही नही लगता…

हर बार पाक बनाते  समय
समय समय पर दवाईंया याद दिलाना
जेहन में बस एक ही विषय…
बाजार में हर बार दुधिया, पत्ताकोबी, पमकीन
कितनी सारी चीजें,  जिससे परहेज था तुम्हे
उन्हे परे रख वो सारी चीजें इकठ्ठे करना तकलीफ देह था,
उस पर तुम्हारा इन सारी चीजों से एतराज…खुन्नस भी

शुरु – शुरु  में लगा पहली बार ही.. फिर अगली बार…
फिर जब बार बार अस्पताल जाना पडा तो… मायूस
मैं भूल  गई अपना धर्म, धर्म के रक्षा हेतु  के तीज-त्योहार
मेरे सामने बस एक ही धर्म, तुम्हारे प्राणो की रक्षा करना
और उसके लिए
हर दर, हर व्दार, हर चौकी, हर चौखट, हर दरगाह पर
पेड, पौधे, मिट्टी, पानी  सब पर…
अपने आप को चढाकर कुबुल हो आई थी मैं, हां…
फिर भी तुम ना रहे
एक इन्सान का दूसरे इन्सान के लिए  विश्वास रुक गया.

अब जब की तुम मिट्टी हो चुके हो साथी
मेरी जात भी माटी हो गई है…
तुम मानो ना मानो,
मै तुम्हारी परछाई ही हूं…
बाद तुम्हारे…तुम्हारे बाद

————————

पता नही तुम मेरे बारें में क्या सोचते हो
जबकी तुम कहीं नही हो
उच्चार से वाणी से
लेकिन  मैं जब भी कुछ सोचना
समझना  चाहती हूँ
वही दहशत सामने आ जाता है
पता नही तुम क्या सोचोगे
क्या कहोगे और कैसे
अभी भी सींचना है जहर
बाद तुम्हारे … तुम्हारे बाद

———————-
कितना मुश्किल होता है कितना मुश्किल
वेंटिलेटर  से किसी अपने को निकालना
ऎसे लिखकर
हम जानते इससे इसकी जान को खतरा हो सकता है
यह जानते हुऎ कि… हम सहमति देते है
नीचे दस्तखत, उसके नीचे नाम, उसके नीचे रिश्ता…
रिश्ता जो हमेशा के लिए खत्म होने जा रहा है…
चूकी इसके बाद तुम नहीं  रहोगे शरीर से
मैं शरीर धर्म से तुम्हारी पत्नी…
कितने लडखडा रहे थे कदम
कलम हाथ से छूट  रही थी
ऑंखो से कुछ भी नही दिख रहा था कुछ भी नही
इर्द-गिर्द अपनो का जमावडा था
और मेरे सामने तुम निष्प्राण
मैं तुम्हे कितना ढूंढ  रही थी, कितनी   आवाज दे रही थी
हाथों में हाथ  लिए तुम्हारे दिल को सहलाते
माथे को सहलाते की कहीं से कोई आहट मिल जाए
कि तुम हो
कोई पीर बाबा का चमत्कार
कुछ तो हो, कोई तो कहे, कोई तो बताये
तुम यहां, तुम वहां, तुम इस इस रास्ते से…
तुम्हारे बगल में कितनी ही स्क्रीन लगी थी
उसपर कितनी ही रेखाऎ दौड रही थीं
एक शुरु होती जरा दूर  जाके ठहरती
वापस दूसरी  वही से वही तक…
मैं ढूंड रही थी इनमें से कौन- सी रेखा
ख्नीच  कर लाऊ तुम्हारे हाथों  की लकीरों के लिये…

कहते हैं हाथों की  लकीरों में नसीब होता है
मैंने कई दिनो से तुम्हारे हाथों  में कोई लकीर ही नही देखी थी
सफेद मुलायम नरम हाथ  जैसे गुड्डों का हुआ करता है
बस वैसे ही…
आख़िरी  समय में फूल  गये थे दोनो हाथ
बाकी शरीर कोरा था मौन…
तुम्हारा यह मौन हो जाना मुझे दिखता था
इसलिए मैं चिखती थी, चिल्लाती थी
सुनो, सुनते क्यो नही हो तुम, सुनो तो
काश मेरे भितर के सन्नाटे को समझ पाते
काश कभी…
तुम्हारा धीरे धीरे चले जाना भांप रहा था दिल
और एक छटपटाहट कि कैसे…
मेरे सामने हो रहा था सब
ये फिर, ये फिर, ये फिर…
कही कुछ चुक रहा था फिर भी
वो समय ही था जो मुझे जबरन अपने साथ लिये जा रहा था
और मैं कठपुतली की तरह…
सबसे कह रही मैं,  कभी सोचा न था ऎसा…

कभी सोचा न था
इतना साथ देने के बाद
ये वक्त मुझे अपना गुनहगार ठरहराएगा…
बाद तुम्हारे…तुम्हारे बाद
————————

बाबड़ी

कविता

चर्चित कहानीकार ,
‘ मेरी नाप के कपड़े,’ ‘उलटबांसी’, ‘नदी जो अब भी बहती है ‘ (कहानी संग्रह)
‘मेरा पता कोई और है’, ‘ये दिये रात की जरूरत थे ‘ (उपन्यास)
सम्पर्क: kavitasonsi@gmail.com

सीढी-दर-सीढी उतरती मैं हांफती हूं. दिन में भी ऐसा घुप्प अन्धेरा कि उंगलियों को उंगलियां न दिखाई दे…कबतक, आखिर कबतक चलती रहूंगी इस तरह… किस सफर में हूं मैं कि दहशत है – रगो रेशे में. अब आखिर कहां जाना है… कितना भीतर… कि अन्त क्यों नहीं आता आखिर. कैसी तलाश है यह.. किसकी तलाश है आखिर…?

कौन सा सपना है यह जो हर रात मेरी नींद में बदस्तूर जागता है, खंगाल कर ले आता है मेरे भीतर का वह कुछ जो कि मुझे पता ही नहीं, कि है भी मेरे भीतर. पानी… पानी चाहिये मुझे. पर पानी न जाने कहां विलुप्त… कई दृश्य भय बन कर कांप उठते हैं.. मेरे रोम-रोम से जैसे मेरा भय बह निकला हो. आत्मा सूखी.. डिहाईड्रेटेड… मैं खुद जैसे निचुड़ी जा रही हूं.

अनी.. अन्वी.. मेरी आवाज़ किसी भूत बंगले की तरह गूंजती है उस सन्नाटे में… लौट आती है फिर मेरे ही पास. मैं दौड़ रही हूं. हलक सूख रही है.. जीभ लटपटाई हुई, कि तभी अनी कहती है मुझे झकझोर कर –  मम्मा पानी चाहिये..? इसी टेबल पर तो है पानी. आप ही ने तो सोते वक्त रखा था. मैं उसे गले से लगा लेती हूं.  मेरी प्यास बुझ गई हो जैसे.

अनी की आंखें भी ठीक उसी की तरह है.. वाचाल, बातूनी. उसकी एक-एक चमक में हजारों किस्से.. किस्सों में भी कितने किस्सेतर अफसाने… वह ठीक मेरे उलट है, यह अम्मा कहती है… यह सब कहते हैं. अन्वी कहीं ठहरती नहीं, टिकती नहीं… कभी भी, किसी हाल में, किसी के भी कहने से.. मुझे भी पसन्द है यह. मैं उसको इसी तरह निडर बनाये रखना चाहती हूं और उसे इसी तरह बनाये रखने के इसी उपक्रम में न जाने कितने डर, कितना संशय, कितनी अनाम पीड़ायें… यह शायद मां हो कर ही समझा जा सकता है.

वे कहते हैं अक्सर, हद करती हो तुम भी. .. बेटी आंखों से ओझल नहीं हुई कि… उसे जीने दो उसका बचपन. इस तरह तो… सोचती हूं मैं भी, इस तरह तो… जानती हूं मैं भी इस तरह तो…

पर चारा कोई और नहीं हैं मेरे पास. मेरा भय दु:स्वप्न बनकर पीछा करता रहता है हमेशा. धुर जाड़े की रातों में पसीने से नहाई हुई उठती हूं मैं और जानलेवा गर्मी में भी भय से थरथराती हुई. सांसे धीरे-धीरे थिर होती हैं. बगल में सोई अनी को नींद में मुस्कुराते देखकर, कभी अपने गले में उसे गलबहियां डाले सोई जान कर, मैं अपनी बांहे उसके इर्द-गिर्द कसकर लपेट लेती हूं, इतना कसकर कि नींद में भी कई बार कसमसा उठती है वह. … मुझे लगता है कि अब सुरक्षित है वह… कि अब कोई डर नहीं. फिर भी नींद है कि आते-आते आती है और स्वप्न है कि जाते-जाते भी नहीं जाता.

साभार गूगल

मेरा पांव अन्धेरे में किसी ठोस चीज़ से टकराया है. चीख निकलती है बहुत तेज, पर जैसे गले में ही रूंध जाती है. सबकुछ बिल्कुल उसी सपने जैसा. मेरी सांस-सांस रो रही है. मेरा रोम-रोम जैसे किसी अज्ञात पीड़ा से लिथड़ा हुआ. तलगृह में जैसे और अंधेरा हो आया हो, घना घनघोर, घुप्प अंधेरा. अब अपना ही भान कहां रह गया है. अन्वी, अनी, मेरी प्यारी अनी… मैं अंधेरे में टटोलती- टोहती जब किसी भी ज्ञात-अज्ञात वस्तु से टकराती हूं भीतर तक सिहर उठती हूं. सिहरना सुकून बनता है पर थोड़ा ठहरकर. कुछ नहीं, कुछ भी नही, कुछ भी तो नहीं. सुकून आता है और फिर बिला जाता है. कहां हैं.. कहां है मेरी बिटिया अनी…मैं हमेशा की तरह उस सपने के गिरफ्त में हूं. और हमेशा की तरह ही सोचना चाहती हूं, समझाना चाहती हूं खुद को, बेकार ही डरती हूं मैं. ऐसा कभी कुछ नहीं हो सकता उसके साथ…

…बच्ची जरूर है अनी पर समझदार भी है. उसे बनाया है मैंने समझदार. मैं कहती रहती हूं उससे, बेटा कोई भी अगर प्यार करते-करते टच करना चाहे तो मत करने देना. किसी को किस्सू भी मत करने देना चेहरे पर, लिप्स पर तो कभी नहीं… डांट देना उसे… समझीं आप? मैं जोड़ती हूं.. मम्मा, पापा और अपने परिवार के लोगों को छोड़कर. फिर कहते-कहते ठिठकती हूं इस ‘परिवार’ शब्द पर. नहीं, सिर्फ मम्मा-पापा. वह चुप सुनती रहती है सब हमेशा के बिल्कुल विपरीत… बेटा, मैं आपको कुछ बता रही हूं न.. सुन रही हैं न आप?.. हां, मां… वह अपनी चंचल नजरों से थाहती रहती है आस पास… कुछ अनोखा, कुछ अलग-सा, नटखट-सा करने, हो सकने की संभावना की तलाश में… मुझे लगता है मेरी बातें तो बस यूं हीं… बेटा पहले मेरी बात पर ध्यान दीजिये. सुनिये प्लीज… सुन तो रही हूं मम्मा … वह खीज भरे स्वरों में कहती है… इतने-इतने खिलौनों के बीच मां की ये बेकार की बातें, नसीहतें.

पहली बार मन तभी हिला था क्षण भर को, जब तीन-साढ़े तीन की ही थी वह.. टाऊनशिप की अपनी सुविधायें… क्लब, जिम, किड्स रूम, लायब्रेरी… मैं शाम को थोड़ा वक्त निकाल लेती हूं… अन्वी खेलती रहती है किड्स रूम में. मैं थोड़ा पढ़ लेती हूं… पर पढ़ते-पढ़ते सांस अंटकी होती है, बस अनी में. उठ-उठ कर झांक आती हूं. वह खेलने में मग्न होती है, दूसरे बच्चों के साथ. अन्वी को किड्स रूम का आकर्षण खींचता है. उसकी आंखों की चमक में दिखलाई देते हैं मुझे –  ‘सी-सॉ’, ‘स्लाइड्स’, ‘रोप्स’ और झूले. उसके हाथों की लहक में होती है नन्हें चेस, टेबल टेनिस, कैरम, पज़ल्स और लूडो से खेलने की ललक. चीज़ों को हासिल करने की नन्हीं कोशिशें भी. वह दूसरे बच्चों से कभी-कभी लड़ती भी है. कभी-कभी रोती-रोती आती है मेरे पास… मां गुल्लू ने मुझ से पिंग-पॉंग छीन लिया… एंजल मुझे स्लाइड्स पर फिसलने नहीं देती. मैं झगड़े को सुलझाने की कोशिश में कभी कामयाब होती हूं, कभी नाकामयाब. मैंने एक तरकीब निकाली है. किड्स रूम खुलते-खुलते ही मैं अनी को लेकर पहुंच जाती हूं कि दूसरा कोई इतनी जल्दी कहां आ पायेगा. अनी खुश रहे, इन्ज्वाय करे, बस. और अनी भी शाम होते ही पूछती है, मम्मा लायब्रेरी नहीं जाना..? मैं मुस्कुरा कर कहती हूं, जाना है मेरी बच्ची.

…जल्दी-जल्दी पहुंचने की यही ललक उस दिन थिराती है, डर बन कर बैठ जाती है मेरे भीतर और तभी शुरु होती है अन्तहीन दु:स्वप्नों की यह श्रृंखला. मैं पढ़ रही हूं आदतन, डूब कर, भूल कर सबकुछ… अन्वी नहीं आती देर तक. मैं सोचती हूं खेल रही होगी वह. इस बियाबान में यही तो एक जगह है जहां कुछ ताजी पत्रिकाओं का चेहरा देख पाती हूं. फिर थोड़ी देर को ही सही, अन्वी से अलग होकर अपना कुछ लिख-पढ़ पाना. अन्वी नहीं आई है मेरे पास देर से, पर मुझे सुकून ही है. तभी, लिखते-लिखते थमती हूं मैं. मेरे भीतर जैसे कुछ कौंधा हो. चौंकती हूं मैं,  मैं तेज कदमों से निकलती हूं. बस चार कदमों की दूरी पर है किड्स रूम. पर मुझे लगता है न जाने कितनी दूर है वह… यह दरवाज़ा क्यों भिड़ा रखा है अनी ने… अनी बेटा, दरवाज़ा क्यो बंद किया, खोलो… अनी कुछ बोलती नहीं. मैं सहमी सी अनी को जल्दी से अपनी गोद में समेट लेती हूं… “संजय तुम? तुम यहां क्या कर रहे थे.. दरवाज़ा क्यों बंद था…”
“अंदर ठंडी हवा आ रही थी…”
“तो…?” मेरी आवाज़ तल्ख है.
“और बगल के कमरे में पार्टी चल रही है. बच्चे आकर सारा सामान तितर-बितर कर देते हैं…” मेरी आवाज़ अब भी सम पर नहीं है… “तो..? ठीक करो. बच्चे तो खेलेंगे ही न.. तुम्हारा काम है ठीक करना.”

उसका सहमापन मेरी आवाज़ के तीखेपन को कुछ और कड़वाता है. क्षण भर को सोचती हूं मैं, शायद ठीक कह रहा है यह.. तभी तो इतना… पर भीतर से आती दूसरी आवाज़ जैसे मेरे भय में और पलीता लगा देती है. सहमता वह है जिसके भीतर कुछ गलत हो. वह पीठ फेर लेता है.. सामान ठीक करने के उपक्रम में लग जाता है. मैं निकलते-निकलते भी कहती हूं… “देखो आगे से कभी कोई बच्चा खेलता हो तो दरवाज़ा बन्द नहीं होना चाहिये…” मैं अनी को लिये-लिये लायब्रेरी से अपना बैग उठाती हूं और… मैं घर नहीं जाती, नीचे लॉन में लगे झूले पर आ बैठती हूं. अन्वी बहुत सहमी सी है. क्यों… मेरा भय या कि मां का यह रौद्र रूप देखकर… मै टटोलना चाहती हूं उसे… पर कैसे? मै ंपूछती हूं  – “बेटा वो अंकल वहां क्या कर रहे थ्रे..?” अनि कुछ भी नहीं कहती…
मैं फिर उससे पूछती हूं… “बैठे हुये थे..? खेल रहे थे आपके साथ…? ट्वायज से या फिर…”
अनि छोटा सा उत्तर देती है – ” नहीं.”
“फिर…?” वह चुप है…
“बोलिये बेटा मम्मा तो आपकी फ्रेंड है न… मम्मा से तो आप सबकुछ बताते हैं…”
“वो…” अनी कह कर रुकती है थोड़ी देर को….
“वो क्या बेटा…? बोलिये…”
“अंकल मुझे प्यार कर रहे थे…” ‘प्यार’ शब्द मेरे भीतर गर्म लावे की तरह बहता है… यह ताप जैसे सहने लायक ही न हो…
“प्यार, कैसा प्यार…?” शायद मैं बच्ची पर चीखी हूं… “बोलिये बेटा, बोलिये कुछ…  मम्मा से नहीं बतायेंगी? आप उनके इतने पास क्यों बैठी हुई थी..?”
“वो बातें कर रहे थे मुझसे…
“कौन सी बातें…?”
” कुछ नहीं मम्मा, बस ऐसे ही…”

मैं फिर नहीं कहती उससे कुछ. एक चॉकलेट ले कर आती हूं उसके लिये. सोचती हूं शायद वह अपने आप ही बताये कुछ.

… मैं सोचती हूं, शायद अन्वी ठीक कह रही हो… शायद वह बस बातें कर रहा हो उससे… शायद मैं बेबात डर रही हूं. कुछ होता तो अन्वी कहती नही..?

शेखर को मैं फोन करती हूं – ” जल्दी आओ…”
“कोई खास बात…? मैं साढ़े आठ तक घर आ जाउंगा…”
“नहीं, अभी आओ. और घर नहीं, क्लब. मैं यहीं हूं.”

शेखर का इंतजार करती मैं अन्वी को दूसरे बच्चों के साथ खेलने के लिये भेजती हूं. शेखर आते हैं. मेरी बातें सुनते हैं ध्यान से. चुपचाप सुनते रहते हैं, कहते कुछ भी नहीं. मैं फिर चिढ़ उठती हूं – ” बोल क्यों नहीं रहे कुछ?”
“क्या बोलूं, यह सब तुम्हारा वहम है. इन टेम्पररी स्टाफ़ कि इतनी हिम्मत नहीं है कि…. और फिर मैं तो क्लब का सेक्रेटरी हूं. वह ऐसा नहीं कर सकता, बस थोड़ा खयाल रखता है मेरे कारण. तुम बस ऐसे ही…”
मैं खीज और चिढ़ के आवेग से जैसे गुस्से से बाहर हो रही हूं…”ऐसा नहीं कर सकता… यह विश्वास कितना घातक हो सकता है तुम सोच भी नहीं सकते. इन छोटी-छोटी चीज़ों की अनदेखी करना दर असल हमारे डरपोक स्वभाव का ही परिचायक है. हम बुरी या फिर अप्रिय बातों के बारे में कुछ सोचना ही नहीं चाहते…. इसे स्वीकार करना हमारे लिये मुश्किल होता है. अघटित घटित हो ले वह ठीक, पर उसे…. ऐसा नहीं कर सकता क्यों..? ऐसे ही टेम्पररी टाईप के लोग जो अपनी पत्नी और परिवार से दूर रह कर दो पैसे कमा रहे हैं, उनके इन दुष्कर्मों में लिप्त होने की संभावना ज्यादा होती है. ज्यादा पैसे नहीं, सुविधा नहीं, मनोरंजन का कोई साधन नहीं, शिक्षा नहीं और ढेर सारा खाली वक्त… शैतान का घर तो यह हमारा दिमाग ही होता है. रोज अखबार और टी वी में खबरें देखते हो पर…”
“मैं तुमसे बहस नहीं करना चाहता. मेरी बेटी ठीक है, नॉर्मल है और मैं क्यों मानूं तुम्हारी कोई उथली सी बात?” शेखर उठकर बेटी को बुलाने चल देते हैं…

साभार गूगल

मैं भन्नाई सी उठ खड़ी होती हूं. बेटी को लेती हूं उनसे और चल देती हूं इस पशोपेश के साथ कि शेखर नहीं मानेंगे ऐसा कुछ. वह मेरे साथ नहीं खड़े होंगे बेटी की सुरक्षा के इस मोर्चे पर. वे स्त्री नहीं हैं और औरतों के इस भय को नहीं समझ सकते वे. मुझे ही अन्वी की परछाई बन कर रहना होगा, चलना होगा उसके साथ. परछाई की प्रवृत्ति से भी इतर रहना होगा उसके साथ. धूप और साये, दिन और रात, सुबह और शाम सब में. उससे बनाना होगा वह रिश्ता कि कुछ भी… मेरी आंखों से अदेखा न छूट जाये. कोई गुंजाइश ही कहीं छूटी न रह जाये.

मैं उस रात पहली बार अनी को एक पल को भी अपनी बाहों से अलग नहीं होने देती….

...उसी रात वह सपना जन्मा था मेरे भीतर, फिर पला-बढ़ा था. मेरी रातों के सुकून को किसी बाघ की तरह झपट्टा मार कर ले भागता. नींद के नाम से मैं डरने लगी थी उसी दिन से. जागना अच्छा लगने लगा था, सुकूनदेह. मैं ढूंढ़-ढूंढ़ कर काम निकालती, फिर निपटाती उसे देर रात तक. फिर कोई नया काम. सोना जब मजबूरी हो जाता तो सो लेती पर वैसे ही बेहिस, बेमन. आंखें दिन भर जले तो जले, थकान पूरे वज़ूद पर हावी हो तो हो. चेहरा चाहे जितना बुझा-बुझा लगे लेकिन कोई बात नहीं…

...मै सोचती हूं, खूब सोचती हूं इस सपने के बावत और नकारना चाहती हूं इसका अस्तित्व. तर्क ढूंढ़ती हूं, समझाती हूं खुद को चाहे वे तर्क कितने ही खोखले हों, कितने ही कमजोर. मै कई वर्ष पीछे देखती हूं… सपने में दिखनेवाली नीचे की ओर निरंतर जाती हुई वे सीढ़ियां… मुझे बावड़ियों की याद आती है…

दिल्ली में मेरे घूमने की मनपसन्द जगहें, बाबड़ियां… मतलब वो सीढ़ीदार कुंए जिनका इस्तेमाल प्राचीन काल में जल संरक्षण और उपयोग के लिये होता था. मुगल काल और उससे भी पहले दिल्ली में लोगों की पानी संबंधी समस्याओं को दूर करने के लिये बादशाहों और राजाओं ने बावड़ियों का निर्माण करवाया, जहां मुसाफिर न सिर्फ अपनी प्यास बुझाते बल्कि आराम भी कर सकते थे.

हैली रोड की अग्रसेन की बावड़ी, कहते हैं, महाभारत काल में बनवाई गई वह बहुमंजिली बावड़ी है जो मुझे कभी भी किसी राजमहल से कम नहीं दिखी. इसकी कारीगरी मुझे मंत्रमुग्ध करती है. पंचमंजिले बावड़ी में छत की जगह छायादार नीम का बड़ा-सा पेड़, हर स्तर का आधा बुर्जीदार हिस्सा, लाल-पत्थर की इसकी सीढ़ियां सब मुझे बेतरह खींचती थी. शेखर कहते भी थे तब, क्या मिलता है तुम्हें इस खंडहर में… पानी… कहां है पानी… वह नीचे गंदला सा कुछ? मै मां से सुना हुआ मुहावरा दुहरा देती… ‘गुजरा हुआ फिर भी मसूदाबाद है…’ और सोचती हूं मसूदाबाद से मतलब मुर्सिदाबाद, मुरादाबाद या कि कुछ और सोचती रहती.

पानी के लिये मेरी ललक से शेखर तब भी वाकिफ थे. नहाना, तैरना कभी मुझे अच्छा नहीं लगा. पर पैर डाल कर बैठना, पानी में खड़े होना मुझे बेहद पसन्द है. पानी मुझे खींचता है बेतरह. सड़क मार्ग से जाते हुये अब भी कहीं छोटा सा जलाशय या कि पोखर मुझसे मिलने की जिद ठान लेता है और मैं बीच राह उतरने की. सारी थकान, सारी बेचैनी जैसे पानी खींच ले जाता है, मुझे मुक्त करता हुआ, नई ज़िंदगी देता हुआ. मुझे पानी से मतलब है, सिर्फ पानी से…

…वह दिल्ली थी. गरम, तपती, जलती, झुलसती दिल्ली और वहीं उन बावड़ियों का होना मेरे लिये राहत था. फ्रीलांसिंग के उस दौर में कहीं से कहीं जाती, गर्मी की दुपहरियों में रुक जाती ठिठक कर, खास कर कनॉट प्लेस या जनपथ में हुई तो अग्रसेन की बावड़ी पर. उनसे मिलना वैसा ही था जैसे अजनबी शहर में बहुत अपने से मिलना. सुख-दुख बतिया कर हल्का हो लेना. अतीत की कहानियां समेटे बावड़ियां मुझे नानी-दादी की तरह प्यारी लगतीं, अपनत्व और ममत्व से भरी हुई. अपने प्यार की छांह में सबको समेट लेने को आतुर. राजों की बावड़ी (मेहरौली), खाड़ी बावड़ी (चांदनी चौक), फिरोजशाह कोटला की बावड़ियां… मैं तालाशती रहती अपने लिये एक नया ठौर. एक नया पनाहगाह. मुझे लगता और हमेशा लगता दिल्ली को किलों और मकबरों का शहर कहने की बजाय बावड़ियों का शहर भी कह सकते हैं और खूब-खूब कह सकते हैं…

…तो मुझे लगता और खूब-खूब लगता यह सपना कहीं उन बावड़ियों से हो कर चला आया है मुझ तक. वही बुर्जिया, वही मेहराब, वही सीढ़ियां और वही मेरी बेचैनी और छटपटाहट. जब कभी किसी अपने से दूर हो जायें तो पुकारते ही हैं वे. छटपटाती ही है आत्मा उनकी खातिर. चारु कहती थी तब, तुम्हें डर नहीं लगता ऐसे एकांत में अकेले चल देने से, इन सुनसान जगहों पर. सेफ कहां होती है ऐसी जगहें, ऐसे मत जाया करो. मैं हंस देती, बस… अंदर का सन्नाटा बाहर के सन्नाटे से ज्यादा भयावह होता है.

पालिका बाज़ार के सेंट्रल पार्क में शाम दोपहर गुटर गूं करते जोड़े, जंतर-मंतर के कोने-कंदरे में बैठी आपस में मशगूल जोड़ियां… पर पता नहीं क्यों, मैं उनमें से एक नहीं थी, न होना चाहती थी. शेखर के साथ होने के बावजूद मैं जिद कर के अग्रसेन की बावड़ी ही जाती, और जाती तो जाती. शेखर भी तब साथ-साथ चल देते, पर आज की तरह कुढ़ते-खीजते हुये नहीं बल्कि दिल से.

मैं सोचती हूं और खूब-खूब सोचती हूं इस सपने का मतलब..? कि तभी कुछ याद आता है… ठीक शादी से पहले की बात… शेखर के बहुत दोस्त थे, मेरे कम. शेखर बोलते थे, बातें करते थे और मैं घुन्नी… ऐसे में ही प्रशांत ने दोस्ती का हाथ बढ़ाया था. मैंने दोस्ती की थी, पर लक्ष्मण रेखा तय करते हुये. उसे शेखर के बारे में बताया भी था धीरे-धीरे… अपनी वर्षों पुरानी दोस्ती…. हमारे सपने… हमारा परिवार… हमारी मुश्किलें… हमारी ख्वाहिशें… और एक दोस्त की तरह वह सबकुछ सुनता, दिल से सुनता. और मुझे लगता कि मैं बोल भी सकती हूं किसी से इस तरह खुलकर. उस दिन जब मैं हिन्दुस्तान के दफ्तर से लौट रही थी, वह अपनी ऑफिस से आधे दिन की छुट्टी ले कर आ गया था. उसी ने कहा था – इंडिया गेट चलते हैं, धूप में बैठ कर अच्छा लगेगा. मैं अपना हक दिखाते हुये कह गई थी नहीं, अग्रसेन की बावड़ी… इतिहास का वह विद्यार्थी चौंक पड़ा था क्षण भर को, यह कहां है..? मैं उसी हक से उसकी हथेलियां खींचती हुई कहती हूं, मैं ले चलती हूं न. वहां पहुंचने के बाद मेरे अंदाज़े के विपरीत वह खुश हुआ था. मुझे भी अच्छा लगा था. जाड़े का दिन सो इक्का-दुक्का लोग. सीढ़ियां उतरते वक्त वह इतना करीब था कि उसकी सांसें मेरी पसलियों को छू रही थीं. मैं थोड़ा अलग हो कर चलने लगी थी. वह ठिठका था थोड़ी देर को, फिर करीब आकर पूछा था उसने – ‘”यार ये जगहें कहां से तलाश लेती हो तुम?…”
“क्यों, पसन्द नहीं आई?”
“नहीं, बहुत पसन्द आई इसीलिये तो…” उसकी फुसफुसाहट मेरी कान के लबों को गर्मा गई थी. मुझे लगा लौट जाना चाहिये. मेरी जिद ने कहा था –  क्यों?.
“और कहां तक चलना है?”
“मैंने कहा था न, इसकी गहराई डेढ़ सौ फुट है. सोचो अभी और कितना नीचे जाना होगा.”
“नीचे जाना मुझे बेहद पसन्द है.” उसके स्वरों के रहस्य भाव में ऐसा कुछ था जिससे मैं चौकी थी पहली बार. पर मैंने अपने चौंकने को एक चौकन्नेपन से ढंका था…”१९७५ तक इसमें खूब पानी था. पर अब जलस्तर थोड़ा नीचे चला गया है. बस एक मंजिल और, बीच वाले मंजिल से पानी दिखने लगता है…” मैं उसे जताना चाहती थी, मैं वैसी ही हूं अब भी – निडर, निरपराध और निर्बोध…

साभार गूगल

मैं सबकुछ भूल कर खुशी से चिल्लाती हुई उसकी तरफ पलटती हूं – “प्रशांत, देखो पानी… वो देखो!”
पर प्रशांत की नजरों की तलाश की मंजिल कुछ और थी…. झुक कर उसने एक झटके से चूम लिये हैं मेरे दोनों होंठ…”पानी ही तो तलाश रहा था मैं भी…”

मेरे होठ बेवसी से ज्यादा सिले हैं या कि विस्मयविमूढ़ता से, कहना मुश्किल है. एक ही क्षण में बहते जल-सा साफ और पारदर्शी रिश्ता मैला और गंदला हो गया था और मैं मूक – हंसे-रोये बगैर…

मैं कब तक खड़ी थी चुपचाप मुझे नहीं पता. तंद्रा टूटी थी तो उसी की आवाज़ से…”कम ऑन, तुम तो ऐसे शो कर रही हू जैसे कि तुम्हें किसी ने पहली बार छुआ हो. शेखर तो साथ ही रहता है न तुम्हारे, फिर….”
मैं बटोरती हूं खुद को और कहती हूं…” शेखर और मैं साथ जरूर रहते हैं पर अकेले नहीं और शेखर ने मुझे कभी इस तरह नहीं…”
उसके होंठों का विद्रूप बढ़ जाता है. व्यंग्य और तिलमिलाहट से चेहरा टेढ़ा और लाल…”फिर किसी डॉक्टर से जाकर दिखलाओ उसे, मर्द ही है न…?” फिर थोड़ा रुक,कर थोड़े संयत स्वरों में कहता है वह… “तुम्हारी बेतकल्लुफी और संकेतों से ही तो… और तुम ऐसे दिखा रही हो…”

मेरा दुख, मेरी ग्लानि, मेरी पीड़ा सब थहरा देते हैं मुझे. मैं थकी-हारी सी बैठ जाती हूं वहीं. खूब रोती हूं. किसके लिये यह मुझे भी पता नहीं.

मेरे रोने से शायद ग्लानि जागी है उसके भीतर… कहता है वह – ” सॉरी, माफ कर दो मुझे.” उसके इस बार के कंधे छूने में कोई लस्ट नहीं है पर कोइ लगाव भी नहीं महसूसती मैं.
जो कुछ मरना था मर चुका है… खाली हो चुकी है वह कोई जगह… और मैं रोना चाहती हूं बस… मैं कहती हूं – “तुम जाओ प्रशांत…”
” और तुम?…”
” मैं यहीं रहना चाहती हूं.”
“यहां?”
” हां.” मेरा स्वर दृढ़ है. वह एक बार देखता है मुझे, फिर चला जाता है बिना मुड़े, रुके. मैं रोती हूं – खूब रोती हूं, वहीं बैठ कर… मेरा रोना तर्पण है एक रिश्ते का. तर्पित तो जल में ही करते हैं न सब.. ग्रहण करता है जल हमारी सारी इच्छायें, दुविधायें और वह सबकुछ जो हम समेट कर नहीं रख सकते या कि नहीं रखना चाहते. सचमुच गंदला हो आया है पानी का वह हिस्सा.

…मैं सोचती हूं, यह सपना यहीं से उपजा होगा. अपने भीतर के उस टूटन से. फिर सोचती हूं इस सपने से अन्वी का क्या वास्ता, उस सपने में अनी क्यों होती है आखिर? मैं एक कमजोर-सा ही सही पर नया तर्क तलाशती हूं… मैं टूटने नहीं देना चाहती अनी के भीतर कहीं भी, कुछ भी. इसीलिये उस सपने में अपनी जगह अनी दिखती है मुझे, ठीक उसी जगह – हताश, टूटी हुइ, निचुड़ी हुई-सी, कभी-कभी रोती-बिलखती, कभी बिसूरती, निस्सहाय, अकेली अनी. उसकी निर्भाव आंखें… और सीढ़ियां दर सीढ़ियां उतरती, उसे खोजती हुई मैं.

शेखर मुझे इस तरह परेशान देखकर कहते हैं कभी-कभी, अभी तो बच्ची है वह. आज के दौर की बच्ची… कल को बड़ी होगी, उसे तुम्हारा इस तरह परछाई बनना, पहरे देना भायेगा? कौन बच्चा पसन्द करता है यह सब? तुम्हें पसन्द था? कल बड़े होने पर वांछित-अवांछित कई तरह के संबंध होंगे उसकी ज़िंदगी में… देह भी कभी न कभी, कहीं न कहीं… कब तक उसे प्रोटेक्ट करती रहोगी?

…मुझे हैरत होती है, यह सब सुनकर. शेखर मुझे इतना ही समझते हैं.

मैं कहती हूं और पूरी दृढ़ता से कहती हूं, आगे क्या होगा, वह क्या करेगी, कैसे जीयेगी वह उसका निर्णय होगा. अभी तो मसला है और एक ही है कि वह खुद निर्णय और फैसले लेने तक तो निर्बाध बड़ी हो ले, एक पुरसुकून बचपन जीते हुये. एक ऐसा बचपन, जिसकी स्मृतियां उसे कल उदास या दुखी नहीं बनाये. उससे ज़िंदगी को खुशी-खुशी जीने का जज्बा न छीन ले. मेरी कोशिश तो बस इतनी सी है, शेखर!

साभार गूगल

मैं जब अपनी सहेलियों को भीड़-भाड़ में आस-पड़ोस में, कहीं भी बच्चों को निर्द्वंद्व छोड़ती हुई देखती हूं तो अच्छा तो लगता है पर हैरत भी होती है. इन्हें कभी भय नहीं होता या कि मैं ही कुछ ज्यादा… शायद शेखर ठीक ही कहते हैं, अनी के बचपने को बनाये रखने की कोशिश में मैं जो लगतार उससे छीनती रही हूं वह उसका बचपन ही है… किसी आगत अनहोनी की आशंका में उससे उसका आज छीन रही हूं मैं.

निधि मेरे थोड़ी करीब है. अपनी बच्ची को ले कर कुछ पजेसिव भी. मैं उससे बांटती हूं अपनी भावनायें, कहती हूं कि जब भैया मायके में गर्मी के दिनों में अनी को अपने एसी वाले कमरे में सोने के लिये ले जाते हैं तो बारहा मना करती हूं मैं और अगर तब भी वो ले ही गये तो मैं तबतक नहीं सोती जबतक अनी को वहां से किसी बहाने ले न आऊं या कि वह खुद उठकर आ न जाये मेरे पास…बराबर के भाईयों के साथ उसे अकेले न खेलने देना…  मैं जानती हूं इस तरह सोचना गलत है, रिश्तों पर इतना अविश्वास…पर मैं क्या करूं…. पूछती हूं मैं उससे कि क्या यह डर उसे भी सताता है, या कि मैं ही… वह पुष्ट करती है मेरे भय को. मुझे थोड़ा सुकून मिलता है.

अनी मेरे बगैर नहीं रह सकती. पांच साल की बच्ची की उम्र ही कितनी और औकात ही क्या? जहां कहीं जाती हूं, चाहते न चाहते चलना ही होता है उसे मेरे पीछे. इच्छा-अनिच्छा का यहां कोई महत्व नहीं रह जाता. चाहे मजबूरी ही सही पर लम्बी-लम्बी जर्नी, बाई रोड भी. यह समझते हुये भी कि उसे उल्टियां आयेंगी, चक्कर आयेगा, बीमार भी हो सकती है वह. फिर भी… मां लोगों से मिले, बाहर निकले, घूमने या सेमिनार में बोलने जाये अन्वी को बेहद पसन्द है. कहीं से कोई बुलावा आया नहीं कि अनी का कूदना शुरु. मुझे मां को बोलने के लिये ले कर जाना है… मैं अपनी मम्मा की सबसे अच्छी फ्रेंड हूं न! मैं मम्मा को फलां जगह ले कर जा रही हूं. अनी अपनी सहेलियों से ऐसी ही बातें करती है…

विजयनगरम जाने की बात से वह ऐसे ही फुदक रही थी और उसकी फुदकन मेरे भीतर भय जगा रही थी. दस घंटे की कार की सवारी, फिर ट्रेन, फिर तीन दिनों का सेमिनार. कैसे जाऊंगी मैं? कैसे संभाल पाऊंगी उसे? पर सब उसकी आंखों की उसी चमक की खातिर…

होटल में उसका बेड अलग है. मैं समझाती हूं उसे, मां को हर जगह ले के जाने वाली बच्ची तो नहीं हो सकती न! अब तुम्हें बड़ों की तरह अकेले सोना भी सीखना होगा. वह घबड़ाती है, परेशान होती है पर मान जाती है धीरे-धीरे…

दिन भर फुदकती रहती है वह, ऊपर-नीचे, दूसरे कमरे तक, दूसरे लोगों के पास. उन्हें कवितायें सुनाती है. मैं अपनी सांकल थोड़ी ढीली कर देती हूं. वह खुश रहे, मुस्कुराये बस…

…पर मुश्किलें हैं, और दूसरी हैं. अनी की हर पल कुछ न कुछ बोलते रहने वाली जुबान बेचैन है. बोले तो किससे और क्या.. भाषा की दीवार चीन की दीवार हुई जाती है. फिर भी बगैर बोले-बतियाये वह बांध ही लेती है लोगों को अपने नटखटपन से. साथ आये हिंदीभाषी लोगों को वह घोंट-घोंट कर कवितायें पिलाती है.

अन्वी खुश है. अनी दौड़ती-भागती रहती है, बातें करती रहती है. मेरा डर भी घूमता रहता है मुझसे आंख-मिचौली का खेल खेलता हुआ. अनी स्वतन्त्र है. पर यही तो है डर का सबब भी. मुझे पूरे दो सत्रों में मंच पर रहना है. बेचारी अनी… पहला दिन बीत जाता है, नि:शंक.. दूसरा… … मैं मंच से रह-रह कर देख रही हूं, ऊबी हुई है वह शायद लम्बे-लम्बे वक्तव्यों से. अपनी मम्मा की बारी की प्रतीक्षा में है वह. इशारे-इशारे में कहती है वह –  ‘मम्मा आप कब बोलोगी?’  मैं नजरें झुका लेती हूं कोई देख न ले. समझ न ले इस मौन वार्तालाप को. मंच पर बैठने का अनुभव अभी बहुत नया-सा है. सो उसकी गरिमा का ध्यान थोड़ा ज्यादा. अपने से ज्यादा अपनी बेटी की खुशी में खुश हूं मैं. उसकी आंखें खुशी से चमक रही हैं.

चमकविहीन आंखें कैसी होती है.. कैसी होती है उनकी उदासी मैं जानती हूं…मैं समझती हूं… अनी के चेहरे पर उन आंखों की कल्पना भी असहनीय है मेरे लिये.

अनी कुछ देर तक दिखने के बाद गायब है. मैं सोचती हूं, वह होगी इधर-उधर कहीं. मेरी बारी आती है चली जाती है. पर अनी नहीं आती. यह अनहोनी ही है. ऐसा कैसे हो सकता है आखिर. मैं घबड़ाती हूं, बेचैन होती हूं पर प्रयत्नशील भी कि ये बेचैनी चेहरे पर न आ जाये. मैं उठ कर देखना चाहती हूं पर लगता है यह मंच की अवज्ञा होगी. मैं कुछ देर बाद धीरे से मंच से खिसक लेती हूं… मैं ढूंढ़ती हूं उसे हर तरफ, अपने कमरे में, परिचितों के कमरों में. कान्फ्रेन्स रूम के पीछे-आगे. रिसेप्शन पर पूछती हूं, बच्ची है कुछ खरीदने न निकल गई हो… ‘पीला फ्रॉक पहने कोई बच्ची बाहर गई है क्या?…’ ‘कौन?…’ ‘आपकी बच्ची?…’ ‘नहीं…’ घबराती हूं मैं, अब कहां.. कितने सारे डर, कितने सारे सपने सब इकट्ठे हो कर मेरे आंसुओं में निकलने लगते हैं.

मुझे खयाल आता है तलगृह का… कल बुक एक्जीवीशन तो उसी में था. तलगृह का खयाल मन में जैसे सारी आशंकाओं को जगा जाता है. मेरे हाथ-पांव सब ठंडे मेरे लिये. कदम उठाऊं तो कैसे, और जाऊं तो कहां?

सीढ़ियां उतरते हुये मुझे खयाल आता है सपनों का, ऐसे ही तो बस सीढ़ियां-सीढ़ियां. मैं जिसे अबतक बाबड़ी की सीढ़ियां समझती रही… मैं बेसमेंट के अन्धेरे में टटोलती-टोहती हूं, हर टकराहट मन में बेचैनी पैदा करती है. फिर शान्त होती हूं यह सोच कर कि अनी यहां नहीं है… बेचैनी फिर बढ़ती है, अनी यहां भी नहीं है. फिर कहां है आखिर?

साभार गूगल

मैं दौड़ती हूं ऊपर की तरफ. कान्फ्रेन्स रूम के पास तक पहुचती हूं… अनी सामने से आती दिखती है. हाथों में जलेबियां लिये और किन्हीं एक महिला की उंगलियां थामे हुये. मैं चीख पड़ती हूं, गले लगा लेती हूं उसे… “कहां चली गई थी मुझे बताये बगैर.”
वह शांत भाव से कहती है – “मम्मा, आप तो ऊपर बैठी थीं न फिर आप से कैसे कहती! और आपने ही तो कहा था कि वहां बातें नहीं करते.”
“फिर भी आप इशारे से कह कर जातीं.” मैं एक बेचारा-सा ही सही तर्क ढूंढ़ने की कोशिश करती हूं.
“मम्मा आप तो मुझे देख भी नहीं रही थीं. देखती तब न!”

वह महिला हंसती है. मुझे पहले-पहल लगता है मुझ पर हंस रही है वो. मैं अपने आप से कहती हूं, नहीं वह ऐसे ही हंस रही है… वो कहती है – ” बच्ची का मुंह मीठा करवाने ले गई थी. बहुत ही अच्छी कवितायें सुनाती है. मैं इसे इसकी प्रतिभा के लिये प्रोत्साहित करना चाहती थी.” अहिंदीभाषी लोगों की शुद्ध-शुद्ध किताबी हिन्दी में कहती है वह, फिर आगे की बात अंग्रेज़ी में… “बाहर चॉकलेट की दुकानें बन्द थीं, दोपहर के कारण, सो यहीं से जलेबियां दिलवा दी. आप भी चलिये, भोजन लग चुका है.”
मैं पहले शर्मिन्दा होती हूं फिर धीरे-धीरे तटस्थ – “शुक्रिया.”

रात हम मां बेटी जब घूम-फिर कर कमरे में आती हैं तो अनी सोते-सोते मेरे गले में बांहे डाल कर पूछती है, “मम्मा, आप इतना डरती क्यों हैं?”
मैं बहुत देर तक चुप रहने और सोचने के बाद कहती हूं…” पता नहीं बेटे.”

अनी सो चुकी है. मैं धीरे से उसे अलगा कर उसे उसके बिछावन पर रख आती हूं. तकिया कंबल सब लगा कर.

बत्तियां बन्द कर चुकी हूं मैं. कोई है जो अंधेरे का फायदा उठाकर मुझे कहीं ले जा रहा है, सीढ़ी-दर-सीढ़ी जैसे अपने भीतर ही उतर रही हूं मैं… अन्धेरे में कई दृश्य गड्डमड्ड हैं… क्या उस ‘पता नहीं’ के जवाब में…?

अनी का प्रश्न, अपना यह एकांत और अंधेरा सब मिलकर जैसे मुझे सामना करने का साहस देते हैं, अपने भीतर की उन अंधी बावड़ियों का जहां जाने से मैं खुद डरती हूं… जिससे नजरें चुराते-चुराते भागती हूं मैं और अनी के लिये अपने भय के लाख-लाख दूसरे कारण और तर्क ढूंढ़ती हूं…

नन्हीं सी मैं घर के उस ड्राइवर की गोद में हूं जो सबका प्रिय है. जो अक्सर मुझे गोद में बिठा कर रखता है, जांघों पर अपनी पूरी ताकत से दबा कर – जहां मेरा दम घुटता है…

ट्यूशन पढ़ाने वाले भैया की वो गंदी सी चुम्मियां जिसमें वो होठ गालों से नहीं सटाते, होठों पर रगड़ते हैं, कस कर…

उस दूर के अधेड़ जीजा जी का पांव दबबाने के बहाने जगह-जगह उंगलियां फिराना…

मैं चुप थी और चुप होती गई थी. कोई प्रतिरोध नहीं करना स्वभाव का एक हिस्सा बन गया हो जैसे. बस दुख… भीतर तक पसरता एक अजनबी, अनचाहा और अनजाना सा दर्द.

मैं सोचती हूं, घर में इतने-इतने लोग… किसी को तो समझना था, किसी को बचा लेना था मुझे… खास कर मां को. पर उतने भरे-पूरे परिवार में किसी को इतनी समझ नहीं थी. किसी के पास इतना वक्त नहीं था. सबके अपने हिस्से के काम, सबकी अपनी एक दुनिया.  मैं फूट-फूट कर रोती हूं, सिसकती हूं, सिसकती रहती हूं…

मैं उठ कर अनी के पास चली जाती हूं.  सुबकते-सुबकते मैं कब सो गई हूं, अनी को अपनी बांहो के घेरे में लिये हुए मुझे पता नहीं.

...नींद में फिर वही सपना आया है लेकिन अबकि कुछ बदले रूप में. सपने में वैसी ही कोई बावड़ी है, कोई नीचे उतर रहा है चुपचाप, उदास… धीरे-धीरे… ध्यान से देखती हूं, यह मैं हूं और बावड़ी है, गंधक वाली बाबड़ी, जिसे सुल्तान इल्तुतमिस ने कुतुबुद्दीन एबक के इस्तेमाल के लिये बनवाया था.. कहते हैं, इसकी पानी में गंधक की मात्रा बहुतायत में है और यह चर्मरोगों और बहुत से अन्य रोगों के लिये रामबाण का काम करता है…नीचे उतरकर उलीच-उलीच कर उसके पानी से अपना अंग-अंग धोती हूं, सोचती हूं मन-ही-मन –  शायद मेरे भीतर के तलगृह में छुपे इन यादों को भी धो कर मिटा सके यह… मै निर्मल हो लूं ऐसे कि मन में कुछ भी न बचा रह जाये, कुछ भी नहीं.

हंस – सितंबर, २०१२ में  प्रकाशित 

लोकआस्था और श्रमण परम्परा की अदम्य जिजीविषा का आख्यान

पूनम सिंह

कथाकार , कवि और आलोचक पूनम सिंह की कहानी , कविता और आलोचाना की कई किताबें प्रकाशित हैं . सम्पर्क : मो॰ 9431281949

‘सबलोग’ के संपादक किशन कालजयी ने  अपनी पत्रिका में नियमित कॉलम के रूप में ‘ स्त्रीकाल ‘ को आमंत्रित कर हमारे साथ साझा पहल की शुरुआत की है. स्त्रीकाल,  प्रिंट और ऑनलाइन,  की ही तरह  हम सबलोग के कालम में लेखिकाओं/ लेखकों की स्त्रीवादी रचनाओं को प्रकाशित करेंगे. ‘सबलोग ‘ , में स्त्रीकाल नामक इस कॉलम की शुरुआत करते हुए मैं एक विश्वास से भरा हूँ कि इसके पाठकों को इस कॉलम में हम स्त्री –लेखन के विविध आयामों से तो परिचित करवा पायेंगे ही साथ ही इसे स्त्रीवादी मुद्दों का एक सहज मंच भी बना पायेंगे. पिछले कई वर्षों से मेरे साथ एक संवेदनशील टीम स्त्रीकाल, स्त्री का समय और सच , नामक पत्रिका प्रकाशित करती रही है, जिसका नियमित प्रकाशन के साथ ऑनलाइन स्वरूप भी एक हस्तक्षेप की तरह समादृत है- स्त्रीकाल स्त्रीवादी मुद्दों और लेखन का विश्वसनीय मंच है. सबलोग में स्त्रीकाल कॉलम के तहत प्रकाशित रचनाएं/ लेख ऑनलाइन स्त्रीकाल में भी प्रकाशित होंगे .  शुरुआत लोकगीतों की स्त्रीवादी व्याख्या के साथ पूनम सिंह के आलेख से. स्त्रियों की प्रारम्भिक अभिव्यक्ति के दस्तावेज रहे हैं लोक गीत / लोक-आख्यान . 


लोकगीत की परम्परा हमारे देश में बहुत पुरानी है। लोकगीत लोकजीवन के अन्तस से उपजते हैं । वे किसी एक कंठ से निःसृत नहीं होते , वरन असंख्य कंठ उन्हें एक साथ असंख्य जगहों पर गाते हैं  इसलिए लोकगीतों की व्यापकता निस्सीम है । लोककंठ से निःसृत ये गीत मूल रूप से मौखिक या श्रुति परम्परा का परिमार्जित और विकसित रूप हैं लेकिन ये गीत केवल ग्राम्यजीवन और आदिवासियों तक ही  प्रचलित नहीं हैं,  वरन नगरों के सुसंस्कृत समुदायों में भी इसका प्रचलन और महत्व है । ये गीत अनेक छोटे बड़े लौकिक  विधानों और अनुष्ठानों पर आधारित होते हैं और लोक आस्थाओं को उसी प्रकार संपादित करते हैं जैसे द्विज परम्परा के शास्त्रीय विधानों को मंत्र ।

लोकगीतों की परम्परा वैदिक काल से ही मिलती है । प्राचीन वैदिक साहित्य में जिन गाथाओं का उल्लेख बार बार मिलता है , वे लोकगीत की पूर्वपीठिका है । ‘गाथा’ शब्द का अर्थ है पद्य या गीत और इसे गाने वालों के लिए ‘गाथिन’ शब्द का उल्लेख कई बार ऋग्वेद में किया गया है ।  ‘गाथिन’ शब्द से लोकगीतों की उस मौखिक और श्रुति  परम्परा का बोध होता है जो असंस्कृत समुदायों द्वारा शुरू हुई और कलान्तर में जिसे सभ्य जातियों ने आत्मसात करके अपने पारिवारिक, सामाजिक और धार्मिक अनुष्ठानों का एक अनिवार्य अंग बना लिया ।

सौजन्य : गूगल साभार

ब्राहमण  ग्रंथों के अनुशीलन से पता चलता है कि गाथाएँ ऋक , यज और साम से पृथक होती थी अर्थात गाथाओं का व्यवहार मंत्र रूप में नहीं किया जाता था । ये किसी विशिष्ट व्यक्ति के अवदान या पराक्रम को लक्षित करते हुए गीत रूप में गाये जाते थे । ये गाथाएँ महाभारत काल और रामायण काल में भी अक्षुण्ण दीख पड़ती हैं । राजसूय यज्ञ और विवाह के अवसर पर ये गाथाएँ गाने का विधान -मैत्रायणी संहिता’ में भी उपलब्ध है । संस्कृत ग्रंथों में भी गंधर्वों तथा यक्षों द्वारा लोकगीतों , लोकनृत्यों को दर्शाया गया है ।

गौतम बुद्ध के पूर्व जीवन से सम्बद्ध जो कथाएँ ‘जातक’ नाम से जानी गईं वे भी गाथाओं के ही गेय रूप का विस्तार है । आदिकवि वाल्मीकि ने रामायण में राम जन्म के समय तथा व्यास ने श्रीमदभागवत में कृष्ण जन्म के समय गंधर्वों द्वारा मंगलगीत गाने का उल्लेख किया है । प्राकृत भाषा में संग्रहित ‘गाथा सप्तशती’ के 700 गीतों अथवा अपभ्रंश काल के ‘भविस्स्थकहा’ में भी ऐसी अनेक गाथाएँ उपलब्ध होती हैं , जिससे यह सहज ही अनुमान लगाया जा सकता है कि इन गथाओं का लोकगीतों की एक बड़ी जमीन तैयार करने में कितनी महत्वपूर्ण भूमिका है , साथ ही इससे यह भी उद्घाटित होता है कि इस जमीन का उर्वर बीज श्रमण लोककंठ से ही निःसृत हुआ था । बारहवीं शताब्दी की प्रसिद्ध कवयित्री बिज्जिका ने धान कुटने वाली स्त्रियों के द्वारा गीत गाने का जो वर्णन किया है , उसकी पृष्ठभूमि श्रमण परम्परा से ही जुड़ी हुई है ।

भारतीय समाज के लोकविश्वासों और लोकसंस्कृति में कोल , भील , किरात , किन्नर , यक्ष , गंधर्व , नाग ,शक , हूण ,द्रविण , आर्य आदि अनेक जातियों की संस्कृति का समावेश है । लोकगीत में लोकधर्म को विस्तार देने का काम सिद्धों , नाथों , संतों की परम्परा ने भी किया है । सिद्धों , नाथों , संतों की परम्परा में श्रमण समुदाय की संख्या सबसे अधिक है , जिन्होंने अपनी रचनाओं में शास्त्र सम्मत द्विज धर्म को नकार कर लोक धर्म को परिभाषित करने का काम किया  जो कलान्तर में भारतीय लोकगीतों की अनुष्ठानिक स्वीकृति का
आधार बना ।

सौजन्य : गूगल साभार

श्रमण परम्परा की पृष्ठभूमि के कारण ही लोकगीतों की आनुष्ठानिक पद्यति में देवता का आह्वान भी है और जादू टोना का विधान भी । वहाँ देवलोक और पितरलोक के साथ धरती-प्रकृति  , सूरज-चाँद ,
चिडि़या-चुनमुन , नदी-पहाड़ , भूत-भैरव सभी पूजनीय हैं । लोककंठ से निःसृत इस आदिम राग में  जीवन और जगत का समग्र समाया हुआ है । लोकगीतों में क्रियाशील जीवन का उल्लास भरा स्वर होता है । उत्पादन में जुटे स्त्री पुरूष इन गीतों के किरदार होते हैं । इन गीतों का सामाजिक यथार्थ , जीवन संघर्ष और वर्ग चेतना यह दर्शाता है कि लोक संस्कृति का विकास उत्पादक वर्ग ही करता है । उपभोक्ता समाज उसका परिष्कार करता है । हमारे लोकगीतों की परम्परा उसी उत्पादक वर्ग से जुड़ी हुई है जो गीतों में श्रम सौंदर्य का नया प्रतिमान गढ़ते हैं और अपना सत्व उपभोक्ता को हस्तांतरित कर देते हैं ।

क्रियागीतों में भारत का वह वर्ग विभाजन भी स्पष्ट दिखाई देता है जो शुरूआती दौर में श्रम विभाजन था । ये क्रियागीत जाति विशेष के श्रम को रूपायित करते हैं । जतसार , रोपनी ,सोहनी ,और कोल्हू आदि के गीत भारतीय वर्ण व्यवस्था के सामाजिक अध्ययन का एक बड़ा आधार है । आल्हा , विजय मल्ल जो तेली समुदाय का गीत है इसमें संगीत के साथ कथा का भी एक बड़ा फलक है । आल्हा वीर रस की भंगिमा में जाति विशेष के द्वारा गले में ढोल बाँध कर ऊँचे स्वर में गाया जाता है । धोबी  भी घाट पर कपड़ा धोते हुए एक विशेष प्रकार के गीत गाते हैं जिसे ‘धोबियट’ कहा जाता है ।

गाँव में दुसाध जाति के लोग ‘पचरा’ गाते हैं । यह ‘पचरा’ तंत्र मंत्र सिद्ध गीत है जो गाँव में भूत प्रेत , डाक डाकिन से पीडि़त व्यक्तियों को स्वस्थ करने हेतु गाया जाता है । इक्कीसवीं सदी में भी सुदूर देहातों में इसका प्रचलन लोकआस्था का विस्मयकारी दृष्टांत है । नेटुआ जनजाति के द्वारा ‘लोरकी’ गाया जाता है , जिसमें गेयता के साथ जनजाति से जुड़ा कथानक भी होता है ।

सौजन्य : गूगल साभार

भोजपुरी  क्षेत्र में आज भी कहीं कहीं गोपीचंद और भरथरी के गीत सुनाई पड़ते हैं । इन गीतों को श्रमण समुदाय के लोग ही अधिक गाते हैं । यह उनकी जीविका का आधार है ।  इसी तरह कहार जाति ‘कहरवा’ गाते हैं जो संगीत का एक अति विशिष्ट राग है । कहा जा सकता है कि यह बहुजन श्रमण परम्परा का अभिजनवादी रूपांतरण है । इसी तरह का एक उदाहरण उत्तराखण्ड में भी देखा जा सकता है । वहाँ भी हरिजनों की बेड़ा या वाद्यी जाति गीत रचती और गाती है । लेकिन ये गीत विशेष समुदाय द्वारा रचित होकर भी  समस्त लोक के होते हैं इसलिए इन्हें जाति का गीत कहना उचित नहीं है

लोकगीत जनपदीय संस्कृति की साझी विरासत है । ये गीत विषय की दृष्टि से विपुल हैं । जन्म से जीवनक्रम तक इसका प्रवाह अक्षुण्ण है । भदेसपन इन गीतों का अप्रतिम सौंदर्य है । सोहर , झुम्मर , चैती , बरहमासा जैसे गीतों में भदेसपन का यह सौंदर्य विविध रूपों में दिखाई देता है । ‘सोहर’ जनपदीय संस्कृति की जीवंत और प्राणवंत संवेदना से सिक्त गीत है । सोहर में ललना होरिलवा जैसे शब्द वात्सल्य के सुन्दर और सजीव बोल हैं । मैथिली के एक सोहर में प्रसवपीड़ा से तड़पती स्त्री परदेसी पिया को संदेश भेजने को व्याकुल है –
‘‘तलफी तलफी उठय जियरा कौना विधि बोधव हे
  ललना हमरो बलमु परदेस संदेश न पावल हे ’’
सुसंस्कृत समुदाय में भी सोहर का प्रचलन और महत्व है । भोजपुरी सोहर में ननद और भावज के बीच प्रेम प्रतिदान का अंदाज ही निराला है –
‘‘जाहु तोरा ए भउजी होरिला होइले /तबे आइब तोरा अंगनवा 
नथुनी भी लेबो / झुलनी भी लेबो / लेबो जड़ाऊ कंगनवा’’
इस गीत में गहरी भावप्रवनता और सरसता है ।

बुन्देलखण्ड के एक सोहर में भावज के घर ननद चगैंरी लेकर आती है तो भावज उलाहना देती हंई कहती है –
‘‘ननद विरहुलिया झंगुलिया न ल्याई / टोपी न ल्याई / कतैया न ल्याई / पै दरजी को यार संगइ लैके आई / — अलना न ल्याई / पलना न ल्याई / बढ़ई को यार संगइ लैके आई / ननद विरहुलिया — ’’
ननद भाभी का यह हास परिहास भदेस भाषा के विन्यास में रिश्तों को एक अपूर्व माधुर्य से भर देता है ।

जनपदीय संस्कृति में ‘सोहर’ के साथ ‘सउरी’ का भी उल्लेख होता है । सूतिकागृह को सउरी कहा जाता है , जहाँ कई तरह की वर्जनाएं हैं । सउरी के दरवाजे पर बोरसी में निरन्तर आग सुलगती रहती है , जिसमें अनिष्टकारी परछाईयों को राई मिर्चा से निहुंच कर जला दिया जाता है । सउरी से छः दिन या बारह दिन के नहान के बाद ही प्रसुति घर से बाहर निकलती है । नहान की यह विधि बहुजन से अभिजन तक बिहार , उत्तर प्रदेश , राजस्थान , बुन्देलखण्ड आदि कई जगहों पर अभी भी प्रचलन में है।

बुन्देलखण्ड के एक सोहर में प्रसूता नहान की एक बड़ी मनोरम झाँकी है । प्रसूत महिला कुँए की पूजा करके और जल भर के सहेलियों के साथ बच्चे को गोद में लिए घर के दरवाजे पर आकर कहती है –
‘हम पैंरे मूंगन की माला / हमरी कोउ गगरी उतारो / कहाँ गए मोरे सइयाँ गुसईंयाँ / कहाँ गये               वारे लाला / एक हात मोरी गगरी उतारो / दूजे से ललना संभारो / हमारी कोऊ —–’’
‘सोहर’ में एक ओर मन का उल्लास होता  है तो दूसरी ओर कहीं लिंगभेद का त्रास भी । एक गीत में इसे इस रूप में दर्शाया गया है –
‘‘जाहु हम जनितीं धियवा कोखी रे जनमिहें / पितिहों में मरिच झराई रे /
 मरिच के झाके झुके धियवा मरि रे जाइति / छुटि जाइये गरूवा संताप रे ’’

गर्भ में ही मादा भ्रण हत्या की यह मंशा प्राचीन काल से आज तक मातृत्व को जहाँ कठघरे में खड़ा करती है वहीं समाज में स्त्री की दोयम दर्जे की नागरिकता को भी जन्म से ही परिभाषित करती है । लोकगीत में लिंगभेद के कई ऐसे उद्धरण हैं जिनका समाजशास्त्रीय अध्ययन स्त्री अस्मिता के बड़े प्रश्न से जुड़ा है । पराया धन कही जाने वाली बेटियाँ जन्म से ही लिंगभेद की त्रासदी को झेलती हैं । एक गीत में बेटी और बाबा के इस संवाद को गौर करें —

सौजन्य : गूगल साभार

‘‘बाबा हो कौने नगरिया जुअवा खेल अइलऽ / हमरो के हार अइले हो / 
  बेटी गे ओहिरे नगरिया जुअवा खेल अइलीं / तोरो के हार अइलीं हो / 
  बाबा हो बेटवा के दाँव न लगइलऽ / हमरो के काहे हार अइल हो /
  बेटी गे बेटवा त कुल के तारण / तू त अनकर धन हो /’’
बेटी की विदाई में मिथिला में जो गीत गाया जाता है उसे समदाऊनी कहा जाता है जिसकी पीर असहनीय होती है  –
‘‘गैया जे हुंकरय दुहान के वेर / बेटी के माय हुंकरय रसोइया केर वेर / 
  धियिवा के कनइत में गंगा बढि़ गेल / दमदा के हंसइत में चादरि उडि़ गेल’’
ग्रामगंधी चेतना ने लोकगीतों की संवेदना को एक उदात्त भूमि दी है । लोक जीवन में त्योहारों का विशेष महत्व होता है और भारतीय पर्व त्योहार ऋतु विशेष से संबंधित होते हैं । माघ पंचमी मे ंहरी भरी कृषि संपदा को बाँटने का एक प्रसंग गढ़वाली लोकगीत में इस प्रकार है –
‘‘आई पंचमी मऊ की , बाँटी हरियाली जऊ की ’’
कृषि संस्कृति का यह सौहार्द बिहार के लोकगीतों में चैता बरहमासा के रूप में झंकृत होता है । चैता का एक कसक भरा स्वर पति पत्नी के दाम्पत्य को प्रेम के एक प्रगाढ़ रंग में रंग जाता है –
‘‘सठिया कुटिय भात रिन्हितों / मुंगिय दरी दलिया हो राम / 
ओहो रामा , मोरे प्रभु अइतें जेवनमां /नयन भरी देखितों हो राम ’’
धान कूट कर भात दाल बनाने और सामने बिठाकर पिया को खिलाने की यह तमन्ना कभी पूरी नहीं होती क्योंकि पिया पैसे कमाने परदेस गया है । जीवनोपार्जन की खातिर पति पत्नी का यह विछोह बरहमासा की दो पंकितयों में द्रष्टव्य है –
‘‘एके मुट्टी चनवां बरस दिन खनवां / दुबर भैले ना / मोर पिया परदेशिया दुबर भइले ना ’’
लोकगीतों में स्त्री मन के बहुत सारे गवाक्ष खुलते हैं । वहाँ प्रेमी के लिए पागल हुआ स्त्री मन पोथी पतरा , बाभन  कागा सबको नकारता है –
‘‘झूठो भइले सधुआ ,झूठ वियफइया / झूठे भइले कगवा के बोल /
झूठ भइले बभना के पतरा ओ पोथिया / कि सैया नाहीं अइलै मोर ’’ 
इन गीतों में अभिवंचित समुदाय की अभावग्रस्तता प्रेम की एकरूपता में एकाकार होकर जीवनधर्मी आवेग के साथ प्रकट होती है ।  वहाँ अनगढ़ भाषा हृदय की तरह स्पंदित होती है । एक पूर्वी गीत में विछोह का दर्द आसक्ति भरे जुड़ाव में कैसे व्यक्त होता है , इसे सुनिए –
उड़ल उड़ल सुगा गइले कलकतवा / कि जाइके बइठेना , मोर सामी जी के पगिया / 
कि जाइके बइठे ना /पगड़ी उतारि सामी जांघ बइठइले / 
कि कह सुगा ना , मोरे घर के कुसलिया / कि कह सुगा ना — ’’
देश का सुग्गा परदेशी पिया के पास प्रणय दूत बनकर जाता है और उस दूत पर जिस तरह परदेशी बालम अपना प्यार लुटाता है , वह प्रेम के एक गहरे अविच्छन्न संबंध सूत्र से जुड़े होने का प्रमाण है । लोकगीतों में साधारण जन के सुख दुःख समाहित होते हैं इसलिए उसमें एक तरलता और प्रवाह मौजूद होता है ।

लोकगीत समष्टि की सांस्कृतिक अभिव्यक्ति की एक जीवंत विद्या है । संस्कृति विकसित होती है इसलिए लोकगीत भी परिवर्तित संदर्भ में नया अभिप्राय अर्जित करता है । कालगत अनुकूलन के कारण ही लोकगीतों में धार्मिक , सांस्कृतिक आस्था के अतिरिक्त राष्ट्रीय चेतना की भी एक सुदृढ़ परम्परा रही है । आल्हा , विजयमल के गीत से लेकर गांधी के राष्ट्रीय आंदोलन तक उसे देखा जा सकता है । भोजपुरी के एक बिरहा में अंग्रेजी शासन को ललकारा गया है –
‘‘गांधी के लड़इया नाहीं जितबे फिरंगिया / चाहे करू केतनो उपाय
भलभल मजवा उड़ौले एहि देसवा में / अब जइहे कोठिया बिकाय’’
इस तरह लोकगीत अनुभवी  तथ्यों से जुड़कर संस्कृति का विकास करते हैं । उसमें लोकजीवन का एक सघन और उर्वर अरण्य लहलहाता है जहाँ से हमारी आदिम सभ्यता और जातीय संस्कृति की जड़ों की खोज शुरू होती है । लोकगीत  लोकसंस्कृति के सौंदर्य और श्रमण परम्परा की अदम्य जिजीविषा का अख्यान है ।

पोवाडा : वीर रस की मराठी कविता ( दलित परंपरा )

कुसुम त्रिपाठी

स्त्रीवादी आलोचक.  एक दर्जन से अधिक किताबें
प्रकाशित हैं , जिनमें ‘ औरत इतिहास रचा है तुमने’,’  स्त्री संघर्ष  के सौ
वर्ष ‘ आदि चर्चित हैं. संपर्क: kusumtripathi@ymail.com

मराठी साहित्य की एक प्रमुख विधा है पोवाडा जिसे गोंधल (गोंधिया) दलित जाति के लोग गाते थे पर आगे चलकर, शिवाजी के बाद, सभी जातियों के लोगों ने इसे अपना लिया. युद्धों का वर्णन पोवाडा गायकों का प्रमुख विषय होता था जिसका वे बेहद सजीव और ओजपूर्ण वर्णन करते थे. वह  भीतरी कलहों और बाहरी आक्रमणों का काल था. अतः अपने आश्रयदाताओं को उनकी पूरी ताकत से युद्ध लड़ने के लिए प्रेरित करना, उस काल के कवि का प्रमुख कर्तव्य-सा बन गया था। लेकिन महात्मा फुले ने पोवाडा का जनजागृति के लिए इस्तेमाल किया. आजादी की लड़ाई के दिनों में और आजादी के बाद पोवाडा क्रमशः राष्ट्रीय आन्दोलन और जनान्दोलनों का गीत बन गया.

पोवाडा का प्राचीन मराठी भाषा में अर्थ होता है गुणगान करना। मराठी में पोवाड़ा गाने वालों को शाहिर कहा जाता है। शाहिर शब्द उतना ही पुराना है जितनी कि मराठी संस्कृति. शाहिर साहित्य को मराठी कविताओं का उदयकाल कहा जाता है।

पोवाड़ा को समकालीन मराठा इतिहास का विश्वसनीय साक्षी माना गया है। यूं तो पोवाड़ा का इतिहास 17वीं शताब्दी से शुरू होता है पर शिवाजी के राज्याभिषेक के पहले, यादव काल में, ज्ञानेश्वरी में जो भक्ति गीत गाए जाते थे, वे पोवाड़ा का ही एक रूप थे। शिवाजी महाराज के काल में क्लासिक पोवाड़ा के बीज बोए गए। शाहिर साहित्य की परम्परा की शुरूआत छत्रपति शिवाजी महाराज के शासनकाल (1630-1680) में हुई। शिवाजी के काल में प्रथम पोवाड़ा ‘अफजल खानाचा वध’ (अफजल खान का वध) 1659 में अग्निदास द्वारा गाया गया, जिसमें शिवाजी द्वारा अफजल खान के वध का वर्णन किया गया था। यह महाराष्ट्र के गजट में दर्ज है। दूसरा महत्वपूर्ण पोवाडा था तानाजी मालसुरे द्वारा सिंहगढ़ पर कब्जा करने के बारे में, जिसे तुलसीदास ने गया। उतना ही महत्वपूर्ण है बाजी पासालकर के बारे में यमजी भास्कर द्वारा गाया गया पोवाड़ा। शिवाजी के अनेक पोवाड़ा गाए गए जैसे  शिवाजी अवतारी पुरूष, शिव प्रतिज्ञा, प्रतापगढचा रणसंग्राम, शाहिस्ताखान चा पराभव, शिवाजी महाराज पोवाड़ा, छत्रपति राजमाता जीजाबाई, शिवरांयाचे पुण्य स्मरण, सिंहगढ़, शिवराज्याभिषेक, समाजवादी शिव छत्रपति, शिव-गौरव, शिवदर्शन, पुरोगामी शिवाजी, शिवसंभव, शिवकाव्य इत्यादि।

इसके बाद, पेशवाकाल (1762-1812) के गायक रामजोशी थे। अनंतफादी (1744-1819), होनाजी बाला (1754-1844) व प्रभाकर (1769-1843) ने भी कई पोवाड़ा गाए। आगे चलकर यह कला पिछड़ गई पर लोककला बतौर, मराठी साहित्य के विकास में पोवाड़ा की भूमिका बनी रही।

महात्मा जोतिबा फुले ने छत्रपति शिवाजी महाराज की समाधि ढूंढ निकाली और 1869 में उन्होंने पूना में पहली बार शिवाजी महाराज की जयंती मनाई। उन्होंने ही शिवाजी की समाधि की मरम्मत करवाई तथा अपनी पहली पुस्तक लिखी ‘ए बलाड ऑन शिवाजी’  (शिवाजी की महागाथा के गीत), जिसे अंग्रेजों ने रिकार्ड किया। फुले को यह अहसास था कि इतिहास के साक्षी के रूप में पोवाड़ा का बहुत महत्व है। गीत और गद्य दोनो होने के कारण, पोवाड़ा के माध्यम से मनोरंजन और प्रचार दोनों संभव हैं। फुले ने अशिक्षित जनता को पोवाड़ा के माध्यम से शिवाजी के कार्यों के बारे में बताया. उन्होंने मात्र व्यक्ति-आधारित पोवाड़ा नहीं लिखे बल्कि उपमा देकर लिखा. शिवाजी के कार्यों से प्रेरणा लेने के लिए उनके बारे में सरल पोवाड़ा के माध्यम से अशिक्षित जनता को जानकारी देते थे.

बाद में ब्रिटिश राज के खिलाफ भी कई पोवाड़ा लिखे गए। यह भी बड़े आश्चर्य की बात है कि ब्रिटिशों ने ही पोवाड़ा को संग्रहित करने का काम भी किया। सबसे बड़ा उदाहरण हैरी अर्बुथनोट अक्वर्थ का है। उन्होंने शंकर तुकाराम शालीग्राम के साथ मिलकर करीब 60 पोवाडा इकट्ठा किए, जिन्हें १८९१ में ‘इतिहास प्रसिद्ध पुरूषांची वा स्त्रियांचे पोवाड़ा’ नाम से प्रकाशित किया गया। उसके बाद, अक्वर्थ ने १८९४ में ‘बलाड ऑफ़ मराठा’ नाम से पुस्तक लिखी। अंग्रेजों ने शाहू महाराज के समय के 5-6 पोवाड़ा खोजे, 150 पोवाड़ा पेशवा के समय के तथा ब्रिटिश काल के 150 पोवाड़ा मिले। 1947 तक अंग्रेज़ एक हजार से ज्यादा पोवाड़ा इकठ्ठा कर चुके थे ।

कई शाहिरों के नाम पता नहीं चले। डाक्टर एसपी गोस्वामी ने शुरूआती पोवाड़ा प्रकाशित किए, जिनमें राव बर्वे ज्ञानप्रकाश के पोवाड़ा शामिल थे। इन पोवाड़ा में ब्रिटिश राज के खिलाफ आक्रोश प्रकट हुआ था। यशवंत नरसिंहा केलकर ने तीन भागों में पोवाड़ा प्रकाशित किये, जिससे पोवाड़ा विधा को आगे बढ़ाने में मदद मिली। गोंधळ जाति ने महाराष्ट्र के इतिहास को बचाया तो पोवाड़ा को संकलित व प्रकाशित कर इस मौखिक परंपरा को विलुप्त होने से बचाया गया।

शाहिर साहित्य ने कई महान लेखकों को पैदा किया जिनमें श्रीपाद महादेव वर्दे, एमवी धोंध तथा अन्य शामिल थे। वर्दे ने कई पोवाडा एकत्रित कर उन्हें ‘विविधवार्ता’ नाम से प्रकाशित किया। उन्होंने ‘मराठी कविताचा उषाकाल किंवा मराठीं साहित्य’  नाम से पुस्तक भी लिखी। एम एन सहस्त्रबुद्धे का ‘मराठी शाहिरी- वागंमय’ 1950  के दशक में मुंबई मराठी साहित्य संघ ने प्रकाशित किया। इन सभी लेखकों ने पोवाड़ा  को संग्रहित कर प्रकाशित करवाकर बहुत ही महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

1956 में संयुक्त महाराष्ट आंदोलन में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) ने शाहिर अमर शेख अन्ना भाऊ साठे तथा गव्हाणकर को जन्म दिया। सरकार की गलत नीतियों व निर्णयों को उजागर करने के लिए इन सभी शाहिरों ने पोवाड़ा का उपयोग किया। यह नए प्रकार के क्रांतिकारी पोवाड़ा थे, जो जनजागृति पैदा कर रहे थे। ये पोवाड़ा न तो धार्मिक थे और ना ही राजाश्रित बल्कि ये जनता की मांगों को सामने ला रहे थे। ये मजदूरों की समस्यायों व अकाल का चित्रण थे. वे गरीबों की जुबान थे। वे आधुनिक जमाने की सामाजिक समस्याओं का चित्रण कर रहे थे। शाहिर समाज में व्याप्त शोषण, अन्याय व अत्याचार के बारे में पोवाड़ा गा रहे थे। अब पोवाड़ा मात्र इतिहास का वर्णन नहीं रह गया था बल्कि सामान्य जन की समस्याओं से जुड़ गया था। आज विषयों की विविधता पोवाड़ा में दिखाई देती है।

१९८० के दशक में विलास घोगरे और जी संभाजी भगत ने महाराष्ट्र के अन्नाभाऊ साठे तथा अमर शेख की परंपरा को आगे बढ़ाया। वामपंथी आंदोलनों की ये लोग हुंकार बने। मजदूरों-किसानों की समस्याओं को पोवाड़ा का विषय बनाया। आज संभाजी भगत साम्रज्यवादी ताकतों, धार्मिक-साम्प्रदायिक उन्मादों व जाति व्यवस्था के विरूद्ध तथा नवजनवादी सांस्कृतिक एकता के लिए व आम्बेडकरवादी- मार्क्सवादी विचारधारा को फैलाने के लिए पोवाड़ा गाते हैं। महाराष्ट्र के वे सबसे बड़े लोक शाहिर है। ‘शिवाजी अण्डरग्राउण्ड इन भीमनगर मोहल्ला’  नाटक पोवाड़ा पर आधारित है, जिसके तीन सौ से ज्यादा शो हो चुके हैं।
फॉरवर्ड प्रेस अक्टूबर अंक से साभार 

स्त्री मुक्ति के प्रश्न

कर्मानंद आर्य

मह्त्वपूर्ण युवा कवि . बिहार केन्द्रीय विश्वविद्यालय में हिन्दी पढाते हैं. संपर्क : 8092330929

अन्य अनुशासनों में शोध और अनुसंधान की स्थिति और गति क्या है, मैं नहीं जानता किन्तु हिंदी में शोध की गुणवत्ता से हम सभी परिचित हैं. समकालीन दौर में जो विमर्श चर्चा के केन्द्र में है,  उनमें स्त्री, दलित और आदिवासी विमर्श सर्वाधिक महत्वूपर्ण है. पिछले दिनों ‘इरावती’ नामक एक साहित्यिक पत्रिका ने पुरुष विमर्श को उठाने की असफल कोशिश की थी किन्तु वह एक प्रयास मात्र ही था या अलग दिखाने की चाहत भर.हम सभी लोग इस बात को लेकर खूब दुखी  हो ले सकते हैं कि आखिर आज के इस अति वैज्ञानिक युग में भी दलितों, आदिवासियों, स्त्रियों, अल्पसंख्यको के प्रति हमारी धारणा घोर पारंपरिक और प्रतिक्रियावादी क्यों है? इन्हें ही दुःख  से उबरने उबारने के लिए हम इन विषयों को केंद्र में रखकर गुरू गंभीर शोध करते और करवाते हैं, मोटी-मोटी पुस्तकें लिखते हैं. पत्रिकाओं के विशेषांक निकालते हैं, सेमिनार गोष्ठियाँ करते हैं और न जाने क्या-क्या करते हैं?सार्थक क्या हो पाता है यह देखने की चीज होती है.लेकिन हम इस विषय पर अपेक्षाकृत बहुत कम सोच पाते हैं कि जिस अवस्था में नवनिर्माण और विचार की निर्मिति होती है, उस समय में हम उदासीन रह जाते हैं. हम लिखते रचते समय यह ध्यान नहीं रख पाते कि हमारी साहित्यिक सामाजिक बनावट में उनका भी महत्वपूर्ण हिस्सा है. रचना का सृजन, पठन-पाठन, मूल्यांकन, आलोचना आदि का निरन्तर विकास होता रहता है. संस्कृत में एक कहावत है ‘मृजया रक्षते रूपम’ अर्थात निरंतर साफ़ सफाई से हम अपना रूप लावण्य सुधार सकते हैं. हमें अपने अंतस को भी बार बार धोना, साफ़ करना चाहिए. इसी तरह का कार्य होता है जब हम कोई वैचारिक सृजन करते हैं.

अभी हाल ही में डॉ. अल्पना सिंह, डॉ. आलोक कुमार सिंह की स्त्रीविमर्श पर एक महत्वपूर्ण किताब आई है. किताब कई अर्थों में पठनीय है. डॉ. अल्पना आजकल बाबा साहब भीमराव आंबेडकर केन्द्रीय विश्वविद्यालय, लखनऊ के भारतीय भाषा विभाग में शिक्षण कार्य से जुड़ी हुई हैं.अपने जीवन और लेखन में उनकी गति अध्यावसायी की है. डॉ. आलोक कुमार सिंह लखनऊ नगरनिगम डिग्री कालेज, में सहायक प्राध्यापक हैं. लखनऊ विश्वविद्यालय से जुड़ी डॉ. अल्पना सिंह की स्त्री विमर्श पर यह दूसरी किताब है. उनकी पहली किताब ‘लोक साहित्य और संस्कृति का वर्तमान स्वरूप’ में अधिकतर पक्ष स्त्री के लोक पक्ष को लेकर थे.अल्पना सिंह की यह दूसरी पुस्तक ’’स्त्री मुक्ति के प्रश्न और समकालीन विमर्श’’ स्त्री, विशेषकर दलित एवं आदिवासी स्त्री से जुड़े सवालों को लेकर पूरे सामाजिक-सांस्कृति परिदृश्य की नब्ज पर हाथ रखती हैं, वह समय के पुनर्निमाण में युवा पीढ़ी के जोश, जुझारुपन और दिशा को संकेतित है. आज के उपभोक्तावादी युग में बाजार के तमाम प्रलोभनों को अस्वीकार करते हुए प्रतिबद्धता की लड़ाई में अपने को झोंके रखना कोई आसान काम नहीं. स्त्रियों को जहाँ कुछ क्षेर्तों में कार्य करने का मौका मिला है वहीँ पर उनका शोषण का दायरा भी लगातार बढ़ रहा है. दूसरी बात इधर स्त्री लेखन के क्षेत्र में कुछ समय से यह प्रमुख मुद्दा रहा है कि ’स्त्री विमर्श अपनी बुनियादी जमीन और सवालों से कुछ भटक सा गया है. विस्तृत फलक तक को छू लेने का वाला हौंसला रखने वाला यह विमर्श संकीर्ण होता हुआ नित्य प्रति नये विवादों में घिरा दिखाई दे रहा है. यही कारण है कि स्त्री विमर्श से ’स्त्री मुक्ति’ का स्वर धीमा पड़ता जा रहा है. यह विडम्बना ही है कि जो विमर्श अब तक पुरूष सत्ता के वर्चस्व के समानांतर स्त्री की भागीदारी को सुनिश्चित करने के लिए प्रारम्भ किया गया था, वही अब स्त्रियों द्वारा पुरूष वादी लेखन किये जाने के आरोपों से घिर गया है. यह किताब बने हुए ऐसे कई प्रतिमानों को तोड़ने का कार्य करती है.

प्रत्येक समय अपने समय की आलोचना स्वयं करता है और अपने मानकों का निर्माण करता है.यह पुस्तक भी अपने समय की आलोचना मात्र है. स्त्री का इतिहास और कुछ नहीं स्त्री कैनन निर्माण की प्रक्रिया मात्र है.यही प्रतिमानीकरण‘हिंदी नवरत्न’ की भूमिका में भी हुई. क्या हम कल्पना कर सकते हैं कि नवरत्नों में कोई एक भी स्त्री रत्न नहीं है. बहुत सारी श्रेष्ठ कृतियों के सृजन के बावजूद महिलाएं, दलित, आदिवासी’ ‘अस्मिता’ के कारण कैनन में जगह नहीं बना सके.इन्हीं कैननों के निर्माण की कड़ी है यह पुस्तक. यह सम्पूर्ण पुस्तक २८० पृष्ठों की है और इसका फलक बहुत व्यापक है.सुप्रसिद्ध आलोचिका और महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक के हिन्ढी विभाग अध्यक्ष डॉ. रोहिणी अग्रवाल अपने ‘आमुख’ में लिखती हैं कि ‘स्त्री विमर्श पुरुष समाज को वयस्क बनाना चाहता है और भारतीय पुरुष है कि ’बिगड़ैल’ बच्चा’ बन कर सदा मां की गोद में दुबका रहना चाहता है. पत्नी की सार्थकता भी तभी है जब शयनकक्ष में वेश्या का रोल निभा कर वह शेष समय मां की तरह उसके आगे पीछे खाने का कौर लिए डोलती रहे.

स्त्री विमर्श किसी के खिलाफ शिकायतों का पुलिंदा खोल कर नहीं बैठता. लेकिन वह तभी मुकम्मल दृष्टि से काम कर सकता है जब औरत को औरत बनाने वाली व्यवस्था पर उंगली उठाते हुए पुरुष को बिगड़ैल बच्चा बनाने में अपनी भूमिका की भी शिनाख्त करे. साथ ही इस बात की पड़ताल भी करे कि क्यों वह सूक्ति रूप में प्रचलित इस प्रवाद को मिथ्या साबित नहीं कर पाया कि औरत ही औरत की दुश्मन है. स्त्रीवादी विमर्श स्त्री की मानवीय अस्मिता की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है. वह स्त्री की उपस्थिति को लक्षित करने वाली इस कालजयी मान्यता को स्वीकारता है कि स्त्री आधी दुनिया है, लेकिन तराजू और पैमाना लेकर स्त्री-पुरुष के लिए जमीन और आसमान, घर और समाज, संसद और सड़क को आधा-आधा बांट देना नहीं चाहता. यहीं से स्त्रीवादी विमर्श आंख की किरकिरी बन जाता है क्योंकि दूसरों की जमीन पर कब्जा जमा कर अपना कारोबार चलाने वाले ’इज्जतदार घुसपैठियों’ पर यह नालिश ठोंकने लगता है. समाज का इज्जतदार तबका इसे ’टिड्डे के पंख उग आना’ मान कर मसलने को आमादा न हो तो क्या करे? स्त्रीवादी विमर्शकारों को अपनी लड़ाई की दिशा का ज्ञान है और स्खलनों को मुट्ठी भर घुन लगी गेहूं की तरह फटक देने का विवेक भी. विरोध में जुटी जिन प्रतिगामी ताकतों से वह लड़ रहा है, उनके फतवों से घबरा कर चैके में जा घुसने की कायरता उसमें नहीं. हां, इतना जरूर है कि चौका उसने छोड़ा नहीं क्योंकि कोख के साथ संरक्षण, नेह के साथ दायित्व, समर्पण के साथ स्वतंत्रता उसे सम्बन्धों के साथ-साथ वर्तमान और भविष्य के प्रति भी आशान्वित करती है.

आर्थिक स्वावलम्बन स्त्री-विमर्श का एक महत्वपूर्ण विमर्श है. आर्थिक आत्मनिर्भता के अभाव में स्त्री-मुक्ति का कोई अर्थ नहीं है. दलित, आदिवासी अथवा अन्य निम्न वर्गो की स्त्रियां आर्थिक रूप से उतनी परतंत्र नहीं है जितनी मध्यम और मध्यम वर्ग की स्त्रियां है. क्योंकि इन वर्गो की स्त्रियां घर से बाहर भी, दूसरों के घरों, खेतों, कारखानों, खदानों में पुरूषों के समान काम करतीं है. अब महानगरों की मध्यम और उच्च वर्ग की स्त्री भी पुरूष पर निर्भर होना नहीं चाहती है, अपने पैरों पर खड़ा होना चाहती है. पुरूष द्वारा किये-कराये जाने वाले सुख और एैश्वर्य को त्याग कर वह स्वावलम्बन का जीवन जीने के लिए प्रयासरत है. घर की चारदीवारी से बाहर निकलकर वह दफ्तरों, कारखानों से लेकर पुलिस, सेना तथा विज्ञान और प्रौद्योगिकी तक प्रत्येक क्षेत्र में पदार्पण कर रही है. आर्थिक आत्मनिर्भरता उनमें आत्मविश्वास और दृढ़ता पैदा कर रही है, साथ ही उनके जीवन को नए अर्थ भी दे रही है. ऐसी बहुत सी स्त्रियां है जो पति द्वारा प्रताडि़त या त्याग दिए जाने पर, विधवा हो जाने पर अथवा इसी प्रकार की अन्य परिस्थतियों में किसी पर निर्भर न रहकर अपनी आजीविका स्वयं चलाती है तथा अकेले रहती हैं और इस तरह वे स्त्री के अकेले न जी सकने की परम्परावादी सोच को ध्वस्त करती हुई अपनी स्वतंत्र अस्मिता के साथ जीती हैं.

अनीता भारती का ‘सामजिकहिंसा और उसके पूर्वाग्रह’ पर एक बहुत ही सार्थक और सारगर्भित आलेख है.प्रजातान्त्रिक मूल्यों में लगातार स्त्री की सहभागिता बढ़ रही है. स्त्रियों ने लगभग उन क्षेत्रों में प्रवेश पा लिया है जो आज तक उनके लिए प्रतिबंधित था. अब वह केवल आत्मकथाए संस्मरण या कविता तक ही सीमित नहीं है अपितु साहित्य समाज के हर क्षेत्र में उसकी धमक महसूसी जा सकती है. पर वह हिंसा और शोषण का शिकार है.पुरुष ने अपने स्वार्थ के लिए कैसे स्त्री के दोहन की शब्दावली रची है. अन्तराष्ट्रीय महिला वर्ष के बीस बरस से अधिक बीत जाने के बावजूद भारत में अभी तक कोई ऐसा मुखर स्त्रीविमर्श नहीं आया जिसे हम भारतीय स्त्री विमर्श मान सकें. जो कुछ उपलब्ध है उसे केवल प्रॉक्सी द्वारा ही हिंदी का अपना विमर्श कहा जा सकता है. अर्चना वर्मा अपने एक आलेख में कहती हैं कि हिंदी के अपने स्त्रीविमर्श का अर्थ क्या हो सकता है इसकी कोई साफ़ तस्वीर भी हमारे पास नहीं थी और इस सन्दर्भ में शुद्ध हिन्दीनुमा किसी वैचारिक साम्पदायिकवाद या बौद्धिक जातीयतावाद जैसा कोई खास दुराग्रह भी नहीं था.

डा. अल्पना सिंह

डॉ. अल्पना सिंह अपने सम्पादकीय में स्त्री स्वरूप की परंपरा को लेकर कई बड़े सवाल खड़ा करती हैं. वे लिखती हैं कि पुरूष लेखन में स्त्री देह को भोगने का सिलसिला तो विद्यापति से चला आ रहा है वर्तमान साहित्य में भी वह न केवल उपभोग की वस्तु बना दी गई है बल्कि अब तो उपमानों और प्रतीकों के द्वारा भी उसे भोगा जाने लगा है. आज स्त्री के शरीर के विविध अंगों को विविध प्रकार से भोगा जा रहा है. एक छोटा सा उदाहरण उल्लेखनीय है, समकालीन कविता के सशक्त हस्ताक्षर ज्ञानेन्द्रपति के प्रसिद्ध काव्य संग्रह ‘मनु को बनाती मनई‘ की एक लघु कविता ‘अंगूरी पेठे सी‘ है-
आगरा के अंगूरी ’पेठे सरीखी
शुभ्र, सुडौल, रसगर
तुम्हारी देह,
निहारूँ कि जुठारूँ.

यहाँ स्त्री का जो पाठ किया गया है वह सीधे तौर पर स्त्री को मात्र देह मानने का नतीजा है.स्त्री वादी लेखिका निवेदिता स्त्रीवादी पत्रिका ‘स्त्रीकाल’ में छपे अपने एक आलेख लेख ’हर पुरूष अपनी चमड़ी के भीतर मर्द ही होता है’ में कहती है कि ’हर नैतिकता स्त्री से यही कहती फिरती है कि स्त्री को दूसरों के लिए जीना चाहिए. सच तो यह है कि पराजित नस्लों और गुलामों से भी ज्यादा सख्ती और क्रूरता से स्त्री को दबाया गया. यह हम नहीं कह रहे हैं, यह स्त्री का इतिहास बताता है. क्या कोई भी गुलाम इतने लम्बे समय तक गुलाम रहा है जितनी स्त्री?’ इस प्रश्न की व्याख्या करके नवीन निष्कर्ष निकालने में एक पूरा इतिहास ग्रन्थ तैयार किया जा सकता है. यह विडम्बना ही है कि इतने लम्बे समय से गुलामी का दंश झेल रही स्त्रियों का एक वर्ग ऐसा है जो अब तक अपनी गुलामी से पूर्णतः अनजान है. यह सत्य है कि कम स्त्रियाँ ऐसी हैं जो जानती हों कि उन्हें करना क्या है? उनके उद्देश्य क्या है ?उन्हें क्या चाहिए ? इस दृष्टि से देखा जाए तो इस बहुसंख्यक वर्ग के लिए यह विमर्शीय राग बेमानी हो जाता है. क्योंकि इस पूरे स्त्री विमर्श में स्त्रियों का यह वर्ग कहीं भी खड़ा दिखाई नहीं देता है.भारत में अधिकांश नारी संगठन अभी भी मुख्यतः महानगरों-शहरों की शिक्षित मध्यवर्गीय औरतों तक ही सिमटे हुए हैं. अभी भी किसान-मजदूर औरतों की व्यापक आबादी एक उनकी कोई पहुंच नहीं बन पायी है. यहां तक कि बुद्धिजीवी जमातों से बाहर आम मध्यमवर्गीय औरतों तक भी उनकी पहुंच अभी नाममात्र की ही है. अव्वल तो कई संगठन ऐसा कुछ सोचते ही नहीं, दूसरे, यदि कुछ सोचते भी हैं तो एक ठोस कार्यक्रम और सही दिशा के अभाव में उनके प्रयास या तो निष्फल हो जाते हैं या फिर सुधारवादी और अनुष्ठानिक कार्यवाइयों के दायरे तक ही सिमटे रह जाते हैं.

अपने आलेख ‘समकालीन हिंदी साहित्य में स्त्री विमर्श’ में डॉ. जयप्रकाश कर्दम लिखते हैं कि  ‘स्त्री केवल घर से बाहर ही असुरक्षित नही है, घर के अन्दर भी उसकी सुरक्षा की कोई गारंटी नही है.’पायदान’ उपन्यास की आंचल को घर में उसका चाचा ही दबोचता है. और भी ऐसे बहुत से नाते रिश्तेदार हैं जो मौका पाकर स्त्री को अपनी हवस का शिकार बना लेते हैं. यदि स्त्री इसके खिलाफ मुँह खोलती है तो परिवार, परिवार की इज्जत की दुहाई देकर उस पर चुप रहने और अपना मुंह बंद रखने का दबाव डालता है और स्त्री शोषण के इस दंश को चुपचाप सहती है. रंजना श्रीवास्तव की कविता ’जब मैं स्त्री हूँ’ स्त्री के इस दर्द को बयान करती हैं-’’मैं स्त्री हूँ और जब मैं स्त्री हूँ तो मुझे यह मानकर चलना चाहिए/कि लक्ष्मण रेखा के बाहर रहते हैं/सिर्फ रावण इसलिए घर के भीतर अपनों द्वारा चुपचाप लुटती रहना चाहिए/क्योंकि स्त्री की बुद्धि से ही बना रहता है घर. नया ज्ञानोदय, जुलाई,2007 यही रजनी तिलक अपनी कविता ’तिरस्कार’ में कहती हैं-’सखी स्त्री चुप रहने की कहानी है हमारे परिवार में चुप रहो, झुकती रहो, सब्र करो और घुट-घुटकर मरती रहो.’(पदचाप,पृ0-8) जाति की जकड़बन्दी के कारण बहुत सी स्त्रियां अपनी पसंद के योग्य पुरूष से विवाह नहीं कर पातीं तथा बेमेल और सजातीय के साथ जीवन जीनें को अभिशप्त होती है. कारण कि जातिवादी समाज अन्तर्जातीय विवाह को स्वीकार नही करता. दूसरी जाति, विशेष रूप से निम्न जाति के पुरूष के साथ प्रेम या शादी करने को जातीय अपमान के रूप में देखा जाता है. किन्तु आज बहुत सी स्त्रियां समाज की इस जड़ व्यवस्था का प्रतिकार कर रही है. रमणिका गुप्ता की कहानी ’दाग दिया सच’ की मालती न जाति पांति के बंधन को मानती है और न समाज के निषेधों को.’कुर्मी जाति- की होर वह ’चमार’ जाति के महावीर नाम के युवक से प्रेम करती है और समाज की वर्जनाओं के समक्ष न झुकते हुए महावीर के साथ गांव छोड़ कर भाग जाती है.

प्रसिद्ध दलित चिन्तक और रचनाकार अनीता भारती अपने आलेख में लिखती हैं कि आज देश में जिस तेजी से महिलाओं के साथ हो रहे बलात्कारए छेड़खानी एसिड अटैक हत्या आदि की घटनाएं बढती जा रही है उनके बारे में लोग पढ़, सुन देखकर बहुत चिंतित और दुखी हो रहे है. इसी दुख और निराशा में देश के सभी वर्ग और तबके के लोग-बाग इस हिंसा विरोध का कोई और रास्ता ना पा निराशा में सड़को पर उतर आए है. उनका निराश होकर सड़को पर उतरना तथा व्यवस्था के विरुद्ध होकर जंतर-मंतर से लेकर हर आम खास जगह इकट्ठे होकर विरोध, प्रदर्शन, धरने आदि करने पर उतारु होना यह बताता है कि देश के लोग अब चाहते है कि महिलाओं पर होने वाली हिंसा रुके और इसे रोकने के लिए ऐसा सख्त कानून बने जो महिला हिंसा के अपराधी को कडी से कडी सजा दिला सके.कुल मिलाकर यह स्त्री विमर्श की एक मुकम्मल किताब है.

पुस्तक का नाम : स्त्री मुक्ति के प्रश्न और समकालीन विमर्श
संपादक : डॉ. अल्पना सिंह, डॉ. आलोक कुमार सिंह
प्रकाशक : देव प्रकाशन, दिल्ली
मूल्य : 550

डांस ऑफ़ डेथ

मंजरी श्रीवास्तव

युवा कवयित्री मंजरी श्रीवास्तव की एक लम्बी कविता ‘ एक बार फिर नाचो न इजाडोरा’ बहुचर्चित रही है
संपर्क : ई मेल-manj.sriv@gmail.com

मैं विचार बनकर पैदा होती हूँ
आह बनकर मरती हूँ और
अदृश्य हो जाती हूँ छाया बनकर हरपल


इन पंक्तियों में अपनी रचनाधर्मिता और खुद को अभिव्यक्त करती मंजरी श्रीवास्तव का यह चौथी काव्य प्रस्तुति है, जिसका मंचन शीघ्र प्रस्तावित है. इसके पहले  तीन प्रोडक्शंस (कविता रूप में ही) क्रमशः – ‘एक कविता ख़लील जिब्रान के लिए’, ‘एक बार फिर नाचो न इज़ाडोरा’ और ‘यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते’ है. यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते का कई बार मंचन हो चुका है और २ वर्ष पहले के यूथ फेस्टिवल में इसे बेस्ट स्क्रिप्ट का अवार्ड भी मिल चुका है. 



कवयित्री का नोट :
ये सिर्फ़ कविताएँ नहीं, कविताओं के रूप में लिखा गया डांस-ड्रामा प्रोडक्शन है. यह प्रोडक्शन जिसका नाम मैंने ‘डांस ऑफ़ डेथ’ रखा है यह सीधे-सीधे मृत्यु की बात नहीं करता; बल्कि बात करता है रोज़मर्रे की उस ज़िन्दगी की जो मौत से भी बदतर है और जिससे रोज़ दो-चार होने के लिए हम मजबूर हैं.

यह शब्द/शीर्षक (डांस ऑफ़ डेथ) मशहूर बांग्लादेशी रंगकर्मी और निर्देशक श्री कमालुद्दीन नीलू के नाटक ‘मैकाबरे’ से लिया गया है पर व्याख्या मेरी है. पिछले वर्ष भारत रंग महोत्सव में उनका यह नाटक देखा था, तभी से सोते-जागते चौबीसों घंटे यह शब्द मुझे परेशान किये रहता था और अंततः इस शब्द ने खुद को मुझसे व्याख्यायित करवा ही लिया जुलाई में. वही व्याख्या अब आप सबके सामने है. प्रतिक्रियाओं की प्रतीक्षा में .

1. 

इन दिनों मैं मौत के तिलिस्म की तलाश में
ज़िन्दगी के पेचीदा रास्तों से गुज़र रही हूँ.

बर्फ़ के नीचे दबे बीजों की तरह
मेरा हृदय ख्व़ाब देखता है वसंत के
जिसके पीछे अनंत है
अनंत के सहस्र द्वार हैं
लेकिन आँखों में उसी समय हहराता है
मौत की सिम्फ़नी बजाता
सैलाब लाता समंदर.

ख़ामोशी का मौन दरिया मेरे भीतर
इतना धीमे-धीमे मुसलसल बहता है कि
उससे फूटने लगता है संगीत.

मौत की तलाश में बंजारन बनी भटक रही हूँ पल-पल
पर निर्जन रास्तों पर भी नहीं मिलती मृत्यु
वहां बिखरा है पग-पग पर जीवन का जादू.

हर सूर्योदय नयी जगह
और सूर्यास्त भी
आँखों में नींद भरी पृथ्वी पर भी
जारी रहती है मेरी यात्रा.

चाहे मौत मुझे छुपा ले अपनी आगोश में
या सन्नाटा घेर ले मुझे
फिर भी मेरी ज़िन्दगी तैरती रहेगी
शून्य में
निर्वात में.

रात के सन्नाटे में
गुज़रती हूँ वीरान गलियों से
आँखों में मौत का भयानक तांडव देखने की ख्वाहिश लिए
पर उन खामोश रातों की वीरान गलियों से
आती हैं प्रेम भरी धडकनों की आवाजें
धक-धक, धक-धक, धक-धक, धक-धक
प्रेम में पगी उठती-गिरती साँसें
जैसे चांदनी रात में सागर में उठते ज्वार-भाटे

मौत पर ज़िन्दगी रोज़ ऐसे हावी होती है
ऐसे छाती जाती है
जैसे कुमुदिनी अपने आनेवाले कल के लिए समेट रही हों अपनी पंखुड़ियां

पत्तों पर ठहरी
सुबह की ख़ामोश ओस-सी मौन
जीती हूँ एक पारदर्शी जीवन
अगले पल मौत बनकर उड़ जाने से पहले.

ज़िन्दगी और मौत के इस गायन में
मेरे सुर ख़ामोश हैं
गीत बेआवाज़
तभी फूलों से लदे विशाल वृक्ष पर दिखता है जीवन
दीखता है प्यार
जिसकी सुगंध मुझे पृथ्वी की छूटती हुई आख़िरी डोर से बांधती है
और प्यार मुझे उठाकर स्थापित कर देता है अंतरिक्ष में
बना देता है
शाश्वत, अमर
और यहीं से शुरू होता है
मेरा सच्चा नृत्य.

२.

चेहरे पर गुलाब और लिली के असंख्य फूल खिलाए
आँखों में उगते और बालों में अस्त होते सूर्य
तथा होंठों पर भोर की मुस्कान लिए
वह रोज़ मिलती थी मुझे
जो पहाड़ों के पीछे रहती थी.

बहुत कुछ सिखाया उसने मुझे
जैसे …
जैसे कि खुद को कैसे छिपाकर रखा जाए झंझावातों से सीपी में बंद करके और
बरसों बाद निकाला जाए एक नायाब मोती बनाकर
जैसे कि पतझड़ के समय बंद रखी जाए अपने मन की खिड़की और उसे खोला जाए
सिर्फ़ वसंत आने पर
जैसे कि कैसे गाया जाए सपनों का गीत हरपल
कैसे बना जाए एक सपना और तब्दील हुआ जाए ओस की बूंदों में

उसने मुझे ओस को सपने में
सपने को कुहासे में
और फिर कुहासे को
सपने और ओस में बदलने की कला सिखाई.

उसने सिखाया मुझे कि
कैसे  लिखी जाएँ ज्वार के समय
सागर की रेत पर एहसासों की इबारतें
कैसे भाटे के समय सागर की प्रचंड लहरों की तरह खुद मिटाई जाएँ
अपनी ही लिखी ये इबारतें
और महसूसा जाए विशाल समुद्र की एक बूँद कि तरह खुद को.

उसने सिखाया मुझे झरती हुई सूखी रेत बनना
अपने दिल में एक उड़ता हुआ बादल महसूसना
दुनिया को प्यार के क़ाबिल बनाना.

उसने मुझे जंगलों और पहाड़ों में रोज़ प्रकृति के बदलते हुए रंगों से वाकिफ़ कराया
पंछियों के सुबह और शाम के गीतों में फ़र्क करना सिखाया.

उसने मुझे सिखाया
बर्फ़ की तपती आंच पर नाचना
तलवारों और भालों की गति पर थिरकना
सितारों और अंतरिक्ष के रास पर नाचना
प्रकृति के सभी तत्वों को अपने संगीत और लय से वश में करना
हवा में नाचते फूलों-सा थिरकना.

उसने मुझे बताया कि
कितनी समानता थी हम दोनों में
हम दोनों की ही जड़ें इस भूरी-लाल धरती में गहरे तक हैं
हम शक्ति लेते हैं इसके धूसरपन से, इसकी लालिमा से
इसका अद्भुत सिन्दूरी रंग धारण कर
थिरक उठते हैं हम
यह हमें कई-कई ज़िंदगियाँ देती है.

शायद ज़िन्दगी थी वह
पर मृत्यु की तरह उसने जीता था सबको
और लपेटा था सबको असीम की तरह अपने आलिंगन में.

अब नहीं मिलती वह कभी मुझे
पहाड़ों के पीछे से निकलती हुई
लेकिन जाते-जाते समझा गई वह मुझे
सूक्ष्म से अनंत तक का सफ़र
सूक्ष्म से अनंत के बीच का फ़ासला
और यह भी कि
हमें खुद के लिए न सही पर
उनलोगों के लिए गाते रहना चाहिए
जो अपने ख़ालीपन को संगीत से भरना चाहते हैं

३.

ओ जीसस
मैंने खुद तुम्हारा क्रॉस चुन लिया है और धारण कर लिया है तुम्हारा काँटों से बना ताज
एफ्रोदिती (अमरीका में सौन्दर्य की देवी) और इश्तार (लेबनान में सौन्दर्य की देवी) की फूलों भरी दुनिया को तजकर
मुझे ज़्यादा ख़ूबसूरत और आकर्षक लगा तुम्हारा काँटों का ताज
बनिस्बत चम्पई माला के
मुझे ज़्यादा पसंद आई रक्त और आंसुओं की ख़ुशबू इत्र की ख़ुशबू की अपेक्षा.

पहले मुझे डर लगता था इस भरी-पूरी दुनिया में भी
पर अब…
अब मैं भूत-प्रेतों से भरी अपनी अँधेरी गुफ़ा में अकेली रहने से भी नहीं डरती
क्योंकि एक बार स्वर्ग और ईश्वर को आँखों में भर लेने के बाद
किसी चीज़ से डर नहीं लगता.

आज मैं अँधेरी गुफ़ा में बढ़ता एक पेड़ हूँ
जिसमें फूल और फल आने कि कोई संभावना नहीं होती.
पर मैंने इन अंधेरों में भी खिलाए हैं सतरंगी फूल
बिखेरी हैं रोशनियाँ-रंगीनियाँ
मैंने इतनी विस्तृत कर ली हैं अपनी शाखाएं
कि वह लहरा सकें दिन के उजाले में भी.
हर तूफ़ान के सामने खड़ी हूँ दृढ किले के समान
मेरे हृदय के राख़ में अब भी रोशन है एक मशाल और टूटे पंखों वाला वह पक्षी
जो अब भी कल्पना करता है विशाल आकाश की और सबसे ऊंची उड़ान की.

हालांकि यह दुनिया मुझे हरपल डराना चाहती है
और डराने की तमाम कोशिशें करती भी है
पर कितनी नासमझ है वह
क्यों भूल जाती है वह कि
डूबा हुआ गीलेपन से क्या डरेगा ?

सूर्य की किरणों और ताज़ी हवाओं की तरह आज़ाद मेरे वजूद को
इसलिए पसंद है अपना चुना यह अँधेरा
क्योंकि यहाँ मुझे उजाले के सांप नहीं डंसते हरपल
न ही प्रकाश में रहनेवाले भेड़िए झपट्टा मारते हैं.

कभी सोचा है किसी ने कि
वह कौन सा आध्यात्मिक नियम या कौन सा लम्हा होगा
जिसके अनुसार
मैंने ज़िन्दगी को सामने छोड़कर मौत को चुना होगा ?

इन दिनों इस अँधेरी सन्न गुफ़ा में
मैं हर लम्हा सुनती हूँ
कई-कई जिंदगियों के अलग होने का चीत्कार
शून्य में निरंतरता का चीत्कार
विराट शक्तियों की स्थिरता में एक दुर्बल शक्ति का चीत्कार
जीवन और मृत्यु के पैरों तले हताश पड़ी एक वीरांगना का चीत्कार.

मैं विचार बनकर पैदा होती हूँ
आह बनकर मरती हूँ और
अदृश्य हो जाती हूँ छाया बनकर हरपल.

मेरी ज़िन्दगी रात के समापन-बिंदु से शुरू होती है और ख़त्म हो जाती है
भोर की पहली किरण के साथ
जैसे अन्धकार की आँखों से टपकी आंसुओं की बूँदें
सूख गईं हों, उड़ गईं हों वाष्प बनकर रोशनी के स्पर्श से
जैसे एक मोती
बड़ी लहर के साथ आया हो समुद्र-तट पर
और तत्क्षण, दूसरी लहर ले जाए उसे
समुद्र की अटल गहराइयों में
एक एहसास जो जगमगा जाए हृदय को और क़त्ल कर जाए आत्मा का.

धीरे-धीरे टूटे पंखों वाले पंछी के विशाल डैनों की छाया
फ़ैल रही है मौत के आगोश की तरह
और एक गहरी और मनहूस ख़ामोशी की कर रही है रखवाली
और हरपल दफ्न कर रही है मेरी रूह को.

इन दिनों गिरने लगी हैं मेरे शरीर पर दुःख और कटुता की बूँदें
फूलों और घासों ने मना कर दिया है मुझे अपनी प्राणशक्ति देने से
मेरे माथे पर खिंच गईं हैं विषाद की गहन रेखाएं
हवा ने छीन ली है मुझसे प्राणवायु
और मिटटी ने पैरों तले की घास भरी हरी-भरी मख़मली ज़मीन
चटकने लगी हैं मेरी अस्थियाँ
चारों ओर नज़र आने लगी है विनाश की छाया
और कुछ भी सुनाई नहीं पड़ता सिवाय अपने व्याकुल हृदय की धड़कन के.

सपाट ज़मीन तब्दील हो गई है ऊबड़-खाबड़ रास्ते में
फिर भी किसी तरह उन रास्तों पर पैर जमाकर
सूर्य की ओर देखती हुई चलती हूँ मैं
लाख एहतियात के बावजूद पैरों में लिपटते जाते हैं पत्थरों और काँटों के बीच सोए सांप
रात की डरावनी आवाजें मेरी हंसी उड़ाती हैं दिन की प्रखर किरणों के बीच भी
और कहानी कहती हैं
लिली की तरह खिली
अपने चरम यौवन को प्राप्त एक युवती की
जिसका सिर तीखी दरांत से काट दिया गया हो और
उसकी ज़िन्दगी में अनायास आ गया हो पतझड़
और उसे दिखने लगी हों तूफ़ान के पहले कांपते पेड़ों की नंगी शाखाएं.
उसकी ज़िन्दगी से बसंत चला गया हो
बीत गई हो गर्मी और पतझड़ भी
टल गया हो तूफ़ान भी
हवाओं ने उड़ा दिए पेड़ों से पीले पत्ते और रास्ता बनाया आनेवाली शीत ऋतु के लिए.

अब मैं अकेली थी अपने सपनों के साथ
इस सुनसान शहर में
इस अनजान नगर में
ये सपने कभी मेरी रूह को आसमान में उड़ा ले जाते और कभी
पृथ्वी की गहरी छाती में दफ्न कर देते
शीत ऋतु रोती-चीखती आ गई थी.

मैं एक घायल हिरणी बन गई थी
जो तबतक अपने झुण्ड को छोड़कर गुफ़ा में रहती है
जबतक घाव भर न जाए
या फिर वो मर न जाए.

भावावेग अब व्याकुलता में तब्दील होने लगा था और मेरे हृदय से ख़ून चूस रहा था.
मैंने समुद्र की गहराई में फेंके जानेवाले चक्की के पाटों की तरह
खुद को फेंक दिया था
अपने ही मन की अटल गहराइयों में
मेरी खुशियाँ रेत पर पड़े पदचिन्हों में तब्दील हो गईं थीं
जो लहरों के आनेतक ही समुद्र के किनारे पर रह पाते हैं.

पहले मैं रोशनी में आँखें बंद करके चलती थी
आज खुली आँखों से अँधेरे में चलती हूँ
एक अनोखी लड़की में बदल चुकी हूँ मैं
जो सुषुप्ति और जागृति के बीच रह रही है.
मेरे हाथों में अतीत की मिटटी है और भविष्य के बीज
मैं प्यार और हताशा के दो प्रेतों के बीच खड़ी हूँ
ज्योंही, एक उँगलियों से अपने पंख फैलाकर मेरे गले तक पहुँचता है
उसी क्षण, दूसरे का कभी हृदयविदारक रुदन सुनाई पड़ता है तो
कभी-कभी घृणित हंसी.

वो पेड़,
पहाड़ों के पीछे से उगता चाँद
वह चांदनी और वह स्तब्धता
जिनमें कभी मेरी जान बसती थी
सब भयावह और बदसूरत लगने लगे हैं.
तारों के बीच उगा चाँद मोमबत्तियों से घिरा ताबूत में पड़े शव के चेहरे-सा लगने लगा है इनदिनों.
कायनात की ख़ूबसूरती, उसका तिलिस्म और उसके ज़र्रे-ज़र्रे से फूटती रोशनी
अब आग में तब्दील होने लगी है
और झुलसाने लगी है मेरी रूह तक को.
वह शाश्वत संगीत
जो मेरी आत्मा तक उतरकर मुझे सुकून पहुंचाता था
अब शोर बन गया है.
मुझमें बसता था कभी जो विराट पीपल
वह धीरे-धीरे अब धुएं के स्तम्भ में तब्दील हो गया है.
ज़िन्दगी की दोपहर में एक विशाल शिला-सी अजेय खड़ी मैं
भटकने लगी हूँ उन गुफ़ाओं में रात की दुखी भिखारिन-सी
फिर धीरे-धीरे बदलने लगी हूँ सुबह की चमकती हुई, अनंत के गीत गाती हुई छोटी-सी धारा से
बिना बच्चे की माँ के आंसुओं भरे विलाप में.

मैं डरी-डरी, सहमी-सहमी सी, दुबकी-सी
भूकंप में दब गए किसी संगमरमर खंड-सी
चुप बैठी रहने लगी हूँ आजकल
मेरे दिल के धागे इतने कमज़ोर हो चुके हैं
कि एक ज़रा-सी तेज़ सांस भी उन्हें तोड़ दे.
मैं मृत्यु के प्याले से जीवन और
जीवन के प्याले से मृत्यु का पेय पी रही हूँ इन दिनों.

शायद किसी जादूगरनी की आत्मा मुझमें प्रवेश कर गई है
मेरे आंसू होंठ बनने लगे हैं और बुदबुदाने लगे हैं कोई मंत्र
ताकि कायनात के चारों ओर उठी लपटों से
राख़ होती जा रही सृष्टि को थोड़ा नम किया जा सके.

आजकल रात की स्तब्धता में मुझे सुनाई देती है उसी टूटे डैने वाले विशाल पंछी के पंखों की सरसराहट
उसकी फड़फड़ाती हुई आत्मा का क्रंदन
उसकी आहें
मुझे दिखाई पड़ने लगे हैं आजकल उसकी मौत के संकेत चिन्ह
मैं रात के अँधेरे के साथ उसकी छाया को आते
और भोर की पहली किरण के साथ उसे जाते हुए देखती हूँ हर रोज़.

मेरा दिल उपवन से युद्धभूमि में बदलने लगा है
सपाट मैदान-सा
जहाँ पेड़ जड़ से उखड जाते हैं
घास जल जाती है
पत्थर ख़ून से सन जाते हैं
जहाँ की धरती हड्डियों और खोपड़ियों से पाट दी जाती है.
फिर सब शांत हो जाता है
जैसे कुछ हुआ ही न हो
छा जाति है अदम्य शान्ति.
इस मनहूस शान्ति में बुलबुल के गीतों को वादियाँ निगल चुकी होती हैं
गुलाब की पत्तियों को हवाओं ने तोड़कर बिखेर दिया होता है
मदिरा के प्याले पैरों तले कुचल दिए गए होते हैं
रात की मादक नर्म बयार तूफ़ानी हवा में बदल चुकी होती है.

मैं एक प्यासे परिंदे-सी
साँपों से घिरे झरने पर मंडरा रही हूँ
न जाने कबसे
और तबतक फड़फड़ाती रहूंगी शायद
जबतक प्यास मुझे बेजान न कर दे.

बुलबुल के पंखों की तरह चंचल मेरी आँखें अब पथराने लगी हैं
पर नहीं भूली हूँ मैं कि दुःख में भी बुलबुल गाती ही है.
मैं भी गाऊंगी बुलबुल बनकर, जिंदा रहकर
अँधेरा छाने तक
वसंत के गुज़र जाने तक
दुनिया के ख़त्म हो जाने तक
अनंत काल के लिए
चाहे गाते रहना पड़े
आख़िरी सांस तक मुझे
जीवन का अंतिम गीत
मौत का गीत.
अपनी आवाज़ को ख़ामोश नहीं होने दूँगी मैं
कभी नहीं होने दूँगी मौन
क्योंकि वह दुनिया के साथ-साथ
मुझे भी, खुद को भी ज़िन्दगी देती है.
अपने टूटे हुए पंखों के लिए, ज़ख्मों के लिए
ढूंढूंगी कोई न कोई मरहम
क्योंकि जब मैं अपने पंख फड़फड़ाती हूँ तो मेरे दिल पर से काले बादल छंट जाते हैं.

मैं बचा लाऊंगी खुद को
उन शहरी समुद्री सांपों से
जो बहुत सारी स्पर्शिकाओं से जकड लेते हैं अपने शिकार को
और अपनी बहुमुखी प्रतिभा से उसका ख़ून चूसते हैं पल-पल.

अपनी मौन वेदना की अनुगूंज खुद ही सुनती हूँ
गहरी व्यथा का लबादा ओढ़े-ओढ़े.

चुम्बनों की मिठास और आंसुओं का खारापन समेटे
बीच समुद्र में एक नौका-सी खड़ी हूँ
नियति के रंगमंच पर
जहाँ ज़िन्दगी अपनी भूमिका निभा चुकी है
और मौत की पारी चल रही है.
ज़िन्दगी के दौरान सागर में उठे ज्वार
अब ऊंची-ऊंची लपटों में बदल गए हैं
और मेरी देह पर छोड़ रहे हैं दहकते पीले, नारंगी, सिन्दूरी चुम्बनों के निशान.

जीवन की मधुरता और कडवाहट से मिश्रित
अलौकिक मदिरा के प्याले-सी छलकती मेरी आँखें
गुनगुनाती हैं वही ख़ूबसूरत धुन
जो कभी ज़िन्दगी के होंठों पर हुआ करती थी
पर आज वह एक ख़ामोश ज़मींदोज़ राज है
जहाँ चढ़ाई गई गुलाब की सूखी पत्तियों पर
हर सुबह गिरते हैं
मेरी आँखों से शबनम के दो क़तरे.

हैं कुछ कड़वी यादें
जिन्होंने मेरे आस-पास बुन दिया है मायूसी का ऐसा जाल जिससे मैं निकल ही नहीं पाती.

कभी जिन परिंदों की चहक और झरनों की झर-झर मुझे भर देती थी ज़िन्दगी से
आज उस चहक और उस झर-झर को सुनकर मैं बेवज़ह ही हो जाति हूँ ग़मगीन.
लेकिन सादगी से भरा यह ख़ालीपन, यह रीतापन
मुझे मस्ती से भर देता है कई-कई बार.

महसूस करती हूँ खुद को मुर्दा-सी
बर्फ़ में जमी एक लाश की तरह

शायद मैं जज़्बाती हूँ और अज्ञानी भी
तभी सबसे ज़्यादा बदकिस्मत भी हूँ.
शायद इसीलिए झूल भी रही हूँ
दो अनजानी आसमानी शक्तियों के बीच.
एक मुझे ऊपर उठाती है…सपने दिखाती है…अपने वजूद की ख़ूबसूरती से वाकिफ़ कराती है
तो दूसरी, मुझे ज़मीन से बाँध देती है
मेरी आँखों में धूल भर देती है
डर और अँधेरे मुझपर हावी हो जाते हैं.

अकेलेपन के नर्म और रेशमी हाथों में जकड़े होने के बावजूद
हर लम्हा गुज़रती हूँ एक रूहानी ख़ुशी से अपने दोस्त ग़म के साथ.
ग़म के थपेड़े सहती हुई
एक अधखिली सफ़ेद लिली बन गई हूँ मैं
जो हवा से कांपती है
दिन निकलते ही अपना दिल खोलकर रख देती है.
और रात के सांचे में अपने पत्तों को वापस समेट लेती है हर रोज़.
पर उस लिली की ज़िन्दगी तमाम झाड़ियों के बीच हो गई है एक तंग पिंज़रे-सी.

जिसका नसीब हो गया है मकड़ियों के जालों से घिरे रहना.
मकड़ियों के जालों के सिवाय उसे कुछ नहीं दीखता
कुछ सुनाई नहीं पड़ता कीड़े-मकोड़ों के रेंगने की ध्वनि के सिवाय.

मैं चारों ओर पहाड़ों से घिरे एक तालाब जैसी हो गई हूँ
जिसकी शांत सतह पर झलकते हैं भूतों, प्रेतों और जिन्नातों के साए और
बादलों, पेड़ों, सूरज और चाँद-सितारों के रंग भी.
लेकिन पानी को उससे निकलने का कोई रास्ता नहीं मिलता
जहाँ से वह कलकल करता हुआ समंदर की ओर बह जाए.

इन दिनों नियति अचानक प्रकट होती है हरपल
किसी न किसी खौफ़नाक रूप में मेरे सामने
और घूरती है मुझे भयावह दृष्टि से
जकड़ लेती है मेरे गले को अपनी नुकीली उँगलियों, अपने नुकीले पंजों से
और पटक देती है घुमाकर मुझे ज़मीन पर
अपने लोहे के पैरों से रौंदती रहती है
फिर चली जाती है अट्टहास करती हुई.
वही नियति जो कभी मुझे पवित्र फ़रिश्ते-सी लगती थी
आज भयानक शैतान लगने लगी है.

इन दिनों ज़िन्दगी के उदास रास्तों पर चलते वक़्त
मेरी आँखों से झरती हैं करुणा भरी किरणें
और समझाती हूँ मैं बार-बार खुद को कि
“ओ आत्मा, तेरे भाग्य में क़ब्र का अँधेरा है,
रोशनी का लालच मत कर.
ओ मेरी रूह…तेरी नियति रसातल की चीख है
इस स्वर्गिक गीत का लालच मत कर.”
यह उस प्यासी आत्मा की चीत्कार है दरअसल
जो झरने के पास खड़ी है
पर झरना जंगली जानवरों से घिरा है
और उसका एक सिरा ऐसे खुला है जैसे
जम्हाई लेते समय किसी खूंखार जानवर का मुंह.

सूर्य क्षितिज के पार से ग़ायब ही रहने लगा है इन दिनों
और चाँद कभी निकलता नहीं.
गहरी काली, बादलों से भरी शाम
बेलिबास कायनात को ढांपने के लिए निरंतर बुनती रहती है एक काला-झीना परदा इनदिनों
फिर यह काला परिधान बर्फ़-सा सफ़ेद भी होता रहता है धीरे-धीरे
जैसे मौत से पहले ही वह मौत से घिर गया हो.
रूह और कायनात दोनों मिलकर भयानक आवाजें निकालने लगी हैं
ऐसे, जैसे उन्होंने मौत का खौफ़नाक चेहरा देख लिया हो
या फिर कुछ शांत आत्माओं से बदला ले रही हों चीख-चीखकर.

कायनात ने मानो कफ़न ओढ़ रखा हो
दूर-दूर तक बर्फ़ ही बर्फ़ है निगाहों में
पर प्रकृति की यह पीड़ा भरी पुकार मुझे नई शक्ति देती है रोज़.

पर इस शक्ति को सोखने रोज़ मेरे सामने आते हैं कुछ विचित्र जीव
जिनकी चोंच चील की है
पंजे चीते के
दांत लकड़बग्घे जैसे हैं उनके
और कपड़े सांप-से
और सांप को कितना ही रख लो पिंजड़े में
वह फ़ाख्ता नहीं बन सकता.
वह अपनी गिरफ़्त में ले लेता है मेरी रूह तक को.

ये वो अजीब जीव हैं
जो मेरे पंखों को रोज़ अपने हाथों से काटने या नोचने की कवायद करते हैं
और चाहते हैं कि मेरी आत्मा को ज़मीन पर रेंगने के लिए छोड़ दिया जाए
कीड़ों की तरह.

सर्दियों के किसी पेड़ के अंतिम पत्ते की तरह
काँप-सी जाती हूँ मैं कई-कई बार.

सुनपेड़ हत्या कांड : तथ्य और प्रतिबद्धता

अनिल कुमार 


प्रमोद रंजन, (सलाहकार संपादक, फॉरवर्ड प्रेस )और संजीव चंदन, (संपादक, स्त्रीकाल) के साथ सुनपेड़ से लौटकर 


20 अक्टूबर 2015 को सुनपेड़, फरीदाबाद में दो दलित बच्चों (ढाई वर्ष के वैभव और ग्यारह महीने की दिव्या) को जिन्दा जला दिया गया और उनकी मां रेखा लगभग 70-80 प्रतिशत जल गई। इन बच्चो के पिता जीतेन्द्र ने कहा कि उसका पड़ोसी (एक राजपूत परिवार) उसका दुश्मन है और उसका वंश खत्म करना चाहता है और इसलिए उसने पूरे परिवार को जला दिया। उसके अनुसार, उसे भी जलाने की कोशिश हुई थी लेकिन वह बच गया। भारत में ऐसा होना आम है। जीतेन्द्र जो भी कह रहा है, भारत की जातीय संरचना को देखते हुए कोई भी उसे सही ही मानेगा।

विवाद की शुरुआत पिछले वर्ष अक्टूबर में हुई जब राजपूत परिवार के एक लड़के का मोबाइल नाली में गिर गया। उसने स्वयं मोबाइल न उठाकर पास खड़े दलित परिवार के लड़के को उसे उठाने को कहा। दलित लड़के ने मना कर दिया। इसके बाद दोनों बच्चो में और फिर दोनों परिवारों में झगड़ा हुआ। यह घटना जीतेन्द्र के घर से मुश्किल से दस मीटर दूर एक दुकान पर हुई। इस घटना की पृष्ठभूमि में महिलाओं के साथ बदसलूकी भी बताई जाती है।

इसके बाद, पिछले वर्ष 5 अक्टूबर को छ: लोगों पर हमला किया गया, जिनमें से तीन की मौत हो गई। सभी छ: लोग राजपूत परिवार से थे। हमले का आरोपी जीतेन्द्र का भाई है, जो अभी जेल में है। जीतेन्द्र का कहना है राजपूत परिवार उस हमले का बदला लेना चाहता है। इसी कारण जीतेन्द्र के घर पर हरियाणा पुलिस के सुरक्षाकर्मी तैनात किये गये थे। घटना के दिन तीन सुरक्षाकर्मी वहां मौजूद थे।

गाँव में हर वर्ष दुर्गा जागरण का कार्यक्रम होता है। इसके आयोजन में जीतेन्द्र के भाई का बड़ा योगदान रहता था। कार्यक्रम में राजपूत परिवार भी शामिल होता था। जागरण, जीतेन्द्र के घर से लगभग सत्तर मीटर की दूरी पर होता है। 5 अक्टूबर, 2014 को जागरण से लौटते वक्त जीतेन्द्र के घर के पास छ: राजपूतों पर चाकू से हमला किया गया, जिनमें से तीन की मौत हो गई।

इस घटना के बाद पीडित परिवार से मिलने राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष पीएल पूनिया, कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गाँधी, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा और मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर सुनपेड़ पहुंचे। इन मुलाकातों के छायाचित्रों में जीतेन्द्र के दोनों हाथो में पट्टी बंधी दिख रही थी लेकिन जब मैं, प्रमोद रंजन, (सलाहकार संपादक, फॉरवर्ड प्रेस )और संजीव चंदन, (संपादक, स्त्रीकाल) 25 अक्टूबर को गाँव पहुंचे तब हमने देखा कि उसके एक हाथ में कुछ भी नहीं हुआ था। यहाँ तक कि रोयें तक नहीं जले थे। दूसरे हाथ की सिर्फ उंगलियाँ ही जली थीं, वह भी ऊपर की तरफ से, जबकि जलने से किसी को बचाने में उंगलियाँ अन्दर की तरफ से जलनी चाहिए। उसने यह भी बताया कि घटना के दिन वह पत्नी और बच्चों के साथ उसी कमरे में सो रहा था। इसके बाद 26 अक्टूबर को हम लोग सफ़दरजंग अस्पताल गये ताकि जीतेंद्र की पत्नी रेखा से उसका पक्ष जान सकें। लेकिन आईसीयू में भर्ती होने के कारण उससे मुलाकात नहीं हो सकी। उसके रिश्तेदारों के अनुसार वह 70-80 प्रतिशत जली थी।

कई राजनीतिक हस्तियों के सुनपेड़ जाने से घटना राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मीडिया में आ गयी। उस समय बिहार में चुनाव हो रहे थे और घटना चुनावी मुद्दा बन गई। केंद्रीय मंत्री वीके सिंह ने ‘कुत्ते को पत्थर’ वाला बयान दिया, जिस पर बिहार के भाजपा के सहयोगी नेताओं ने भी गहरी आपत्ति दर्ज की। 22 अक्टूबर, 2015 को हरियाणा के मुख्यमंत्री सुनपेड में पीडित परिवार से मिले और घटना सीबीआई जांच की सिफारिश कर दी। अनुसूचित जाति पर अत्याचार का पर्याय बन चुके हरियाणा में इससे पहले कई नरसंहार हो चुके हैं और मांग के बावजूद, सरकारें सीबीआई जांच से बचती रही हैं। आखिर इस मामले में इतनी जल्दी सरकार ने सीबीआई जांच के आदेश क्यों दे दिये? क्या इसके पीछे दलित-विरोधी मानी जाने वाली हरियाणा सरकार की कोई विशेष मंशा थी?

राजपूत महिलाओं के आरोप


हम लोग पीडित और आरोपी परिवार के अनेक सदस्यों से मिले। उन तीन राजपूत महिलाओं से भी मिले, जिनके पतियों की हत्या एक साल पहले कर दी गई थी। उन महिलाओं ने कहा कि ‘हमारे पति मारे गये हैं। उनकी हत्या के आरोप में दलित परिवार के लोग जेल में हैं। अब फैसला आने ही वाला है। ऐसे में हम अपना केस क्यों खऱाब करेंगें?’ राजपूतों की हत्या का मुख्य आरोपी जीतेन्द्र का भाई है। दलित परिवारों के अन्य लोग भी आरोपी हैं। जीतेन्द्र ने बताया कि उसका वकील उसी गाँव का है, जो राजपूत है। जीतेन्द्र के किसी भी परिवारजन ने नहीं कहा कि यह जाति की लड़ाई है। दूसरी ओर, राजपूत परिवार के लोगों का कहना था कि ‘यह सब जीतेंद्र का वकील करा रहा है, जो यहाँ की राजनीति पर कब्ज़ा करना चाहता है।’ गौरतलब है कि सुनपेड़ पंचायत का यह वार्ड पहले अनारक्षित था, जो अब अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हो गया है। यहाँ से सिर्फ इन्हीं दो परिवारों के लोग निर्वाचित होते रहे हैं।

पुलिस की प्रारंभिक रिपोर्ट में कहा गया है कि आग बाहर से नहीं बल्कि अन्दर से लगाई गई थी। साथ ही, आग पेट्रोल से नहीं केरोसीन से लगी थी। आरोपी पक्ष इसे पति-पत्नी के बीच झगड़े का नतीजा बताते हुए कह रहा है कि आग जीतेंद्र ने खुद लगाई थी।

तथ्य, तर्क और सामाजिक प्रतिबद्धता


मैंने कोशिश की है कि सभी तथ्यों को ध्यान में रखकर घटना का विश्लेषण किया जाये। पिछले वर्ष के और हालिया कत्लों की जांच सीबीआई कर रही है, जिसके बाद अदालत दोषी और निर्दोष का निर्धारण करेगी। इसलिए मैं कोई निर्णय नहीं सुना रहा हूँ। लेकिन यह सच है कि वहां जाकर मुझे ऐसा नहीं लगा कि यह उस तरह का सिर्फ जाति आधारित मामला है जैसा कि मेरे समानधर्मा मित्रों ने पिछले दिनों सोशल मीडिया पर महज आरंभिक जानकारी के आधार पर प्रकाशित किया था। यही कारण था कि मैं कई दिन तक सोचता रहा कि इस विषय पर कुछ भी न लिखूं। क्योंकि लिखूं तो क्या लिखूं? और कैसे लिखूं? लेकिन मेरी चुप्पी भी क्या राजनीतिक रूप से ठीक स्टैंड होती? क्या यह चुप्पी मेरी सामाजिक प्रतिबद्धता को खंडित नहीं करती? लेकिन अगर मैं उन तथ्यो को लिखता हूं, जो मैंने देखे और महसूस किये, तो मैं इस मामले को लेकर बहुजनों के बीच बन चुकी सामान्य समझ के विपरीत जाता हूं और यह संभव है कि कल मुझे अपने ही बहुजन समुदाय का विरोधी कहा जाए। यही कारण है कि सौ से ज्यादा फोटोग्राफ लेने और लगभग ढाई घंटे से ज्यादा की विडियो रिकॉर्डिंग करने के बाद भी मैंने उसे किसी सोशल मीडिया पर पोस्ट नहीं किया। सोशल मीडिया में घटनाओं को सिर्फ सफ़ेद और काले, सही और गलत के रूप में देखने की प्रवृत्ति है।

प्रतिक्रियाओं का समाजशास्त्र


सुनपेड़ की घटना के बाद फेसबुक पर कई लोगो ने विरोध स्वरूप अपने प्रोफाइल फोटो काले कर लिए। मैं इस पर भी गौर कर रहा था कि किसने अपना प्रोफाइल फोटो काला किया है। इसी बीच भाजपा सरकार में विदेश राज्यमंत्री ने एक गैर-जिमेदराना टिप्पणी की कि ‘अगर कोई किसी कुत्ते को पत्थर मार दे तो क्या इसके लिए भी सरकार जिम्मेदार होगी?’ इन सबका सोशल लोकेशन देखा जाना चाहिए, विरोध करने वालों और क्रूर, गैर-जिम्मेदराना वकतव्य देने वालों, दोनों का। सोशल लोकेशन और चिंतन में गहरा सम्बन्ध है।
सोशल लोकेशन किसी व्यक्ति के सामूहिक, साझा अनुभवों से जुड़ा होता है। मैंने अपने पीएचडी शोध प्रबंध में भी इसका प्रमुखता से जिक्र किया है। जातिगत अत्याचार, विशेषकर अनुसूचित जातियों पर अत्याचार पर कौन बोलेगा, कौन चुप रहेगा और जो बोलेगा वह क्या और कैसे बोलेगा, वह सब पहले से निर्धारित है। जनरल वीके सिंह राजपूत हैं और राजपूत अपनी कथित वीरता के लिए जाने जाते हैं। इसलिए ‘कोई कुत्ते पर पत्थर फेंके तो यह देखना उनका काम नहीं है’ और ‘इसके लिए सरकार जिम्मेवार नहीं है।’ फिर सरकार कौन है, यह सोचने की भी जरुरत है। सरकार और वंचितों का सोशल लोकेशन अलग-अलग है। कुत्ते का किस्सा यहीं ख़त्म नहीं होता। 13 जुलाई, 2013 को भाजपा नेता और उस समय गुजरात के मुख्यमंत्री और वर्तमान में भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गोधरा जनसंहार के सन्दर्भ में कहा था, ‘अगर कोई कुत्ता भी मेरी कार के नीचे आ जाए तो मुझे तकलीफ होती है।’ अप्रैल 21, 2010 को मिर्चपुर आगजनी और नरसंहार की शुरुआत अनुसूचित जाति के एक व्यक्ति के कुत्ते के जाटों पर भौंकने से हुई थी। कुत्ते ने किसी को काटा नहीं था। वह सिर्फ भौंका था। सितम्बर 2010 में भोपाल का एक राजपूत परिवार अपने कुत्ते शेरू को सिर्फ इसलिए घर से निकाल देता है क्योंकि उसे पता चलता है कि उसके कुत्ते ने एक अनुसूचित जाति के व्यक्ति के घर खाना खा लिया है। अब उसका कुत्ता भी अनुसूचित जाति का अर्थात अछूत हो गया है। एक अछूत को राजपूत परिवार कैसे अपने घर में रख सकता है? तमिलनाडू में एक जाति विशेष के लोग अनुसूचित जाति के लोगों पर सिर्फ इसलिए हमला कर देते हैं क्योंकि अनुसूचित जाति के लोगों के कुत्ते से उनकी कुतिया का संपर्क हो गया। यह उस जाति विशेष के आत्मसम्मान के खिलाफ था।

अनुसूचित और वंचित जातियों पर हो रहे अत्याचार से किसे तकलीफ होती है? जिन्हें तकलीफ नहीं होती है, वे कौन लोग हैं? उनकी सोशल लोकेशन क्या है? कई बार लोग कह देते हैं कि कुछ करने की जगह फलाना सिर्फ लिख देता/देती है। मैं पूछता हूँ कि क्या कुछ लोगो में इतनी भी हिम्मत है कि सामाजिक न्याय की बात करने वाले पोस्ट को लाइक भी कर दें? मेरा उत्तर है नहीं। इसलिए मैं एक लाइक को भी सहमति और समर्थन मनाता हूँ। आखिर ऐसा क्यों हुआ कि बिहार चुनाव के दौरान इस घटना का सबसे मुखर विरोध जीतनराम मांझी ने किया, उसके बाद रामविलास पासवान और फिर लालू प्रसाद यादव ने? इन नेताओं में कहीं-न-कहीं उनके प्रति संवेदना थी। यह संवेदना उनके सोशल लोकेशन से आती है। चूँकि इस देश में सोशल लोकेशन साझा नहीं है, इसलिए संवेदनाएं भी साझी नहीं हैं ।
सच क्या है, यह बाद का सवाल है। मूल सवाल यह है कि इस घटना के बाद किसकी संवेदना जागी और किसको लगा ये सब तो होता रहता है। क्या देश का अनुसूचित जाति (साथ ही आदिवासी और पिछड़ा) तबका इस स्थिति में पहुँच गया है कि वह अपने मनमाफिक मीडिया, प्रशासन और जनमानस को ब्लैकमेल कर सके? कानून का दुरूपयोग कर सके?

मेरे निष्कर्ष


पहला, सुनपेड कांड की शुरुआत जाति-श्रेष्ठता की मानसिकता के प्रतिरोध से हुई। पिछले वर्ष अक्टूबर में जब एक राजपूत लड़के का मोबाइल नाली में गिर गया तब उसने अनुसूचित जाति के एक बच्चे से उसे निकालने को कहा। अनुसूचित जाति के लड़के ने ऐसा करने से इंकार कर दिया। इस पर दोनों में झगडा हुआ, जो बाद में दोनों परिवारों के झगडे में बदल गया। मैं इसे सकारात्मक रूप में लेता हूँ। हरियाणा की हिंसा सदियों से शोषित-वंचित वर्गों के प्रतिरोध का नतीजा है। आज कोई किसी की बात सिर्फ इसलिए नहीं मान लेगा कि वह किसी खास जाति से है, जो अपनी बात मनवाने के लिए अपराधिक कृत्य करने से भी नहीं चुकेगा। अगर हत्याएं दलित परिवार ने भी की थीं तब भी मैं उन्हें जायज नहीं ठहरा सकता। लेकिन यह संदेश भी इस घटना में निहित है कि जातिगत श्रेष्ठता के वर्चस्व को अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लेकिन जातिगत श्रेष्ठता के वर्चस्व को कैसे चुनौती दी जाए, यह एक अहम सवाल बना रहेगा।



दूसरा, वर्तमान हत्याकांड, दो परिवारों के बीच राजनीतिक संघर्ष और शक का नतीजा है। इसमें जातीय संघर्ष नहीं, जातीय वर्चस्व निहित है। अब तक सिर्फ इन्हीं दोनों परिवारों के बीच पंचायत की सत्ता रही है। पिछले वर्ष या इस वर्ष के हत्या कांड में किसी पक्ष ने नहीं कहा कि उसका साथ उसकी जाति के अन्य गाँववाले दे रहे थे। एक कोण पति-पत्नी में झगड़े का भी है।

तीसरा, जातिगत हिंसा पर प्रतिक्रिया आज भी व्यक्ति के सोशल लोकेशन पर निर्भर है। जातिवाद, भारतीय समाज के पोर-पोर में इस कदर समाया हुआ है कि व्यक्ति की सोच उसके जन्म से पहले ही निर्धारित हो जाती है! जिन लोगों ने सवर्ण समाज में भी जन्म लेकर अपनी मानसिकता बदली है, यह उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है। इसका स्वागत होना चाहिए, लेकिन सवर्ण समाज से आने वाले अधिकांश लोगो को आज भी नहीं लगता कि वंचित समाजों की समस्याएं उनकी अपनी समस्या हैं, या कम-से-कम इस देश की समस्या है।

चौथा, उपरोक्ति बिन्दुओं पर विचार करने के बाद हम बाबा साहेब आंबेडकर के शब्दों में कह सकते हैं कि ‘भारत एक राष्ट्र नहीं है बल्कि राष्ट्र बनने की प्रक्रिया में है।’ देश में संवेदनाएं भी सामने वाले और खुद की सामाजिक स्थिति और आइडेंटिटी पर निर्भर करतीं है। जो राष्ट्रवाद की बातें करते हैं, वे या तो पाकिस्तान बॉर्डर की बात करते हैं या फिर अपनी कौम की। उनके अनुसार, आरक्षण राष्ट्रहित में नहीं है। यानी, जिन्हें आरक्षण नहीं मिलता वे ही राष्ट्र हैं। समाज के संस्थानों में जब तक सबकी भागीदारी नहीं होगी, जब तक राष्ट्र साँझा नहीं होगा, जब तक समाज में न्याय होता नहीं दिखेगा, जब तक सामान में संवेदनाएं साँझा नहीं होंगीं, तब तक यही माना जाएगा कि एक समाज पर हुए अत्याचार-हमले के लिए दूसरा समाज ही जिम्मेवार है। इस भावना का दुरूपयोग संभव है, हुआ है और होगा। लेकिन इस परिस्थिति में जब सभी संस्थानों पर चंद लोगो का कब्ज़ा है, ऐसे दुरूपयोग की भी कितनी संभावनाएं हैं? दुरूपयोग के लिए जिम्मेवार कौन है? क्या समाज में सच में न्याय हो रहा है? अगर हो रहा है तब दुरूपयोग संभव ही नहीं है और अगर नहीं हो रहा है तब भी हाशिये के लोगों द्वारा दुरूपयोग संभव नहीं है। सच यह है कि भारत जैसे विविधता वाले समाज में, कुछ बाहुबली कौमों का बोलबाला है, जो अपनी बात मनवाने के लिए अपराधिक कृत्य भी कर सकता है, जिसे मीडिया दबंग कहता है। एक समाज जिसके पास न शासन है न प्रशासन है और न हीं सशक्त राजनीतिक ताकत, उसके पास बहुत कम विकल्प बच जाते हैं।

लेखक समाज शास्त्र पढ़ाते हैं. 

मातृ-मृत्यु का नियंत्रण महिला -स्वास्थ्य का जरूरी पहलू : चार्म

डाॅ. शकील-उर-रहमान


( कल बिहार में नालंदा सहित अन्य जिलों के विधानसभाओं में मतदान होने जा रहा है. पिछले दो चरणों में महिला मतदाताओं ने बढ़ -चढ़ कर मतदान किया. महिला मतदाताओं की बढ़ी संख्या के अपने कारण हैं -यह आने वाले दिनों में शोध से ज्यादा विश्लेषित हो सकेगा. यूं तो बिहार का चुनाव बड़े दलों के द्वारा मुद्दा –  विहीनता का शिकार है, लेकिन बिहार में विकास के विविध पहलू मुद्दा तो हैं , भले ही चुनाव में मुख्य रूप से प्रतिद्वंद्वी राजनीतिक दल इसपर केन्द्रित बातचीत नहीं कर रहे. समेकित विकास का एक विशेष पहलू स्वास्थ्य है. महिला मतदाताओं के उत्साहपूर्ण मतदान की खबरों के बीच सामाजिक संस्था चार्म के द्वारा महिला स्वास्थ्य पर किया गया यह शोध महत्वपूर्ण है. यह शोध बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह -जिला नालंदा में किया गया है – मातृ-मृत्यु जैसे महिला -स्वास्थ्य के गंभीर मुद्दे पर, ख़ास कर दलित और मुस्लिम महिलाओं के स्वास्थ्य  पर . नालंदा जिले के विधानसभाओं में कल मतदान के पूर्व संध्या पर शोध का प्रमुख हिस्सा स्त्रीकाल के पाठकों के लिए . ) 

सौजन्य : गूगल साभार

सेंटर फाॅर हैल्थ एण्ड रिसोर्स मैनेजमेंट (सीएचएआरएम) पिछले कुछ वर्षों से बिहार के दो जिलों के 9 ब्लाकों में समुदाय-आधारित मातृ मृत्यु समीक्षा करता आ रहा है। यह रपट, बिहार के नालंदा जिले के 7 ब्लाकों में मातृ मृत्यु के कारणों पर केन्द्रित  है। 
मातृ मृत्यु के इस शाब्दिक शव परीक्षण का उद्देश्य मातृ मृत्यु के कारणों को समझना और इसमें कमी लाने के लिए सभी स्तरों पर उपयुक्त कार्यवाही को प्रोत्साहन देना है। यह समीक्षा हमें यह समझने में मदद करेगी कि राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन की योजनाओं के लागू होने से मुस्लिम और दलित महिलाओं के स्वास्थ्य की गुणवत्ता में कितना सुधार आया है। यह समीक्षा सीएचएआरएम द्वारा ‘पुअरेस्ट एरियास सिविल सोसायटी (पीएसीएस)’  के सहयोग से की गई है। 
डाॅ. शकील-उर-रहमान
सेंटर फाॅर हैल्थ एण्ड रिसोर्स मैनेजमेंट, 
पटना

शब्द संक्षेप 
एएनसी    : एंटे नेटल केयर (प्रसूति पूर्व देखभाल)
एएनएम    : आक्सीलरी नर्स मिडवाईफ (सहायक नर्स दाई)
एडब्ल्यूसी            :     आंगनवाड़ी केंद्र
एडब्ल्यूडब्ल्यू   : आंगनवाड़ी कार्यकर्ता
सीबीएमडीआर   : समुदाय आधारित मातृ मृत्यु समीक्षा
सीएचएआरएम   : सेंटर फाॅर हैल्थ एण्ड रिसोर्स मैनेजमेंट
सीएचसी  :      सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र
सीएस  : सिविल सर्जन
सीएसओ          : नागरिक समाज संस्था
डीएलएचएस   : डिस्ट्रिक्ट लेवल हाउसहोल्ड एंड फेसेलिटी सर्वे
ईएजी   : एम्पावर्ड एक्शन ग्रुप
ईएमओसी   :  इमरजेंसी आब्सटेट्रिक केयर
एफबीएमडीआर   : फेसिलिटी बेस्ड मेटरनल डेथ रिव्यू
एफएचडब्ल्यू   : फ्रंटलाईन हैल्थ वर्कर्स
एचएससी  :      स्वास्थ्य उपकेंद्र
आईसीडीएस  : समन्वित बाल विकास योजना
आईईसी  :     सूचना, शिक्षा, संवाद
आईएफए :     आयरन, फोलिक एसिड
एमडीआर   :     मातृ मृत्यु समीक्षा
एमएमआर : मातृ मृत्यु अनुपात
एमडीजी : सहस्राब्दी विकास लक्ष्य
एमआईएस : प्रबंधन सूचना प्रणाली
एमओआईसी  : प्रभारी चिकित्सा अधिकारी
एमटीपी  : मेडिकल टर्मिनेशन आॅफ प्रेग्नेन्सी
एनएफएचएस  : राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण

एनआरएचएम  : राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन
पीएचसी : प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र
पीएनसी : प्रसूति पश्चात देखभाल
आरसीएच :         प्रजनन और बाल स्वास्थ्य
आरजीआई : भारत के महापंजीयक
आरएमपी         :  रूरल मेडिकल प्रेक्टिशनर
एससी : अनुसूचित जाति
एसआरएस : नमूना पंजीकरण प्रणाली
टीबीए : ट्रेडिशनल बर्थ अटेंडेंट
यूएनएफपीए : संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष
यूनिसेफ : संयुक्त राष्ट्र बाल कोष
व्हीएचएनडी : ग्राम स्वास्थ्य व पोषण दिवस
व्हीएचएसएनसी : विलेज हैल्थ सेनिटेशन एंड न्यूट्रिशन कमेटी
डब्ल्यूएचओ :      विश्व स्वास्थ्य संगठन
डब्ल्यूआरए : प्रजनन योग्य आयु की महिलाएं

1. भूमिका
1.1 संदर्भ

वर्तमान में गर्भावस्था और प्रसव के दौरान महिलाओं की मृत्यु रोकना, भारत के लिए एक बड़ी चुनौती बनी हुई है। भारत में हर 10 मिनट में गर्भावस्था से जुड़े किसी कारण से एक महिला की मौत हो जाती है। गर्भवती महिलाओं में से 15 प्रतिशत के मामले में किसी न किसी प्रकार की चिकित्सकीय जटिलता उभरने की संभावना रहती है। हर साल लगभग 48,000 मातृ मुत्यु होती हैं। इसके अतिरिक्त, लाखों महिलाएं और नवजात शिशु गर्भावस्था व प्रसव से जुड़ी विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं से पीडि़त होते हैं। इस तरह, गर्भावस्था से जुड़ी मृत्यु व बीमारियां भारतीय महिलाओं और उनके नवजात शिशुओं के जीवन पर गहरा प्रभाव डालती हैं।
एमडीजी5 के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में कितनी प्रगति हुई है, इसका आंकलन मुश्किल है क्योंकि कई देशों – विशेषकर विकासशील देशों, जहां मातृ मृत्यु दर अधिक है –   के मातृ मृत्यु संबंधी विश्वसनीय आंकड़े उपलब्ध नहीं हैं। विकासशील देशों में मृत्यु के पंजीयन की व्यवस्था अक्सर बहुत अच्छे से काम नहीं करती और नतीजतन, समुदाय में होने वाली कई मौतों का कोई रिकार्ड ही उपलब्ध नहीं होता। अगर मृत्यु का पंजीकरण कर भी लिया जाता है तब भी मृत्यु का कारण ठीक-ठीक नहीं लिखा जाता। जाहिर है कि मातृ मृत्यु का पंजीकरण भी इस व्यवस्थागत कमी का अपवाद नहीं है।
मातृ मृत्यु को किसी महिला की गर्भावस्था, प्रसव या गर्भावस्था के समापन के 42 दिनों के अंदर हुई ऐसी मृत्यु के रूप में परिभाषित किया जाता है, जिसका कारण (दुर्घटना या आकस्मिक कारणों को छोड़कर) गर्भावस्था या उसके प्रबंधन से जुड़ा हो या जिससे उसकी गंभीरता में वृद्धि हुई हो। इस संदर्भ में गर्भावस्था की अवधि का कोई महत्व नहीं है।
मातृ मृत्यु अनुपात प्रति 1,00,000 जीवित जन्म पर ऐसी महिलाओं की संख्या है, जिनकी गर्भावस्था, प्रसव या गर्भावस्था के समापन के 42 दिनों के अंदर ऐसे कारण (दुर्घटना या आकस्मिक कारणों को छोड़कर) से मृत्यु हो जाती है, जो गर्भावस्था या उसके प्रबंधन से जुड़ा हो या जिससे उसकी गंभीरता में वृद्धि हुई हो। इस संदर्भ में गर्भावस्था की अवधि का कोई महत्व नहीं है।

लक्ष्य 
मातृ स्वास्थ्य में सुधार, आठ सहस्राब्दि विकास लक्ष्यों में से पांचवा है। इन लक्ष्यों को संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा सहस्राब्दि शिखर सम्मेलन में स्वीकार किया गया। अंतर्राष्ट्रीय समुदाय ने मातृ मृत्यु अनुपात घटाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की और 1990 से 2015 के बीच इसमें एमडीजी के पर्यवेक्षण ढांचे के अधीन, 75 प्रतिशत की कमी लाने का लक्ष्य तय किया। एमएमआर, एमडीजी5 के लक्ष्यों की प्राप्ति के प्रयासों की सफलता का महत्वपूर्ण मापदंड है।

1.2 भारत और बिहार में एमएमआर
भारत में मातृ मृत्यु अनुपात (एमएमआर) में तेज़ी से कमी आई है। सन 1997-98 में 398/1,00,000 जीवित जन्म से घटकर सन 2001-03 में यह 301/1,00,000 जीवित जन्म रह गई। सन 2004-05 में यह दर 254/1,00,000 जीवित जन्म थी,  जो ताज़ा आरजीआई-एसआरएस सर्वेक्षण रपट के अनुसार सन 2012 (एसआरएस) में 178 रह गई थी। परंतु एनआरएचएम व एमडीजी के 100 प्रति 1,00,000 जीवित जन्म का लक्ष्य हासिल करने के लिए एमएमआर में कमी की दर को तेज़ किया जाना आवश्यक है। इसके लिए तकनीकी रणनीतियों को लागू किए जाने की प्रक्रिया में तेज़ी लानी होगी और मातृ स्वास्थ्य के क्षेत्र में सार्थक हस्तक्षेप करने होंगे। देश के विभिन्न क्षेत्रों में मातृ मृत्यु की दर में भारी विभिन्नता है। इसके पीछे आपातकालीन/प्रसूति देखभाल तक पहुंच, प्रसूति पश्चात देखभाल व महिलाओं में एनिमिया की दर, महिलाओं के शैक्षणिक स्तर व अन्य कारकों में भिन्नता है।
लगभग दो तिहाई मातृ मृत्यु ईएजी (एम्पावर्ड एक्शन ग्रुप) राज्यों-बिहार, झारखंड, ओडिसा, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड व असम में होती हैं। ये राज्य उन 18 राज्यों में शामिल हैं जिन पर एनआरएचएम का फोकस है।
बिहार में मातृ मृत्यु अनुपात सन 1997-98 में 531 से घटकर 2004-06 में 312 प्रति 1,00,000 जीवित जन्म रह गया। दिसंबर 2013 में जारी ताज़ा एसआरएस की रपट के अनुसार 2010-12 में यह 219 प्रति 1,00,000 जीवित जन्म था।

1.3 मातृ मृत्यु के प्रत्यक्ष व परोक्ष  दोनों कारण हैं
प्रसूति से संबंधित व उससे संबद्ध प्रत्यक्ष कारण हेमोरेज, सेप्सिस, एक्लेम्पसिया, आब्सट्रक्टिड लेबर, गर्भपात, एनिमिया इत्यादि हैं। इनके पीछे मूलतः सामाजिक, व्यवहार संबंधी, सांस्कृतिक व आर्थिक कारक हैं।
बिहार में प्रतिवर्ष लगभग 30,00,000 महिलाएं गर्भधारण करती हैं। इनमें से लगभग 6,500 मातृ मृत्यु का शिकार होती हैं। 
तीन विलंब बनते हैं मातृ मृत्यु का कारण- 
1 निर्णय लेने में विलंब।
2. उपयुक्त चिकित्सा संस्थान में पहुंचने में विलंब।
3.  संस्थान में चिकित्सकीय सहायता मिलने में विलंब।

1.4 मातृ मृत्यु समीक्षा (एमडीआर) की आवश्यकता
एमडीआर का उद्देश्य है मातृ मृत्यु और गर्भावस्था व प्रसव से जुड़ी बीमारियों में कमी लाना। एमडीआर का लक्ष्य है मातृ मृत्यु के कारणों को समझना और सभी स्तरों पर उपयुक्त कार्यवाही का उत्प्रेरण। एमडीआर से हम उन कमियों और कारणों की पहचान कर सकते हैं, जो मातृ मृत्यु का कारण बनती हैं और इन कमियों को दूर करने और सेवाओं में सुधार के लिए जरूरी कदम उठा सकते हैं। एमडीआर की प्रक्रिया का इस्तेमाल सेवा प्रदाताओं के विरूद्ध दंडात्मक कार्यवाही के लिए नहीं किया जाना चाहिए।
मातृ मृत्यु समीक्षा दो तरीकों से की जा सकती है-सुविधा आधारित मातृ मृत्यु समीक्षा (एफबीएमडीआर) व समुदाय आधारित मातृ मृत्यु समीक्षा (सीबीएमडीआर) जिनको नीचे परिभाषित किया गया है।
एफबीएमडीआर के अंतर्गत स्वास्थ्य संस्थानों में मातृ मृत्यु के चिकित्सकीय व प्रणालीगत कारणों की पहचान की जाती है। सीबीएमडीआर में दिवंगत महिला के परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों, पड़ोसियों, अन्य सूचना प्रदाताओं और देखभाल करने वालों का साक्षात्कार एक विशेष तकनीक से किया जाता है जिसे वर्बल आॅटोप्सी (मौखिक शव विच्छेदन) कहा जाता है। इसके ज़रिए मातृ मृत्यु के विभिन्न कारकों-चाहे वे चिकित्सकीय हों या सामाजिक-आर्थिक या प्रणालीगत की पहचान की जाती है ताकि स्वास्थ्य प्रणाली, विभिन्न स्तरों पर ऐसे सुधारात्मक उपाय कर सके जिनसे ऐसी मृत्यु में कमी आए।

मातृ मृत्यु समीक्षा करने व यह समझने कि महिलाएं गर्भावस्था से जुड़े कारणों से क्यों काल कवलित हो जाती हैं, के कुछ अन्य तरीके भी हैं जैसे मातृ मृत्यु की गुप्त जांच, जो महिलाएं मौत की कगार पर पहुंच कर लौट आईं उनसे बातचीत व साक्ष्य आधारित चिकित्सकीय संपरीक्षा

1.5 मातृ मृत्यु के अभिलेख रखने की व्यवस्थाएं
भारत के राज्यों में मातृ मृत्यु के अभिलेख रखने और महत्वपूर्ण आंकड़ों के संकलन के लिए निम्न व्यवस्थाएं होती हैं।
1. नागरिक पंजीकरण प्रणाली।
2. स्वास्थ्य विभाग का एमआईएस।
3. नमूना पंजीकरण प्रणाली (एसआरएस)
4. समन्वित बाल विकास योजना (आईसीडीएस)।

इस पृष्ठभूमि में विभिन्न समुदायों के हाशिए पर पड़े वर्गों में मातृ मृत्यु की घटनाओं का पोस्टमार्टम  किया गया है,  ताकि उनके कारणों को समझा जा सके और मातृ मृत्यु व उससे जुड़ी बीमारियों में कमी लाई जा सके।

सीबीएमडीआर का मुख्य उद्देश्य उन विलंबों और कारणों की पहचान करना है,  जो मातृ मृत्यु का कारण बनते हैं. ताकि स्वास्थ्य प्रणाली में विभिन्न स्तरों पर सुधारात्मक उपाय किए जा सकें। इस प्रक्रिया का पहला कदम होगा मातृ मृत्यु की पहचान; दूसरा कदम होगा उन कारकों/कारणों – चाहे वे चिकित्सकीय हों, आर्थिक-सामाजिक या प्रणालीगत-की जांच करना जिनके कारण मातृ मृत्यु हुई और तीसरा कदम होगा इन कारकों/कारणों के संदर्भ में उपयुक्त सुधारात्मक उपाय करना जिनमें सूचना संप्रेषण शामिल हैं।

2 समीक्षा प्रविधि

2.1 समीक्षा के लक्ष्य
बिहार के नालंदा जिले में मुस्लिम व दलित महिलाओं में मातृ मृत्यु के निर्धारक तत्वों का स्थितिजन्य विश्लेषण करना। 
2.2 समीक्षा विधि
समीक्षा के लिए गुणात्मक प्रणाली का इस्तेमाल किया गया। अनुसंधानकर्ताओं ने समीक्षा अवधि के दौरान हुई 53 मौतों के बारे में जानकारी शाब्दिक शव विच्छेदन के जरिये एकत्रित की और इसके  विश्लेषण से मातृ मृत्यु के लिए जि़म्मेदार परिस्थितियों व कारकों को समझा। शाब्दिक शव विच्छेदन एक ऐसी तकनीक है जिसके ज़रिए जिन महिलाओं की गर्भावस्था/गर्भपात/प्रसव/प्रसव के 42 दिन के भीतर मृत्यु हुई, उनके परिवारजनों, रिश्तेदारों, पड़ोसियों, अन्य सूचनादाताओं व सेवा प्रदाताओं से उनके ही शब्दों में यह बताने को कहा जाता है कि उनके अनुसार मृत्यु का कारण क्या था। इससे मां की मृत्यु के चिकित्सकीय व गैर-चिकित्सकीय (सामाजिक-आर्थिक सहित) कारकों की पहचान करने में मदद मिलती है।
अनुसंधानकर्ताओं के दो दल बनाए गए और उन्हें शाब्दिक शव विच्छेदन करने का प्रशिक्षण दिया गया। जांच में उस प्रारूप का इस्तेमाल किया गया, जिसे एनआरएचएम के अंतर्गत समुदाय आधारित मातृ मृत्यु समीक्षा के लिए विकसित किया गया है। प्रशिक्षण के तुरंत बाद दोनों दलों ने मार्च से मई 2015 के बीच मातृ मृत्यु समीक्षा की।
2.3 समीक्षा अवधि
प्रजनन योग्य आयु वर्ग (15-49 वर्ष) की महिलाओं की 1 जनवरी 2014 से लेकर 31 दिसंबर 2014 तक हुई मातृ मृत्यु।
2.4 समीक्षा क्षेत्र
यह समीक्षा बिहार के नालंदा जिले के सात ब्लाकों में की गई। नालंदा जिला 2367 वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है और इसकी कुल आबादी 28,72,427 है। यह मुख्यतः कृषि आधारित क्षेत्र है। इसके उत्तर व उत्तर पश्चिम में पटना जिला है, दक्षिण में गया, पूर्व में लकीसराय, पश्चिम में जहांनाबाद और दक्षिणपूर्व में नवादा। इस जिले में तीन प्रखण्ड, 20 ब्लाक और 249 ग्राम पंचायतें हैं।

2.5 नालंदा जिले की जनसांख्यिकीय स्थिति 
पुरूष                       महिला                                     कुल
जनसंख्या                          1500839            1371581                                 2872420
ग्रामीण जनसंख्या
(प्रतिशत में)                    84.94                   85.24                                        85.1
साक्षरता दर                    66.4                      38.6                                          53.2
अनुसूचित जाति की जनसंख्या
(प्रतिशत में)                     20.04                   19.93                                         20.0
अनुसूचित जनजाति की
जनसंख्या (प्रतिशत में)     0.0                        0.0                                           0.0
लिंग अनुपात                  :  915
नालंदा की कृषि:        धान के खेत, आलू, प्याज
नालंदा के कारखाने:         हैंडलूम, लघु एवं मध्यम उद्योग
नालंदा की नदियां       फल्गू , मोहाने

2.6 स्वास्थ्य सेवा का भौतिक ढांचा – नालंदा जिला। 
क्र. संख्या संस्था का प्रकार संख्या
1. उपकेंद्र 370
2. प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र 20
3. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र
(अस्थावान, इस्लामपुर, चांदी) 03
4. फर्स्ट  रेफरल यूनिट
(जिला अस्पताल, प्रखंड अस्पताल हिलसा,
प्रखंड अस्पताल राजगिर, रेफरल, अस्थावान,
चांदी व इस्लामपुर) 06
5. एएनएम प्रशिक्षण केंद्र 01

18 वर्ष से कम आयु में विवाह करने वाली लड़कियों का प्रतिशत ( 88-89 तथा 2002-04 दो वर्ष वावाधि में ) 59.2-59.6

विवाह के समय माध्य आयु 16.0
तीन से अधिक संतानों वाली महिलाओं का प्रतिशत : 53.8
सीपीआर 25.6
ऐसी गर्भवती महिलाओं का प्रतिशत जिन्हें कुछ भी एंटेनेटल देखभाल उपलब्ध थी:  41.4 – 33.2
ऐसी गर्भवती महिलाओं का प्रतिशत जिन्हें पूर्ण एंटेनेटल देखभाल उपलब्ध थी :        9.6- 02.0
ऐसी गर्भवती महिलाओं का प्रतिशत जिन्हें दो या अधिक टीटी इंजेक्शन लगे         76.3
ऐसी गर्भवती महिलाओं का प्रतिशत जिन्हें पर्याप्त मात्रा में आयरन व फोलिक एसिड की गोलियां उपलब्ध थीं 05.5

उन महिलाओं का प्रतिशत जिन्होंने गर्भावस्था के दौरान नियमित रूप से दो या अधिक आईएफए टेबलेट ली 06.0
संस्थानिक प्रसव का प्रतिशत 23.1 30.8
सुरक्षित प्रसव का प्रतिशत 36.1 38.0
उन महिलाओं का प्रतिशत जिनका प्रसव घर पर हुआ 69.0
(12-23 माह) के बच्चों का प्रतिशत जिनका पूर्ण टीकाकरण हुआ था 13.1- 18.4
(12-23 माह) के बच्चों का प्रतिशत जिन्हें कोई टीका नहीं लगा 57.6- 48.7
(12-35 माह) के बच्चों का प्रतिशत जिनका पूर्ण टीकाकरण हुआ था 21.8
(12-35 माह) के बच्चों का प्रतिशत जिन्हें कोई टीका नहीं लगा 49.6
तीन वर्ष से कम आयु के ऐसे बच्चे जिन्होंने जन्म के दो घंटे के भीतर स्तनपान शुरू कर दिया 05.0
(पर्याप्त) आयोडाईज्ड नमक का इस्तेमाल 28.2
आरटीआई/एसटीआई के लक्षणों वाली महिलाओं का प्रतिशत 31.9 -38.1
आरटीआई/एसटीआई के लक्षणों वाले पुरूषों का प्रतिशत 10.6
उन महिलाओं का प्रतिशत जिन्हें एचआईवी/एड्स के बारे में जानकारी थी 18.4
उन पुरूषों का प्रतिशत जिन्हें एचआईवी/एड्स के बारे में जानकारी थी 56.8
महत्वपूर्ण जनसांख्यिकीय संकेतक
आईएमआर (क्यू 1) 52
सीबीआर 35.09
टीएफआर 3.9
उन बच्चों के पोषण की स्थिति जिन्हें एसडी के रूप में वर्गीकृत किया गया था
कम वज़न                     57.3
कम वज़न (मध्यम व गंभीर) 50.4
कम वज़न (गंभीर) 24.2
अविकसित (स्टंटेड) 57.7
क्षीण                               30.3

(स्त्रोत: डिस्ट्रिक्ट हैल्थ एक्शन प्लान 2014, डिस्ट्रिक्ट हैल्थ सोसायटी, नालंदा)

समीक्षाधीन मातृ मृत्यु की ब्लाॅकवार संख्या
राजगीर  06
सिलाव  01
नूरसराय  09
बिहार शरीफ 07
हिल्सा 07
इस्लामपुर 13
अस्थांवा 10
कुल        53

3. प्रेक्षण
3.1 मातृ मृत्यु का पंजीकरण
ग्रामीण क्षेत्रों में शहरी क्षेत्रों की तुलना में मातृ मृत्यु के पंजीकरण की संख्या अपेक्षाकृत कम रहती है क्योंकि शहरी क्षेत्रों में मातृ मृत्यु की अधिकांश घटनाएं अस्पतालों में होती हैं। इसका एक अन्य कारण यह हो सकता है कि ग्रामीण क्षेत्रों में मातृ मृत्यु का पंजीकरण नहीं करवाया जाता। इनमें से अधिकांश मृत्यु घरों में होतीं हैं और इसलिए उनका पंजीकरण नहीं होता।
यद्यपि भारत में ‘‘जन्म व मृत्यु पंजीकरण अधिनियम, 1969‘‘ के अंतर्गत जन्म और मृत्यु का पंजीकरण करवाना अनिवार्य है तथापि इस अधिनियम में मृत्यु या जन्म का पंजीकरण न करवाने पर किसी सज़ा का प्रावधान नहीं है। राज्य के नगरनिगमों द्वारा शहरों के कब्रिस्तानों व शमशान घाटों मंे किए गए अंतिम संस्कारों की सूचना पंजीयक को दी जाती है। इसके विपरीत, गांवों और ब्लाक मुख्यालयों में स्थित कब्रिस्तान व शमशान घाटों के प्रबंधक, पंजीयक को सूचना नहीं देते।
3.2 प्रजनन योग्य आयु की महिलाओं की मृत्यु के कारणों का विश्लेषण
3.2.1 तालिका 1 प्रजनन योग्य आयु की महिलाओं की मृत्यु का आयुवर्ग-वार विश्लेषण प्रस्तुत करती है। अधिकांश मृतक (23/53), 20-25 आयु वर्ग की थीं। दूसरे स्थान (15/53) पर 25-35 आयु वर्ग की महिलाएं थीं। किशोरावस्था में गर्भधारण करने वाली महिलाओं की संख्या काफी अधिक है। यह इससे स्पष्ट है कि 20 वर्ष से कम आयु की 14 महिलाएं गर्भावस्था से जुड़े कारणों से मृत्यु को प्राप्त हुईं।

तलिका 1 प्रजनन योग्य आयु की मृत महिलाओं का आयुवर्गवार विश्लेषण।
आयवर्ग                               संख्या
20 वर्ष से कम                       14
20-25 वर्ष                               23
25-35 वर्ष                            15
35 वर्ष या उससे अधिक       1
कुल                                       53

3.2.2 मातृ मृत्यु के प्रकार
तलिका 2 मातृ मृत्यु के प्रकार के संबंध में है। समीक्षाधीन मातृ मृत्यु में से चार गर्भपात के दौरान हुईं जबकि प्रसूति-पूर्व मृत्यु की संख्या भी केवल 4 थी। सबसे ज्यादा मातृ मृत्यु की घटनाएं प्रसूति के पश्चात हुईं। प्रसूति पश्चात मृत्यु की संख्या 32 है। प्रसूति के दौरान हुई मातृ मृत्यु की संख्या 13 थी जो कि मातृ मृत्यु का दूसरा सबसे बड़ा प्रकार था।

तालिका 2: मातृ मृत्यु का प्रकार-वार विभाजन
मृत्यु का प्रकार                   संख्या
प्रसूति पूर्व                     4
प्रसूति दौरान                   13
प्रसूति पश्चात                   32
गर्भपात                           4
कुल                                 53

3.2.3 मातृ मृत्यु का स्थान 
तालिका 3 मृत्यु के स्थानों का विवरण देती है। अधिकांश मृत्यु (21/53) घरों में हुईं। तीन मृत्यु निजी अस्पतालों में हुईं। इससे यह साफ होता है कि अधिकांश प्रसूतियां घरों में ही हो रही हैं। कुल 21 मृत्यु शासकीय या निजी चिकित्सा संस्थानों में हुईं। इस समीक्षा से यह पता चलता है कि आपातकालीन प्रसूति देखभाल के लिए बड़ी संख्या में लोग निजी अस्पतालों में जा रहे हैं। यह समीक्षाधीन क्षेत्र के आसपास हमारी सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं की आपातकालीन प्रसूति देखभाल उपलब्ध करवाने में असफलता का द्योतक है। इसका एक निष्कर्ष यह भी है कि प्रसूति से जुड़ी किसी आपातकालीन स्थिति में समुदाय के सदस्य, सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर भरोसा नहीं करते। यह इससे भी साफ है कि 20 प्रतिशत मातृ मृत्यु स्वास्थ्य संस्थान ले जाए जाने के दौरान हुईं।
तालिका 3   मातृ मृत्यु का स्थान-वार विभाजन 
मृत्यु का स्थान                        संख्या
शासकीय अस्पताल                11
निजी अस्पताल                        10
घर                                        21
यात्रा के दौरान                        11

इसके पीछे कई कारण हो सकते हैं , जिनमें यात्रा के लिए साधन की व्यवस्था करने में देरी, धन की व्यवस्था करने में देरी, निर्णय लेने में  देरी और उपयुक्त स्वास्थ्य संस्थान पहुंचने में देरी इत्यादि शामिल हैं।
3.2.4 गर्भवती महिलाओं की विवाह के समय आयु
विवाह की आयु एक चिंता का कारण बनी हुई है। समीक्षाधीन 53 मृत्यु में से 20 ऐसी महिलाओं की हुईं , जिनका विवाह 18 वर्ष की आयु से पहले हो गया था,  अर्थात ऐसी महिलाओं की संख्या 40 प्रतिशत थी।

तालिका 4 मातृ मृत्यु का विवाह के समय आयु-वार विभाजन
आय समूह                  संख्या
18 वर्ष से कम                 20
18-26 वर्ष                         33
कुल                                 53

मातृ मृत्यु का गर्भावस्था की संख्या-वार विभाजन 
तलिका 5 मातृ मृत्यु का गर्भवती महिलाओं की ग्रेवाइडे-वार (गर्भावस्था की संख्यावार) विभाजन बताती है। मृतक गर्भवती महिलाओं में से 20 प्रतिशत (11/53) ऐसी थीं जो पहली बार गर्भवती हुईं थीं। गर्भावस्था की संख्या, मातृ मृत्यु पर महत्वपूर्ण प्रभाव डालती है। 10 मातृ मृत्यु ऐसी महिलाओं की हुईं जो चार या उससे अधिक बार गर्भधारण कर चुकी थीं और प्रजनन योग्य आयु की 12 महिलाओं की जब मृत्यु हुई, तब वे तीसरी बार गर्भवती हुई थीं।

तालिका 5 मातृ मृत्यु का ग्रेवाइडे-वार विभाजन
ग्रेवाइडे संख्या
एक : 11
दो : 20
तीन : 12
चार या अधिक :10
कुल : 53

लगभग दो तिहाई मातृ मृत्यु (32/53) ऐसी महिलाओं की हुई जिन्हें गर्भधारण किए हुए 28 से अधिक सप्ताह बीत चुके थे , अर्थात वे अपनी गर्भावस्था की तीसरी तिमाही में थीं। देखें तालिका 6

तालिका 6 मातृ मृत्यु का गर्भावस्था की अवधि-वार विभाजन
गर्भावस्था की अवधि संख्या
16 सप्ताह से कम                                     16
16-28 सप्ताह 5
28 से अधिक सप्ताह 32
कुल 53

3.2.6 प्रसूति पूर्व जांच
मातृ मृत्यु समीक्षा से यह पता चलता है कि अधिकांश मातृ मृत्यु के मामलांे में संबंधित महिला की प्रसूति पूर्व जांच (एएनसी) हुई थी। केवल छः मामलों में एक भी  एएनसी नहीं हुई थी और केवल दो गर्भवती महिलाओं ने चार अनिवार्य एएनसी करवाईं थीं। सामान्यतः एएनसी में दिशानिर्देशों का पालन नहीं किया जाता। एएनसी के अंतर्गत केवल टेटनस का टीका लगाया जाता है व आयरन व फाॅलिक एसिड की गोलियां वितरित की जाती हैं जबकि एएनसी में हीमोग्लोबिन का स्तर, एलब्यूमिन व शक्कर की उपस्थिति के लिए मूत्र परीक्षण, रक्तचाप की जांच, वजन नापना और उदर की क्लिनिकल जांच की जानी चाहिए। इसके अलावा, पोषण व प्रसूति के लिए मां को तैयार करने से संबंधित काउंसिलिंग भी होनी चाहिए।
तालिका 7: मातृ मृत्यु का एनएनसी की संख्या-वार विश्लेषण
एएनसी                                       संख्या
शून्य                                           6
एक-तीन 45
चार या अधिक                               2
क्ुल                                         53

3.2.7 मातृ मृत्यु के तीन विलंब
मातृ मृत्यु के शाब्दिक शव विच्छेदन के विश्लेषण से यह पता चलता है कि मुख्यतः तीन विलंब इनके पीछे थे। 53 में से आठ मामलों में गर्भवती महिला को इलाज के लिए अस्पताल ले जाने हेतु वाहन का प्रबंध करने में देरी हुई (देखें तालिका 8)।
लगभग आधे मामलों (26/53) में विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में इलाज शुरू करने में देरी हुई जबकि 19 मामलों में गर्भवती महिला के परिवारजनों ने निर्णय लेने में विलंब किया। इलाज में देरी मुख्यतः स्थानीय, निजी व सरकारी स्वास्थ्य संस्थाओं में हुई। स्थानीय निजी स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं में शामिल हैं पारंपरिक दाईयां, बिना उपयुक्त अर्हता प्राप्त रूरल मेडिकल पे्रक्टिशनर व अर्हता प्राप्त एलोपेथिक डाॅक्टर। निर्णय लेने में देरी 19 मामलों में मातृ मृत्यु का कारण बनी क्योंकि परिवार वाले गर्भवती महिला की स्थिति की गंभीरता का अंदाजा नहीं लगा सके।
तलिका 8:  मातृ मृत्यु का विलंब के प्रकार-वार विश्लेषण
विलंब का प्रकार संख्या
निर्णय लेने में 19
वाहन की व्यवस्था करने में 8
इलाज शुरू करने में                         26
कुल 53

सरकारी आपातकालीन प्रसूति देखभाल सुविधा की घर के नज़दीक अनुपलब्धता मातृ-मृत्यु के एक मुख्य
कारण के रूप में उभर कर सामने आया चौकाने वाली बात यह थी कि समीक्षाधीन 53 मामलों में से केवल आठ में सरकारी एम्बूलेंस (जिसे सामान्य भाषा में 102 या 108 कहा जाता है), का उपयोग मरीजों को अस्पताल ले जाने के लिए किया गया (देखें तालिका 9)। करीब आधे उत्तरदाताओं (25/53) ने बताया कि उन्होंने गर्भवती महिला को अस्पताल ले जाने के लिए निजी वाहन किराए पर लिया। छः उत्तरदाताओं ने कहा कि वे गर्भवती महिला को इलाज के लिए स्वास्थ्य सुविधा तक पैदल ले गए। करीब चैथाई उत्तरदाताओं का कहना था कि गर्भवती महिला की स्थिति गंभीर होने पर भी वे उसे घर में ही रखे रहे।
तलिका 9: पीडि़तों के परिवारों द्वारा इस्तेमाल किए गए वाहनों का प्रकार-वार विश्लेषण
इस्तेमाल किया गया वाहन संख्या
कोई वाहन नहीं 14
पैदल                                                                           5
निजी वाहन                                                                25
सरकारी एम्बुलेंस                                                         8
कुल                                                                            53

3.2.8 आपातकालीन प्रसूति देखभाल (ईएमओसी)
प्रजनन योग्य आयु की महिलाओं के घरों के आसपास गुणवत्तापूर्ण ईएमओसी सुविधाओं का अभाव, मातृ मृत्यु का एक महत्वपूर्ण कारण बना। मातृ मृत्यु समीक्षा से यह पता चला कि रक्ताल्पता व रक्तस्त्राव, मातृ मृत्यु का सबसे बड़ा एकमात्र कारण था। इलाज शुरू करने में देरी करीब आधी मातृ मृत्यु का कारण बनी। लगभग 20 प्रतिशत मातृ मृत्यु यात्रा के दौरान हुई। इन निष्कर्षों से ऐसा लगता है कि लक्षित क्षेत्र में ईएमओसी सेवाओं का अभाव है।

3.2.9 मृत गर्भवती महिलाओं की देखभाल करने वालों के द्वारा उनकी मृत्यु के विभिन्न कारण बताए गए।

तालिका 10 मातृ मृत्यु का संभावित कारण-वार विश्लेषण (कई मामलों में एक से अधिक कारण बताया गया)
मृत्यु का कारण संख्या
रक्तस्त्राव 20
सेप्सिस                                                   24
एक्लेम्पसिया 10
प्लेसेंटाप्रेविया 16
कठिन प्रसव 34
गंभीर रक्ताल्पता 26

मृत्यु के महत्वपूर्ण कारणों में  गंभीर रक्ताल्पता, रक्तस्त्राव, प्लेसंेटाप्रेविया, कठिन प्रसूति और सेप्सिस शामिल हैं।प्राथमिक व द्वितीयक शासकीय स्वास्थ्य सुविधाओं में गुणवत्तापूर्ण ईएमओसी सुविधाओं की कमी, राज्य में मातृ मृत्यु दर कम करने की राह में एक बड़ा रोड़ा है। इससे सबसे अधिक कठिनाई मुस्लिम व दलित महिलाओं को होती है क्योंकि उनमें से अधिकांश समाज के सबसे गरीब तबके से आती हैं और निजी अस्पतालों में भर्ती होकर इलाज करवाने में सक्षम नहीं होती। सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं मंे भी इन समुदायों के सदस्यों को जो अतिरिक्त खर्च करना पड़ता है, उसे उठाने में भी वे अक्सर सक्षम नहीं होते।

4.  विश्लेषण
मातृ मृत्यु दर किसी भी देश की स्वास्थ्य प्रणाली को जांचने की महत्वपूर्ण कसौटी है। मातृ मृत्यु रोकी जा सकती हैं। दुनियाभर में जो मातृ मृत्यु होती हैं, उनमें भारत का बड़ा हिस्सा है। इसके बावजूद भारत के कई राज्यों में आज भी मातृ मृत्यु की न तो विधिवत सूचना दी जाती है और ना ही उनका व्यवस्थित विश्लेषण होता है। देश के कई राज्यों में जन्म और मृत्यु पंजीकरण की प्रक्रिया में अनेक कमियां हैं। जीवन बीमा व उत्तराधिकार से संबंधित कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा करने के लिए मृत्यु प्रमाणपत्र आवश्यक है। परंतु चूंकि हमारे देश में महिलाओं के नाम पर सामान्यतः संपत्ति नहीं होती और ना ही उनका जीवन बीमा करवाया जाता है इसलिए उनकी मृत्यु का पंजीकरण करवाने में परिवारों द्वारा लापरवाही बरती जाती है। उनके मृत्यु प्रमाणपत्र की आवश्यकता न तो संपत्ति के हस्तांतरण के लिए पड़ती है और ना ही जीवन बीमा की राशि पाने के लिए।
सरकारी अस्पताल, हर मृत्यु की सूचना देते हैं परंतु वे मातृ मृत्यु की अलग से सूची नहीं बनाते। पटना, जो कि राज्य की राजधानी है और जहां राज्य के स्वास्थ्य विभाग का मुख्यालय है, में भी मातृ मृत्यु संपरीक्षा नहीं होती।
वर्तमान में जिला स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय द्वारा जिले में होने वाली मातृ मृत्यु के आंकड़े इकठ्ठा करने का कोई गंभीर प्रयास नहीं किया जाता। जिले में होने वाली मातृ मृत्यु का अध्ययन करने की जिम्मेदारी किसी अधिकारी की नहीं होती। यह आवश्यक है कि प्रजनन योग्य आयु वर्ग की महिलाओं की मृत्यु से संबंधित आंकड़े ठीक ढंग से संकलित किए जाएं और उनके कारणों के आधार पर उनका विश्लेषण किया जाए। उल्टे, स्वास्थ्य अधिकारियों का अक्सर यह प्रयास रहता है कि मातृ मृत्यु की घटनाओं को छुपाया जाए और उन्हें गैर-मातृ मृत्यु साबित कर दिया जाए। हमारे देश में एक ऐसी संस्कृति विकसित हो गई है जिसमें हम नकारात्मक तथ्यों को छुपाने की कोशिश करते हैं।

यह आवश्यक है कि सभी मातृ मृत्यु की घटनाओं की सूचना दी जाए और उनके आंकड़े सुव्यवस्थित रूप से रखे जाएं। विभिन्न विभागों (स्वास्थ्य, आईसीडीएस, पंचायतों) इत्यादि के बीच समन्वय हो और स्वास्थ्य विभाग द्वारा मातृ मृत्यु की सूचना दिए जाने को सुनिश्चित करने की दिशा में गंभीर प्रयास हों।
ज़मीनी स्तर पर काम करने वाले स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं जैसे एएनएम, एडब्ल्यूडब्ल्यू व आशा इत्यादि पर्याप्त प्रशिक्षित नहीं होते और ना ही मातृ मृत्यु समीक्षा करने में उनकी कोई रूचि होती है। अगर पहली पंक्ति के स्वास्थ्य कार्यकर्ता, गर्भवती महिलाओं की देखभाल करने वालों का ठीक से पथप्रदर्शन करें  और उन्हें यह समझाएं कि गर्भावस्था व प्रसव के दौरान क्या होने पर उसे गंभीरता से लिया जाना चाहिए, तो मातृ मृत्यु का कारण बनने वाले तीन विलंबों में से दो – निर्णय लेने में देरी और वाहन की व्यवस्था करने में देरी – को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

उपयुक्त व पर्याप्त चिकित्सकीय देखभाल मिलने में विलंब, विभिन्न कारणों से हो सकता है। परंतु यह विलंब किसी भी कारण से हो वह अत्यंत खतरनाक है क्योंकि वह महिला की मृत्यु का कारण बन सकता है। सुरक्षित मातृत्व को प्रोत्साहन देने के लिए और मातृ मृत्यु का कारण बनने वाले सभी विलंबों को कम करने के लिए प्रयास किए जाने चाहिए। निर्णय लेने में देरी अक्सर इसलिए होती है क्योंकि गर्भवती महिला की देखभाल करने वाले उसके परिवारजन, उसकी स्थिति की गंभीरता को नहीं समझ पाते। इसके पीछे कई कारक होते हैं जिनमें परिवार की शैक्षणिक व आर्थिक स्थिति, परिवार में महिलाओं की स्थिति, स्वास्थ्य के प्रति उनकी जागरूकता, परिवार में निर्णय लेने वाले व्यक्ति की क्षमता और बीमारी के लक्षण शामिल हैं। अगर गर्भवती महिला और उसके परिवारजनों को प्रथम पंक्ति के स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं से उपयुक्त सलाह मिलेगी तो वे महिला की स्थिति में गिरावट के शुरूआती लक्षणों को पहचान सकेंगे और सुरक्षित प्रसूति के लिए उपयुक्त तैयारी कर सकेंगे।

अस्पताल तक पहुंचने में विलंब के पीछे दूरी, वाहन की उपलब्धता, सड़कों की हालत और वाहन को किराए पर लेने का खर्च आदि जैसे कारक होते हैं। दलितों और मुसलमानों को आज भी सरकार की मुफ्त एम्बुलेंस  सेवा, जिसका बहुत प्रचार-प्रसार किया गया है, का लाभ नहीं मिल पाता। उपयुक्त इलाज मिलने में देरी का कारण अक्सर कार्यकुशल कर्मचारियों, दवाओं, विसंक्रमित उपकरणों व चढ़ाने के लिए खून की अनुपलब्धता होती है।
स्वास्थ्य संस्थाओं की भौतिक व मानव संसाधन अधोसंरचना संतोषजनक नहीं है। जिले के 534 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में से 480 चैबीस घंटे खुले रहते हैं। परंतु नर्सों की कमी के कारण केवल 281 केंद्रों में तीन नर्सों की नियुक्ति की गई है। जिले में 70 सीएचसी, 46 एसडीएच और 36 डीएच चैबीस घंटे खुले रहते हैं। डीएच, एसडीएच व सीएच सहित 149 स्वास्थ्य केंद्र, फस्र्ट रेफरल यूनिट के रूप में काम कर रहे हैं। हर स्तर पर देरी होने के कारण गर्भवती महिलाएं असमय ही काल का ग्रास बन रही हैं।

भारत में मातृ स्वास्थ्य योजनाओं का इतिहास
1980 का दशक – मातृ व बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (एमसीएच) के अंतर्गत पारंपरिक दाइयों का प्रशिक्षण (टीबीए)
1992-93 बाल उत्तरजीविता व सुरक्षित मातृत्व
1997 – प्रजनन व बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरसीएच)
2005 – आरसीएच-2 $ राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन $ जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम (केवल संस्थानिक प्रसव पर जोर)
2014-आरएमएनसीएच $ ए (स्किल्ड बर्थ अटेंडेंट पर जोर)

5.  वैयक्तिक अध्ययन
वैयक्तिक अध्ययन-1
धर्मेन्द्र पासवान की पत्नी रीता देवी नालंदा जिले के नूरसराय ब्लाक के अन्धाना गाँव में रहती थीं। विवाह के समय उनकी आयु 15 वर्ष थी। उनके चार बच्चे थे और वे पांचवीं बार गर्भवती हुईं थीं। परिवार की माली हालत कमज़ोर थी। उन्हें जब यह पता चला कि वे गर्भवती हैं तो उन्होंने स्वयं आंगनवाडी केंद्र में अपना पंजीयन करवाया। उन्होंने वीएचएसएनडी द्वारा निर्धारित स्थान पर तीन प्रसूति-पूर्व जांचें करवाईं और उन्होंने टिटेनस का इंजेक्शन भी लगवाया। नौ मास की गर्भावस्था के बाद, एक दिन जब उन्हें प्रसव पीड़ा होनी शुरू हुई तो उन्होंने आशा श्रीमती रेणू देवी को सूचना दी। रेणू देवी ने रीता देवी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाने के लिए एम्बुलेंस की व्यवस्था करवाने की कोशिश की परन्तु व्यवस्था नहीं हो सकी। इसके बाद उन्होंने रीता देवी के पति से निजी वाहन की व्यवस्था करने को कहा और उससे वे लोग नूरसराय पीएचसी पहुंचे।
उन्हें पीएचसी में भर्ती कर लिया गया और एक एएनएम ने उनकी जांच की। शुरुआत में इस सेवा प्रदाता ने उनकी उचित देखभाल नहीं की। एएनएम का व्यवहार ऐसा था मानों वे रीता देवी पर कोई कृपा कर रहीं हों। रीता देवी को योनि से भारी रक्तस्राव शुरू हो गया। जब प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को सूचना दी गयी तो उन्होंने खून चढाने की सलाह दी। रीता के परिवारजनों ने दो यूनिट खून दिया, जिसे उन्हें चढ़ाया गया। परन्तु उनकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। परिवारजनों से कहा गया कि वे और खून की व्यवस्था करें। उनके साथ ऐसे लोग नहीं थे जो खून दे सकते अतः उनके पास इसके सिवाय कोई रास्ता नहीं बचा कि वे निजी ब्लड बैंक से खून खरीदें। प्रसव पीड़ा 12 घंटे से अधिक समय तक जारी रही और रीता देवी की हालत में कोई सुधार नहीं आया। एएनएम ने फोरसेप का इस्तेमाल कर प्रसव कराया। इस प्रक्रिया में फोरसेप से गर्भाशय फट गया और रक्तस्राव और तेज़ हो गया। रीता देवी की हालत गिरने लगी। सेवा प्रदाताओं ने योनी में कपड़ा ठूंस कर रक्तस्राव रोकने की कोशिश की। प्रसव के एक घंटे बाद रीता देवी की हालत गंभीर हो गयी। सेवा प्रदाताओं (एएनएम और प्रभारी चिकित्सा अधिकारी) ने मरीज़ को जिला मुख्यालय के बड़े अस्पताल में ले जाने की सलाह दी, वह भी केवल मौखिक रूप से। उन्होंने रेफरल स्लिप भी नहीं दी। परिवारजन, मरीज़ को लेकर एक निजी वाहन से बिहारशरीफ के सदर अस्पताल के लिए रवाना हुए परन्तु वहां पहुँचने से पहले ही रीता देवी की मौत हो गयी।

वैयक्तिक अध्ययन-2
26 वर्षीय सुनयना देवी, अपने पति टुनटुन राम के साथ नालंदा जिले के इस्लामपुर ब्लाक की चंद्रहारी पंचायत के ग्राम अशरफपुर में रहतीं थीं। उनकी एक संतान थी। जब यह त्रासदी हुई, तब उन्होंने दूसरी बार गर्भधारण किया था। उन्होंने आशा की मदद से आँगनवाडी केंद्र में अपना पंजीयन करवाया था। गर्भधारणकाल में उनकी तीन जांचें हुईं थीं। उनका रक्तचाप नापा गया था, उन्होंने आयरन व फोलिक एसिड की गोलियां लीं थीं और उन्हें टिटेनस के दो इंजेक्शन भी लगे थे। आशा कार्यकर्ता समय-समय पर सुनयना देवी से मिलती भी रहती थी। नौ माह की गर्भावस्था के बाद, सुनयना को प्रसव पीड़ा महसूस हुई। उसने आशा कार्यकर्ता को खबर दी। आशा कार्यकर्ता ने पाया कि सुनयना का रक्तचाप बहुत बढ़ा हुआ था। एक निजी वाहन से सुनयना और उनके परिवार के सदस्य एक सरकारी अस्पताल पहुंचे। महिला का इलाज तुरंत शुरू हो गया और उसने एक बच्चे को जन्म दिया। डाक्टर की सलाह पर उसे प्रसव के 12 घंटे बाद ही अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी और वह अपने घर चली गयी। घर पहुँचने के कुछ ही घंटों बाद, सुनयना को घबराहट होने लगी। उसे कपकपाहट होने लगी और उसकी ज्ञानेन्द्रियों ने काम करना बंद कर दिया। उसके घरवालों ने उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाने के लिए सरकारी एम्बुलेंस या निजी वाहन का इन्तजाम करने की ताबड़तोड़ कोशिश की। परन्तु इन्तजाम होने के पहले ही उसने अपने घर में ही दम तोड़ दिया। वह बच्चे को जन्म देने के 24 घंटे के भीतर कालकवलित हो गयी।

6. निष्कर्ष एवं सिफारिशें
निष्कर्ष-1
मातृ मृत्यु की घटनाओं की संपूर्ण और ठीक-ठीक जानकारी इकठ्ठा करना, मातृ मृत्यु दर को कम करने की दिशा में पहला कदम है। मातृ मृत्यु की गणना करने और उनका विश्लेषण करने के लिए जिले के स्वास्थ्य विभाग द्वारा ईमानदारी और प्रतिबद्धता से प्रयास नहीं किये जा रहे हैं।

सभी मातृ मृत्यु की सूचना सम्बंधित कार्यालय को प्राप्त हो और उनका ठीक से अभिलेखीकरण हो, इसके लिए हम निम्न कदम उठाये जाने की सिफारिश करते हैं।
1) मातृ मृत्यु की सूचना प्राप्त होना सुनिश्चित करने और उनके अभिलेखीकरण के लिए, जिला स्वस्थ्य कार्यालय में एक नोडल अधिकारी की नियुक्ति की जानी चाहिए, जिसे जिला मातृ स्वस्थ्य प्रबंधक (डीएमएचएम) कहा जा सकता है। इस अधिकारी को जिले में मातृ स्वास्थ्य से जुड़े सभी पक्षों, जिनमें मातृ मृत्यु की सूचना प्राप्त होना सुनिश्चित करना, उनका ठीक ढंग से रिकॉर्ड रखना और उनका विश्लेषण शामिल हो, के सम्बन्ध में समन्वय स्थापित करने की जिम्मेदारी दी जानी चाहिए।
2) प्रथम पंक्ति के सभी स्वास्थ्य कार्यकर्ता (आंगनवाडी कार्यकर्ता व एएनएम) को प्रजनन योग्य आयु (15-49 वर्ष) की सभी महिलाओं की मृत्यु और उसके कारण की सूचना सीधे डीएमएचएम को देनी चाहिए।
3) डीएमएचएम को निजी प्रसूति-ग्रहों से सतत संपर्क में रहकर वहां होने वाली मातृ मृत्यु के आंकड़े इकठ्ठा करना चाहिए।
4) राज्य सरकार को मातृ मृत्यु पर वार्षिक रपट प्रकाशित करनी चाहिए।

निष्कर्ष-2
गर्भवती महिलाओं को निशुल्क एम्बुलेंस सेवा द्वारा तत्काल बड़े या बेहतर अस्पतालों में पहुँचाने में होने वाली परेशानियाँ, मातृ मृत्यु कम करने की राह में एक बड़ा रोड़ा है। इसके कारण चिकित्सालयों में पहुँचने में परिहार्य विलम्ब होता है। हमारी सिफारिश है कि आपातकालीन परिस्थितियों में, गर्भवती महिलाओं को अस्पतालों में पहुँचाने के लिए निशुल्क एम्बुलेंस सभी को समान रूप से उपलब्ध हो, इसकी गारंटी दी जानी चाहिए।

निष्कर्ष-3
गर्भवती महिला के परिवारजनों को गर्भावस्था व प्रसूति के दौरान खतरे के संकेत पहचानने के लिए सक्षम बनाने हेतु प्रथम पंक्ति के स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा बहुत कम प्रयास किये जाते हैं। इससे गर्भवती महिलाओं का इलाज करवाने में विलंब होता है। हमारी सिफारिश है कि स्वास्थ्य विभाग व आईसीडीएस द्वारा मातृ स्वास्थ्य के सम्बन्ध में आमजनों में जागरूकता बढाने के लिए छोटे-छोटे संदेश तैयार किये जाने चाहिए और इनका प्रचार-प्रसार विभिन्न मीडिया चैनलों द्वारा किया जाना चाहिए। हमारी यह भी सिफारिश है कि गर्भवती महिलाओं की उनकी प्रसूति की संभावित तिथिवार सूची तैयार की जानी चाहिए और प्रथम पंक्ति के स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि महिलाओं की कम से कम चार प्रसूति-पूर्व और तीन प्रसूति-पश्चात जांचें हों।

निष्कर्ष-4
मातृ मृत्यु समीक्षा से यह स्पष्ट है कि प्राथमिक और द्वितीयक स्तर के स्वास्थ्य संस्थानों में आपातकालीन प्रसूति सेवाओं में भारी कमियां हैं और उनकी गुणवत्ता बहुत कम है। इस कारण दलित व मुसलमान महिलाओं को तृतीयक स्तर के निजी या सरकारी संस्थानों में जाना पड़ता है। हमारी सिफारिश है कि सरकार को प्राथमिक एवं द्वितीयक स्वास्थ संस्थानों की भौतिक व मानव संसाधन अधोसंरचना को प्राथमिकता के आधार पर बेहतर बनाना चाहिए। इन संस्थानों में पर्याप्त सुविधाएं व उपकरण आदि उपलब्ध करवाये जाने चाहिए ताकि वे गुणवत्तापूर्ण आपातकालीन प्रसूति सेवा उपलब्ध करवा सकें।

निष्कर्ष-5
समुदाय आधारित मातृ मृत्यु समीक्षा का अभाव है . समुदाय आधारित मातृ मृत्यु समीक्षा में सुधार के लिए हमारी निम्न सिफारिशेें हैंः-
1. ब्लाक स्वास्थ्य अधिकारी को प्रजनन योग्य आयु की महिलाओं की मृत्यु व मातृ मृत्यु की सभी घटनाओं का शाब्दिक शव विच्छेदन और विश्लेषण करना चाहिए। इस शाब्दिक शव विच्छेदन व उसके विश्लेषण के आधार पर जिले व राज्य में मातृ स्वास्थ्य मंे सुधार के लिए कदम उठाए जाने चाहिए।
2. सभी मातृ मृत्यु की सार्वजनिक जांच जिला विकास अधिकारी (डीडीओ) या कलेक्टर द्वारा की जानी चाहिए जैसी कि तमिलनाडु राज्य में की जा रही है।
3. व्हीएचएससी व नागरिक समाज संस्थाओं को शाब्दिक शव विच्छेदन में शामिल किया जाना चाहिए ताकि सीबीएमडीआर संस्थागत स्वरूप ग्रहण कर सके और बेहतर व मजबूत बन सके।
संपर्क:  charm456@gmail.com