दिसंबर का महीना था। शाम के साढ़े छह के आसपास ही अँधेरा घिर आता था। अपने चेंबर में बैठी मैं ऑफिस की फ़ाइल को फ़ाइनल टच देकर कंप्यूटर की स्क्रीन से नज़र हटाकर, कुर्सी पर बैठे-बैठे पीछे मुड़कर देखा। कमरे भर में सन्नाटा अँधेरे के साथ पसर गया था। स्क्रीन से बाहर फैली रोशनी के सहारे सारे ट्यूबलाइट जला लिए। एक-दो फकफकाकर बंद हो गए और दो ने जलने से ही मना कर दिया। एकाध जले ट्यूबों की किर्राती आवाज़ में कमरे के भीतर और बाहर फैली चुप्पी को देखा। पता नहीं क्यों, एक अजीब-सी हल्की-सी सिहरन शरीर भर में दौड़ गई। अख्खा बिल्डिंग में कोई नहीं था।
याद हो आया, ऑफिस के सारे कमरे बंद करके चाबी का गुच्छा मेरे मेज़ के ड्रॉ में रखते अधेड़ उम्र के प्यून सिराज ने कड़क लहजे में कहा था, “अम्मा जी, मैं जा रहा हूँ… आज हफ़्ता है… नीचे के बाहर के गेट पर जल्दी ही ताला लगा देगा बस्सू… वह किसी की नहीं सुनता।” यह सुनकर मैं बिफर पड़ी। छूटते ही कहा, “ऐसे कैसे लगा देगा ताला? बाहर खड़ी मेरी कार क्या उसे नहीं दिखेगी? सुनो, उससे कहना मैडम देर से जाएँगी… कार की तरफ़ का चैनल गेट खुला छोड़ दे, मैं जाते वक़्त ताला डाल दूँगी।” सिराज निकल गया, कुछ बुदबुदा रहा था। उसके बुदबुदाने की वजह मैं जानती थी। उसकी ओर ध्यान न देकर फ़ाइल के मैटर पर आँखें गड़ा दीं। ऊपर से सख़्त ऑर्डर था, कल ही इसे वेबसाइट पर चढ़ना था।
यह तो लगभग रोज़ का ही क़िस्सा रहता। लेकिन आज अँधेरा कुछ ज़्यादा ही डरावना लग रहा था। एम.ए. में पढ़ा मनोविज्ञान याद हो आया। अचेतन या अर्धचेतन अवस्था का फ़्रायड वाला मामला रहा होगा। पिछले कुछ हफ़्तों से वह पगली मेरे ऑफिस से सटी सड़कों पर कुछ ज़्यादा ही दिखाई पड़ रही थी। जड़वत् सूखे लंबे बाल, बगल में गठरी और मैले-कुचैले कपड़ों में वह पगली सड़क पर टेढ़े-मेढ़े कदम भरते हुए यूँ चलती दिखाई पड़ती, जैसे कोई बरसों से रह गया अधूरा काम आज ही, उसी क्षण, उसे निपटाना हो। हाथों की ऐसी-ऐसी मुद्राएँ बनाती, जैसे वे उसके मुँह से फूट रहे अस्पष्ट शब्दों को हमें सुना रही हों।
वह पगली मेरे लिए नई नहीं थी। पाँच-छह साल से बस स्टैंड पर, ऑफिस के बगल से ऊपर की ओर क्वार्टर्स तक जाती लंबी सड़कों पर, चाय की टपरी पर हमेशा-सी दिख जाती। जब भी दिखती, हर बार उसमें बेहिसाब बदलाव नज़र आता। उसके चेहरे पर सख़्त रूखाई चढ़ने लगी थी। बड़बड़ाना, हाथ-पैरों का अजीब तरह से हिलाना बढ़ने लगा था। ओहदे के बढ़ने के साथ मेरे पास गाड़ी आ गई, बस से आना-जाना बंद हो गया और वह पगली अब बहुत कम बार मिलती। अचानक जब कभी दिखती, वह और उग्र और व्यग्र दिखती। पास-पड़ोस के लोगों को पत्थर मारने लग गई थी।
जिज्ञासावश सिराज से पूछने पर बातें खुलती गईं। “वह ऑफिस क्वार्टर के पीछे की दीवार से सटकर बसे कुसनूर गाँव की है। शादी के दूसरे साल ही पति ने ‘उडकी’ (हिंदुओं की निचली जातियों में प्रचलित तलाक़ से भी भयंकर अमानवीय पद्धति) करके दूसरी को घर ले आया। सौत के दबाव में बढ़ते-बढ़ते छोटी ने, एक भरी रात में घर से बाहर निकाल दिया। पति ने चूँ-चपड़ नहीं की। पीछे से दरवाज़ा बंद कर लिया। मायके वालों से भी उम्मीद खोकर रास्तों का ख़ाक छानने लग गई। सौत को जान से मारने के चक्कर में पकड़ी गई।”
क़िस्सा ख़त्म कर सिराज ने तपाक से प्रतिक्रिया दी, “अम्माजी, उसे सौत के बदले साले मर्द के पेट में ही छुरा भोंकना था।” आवाज़ कुछ धीमी करते हुए, कुछ सँभलकर कहा, “औरत ज़ात का दुश्मन औरत जात ही है।”
अवाक्-सी मैं उसे देखते रह गई। इतना बड़ा फ़लसफ़ा… उत्तर में इतना भर कहा… ढाक के तीन पात…!!
मोबाइल का टॉर्च ऑन कर लिया। कमरे पर ताला लगाने से पहले तसल्ली के लिए चेंबर में झाँककर देखा। सारे स्विच बंद थे। सामने लंबा बरामदा था। कर्मचारियों के सारे कमरे इसी बरामदे में खुलते थे। उसे पार करके निचले अहाते की ओर खुलने वाली सीढ़ियाँ उतरने लगी। आदतन पैर दो-तीन घेरे की सीढ़ियाँ पार करके चैनल गेट की ओर बढ़ने लगे। तभी कुछ बँधी-बँधी-सी आवाज़ कानों से टकरा गई। क्षण भर पैर ठिठक गए। अब फ़्रायड का मामला मानकर अनसुना नहीं कर सकती थी। जैसे-जैसे कदम गेट की ओर बढ़ने लगे, आवाज़ और नज़दीक आने लगी। ठहरे-ठहरे कान को आवाज़ की दिशा की ओर मोड़ दिया। लगा, जैसे ज़मीन पर पड़ा कोई व्यक्ति कसमसाते असहनीय क्रोध में उठते ही सामने खड़े हुए पर टूट पड़ रहा है और दूसरा ख़ुद को छुड़ाकर भाग रहा है।
डर के मारे मेरे पैर सुन्न हो गए, जैसे उनमें सीसा भर गया हो। बंद गेट की सलाख़ों को हाथ में थामे दाईं ओर झुककर अँधेरे में आँखें गड़ाकर उस ओर देखा, जहाँ नीम के पेड़ तले मेरी गाड़ी खड़ी रहती है। आवाज़ उसी ओर से आती लगी। सड़क के मोड़ पर गड़े लाइट के खंभे की रोशनी को घेरे से बाहर जाने से रोक रहा था कोहरे से भरा अँधेरा। मोबाइल पकड़ा हाथ अनजाने ही उसी दिशा में मुड़ गया।
अँधेरा भी अजीब है। अपने गर्भ में रोशनी छिपाए रहता है। अँधेरे की परतों को हटाते हुए मेरी आँखें थक-सी रह गईं। जिसका अंदेशा था, वही निकला। पगली… हाँ, पगली ही है। उसका चेहरा, कद-काठी से अभ्यस्त मेरी आँखें उसे पहचानने में ग़लत नहीं हो सकती थीं। तभी सूखी घास और पत्तलों को रौंदते भागते हुए कदमों की आहट सुनाई पड़ी, साथ में पगली की कराहती, हाँफती आवाज़ भी। जैसे अँधेरे कमरे का जला बल्ब धीरे-धीरे चीज़ों को उजागर करता है, उसी तरह सामने फैले अँधेरे में दृश्य धीरे-धीरे खुलने लगे… देखा कि एक मर्दनुमा आकृति सफ़ेद पायजामा-बुशर्ट में लंबी-लंबी टाँगें भरता, गिरता-पड़ता सड़क की ओर भागे जा रहा है… और हाथ में पेड़ की मोटी टहनी थामे पगली चिंघाड़ते हुए पीछे दौड़े जा रही है। आहत, पीड़ित, रौंदी गई औरत में मर्द से भी चार गुना ज़्यादा बल आ जाता है।
तभी मेरे हाथ का मोबाइल का टॉर्च बंद हो गया। एक क्षण आँखों के सामने पूरा अँधेरा छा गया। दूसरे ही पल दर्द से चीखने की मर्द की आवाज़ उस बियाबान परिसर में गूँजती सुनाई पड़ी। मर्द की कराहती आवाज़ उस सुनसान, मटमैले अँधेरे में लहराती हुई चारों ओर खड़े ऑफिस की दीवारों से टकराकर लौट आई। स्तब्ध… पता नहीं कितनी देर मैं यूँ ही गेट की सलाख़ों को थामे खड़ी रही।
वैनिटी बैग पर पड़े पावर बैंक से मोबाइल का टॉर्च जला लिया। जैसे-तैसे चैनल गेट पर ताला लगाकर कार की ओर निकल पड़ी। लाइट के खंभे तक कार पहुँची ही न थी कि हेडलाइट की रोशनी में देखा, दूर मोड़ के दूसरे छोर पर पगली!! हाथ में पेड़ की मोटी टहनी लिए… आगे भागते जा रहे उस मर्द को भद्दी-भद्दी गालियाँ देते, इशारा करते बुला भी रही थी… हाथ का डंडा हवा में लहरा रहा था।
पता नहीं क्यों, मेरे चेहरे पर आश्वस्ति की हँसी तैर गई। बाहर हवा में डाल से तोड़ी गई नीम के पेड़ की टहनी की कच्ची, कड़वी गंध तैर रही थी।
इस बीच पगली के पेट में हल्का-सा उभार दिखने लग गया था। यह गर्भ उसकी इच्छा का था या अनिच्छा का, कोई नहीं जानता। लेकिन संसार और संसार का मर्दजात इस बात को जानता था कि पगली, ऊपर से गर्भवती औरत का रेप याने… बारह ख़ून माफ़, एक रेप का दंड और दस रेप का दंड हालाँकि समान ही तो होता है!! संसार यह मानने को तैयार नहीं कि पगली की भी अनिच्छा होती है!!
ख़ैर… दूसरे दिन मैं ऑफिस पहुँचते ही सिराज को आवाज़ लगाई। उसके आते ही पूछा… “सिराज… क्या सेक्शन वाला आकर फ़ाइल ले गया? कल तो कितनी जल्दी मचा रहे थे।”



