Home Blog Page 163

नीलिमा सिन्हा की कवितायें : वर्किंग वीमेन और अन्य

0
नीलिमा सिन्हा

कथाकार नीलिमा सिन्हा कवितायें भी लिखती रही हैं. संप्रति संस्कृत विश्वविद्यालय दरभंगा में प्रतिकुलपति के रूप में कार्यरत . संपर्क neelima_sinha04@rediffmail.com  

वर्किंग  वीमेन

बड़े तड़के
दादी जी की चाय से लेकर
मुन्ने की टिफीन तक निबटाती है,
पेट में कुछ डालने की सुध हो, न-हो,
सैंडिल में पाँव और पर्स में कलम सरकाती है,
अफरा-तफरी में फिट-फाट
घर से निकलती है औरत
दफ्तर  जाने को।

स्मार्ट दिखना उसकी मजबूरी है
और बदनामी का बायस भी।
उपर से तेज-तर्रार दिखती औरत भीतर-भीतर डरती है
उसे शराब समझ कर गटक जाने वाली आँखों से,
हर उठी उंगली  से
कि ना जाने कब
उंगली  के इशारे पर वही हो।

दफ्तर  !
एक दुधारी तलवार!
जो हर पल काटती है उसके औरत-पने को
और बनने नहीं देती
कभी-भी उसे
पूरा का पूरा एक मर्द।
चाहता है दफ्तर
कि दिखे वह औरत की तरह
और काम करे मर्दो की तरह,
हँसे एक मदमाती हँसी
जिसमें सराबोर दफ्तर
फड़फड़ाए गुड़ पर लगी मक्खी की तरह
और दरकिनार कर दिया जा सके गुड़
कभी भी घिनौना करार देकर।
जारी है एक मुसलसल रेस
जिसमें अन्ततः जुत ही जाती है औरत
मजबूरन एक हार स्वीकार करने के लिए।

ऋषि   ने बनाया अहिल्या को पत्थर
राम ने बनाया पत्थर को औरत
और दफ्तर  बनाता है औरत को मशीन
– स्वेटर बुनने की मशीन, कपड़े धोने की मशीन,
खाना पकाने की मशीन, सिक्के ढ़ालने की मशीन
… एक सम्पूर्ण मानवोपयोगी मशीन
जो बच्चे भी पैदा कर लेती है अक्सरहाँ!
दो़ महीने गर्भ में रखने का
और दो महीने दूध पिलाने का हक होता है
बाकी सब दूसरों की दया
और ईश्वर की कृपा है।

कुछ भी तो नहीं करती ढ़ंग से यह औरत
करती है सब कुछ
पर कामचलाउ  ढंग से
‘कामचलाउ  औरत’
अर्थात
‘वर्किंग वीमेन’।

एक वेद चाहिए मुझे अपने लिए भी

ओ ब्राह्मण !
तुम्हारे चरण-रज लेकर आज्ञा चाहती हूँ तुम्हारे चरणों में बैठने की
नितांत जिज्ञासु भाव से
हे गुरू !

शास्त्रार्थ नहीं करूँगी तुमसे, हे याज्ञवल्क्य !
जानती हूँ –
यदि मैं हारती हूँ
तो हांक ले जाओगे तुझ मुझे भी अपनी सहस्त्र गौवों के साथ
और यदि मैं जीतती हूँ
डाल दोगे तुम मेरे गले में अपने हाथों की जयमाला,
छीन लिया जाएगा मुझसे मेरा सहजप्राप्य स्वयंवर भी।
हर हाल में स्वीकारना ही होगा मुझे
तुम्हारा स्वामित्व !

तुम चतुर ! हर हाल में छल ही लेते हो मुझे !
यद्यपि मैं मूर्ख नहीं कि समझ न सकूँ तुम्हारा छल
परन्तु छली न जाऊं तो करूॅ क्या?
रचा गया है वह माया – मृग मेरे ही लिए तो
जो तुम्हारी देवत्व सिद्धि का अंतिम साधन है।
घर हर स्त्री की लक्ष्मण-रेखा है
जिसे लाँघने पर सीता-हरण होता हो अथवा नहीं
देनी तो पड़ती ही है एक अग्नि परीक्षा
और भोगना तो पड़ता ही है
एक निर्वासन !

अतएव,ओ मनीषि !
पूछने दो मुझे एक प्रश्न
नितांत जिज्ञासु-भाव से।

बतलाओ ऋषि ! प्राप्य क्या है मेरा?
धर्म, अर्थ, काम, मोक्ष – ये तो ‘पुरूषार्थ’ हैं, ‘पुरूष’ अर्थात तुम्हारे लिए,
किंतु मेरे लिए क्या है ऋषि ?
… पतिव्रत धर्म ? समर्पण-मात्र ?
… किंतु वह तो देय है, प्राप्य क्या है मेरा ?
… पति-प्रेम ?
किंतु वह तो कहीं भी उसके कर्मों में विहित नहीं,
स्त्री-प्रेम तो देय नहीं, आसक्ति है पुरूष की,
जिससे मुक्त होना ही है उसे हर हाल  में।
तब,
मेरे लिए क्या है ऋषि ?
… क्या यही लांछना, कि
मैं आसक्ति में डाल भटकाती हूँ उसे ?
बतलाना, हे ऋषि !
भटकता वह है, आसक्त वह
पर लांछित मैं क्यों ऋषि ?

हे शतपथ ब्राहमण  !
तुमने मुझे आशीष  दिया
सहस्त्र पुत्रों और अपने ही पति की माता बनने का
बतलाओं ऋषि !
परशुरामों की इस मातृहंता संस्कृति में क्या करूँ तुम्हारे इस आशीष का ?
यहाँ तो पिता की अंध-आज्ञा ही उबार ले जाती है
पाप-पुण्य, प्रायश्चित -पश्चाताप  के समस्त प्रश्नों  से।
क्या करूँगी मैं सहस्त्र पुत्रों
अथवा अपने ही पति की माता बन कर ?
मेरा वध करने को तो, बस एक पुत्र
और निरा एक पति
ही पर्याप्त हैं !

ओ ज्ञानी !
हिसाब नहीं मांगती तुमसे परम्पराओं का
क्योंकि सहभागिनी मैं भी तो रही हूँ,
मेरे भी तो हैं वे मूल्य, वे परम्पराएँ, वे आदर्श ।
और आज भी मैं उपज हूँ उसी संस्कृति की
जहाँ स्त्रियाँ देवी बना कर पूजी जाती हैं
प्रस्तर-प्रतिमा बनने को बाध्य।
कहो ऋषि ! क्या यह परम्परा मुझे स्वीकार होनी चाहिए ?

… किंतु मार्ग क्या है ?
कैसे जीवित रहूँगी अपनी मिट्टी से कट कर ?
क्या करूँगी आकाश -कुसुम से अस्तित्व का ?
कहाँ  होऊं  पुष्पित-पल्लवित ?
… ओ ऋषि !
मुझे मेरा मार्ग, मेरा बोध, मेरा प्राप्य, मेरा सच्चिदानन्द दे दो ऋषि !

जानती हूँ,
स्वयं ही ढूँढ़ने होंगे  मुझे अपने प्रश्नों  के उत्तर,
स्वयं ही निर्धारित करना होगा मुझे अपना मार्ग
किंतु
प्रश्न तो किए हैं मैंने तुम्हारी प्रतिमा से ही !

अतएव, हे द्रोण !
भयभीत हूँ
अपने अँगूठे के प्रति।

वसीयतनामा

मेरी बच्ची !
मैं देती हूँ तुम्हें उत्तराधिकार में
एक निरंतर प्रवाहमान अजर अस्तित्व,
एक तेजपुंज,
एक समरभूमि,
चंद लड़ाईयाँ
और दो हथियार !

ये हथियार –
तुम्हारी  शिक्षा और संस्कृति,
आजन्म पैनाए हैं मैंने
मैंने सिखलाया भी है तुम्हें
इन हथियारों का प्रयोग
मेरी लाड़ली !
एक सिपाही के सबसे बड़े साथी उसके हथियार होते हैं ।
कभी छोड़ना नहीं
अपनी शिक्षा और संस्कार
सामने चाहे तुम्हारा पिता हीं क्यों न हो
या कि
कोई अत्यन्त घृणित भयावह शत्रु
श्रद्धा या भयवश
न मोड़ना, न रखना
अपने हथियार – यह शिक्षा, यह संस्कृति।

याद रखना !
संभव नहीं इस युद्ध क्षेत्र से पलायन।
हर किसी को लड़नी हीं पड़ती है
अपने-अपने हिस्से की लड़ाई, खुद ही
वरना जो मैंने  पाला है तुम्हें फूलों की तरह
लड़ती रही निरन्तर
ताकि तुम जी सको एक सुखद जीवन
और पैनाती रही अपने हथियार्
मेरी लाल !
मैं लड़ गई होती
तुम्हारे हिस्से की भी लड़ाई, तुम्हारे मोहवश  !
क्योंकि लड़ना कभी सुखद नहीं होता
मैं जी गई होती
एक सुविधाजनक जीवन
दूर से देखती हुई तमाम लड़ाईयाँ
और लपक गई होती
किसी की भी विजय, अपने जिम्मे
पर मैंने चुना
यह युद्ध क्षेत्र
क्योंकि वह सुविधाजनक जीवन छीन लेता मुझसे मेरे होने का अर्थ
और, तुम्हें भी मुझसे, मेरी बच्ची !

अपने अस्तित्व के प्रति यह मोह हीं मुझे योद्धा बना गया
और यदि तुम चाहती हो
अपनी संतति,
मोह है तुम्हें अपने अस्तित्व से
लड़ना ही पड़ेगा तुम्हें भी
यह युद्ध, ऐसे हीं निरन्तर
पैनाने होंगे अपने हथियार
और विरासत में देनी होगी यह लड़ाई
अपनी अगली पीढ़ी को।

यद्यपि लड़ना
सुविधाजनक नहीं होता
परन्तु मृत्यु पर जीवन की विजय
और अस्तित्व की निरंतरता ही
सभी सुविधाओं के चरम अर्थ हैं।

प्रश्न  नहीं उठाना जय-पराजय के
क्योंकि
युद्ध, सिर्फ ‘विजय’ नहीं होता।
सच तो यह है कि
‘विजय’ होता ही नहीं युद्ध
अतः, डरना नहीं कभी पराजय से
अथवा मृत्यु से
और याद रखना यह अमृत मंत्र
कि
मृत्यु छल सकती है तुम्हें एक बार, सिर्फ एक बार
पर तुम छलती हो मृत्यु को प्रतिदिन, प्रतिपल
और तब भी छलती रहोगी
जब मृत्यु सोच चुकेगी कि अंततःउसने तुम्हें पराजित किया;
क्योंकि
मर कर हीं अमर होती है
हुतात्मा।
याद रखना मेरी बच्ची!
पीछे हटना पराजय नहीं, रणनीति है,
पराजय है चुप बैठ जाना और निरंतर बैठे रहना।

उठा सकता है कोई प्रश्न
क्या पाया है मैंने इस युद्ध से ?
और, क्या दूँगी तुझे ?
तुम क्यों लड़ो यह युद्ध ? किसलिए ?
तुम्हें घृणा हो सकती है युद्ध से मुझे क्षत विक्षत देखकर
पर मेरी आस !
यह ठीक है
कि शान्ति  युद्ध से बड़ी है
और जीवन का पाथेय प्रेम हीं है जिसे व्यक्ति निरंतर खोता है, युद्ध में।
पर यह भी याद रखना
शांति से भी बड़ी चीज है
आत्म-सम्मान और अस्तित्व की गरिमा,
और आजादी प्रेम से भी बड़ी प्यास है।
तुम लड़ना
इस गरिमा, सम्मान और आजादी की लड़ाई।
अगर प्रेम का पाथेय लेकर लड़ सको तो अच्छा है,
और सर्वोत्तम है
यदि गरिमा, सम्मान, प्रेम और आजादी सभी पा सको
फिर भी,
लड़ना तो पड़ेगा हीं इन्हें सुरक्षित रखने का भी युद्ध,
यह याद रखना कि ये चीजें विरासत में नहीं मिलतीं।
विरासत में मिलते हैं –
माहौल, रणभूमि और हथियार।

मेरी बच्ची !
मैं सौंप रही हूँ तुझे
विरासत में वही माहौल, एक रणभूमि
चंद लड़ाईयाँ,
और
दो हथियार
– अपनी  शिक्षा और अपनी संस्कृति !
मेरी बच्ची !
हारना नहीं !

वीणा वत्सल सिंह की कवितायें : रेहाना जब्बारी और अन्य

0
वीणा वत्सल सिंह

युवा कवयित्री वीणा वत्सल सिंह दो सालों तक दुमका में पढ़ाने के बाद आजकल लखनउ रहती हैं. संपर्क :veenavatsalsingh19libra@gmail.com>

रेहाना  जब्बारी
रेहाना
तुम मरना नहीं चाहती थी कभी
तभी तो अपने को रेप से बचाने के लिए
लड़ पड़ी थी तुम सात साल पहले
जब तुम उम्र के उठान पर मात्र उन्नीस वर्षों की थी
नहीं था उस दरिन्दे को जीने का हक़
एक स्त्री के नाते
तुम्हारे भावों को पी
सहमत हूँ मैं
तुम्हारे द्वारा की गई ह्त्या से
रेहाना ,
वहाँ के क़ानून के अनुसार
अपनी मौत निश्चित जान कर भी
तुमने काल – कोठरी के
उन सात वर्षों में
जगाये रखी जीवन की लौ ह्रदय में
तभी तो ,
कब्र के सडांध से आगे की जिन्दगी चुन
देह – दान कर गई तुम
अपनी जिन्दगी को बनाए रखने का
इससे खुबसूरत भाव कुछ और नहीं हो सकता
रेहाना ,
तूम बहुत खुबसूरत हो
इस देह से ऊपर
विश्व के हर कोने में ज़िंदा रहोगी
जब ,
कहीं भी
कोई स्त्री अपने अस्तित्व की
रक्षा की आवाज उठायेगी
तुम उस आवाज से झाँकोगी
रेहाना ,
जब कहीं भी
कोई भी
स्त्री अपने अस्मत की रक्षा के लिए हथियार उठायेगी
तुम उस हथियार की धार में चमकोगी
रेहाना ,
जब – जब इस दुनिया में
स्त्री रौंदी जाकर भी
जीने के लिए उठ खडी होगी
तुम उस जीवन में खिलखिला उठोगी
रेहाना ,
तुम मर नहीं सकती
तुम ‘कब्र की सडांध’
और ‘गमों के काले लिबास’ के लिए
बनी ही नहीं
तुम्हारे हर पल का संघर्ष
तुम्हे हवा में घुलाकर
हर स्त्री की साँसों में उतारेगा
तुम हर स्त्री के ह्रदय में धड़कती

ज़िंदा होकर
फिर फिर से लड़ोगे

अपने होने की
एक और लड़ाई

वह कुटिया वाली स्त्री 

मन के जिस हिस्से में
गंगा की धारा बहती है
उसी के सुरम्य तट पर
बनी कुटिया में
एक और स्त्री रहती है
जो आम स्त्री से बिलकुल अलग है
आईने में दिखते चेहरे से भी
वह एकदम अलग है
लोलुप दृष्टियों से स्वयं को बचाती छवि से
वह स्त्री अलग है
रोज के क्रिया – कलापों में संलग्न स्त्री से
वह कुटिया में रहने वाली स्त्री अलग है
वह कुटिया वाली स्त्री प्रेम जीती है
संसार को रंगना चाहती है अपने रंग में
पुरुष उसके लिए
कुंठा नहीं
मात्र प्रेम का अवलंब है
पुत्र ,पति ,पिता,भाई ,सखा
हर रूप में उसमें बसा
वह कुटिया वाली स्त्री
पुरुष के इस प्रेम से ही बनी है
वह धड़कती है हर आम स्त्री में
और उसका जीना
जीवन में समरसता घोल जाता है
हर बेचैनी
हर कडवाहट
हर तकलीफ के बाद भी

मलाला युसुफजई 

मुझे अचंभित करती है
तालीबानी समाज की वह
सत्रह साला लड़की
खेलने ,नाचने ,गाने की उम्र में
पढ़ने की लगन ओढ़
तालीबानी समाज की लड़कियों के बीच
जगाती है शिक्षा की लौ
वह सत्रह साला लड़की
बेख़ौफ़ वह
ऐसा सबकुछ बोलती और करती है
जिससे तालीबानी मिजाज आहत होता है
जबकि ,
दुनिया भर की लड़कियां
उस उम्र में
‘बार्बी ‘ से खेलती
और उस जैसी स्लीम दिखने की चाहत रखती हैं

वह लड़की
मलाला युसुफजई
इन सबसे परे
तालीबान की गोलियां खा
मौत को हराती है
झंझावात में दीपक जलाती
मलाला का संघर्ष
दुनिया के हर संघर्ष से कहीं अधिक बड़ा है
हर पुरस्कार से
विश्वव के सर्वोच्च सम्मान से भी
कही बहुत आगे है
मलाला युसुफजई
अपनी छोटी सी जिन्दगी में ही
मिथक बन जाना
शायद मलाला को ही कहते हैं

स्वर्णलता हँसती है 

स्वर्णलता हँसती है
खूब हँसती है
जब कोई उससे कहता है
उसके घर के पिछवाड़े
नीम के पेड़ के पास वाले
पीपल के पेड़ पर भूत रहता है
स्वर्णलता ,
बेख़ौफ़ ,बेरोक – टोक
रात – बिरात चली जाती है
उस पीपल के पेड़ के पास
और ,जोर से बोलती है –
‘पीपल के पेड़ के भूत बाबा ,आओ
मुझे तुम्हे देखना है ‘
किसी को आया न देख
स्वर्णलता ,खिलखिलाकर हँस देती है
एक दिन
अजब – गजब कुछ हो गया
स्वर्णलता अचानक चुप हो गई
हँसना भूल गई
लोग कहते ,स्वर्णलता
उस पीपल के पेड़ पर भूत रहता है
स्वर्णलता ,चुपचाप उन्हें सूनी आँखों से
घूरती रहती
ओझा – गुनी
डॉक्टर -वैद्य
सब कुछ हुआ
लेकिन ,स्वर्णलता का हँसना
वापस नहीं आया
हारकर ,माता – पिता ने
सुयोग्य वर ढूंढ
विवाह कर दिया स्वर्णलता का
शादी के बाद भी
स्वर्णलता ,बस मुस्कुराती
हँसती नहीं थी
ससुराल में भी उसके घर से कुछ दूरी पर
एक भूतों वाला पीपल का पेड़ था

सांझ होते
लोग – बाग़ उस पेड़ से होकर
जाने वाला रास्ता छोड़ देते
स्वर्णलता को भी सख्त मनाही थी
उस पीपल के पेड़ तक जाने की
लेकिन ,एक दिन फिर
अजब – गजब कुछ हो गया
पड़ोस के एक लडके ने
स्वर्णलता को भूत के साथ
बतियाते देख लिया
स्वर्णलता के मना करने पर भी
सबने उसे डायन-जोगिन कह
घर से निकाल दिया
कुछ महीनों बाद ,
पड़ोस के उसी लडके ने
स्वर्णलता को
किसी पीपल के पेड़ वाले भूत के साथ
विराने में घूमते देखा
सूखे हलक से
‘स्वर्णलता भूतनी हो गई
स्वर्णलता भूतनी हो गई ‘
कहकर वहाँ से भागा
स्वर्णलता ,
उस, किसी पीपल के पेड़ वाले भूत का हाथ पकड़
पड़ोस के उस लडके के हाल पर
खिलखिलाकर हँसती
कहीं चली गई
आज भी ,
लोगों को कभी – कभार
स्वर्णलता की हँसी की गूंज
और ,उस पीपल के पेड़ वाले भूत से बतियाने की
आवाजें
सुनाई देती हैं
लोग कहते हैं –
‘जब कभी पड़ोस का वह लड़का डरकर चीखता है
स्वर्णलता हँसती है
जब किसी घर में बेटी पैदा होती है
स्वर्णलता हँसती है ‘
स्वर्णलता की हँसने की आवाजें सुनना
लोग अपशगुन मानते हैं
लेकिन ,अपनी ही धुन में मगन
स्वर्णलता आज भी हँसती है
खूब हँसती है

धर्म की खोखली बुनियादों में दबी स्त्री

वसीम अकरम

वसीम अकरम युवा पत्रकार हैं . इन दिनों प्रभात खबर में कार्यरत हैं. संपर्क : ई -मेल : talk2wasimakram@gmail.com : 9899170273 

संस्कृति, परंपरा, आदर्श, तहज़ीब, रीति रिवाज़ और शरियत जैसे बड़े वज़नदार शब्द सुनने में बड़े अच्छे लगते हैं, और यह  भी कि इनको शिद्दत से मानना चाहिए और इनका पालन करना चाहिए,  जिससे समाज में कोई बुराई जड़ न कर जाए। मगर यही शब्द कभी कभार जड़ता का रूप लेकर इंसानी ज़िंदगी में सड़ांध पैदा करने लगते हैं और इन शब्दों की आवाज़ तब इतनी बदबूदार हो जाती है कि इंसान अपने कान सिकोड़ने लगता है। ऐसे शब्दों को नहीं सुनना चाहता। क्यों?

उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में एक कस्बा है बहादुरगंज। वहां मुसलमानों की अक्सरियत है। हिंदू विरादरी भी है लेकिन बहुत कम। मुस्लिम बहुल इलाका होने की वजह से वहां इस्लामी तहजीब की झलक चारों तरफ दिखाई देती है, मगर वह तहजीब सिर्फ बाहरी आवरण भर है। उस तहजीब की बेरंग सूरतें तो उस आवरण के भीतर मौजूद हैं। और विडंबना देखिए कि इन सूरतों में एक भी सूरत किसी पुरूष की नहीं है। पुरूष सत्तात्मक इस समाज ने औरत के पैरों में धर्म और परंपरा की बेड़ियां डालकर उन्हें किस तरह तड़पने पर मजबूर कर दिया है, इसकी बानगी उस कस्बे के घरों की खिड़कियों से असहाय झांकते उन अबला चेहरों को पढ़कर देखा जा सकता है। वो चेहरे हैं उन लड़कियों के जिन्हें शादी के बाद या तो छोड़ दिया गया है या तलाक दे दिया गया है। उस कस्बे में 50 प्रतिशत ऐसी लड़कियां हैं, एक घर में चार लड़कियों में से दो लड़कियां तलाकशुदा हैं या उन्हें उनके पतियों द्वारा प्रताड़ित कर छोड़ दिया गया है। समाज के लोकलाज से डरी सहमी, अवसादग्रस्त ये लड़कियां अपने मायके में अपने छोटे बच्चों को लेकर किसी कैदी की तरह कैद हैं। भरी जवानी में तलाक का दंश झेल रही इन लड़कियों की पहाड़ सी जिंदगी सिर्फ अल्लाह मियां के भरोसे कैसे कट रही है, इसका अंदाजा लगाना बहुत मुश्किल है। और गरीब मां बाप के पास इतना पैसा नहीं कि वो अपनी बेटियों की मान मर्यादा के लिए केस लड़ सकें।

कबीर दास जी कहते हैं ‘‘खाला केरे बेटी ब्याहे, घरहीं में करे सगाई।’’ उन लड़कियों के हालात के मद्देनजर इन पंक्तियों की प्रासंगिकता यह है कि मुसलमानो में चार शादियां जायज हैं ,लेकिन इन चार शादियों के लिए कैसी कैसी कितनी सूरतें हैं, ये ज्यादातर मुसलमान  इसे नहीं जानते। और शरियत ये कि दूध के रिश्ते को छोड़कर किसी भी लड़की से शादी जायज मानी जाती है। ऐसी स्थिति में चाचा, मामा, बुआ, मौसी की लड़की या गांव की किसी और हमबिरादर लड़की से वहां का कोई भी लड़का शादी कर सकता है। इस्लामी शरीयत और तहजीब के चश्में से देखें तो यह अच्छा लग सकता है, लेकिन जब इसके सामाजिक परिणाम को देखते हैं तो गुस्सा फूट पड़ता है।

दरअसल इसके पीछे एक जबरदस्त कारण है मुस्लिमों का अशिक्षित होना। मुसलमानों में साक्षरता की दर बहुत ही कम है। अगर वो पढ़ते भी हैं तो सिर्फ अपनी धार्मिक किताबों और शरीयत को ही पढ़ते हैं। इनके अंदर दुनिया, समाज की समझदारी कम है और रूढ़िवादिता, कट्टरता ज्यादा है, जिसके परिणाम स्वरूप चार शादी को जायज मानकर तीन को तलाक देकर उनकी जिंदगी बद से बदतर बनाने जैसा घृणित काम करते हुए ये बिल्कुल नहीं सकुचाते, बल्कि ये कहते हैं हम धर्म पे हैं क्योंकि हम जायज पे हैं। मगर तलाक के बाद की नाजायज होने वाली चीजें ये नहीं समझ पाते। यहां तक कि एक घर में जिसने तीन शादियां कर सबको छोड़ दिया है उसी की तीन बहने तलाक लिए बैठी हैं। अब आप सोच सकते हैं कि जहां इस तरह की तहजीब होगी वहां का माहौल क्या होगा? एक तो इनमे शिक्षा की वैसे ही कमी है, दूसरे दारूल ओलूम के मुफ्ती मुल्ला रोज़ कोई न कोई फतवा देते रहते हैं। अभी पिछले दिनो एक फतवा आया था कि ‘‘ मुस्लिम महिलाओं का मर्दों के साथ काम करना गैरइस्लामी है।’’ क्या ये बताएंगे कि तलाक देकर या छोड़कर उन लड़कियों की जिंदगी बरबाद करना कितना इस्लामी है, जिनकी गोद में एक दो बच्चे हैं। ये ओलमा बहादुरगंज या उस जैसे सैकड़ों गांवों और कस्बों की लड़कियों, औरतों के हालात पर क्यों कुछ नहीं बोलते? क्या सारे फतवे औरतों के लिए है, मर्दों के लिए कुछ नहीं? क्या इन्हें इन सब बातों का इल्म नहीं? है। क्योंकि बहादुरगंज जैसे सैकड़ों गांवों और कस्बों के कुछ लोग ही सही उसी दारूल ओलूम में पढ़ाई करते हैं।

ये सारे ओलमा भी एक तरह से सत्ताभोगी हैं, जो धार्मिक लबादा पहने
अपने मतलब की शरई सियासत करते हैं। मुसलमान गरीब हैं, अशिक्षित हैं, बेरोजगार हैं और लाचार हैं मगर इन मुल्लाओं को इनकी चिंता नहीं है। ये तो बस तब्लीग की दावत देते हैं और बड़ी बड़ी किताबी, शरई बातें करना जानते हैं। ये हाईटेक ओलमा अपनी दुकान चलाने के लिए टीवी पर आकर सानिया मिर्जा की शादी पर और उसके स्कर्ट पर तो ख़ूब बोलते हैं, मगर उन अबलाओं, तलाकशुदा लड़कियों की जिंदगी को देखते हुए, जानते हुए भी कुछ नहीं बोलते। हिन्दुस्तान में आज ज्यादातर मुसलमानो को ये नहीं पता कि मानवाधिकार क्या है? महिला आयोग क्या है? ये खुद के लिए भी कोई कानूनी लड़ाई से डरते हैं, जिसके परिणाम स्वरूप हमेशा दबे कुचले रहते हैं। लेकिन इसके साथ ही साथ इनमे कट्टरता ऐसी है कि अपने नजदीकी मस्जिदों में नमाज भले न पढ़ें मगर बाबरी मस्जिद बनवाकर वहां नमाज पढ़ने की ख्वाहिश पाल रखे हैं।

देखा जाए तो मुसलमानो के लिए हिन्दुस्तान से सुरक्षित जगह पूरी दुनिया में कहीं नहीं, लेकिन फिर भी अपने आस पड़ोस की बुराईयों को नजरअंदाज कर दूसरे मुल्कों के मुसलमानों की हालत पर तरस खाकर कहते हैंदृ‘‘हमें सताया जा रहा है।’’ इन तमाम मौलवी, मुफ्ती, मुल्लाओं को ये सोचना चाहिए कि मुसलमानो में शिक्षा का विस्तार कैसे हो, तभी बहादुरगंज जैसी जगहों पर लड़कियों के साथ हो रहे इन अत्याचारों को रोका जा सकता है। और एक जायज़ समाज का निर्माण किया जा सकता है।

स्त्री को जननी कहा जाता है, मगर कुरआन के मुताबिक ईश्वर ने सबसे पहले एक पुरूष आदम को बनाया और फिर आदम की तरह स्वतंत्र श्रृजन न करके उसी पुरूष की बाईं पसली से एक स्त्री हव्वा को बनाया। जिसे हम अर्धांगिनी की संज्ञा देते हैं। आज भले ही हम स्त्री को आधी दुनिया का दर्जा देकर उसको पुरूष के बराबर हक देने की बात करें लेकिन पुरूष रुपी ईश्वर की सत्ता ने सबसे पहले एक पुरूष को पैदा कर और उसकी बाईं पसली से एक स्त्री को पैदा कर एक पुरूष सत्तात्मक संरचना की नींव डाली, जिसके परिणाम स्वरूप हमारा समाज एक पुरूष सत्तात्मक समाज कहलाने लगा। बाइबल भी यही मानता है, हिन्दू देवी देवताओं में सर्वपरि ब्रम्हा, विष्णु, महेश भी पुरूष देवता हैं। ऐसी मान्यता है, सच क्या है पता नहीं। इस तरह देखा जाए तो हमारी धार्मिक मान्यताओं मे स्त्री के उपेक्षित होने के लिए ईश्वर ही दोषी है। शुरू से ही पुरूष खुद को सबल मानता रहा है और स्त्री को अबला। स्त्री के उपेक्षित होने एक वृहद और प्राचीनतम इतिहास है। तभी तो हम दिन पर दिन आधुनिक होते जा रहे हैं फिर भी हमारी मानसिकता जस की तस, वहीं की वहीं है। अगर हमें उनको पुरूष जैसा हक देना है तो सबसे पहले उस इतिहास को भूलकर पुरूष मानसिकता में बदलाव लाना होगा। जो अभी संभव नहीं लग रहा।

छठवीं शताब्दी में मुसलमानों के आखिरी पैगम्बर मुहम्मद साहब जब मक्का में पैदा हुए तो उनके जमाने में लड़कियों, स्त्रियों पर तरह तरह के जुल्म ढाए जाते थे। पैदा होते ही लड़कियों को ज़िंदा जमीन में दफना दिया जाता था, वो इसलिए कि उनको अपनी नाक प्यारी थी। मुहम्मद साहब ने इस कुप्रथा को खत्म किया और इस्लाम धर्म की स्थापना की। मगर उसी इस्लाम ने मर्दों के लिए चार शादी जायज मानकर तलाक की ऐसी व्यवस्था दी जिसमें अगर एक मर्द किसी औरत को तलाक देता है और यदि फिर उसे अपनाना चाहता है तो उस औरत को पहले किसी और मर्द से निकाह करना होगा और फिर उस निकाह को तोड़कर अपने पहले पति से निकाह कर सकेगी। चार शादी सिर्फ मर्दों के लिए, यह एक स्त्री संवेदना के साथ खिलवाड़ सा लगता है। सीता की अग्नि परीक्षा से लेकर सती प्रथा तक में सिर्फ स्त्री ने ही अपने शरीर और संवेदनाओं की बलि दी है।

उत्तर प्रदेश, हरियाणा, बिहार, झारखंड जैसे राज्यों में सगोत्र विवाह के खिलाफ उठ खड़ा हुईं सर्वखाप पंचायतें भी इसी मानसिक अतिवाद का नतीजा हैं। इन पंचायतों में सिर्फ पुरुष भाग लेते हैं, चाहे मसला भले ही किसी स्त्री से जुड़ा हो। जिस पंचायत में महिलाओं की कोई भागीदारी नहीं वहां कैसा फैसला हो सकता है ये समझना बहुत आसान है। ये कैसी विडम्बना है रूढ़िवादिता और धर्म की सगोत्र विवाह की सजा के नाम पर उस लड़की के साथ पहले सामुहिक बलात्कार और फिर हत्या जो उनके गांव और गोत्र के ही हैं, जिन्हें पंचायतें भाई बहन तक मानती हैं।

18 जून 2010 को दिल्ली हाई कोर्ट ने नरेश कादियान के हिन्दू विवाह अधिनियम में संशोधन कर गोत्र शादियों पर प्रतिबंध लगाने की जनहित याचिका को खारिज कर दिया। न्यायमूर्ति शिवनारायण ढींगरा व न्यायमूर्ति एके पाठक की खंडपीठ ने सुनवाई में याची से पूछा कि गोत्र क्या होता है? याची ने कहा, यह हिन्दू मान्यता है। कोर्ट ने इस मान्यता के तर्क को खारिज करते हुए कहा, किसी भी हिन्दू ग्रंथ में इस प्रकार के विवाह पर प्रतिबंध के बारे में नहीं लिखा गया है और ना ही कोई मान्यता है। जाहिर सी बात है ये परंपरायें,मान्यताएं किसी विशेष देश काल का परिणाम हैं,, जिन्हें आज के परिप्रेक्ष्य  में देखना सरासर अनुचित है। इन मान्यताओं का कोई प्रमाणिक धर्मग्रंथ या शास्त्र नहीं है। दरअसल गोत्र का ये मसला सिर्फ गोत्र का नहीं लगता। इस गोत्रीय मान्यता की आड़ में ये सवर्ण पंचायतें दलितों, गरीबों में पनप रहे प्रेम और आधुनिकता को फूटी आंख नहीं देखतीं। इन पंचायतों के सदस्य रसूख वाले होते हैं जहां सिर्फ उन्ही की मरजी चलती है। यह परंपरा का ढोंग ही तो है जो सामुहिक बलात्कार करते समय ये नहीं सोच पाते कि वो लड़की उन्ही के गांव की उन्ही की बहन है। जाहिर है परंपरा, मान्यता या आडम्बर के बीच किसी सोच के लिए कोई जगह नहीं बचती। ये 21वीं सदी के भारत का वीभत्स चेहरा है जहां एक तरफ तो आधुनिक होने की बात की जाती है तो दूसरी तरफ स्त्रियों का मानसिक, शारीरिक शोषण किया जाता है और उनकी संवेदनाओं पर रूढ़िगत परंपराओं का कुठाराघात किया जाता है।

बिहार के भागलपुर में बलात्कार की कोशिश : जेंडर और जाति के समुच्चय का घिनौना चेहरा

 ( बिहार के भागलपुर में एक डाक्टर के द्वारा उसके मरीज पर बलात्कार की कोशिश के बाद स्थानीय जाति समीकरण खुला खेल के रूप में सामने आया है , जिसके कारण न्यायालय से अग्रिम जमानत खारिज होने के बाद भी आरोपी डाक्टर की गिरफ्तारी नहीं हुई है . शहर आंदोलित है लेकिन मेडिकल असोसिएशन और डाक्टरकी जाति ने पुलिस पर दवाब बना रखा है .भागलपुर से  डा मुकेश कुमार की रपट बलात्कार के पीछे जेंडर और जाति के समुच्चय को स्पष्ट कर रही है .डा मुकेश से संपर्क : 09431690824

 भागलपुर शहर के एक निजी नर्सिंग होम (तपस्वी) के डाक्टर मृतुंजय कुमार ने ईलाज कराने गई एक महिला मरीज अमृता तिवारी के साथ पिछले 31 अक्तूबर को ऑपरेशन थियेटर में छेड़खानी और बलात्कार करने की कोशिश की। जब अमृता व उनके परिजनों ने इसका प्रतिवाद किया और चिकित्सक पर कार्रवाई की मांग की तो उल्टे डाक्टर के लोगों ने महिला के परिजनों पर हमला कर दिया। पीड़ित पक्ष द्वारा तत्काल इस घटना की सूचना पुलिस को दी गई, पुलिस दल-बल के साथ नर्सिंग होम तो पहुंची किंतु आरोपी डाक्टर को गिरफ्तार करने के बजाय उनके आगे ही आत्मसमर्पण कर दिया। शहर के कांग्रेसी विधायक तक आरोपी को खुलेआम बचाने आ पहुंचे और उन्हें अपनी गाड़ी में भगा ले गए, पुलिस तमाशा देखती रह गई। डाक्टर के इस घिनौने कारनामे के सामने आने के बाद एक और महिला ने ईलाज के क्रम में उसी डाक्टर पर बलात्कार करने का आरोप लगाया है। ऐसे और भी कई आरोप उसी डाक्टर पर दाबी जुबान से सामने आ रहे हैं जो अमृता के आरोप की पुष्टि करते प्रतीत हो रहे हैं।

गिरफ्तारी की मांग करती महिलायें

चिकित्सा के पेशे को कलंकित करने वाले इस शर्मनाक मामले के सामने आते ही डाक्टर्स एसोसिएशन (आल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन) खुलकर आरोपी के पक्ष में उतर आया है। दिल्ली गैंग रेप मामले के खिलाफ बलात्कारी को फांसी देने की मांग के साथ सड़कों पर उतरने वाले एसोसिएशन ने इस बार पलटी मारते हुए पीड़िता पर ही मुकदमा वापसी का दबाव डालना शुरू कर दिया। आरोपी के पक्ष में पूरी बेशर्मी के साथ सभाएं भी की। इतना ही नहीं भागलपुर स्थित मेडिकल कालेज के जूनियर डाक्टरों ने तो तमाम हदों को पार करते हुए आरोपी डाक्टर के समर्थन में एक दिन का हड़ताल तक रखा। आरोपी डाक्टर के लोगों ने इस पूरे मामले को ब्रहमणों द्वारा भूमिहार पर हमला बताकर समर्थन जुटाने की मुहिम भी चलाई। यथास्थितिवादी-पितृसत्तात्मक-सामंत पक्षधर कांग्रेस-भाजपा-राजद-जद-यू सबके सब पसोपेश में पड़ गए हैं। जहां राजद के स्थानीय सांसद बुलो मंडल इस मामले में अपनी जुबान तक नहीं खोल पा रहे हैं। वहीं यहाँ के पूर्व सांसद-भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज़ हुसैन की शर्मनाक चुप्पी बनी हुई है। जबकि ये वही नेता हैं जिनके बयान हर छोटी-मोटी बात पर स्थानीय मीडिया की आए दिन सूर्खियाँ बनती रहती हैं।

भाजपा सहित अन्य शासकवर्गीय व नवकुलकों की पार्टियों के भूमिहार जाति से आने वाले नेता प्रत्यक्ष-परोक्ष आरोपी का पक्ष ले रहे हैं और मनगढ़ंत कहानी बनाकर आरोपी डाक्टर को कैरेक्टर सर्टिफिकेट जारी करते हुए पीड़ित महिला को ही दोषी ठहरा रहे हैं। महिला के साथ छेड़खानी-बलात्कार की कोशिश जैसे गंभीर मामले में जातिवाद का यह घिनौना चेहरा अत्यंत ही खतरनाक रूप में सामने आया है। राजद के मधेपुरा सांसद पप्पू यादव व उनकी पत्नी एवं सांसद रंजीता रंजन ने पीड़िता से मिलकर उन्हें समर्थन का इजहार किया है, साथ ही यह भी आश्वासन दिया कि यदि आरोपी डाक्टर की गिरफ्तारी नहीं होती है तो वे इस मामले को संसद में उठाएंगे.  जबकि सत्ताधारी जद-यू के नेताओं के गोलमोल बयान आ रहे हैं। इन सबसे इतर भाकपा-माले ने आरोपी डाक्टर एवं पीड़िता के परिजनों पर हमला करने वाले डाक्टर के लोगों  की तत्काल गिरफ्तारी और घटना के दिन आरोपी डाक्टर को बचाने-भगाने में शामिल पुलिस-प्रशासन के आलाधिकारियों के निलंबन की मांग की है। घटना का विरोध कर रहे लोगों को शांत कराने के क्रम में भागलपुर सीटी डीएसपी वीणा कुमारी ने महिला विरोधी यह शर्मनाक बयान दिया था कि ‘क्यों हल्ला कर रहे हैं, बलात्कार हुआ तो नहीं न!’ माले ने उक्त डीएसपी के भी निलंबन की मांग की है। इसके साथ ही भागलपुर जिले में बलात्कार-छेड़छाड़-हत्या के सभी मामलों के छुट्टा घूम रहे तमाम आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग भाकपा-माले धारावाहिक आंदोलन के जरिये कर रहा है। पिछले तीन दिनों से माले का इन सवालों पर अनशन जारी है। आरोपी डाक्टर के पक्षधर लोग आंदोलनकारियों पर शहर की शांति भंग करने का सोशल मीडिया-प्रिंट मीडिया में बयान जारी कर और नागरिकों के बीच प्रचार चला कर आरोप लगा रहा। माले नेताओं ने ऐसे लोगों को आड़े हाथों लेते हुए कहा है कि ऐसे लोग शांति का राग अलापते हुए आरोपी डाक्टर को बचाने की कोशिश में लगे हैं, जिन्हें कामयाब नहीं होने दिया जाएगा। डाक्टर के इस कुकृत्य के खिलाफ पीड़िता के गाँव सहित आस-पास के ग्रामीण भी संगठित होकर आरोपी डाक्टर की गिरफ्तारी और न्याय की मांग को लेकर चरणबद्ध आंदोलन चला रहे हैं। आगामी 12 नवंबर को माले और पीड़िता के ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से डीएम के घेराव का ऐलान किया है।

 इधर स्थानीय न्यायालय ने आरोपी की ओर से दाखिल एंटीसीपेट्री बेल को रिजेक्ट कर दिया है। भागलपुर में इस बात की खुली चर्चा है कि आरोपी डाक्टर को राज्य के चर्चित भूमिहार नेता-सांसद का संरक्षण हासिल है और वे उन्हीं की देखरेख में राजधानी पटना में हैं। राज्य के आला पुलिसधिकारी भी भागलपुर एसएसपी पर आरोपी के ‘पक्षधर एंगिल’ पर जांच को केन्द्रित करने का दबाव बनाए हुए हैं। यही कारण है कि इस घटना के एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी ऐसे संगीन मामलों के हाई-प्रोफाईल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। यह भी संभावना व्यक्त की जा रही है कि इस मामले की जांच सीआईडी को सौंप कर रफा-दफा कर दिया जाय। हाल ही में भागलपुर में हत्या के हाई-प्रोफाईल दो आरोपियों को इसी रास्ते बचाया जा चुका है।

महज मुद्दा

संजीव चंदन

( आज के जनसत्ता से साभार इस आलेख में संजीव चन्दन इसकी पड़ताल कर रहे हैं कि महिला आंदोलन की अगुआई में लगे एक समूह की आत्मग्रस्तता और पीड़िताओं के प्रति ‘ दूसरा भाव ( OTHERNESS ) ‘ से भरे होने से आन्दोलन भटक गया है. महिला आन्दोलन के ज्यादातर लोग अकादमिक संस्थानों या अन्य संस्थानों में अपने करिअर की चिंताओं में मशगूल हैं , पीड़ितायें अपनी हाल पर हैं. )

यूं तो भारत में महिला आन्दोलन की पृष्ठभूमि बनाई थी महिलाओं की स्थिति को लेकर १९७४ में प्रकाशित ‘ समानता की ओर’ रिपोर्ट ने, लेकिन इसे  देशव्यापी गति मिली थी महाराष्ट्र की एक आदिवासी लडकी ‘मथुरा’ जब पुलिस थाने में अपने ऊपर किये गए बालात्कार का केस सुप्रीम कोर्ट से हार गई. पिछले दिनों मथुरा से मिलने मैं चंद्रपुर गया था. मथुरा की हालत देखकर आज  संस्थानों में कैद हो गए महिला आन्दोलन की मौजूदा हालात के कारण समझे जा सकते हैं. वैसे मथुरा से मिलने के कुछ ही दिनों बाद बोधगया के भूमि आन्दोलन की जुझारू नेता मांजर देवी से मिलने के बाद कारणों का यह निष्कर्ष और पुख्ता होता गया .

महाराष्ट्र के चन्द्रपुर जिले के नवरगाँव में रहने वाली आदिवासी महिला मथुरा वह पीडिता थी , जो भारत में बलात्कार के क़ानून में बदलाव के लिए हुए पहले आन्दोलन का कारण बनी . इस केस के बाद ८० के दशक में महिलाओं के खिलाफ यौन हिंसा के विरोध में और महिलाओं के पक्ष में सम्मानजनक क़ानून बनवाने के लिए देशव्यापी आन्दोलन हुए तथा १९८३ में भारत सरकार बलात्कार संबंधी क़ानून को लेकर महिलाओं के पक्ष में एक कदम और आगे बढ़ी. १९८३ में क़ानून में बदलाव के बाद भारतीय दंड संहिता ( IPC) में बलात्कार की धारा ३७६ में चार उपधाराएं ए, बी ,सी और डी  जोड़कर हिरासत में बलात्कार के लिए सजा का प्रावधान किया गया . बलात्कार पीडिता से ‘बर्डन ऑफ़ प्रूफ’ हटाकर आरोपी पर डाला गया , यानी अपने ऊपर बलात्कार होने को सिद्ध करने के लिए पीडिता को जिस जहालत और अपमान से गुजरना पड़ता था , उससे उसे मुक्ति मिली और अब आरोपी के ऊपर खुद को निर्दोष सिद्ध करने की जिम्मेवारी आ गई. भरी अदालत में अपमानजनक प्रक्रिया से गुजरना भी ख़त्म हुआ.

१९७२ में महाराष्ट्र के गढ़चिरोली जिले  के देसाईगंज  थाने में अपने दोस्त अशोक के खिलाफ अपने भाई के द्वारा दर्ज मामले में बयान के लिए आई १६ वर्ष की मथुरा मडावी के साथ थाने के दो पुलिस कांस्टेबलो  गणपत और तुकाराम ने थाना परिसर में ही बलात्कार किया था. मथुरा के भाई ने मथुरा के दोस्त पर उसे बहलाने और अपहरण करने की कोशिश का आरोप लगाया था. इस घटना के विरोध में स्थानीय लोगों के हंगामे के बाद थाने में केस तो दर्ज हुआ लेकिन १९७४ में निचली अदालत  ने दोनो आरोपियों को इस बिना पर छोड़ दिया कि मथुरा ‘सेक्स की आदि’ थी और उसपर चोट के कोई निशान नहीं थे , तथा उसने विरोध  या हंगामा नहीं किया था . बॉम्बे उच्च न्यायालय के नागपुर बेंच ने  निचली अदालत के निर्णय को इस आधार पर खारिज कर दिया कि थाना परिसर में  कांस्टेबल के द्वारा डरा कर किया गया बलात्कार सहमति के साथ संबंध नहीं हो सकता. १९७९ में सुप्रीम कोर्ट ने निचली अदालत के फैसले को फिर से बहाल कर दिया और आरोपियों को दोषमुक्त कर दिया. आरोपियों की ओर से वकील थे प्रसिद्द एडवोकेट राम जेठमलानी. सुप्रीम कोर्ट के फैसले के खिलाफ क़ानून के प्राध्यापकों , उपेन्द्र बक्सी , रघुनाथ केलकर , लोतिका सरकार और वसुधा धागम्वार ने सुप्रीम कोर्ट को एक खुला पत्र लिखा. इसके बाद देशव्यापी महिला -आन्दोलन शुरू हुए और १९८३ में भारत सरकार को बलात्कार क़ानून को और संवेदनशील बनाना पडा .

मथुरा अपने घर में

मथुरा से मिलने , उसे खोजने का मन बना २०११ में चंद्रपुर , जहां मथुरा रहती है, के पड़ोसी जिले में आयोजित अखिल भारतीय वीमेन स्टडीज कांफ्रेंस में  एक प्रहसन के बाद . इसमें देश भर के विश्वविद्यालयों , संस्थानों के स्त्री अध्ययन विभागों से प्राध्यापक और विद्यार्थी तथा महिला आन्दोलनों से जुड़ी महिलायें इकट्ठी हुई थीं . इनमें वे आन्दोलनकारी भी थीं , जो मथुरा को मुद्दा बना कर लड़ी गई लड़ाई में शामिल थीं . इनसब में से किसी को मथुरा की सुध नहीं आई, पड़ोसी जिले में आकर भी कोई मथुरा से मिलने की जहमत नहीं उठा सका , कोई चर्चा तक नहीं . हद तो तब हो गई , जब इस सम्मलेन ने एक ऐसे व्यक्ति को जेंडर संवेदना के लिए ‘ बोधी वृक्ष’ का प्रतिरूप भेंट किया , जिसने  आयोजन के चार महीने पहले ही देश की लेखिकाओं के लिए अश्लील उदगार व्यक्त किये थे और देश भर में महिलाओं ने उसका प्रतिवाद किया था , सड़कों पर उतरीं थीं.  आखिर क्यों नहीं आई मथुरा की याद  , क्यों आन्दोलनकारियों में से एक ने भी कभी  कोई सुध नहीं ली उसकी , इसलिए कि वह एक मुद्दा भर थी और गरीब आदिवासी थी !  शायद यही कारण रहा होगा . सवर्ण और अभिजात्य नेतृत्व वाले महिला आन्दोलन ने पीड़िताओं को मुद्दा भर  समझा , खासकर तब , जब वे दलित या आदिवासी थीं, रिमोट में रहती थीं . कौशल्या वैसंत्री अपनी आत्मकथा में लिखती हैं कि जब भी जाति उत्पीडन के मुद्दे उठाये जाते थे तो आन्दोलनकारियों का रुख नकारात्मक और नाक भौ सिकोड़ने वाला हुआ करता था .

मथुरा अब लगभग ६० साल की हो चली है. अभी दो किशोर बच्चों की मां मथुरा चंद्रपुर के नवरगाँव में अपने पति और बच्चों के साथ बदहाल स्थिति में रहती है. गढ़चिरौली की मथुरा अपने दोस्त अशोक के गुजर जाने के बाद चंद्रपुर के भगवान अत्राम से शादी कर नवरगाँव में एक झोपडीनुमा घर  में रहती है और गाँव वालों के लिए ‘मथुरा भगवान अत्राम’ के नए जीवन में जी रही है. वह बकारियाँ चराती है और अपने पति तथा बच्चों के साथ खेत मजदूर के रूप में काम करती है जब हम उसके घर पहुंचे तो वह खांस रही थी और बीमार थी . वह बात करने के लिए तैयार नहीं थी . उसके पति भगवान और उसने कहा कि ‘अब हंगामा से क्या फ़ायदा होगा . हमारी बदहाली का कोई इलाज है क्या ! ’ उसका छोटा बेटा गुस्से से लाल घर में दाखिल हुआ . वह नहीं चाहता कि उसकी मां का तमाशा बने . मेरे साथ गई सत्यशोधक समाज की नूतन मालवी और मुझसे बात कर वह आश्वस्त हुआ . मथुरा ने बताया , ‘ मुझसे कभी कोई  मिलने नहीं आया . शुरू में एक मंत्री आई थी . कोइ आता है और मेरा तमाशा बनाना चाहता है . मेरी गरीबी का कोइ नहीं सोचता . मुझे एक बाई ५०० रुपये देकर फोटो खींचना चाह रही थी , मैंने भगा दिया .’

बोध गया भूमि मुक्ति आन्दोलन की नेता मांजर देवी

आक्रोश से भरे मथुरा और उसके पति ने कहा कि हमारे पास अब क्या लेने लोग आयेंगे. दिल्ली वाले कभी नहीं आये . नागपुर की सीमा साखरे वर्षों पहले आई थी उसके बाद कभी नहीं आई.  सुप्रीम कोर्ट में मथुरा के खिलाफ निर्णय के बाद उससे मिलने आये तब के स्वतंत्र पत्रकार सुरेश धोपटे कहते हैं, ‘ मैंने मथुरा से मिलकर उसकी कहानी लिखी , सन्डे मिड डे में छपी. लेकिन पत्रकारों और तत्कालीन सामाजिक कार्यकर्ताओं का रुख काफी असंवेदनशील था , मथुरा उनके लिए सिर्फ मुद्दा थी.’ महिला के विरुद्ध हिंसा के खिलाफ भारत में पहला फाउंडेशन बनाने वाली सीमा साखरे कहती हैं , ‘ मैं मथुरा से हमेशा मिलती हूँ , पिछले दिनों चंद्रपुर में मिली थी. वह ६० की हो चली है और उम्र से  अधिक बूढ़ी दिखती है, गरीबी के कारण . वह अब दादी भी बन गई है.’  जबकि चंद्रपुर , मुम्बई या दिल्ली आने –जाने के प्रति उदासीन मथुरा के दो किशोर बच्चे हैं , एक दसवीं फेल और एक ८ वीं के बाद पढाई छोड़ चुका है.

मथुरा जैसी ही बदहाल जिन्दगी जी रही हैं मुसहर ( दलित)  जाति की ‘मांजर देवी’ . बिहार के बोध गया में ७ वें और ८ वें दशक में एक व्यापक आन्दोलन हुआ था , जिसे ‘ बोध गया भूमिमुक्ति आन्दोलन’ के नाम से जाना जाता है. बोध गया के शंकर मठ के कब्जे से हजारो एकड़ जमीन मुक्त कराकर भूमिहीनों को देने की लड़ाई थी वह. मुक्त हुई जमीनों के पट्टे महिला आन्दोलनकर्मियों ने भूमिहीन महिलाओं के नाम लिखवाने की पहल करवाई . मांजर देवी इस आन्दोलन की स्थानीय जुझारू नेता थी. आन्दोलन का प्रभाव ख़त्म होते ही आस पास के दबंगों ने उसपर कहर बरपाना शुरू किया . उनके पूरे परिवार को फर्जी डकैती मामलों में फंसाया दिया गया . आज मांजर देवी अपने गाँव में बीमार और पस्तहाल हैं. यद्यपि इस आन्दोलन का नेतृत्व  महिला आन्दोलन के हाथ में नहीं था . इसका नेतृत्व जयप्रकाश आन्दोलन के युवा संगठन ‘संघर्षवाहिनी’ ने किया था. इस आन्दोलन से जुडी मध्यवर्गीय स्त्रियाँ आज या तो बड़े संस्थानों में हैं या किसी गैर सरकारी संगठन में . एक –दो को छोड़कर मांजर देवी से मिलने वाला कोई नहीं है , आज उन्हें इलाज की जरूरत है , लेकिन पर्याप्त पैसे नहीं हैं.

यवतमाल जिले में अविवाहित माँ

यह सही है कि ‘महिला आन्दोलन के प्रयासों को एक सिरे से खारिज नहीं किया जा सकता , उसे  अपनी सीमा में क़ानून बदलवाने से लेकर गंभीर अकादमिक काम का श्रेय जाता है , लेकिन मथुरा की घटना और उसकी उपेक्षा से यह जरूर तय होता है कि  गांवों में रहने वाली एक आदिवासी या दलित महिला उनके लिए सिर्फ मुद्दा भर होती है . यह परायेपन ( अदरनेस )  का बोध  ही है कि अपने हाल पर छोड़ दिए गये इन जीवित पात्रों की वास्तविक स्थिति में बदलाव इन आन्दोलनों के एजेंडे में नहीं रहा और सडकों पर चलने वाला आन्दोलन संस्थानों में टी ए डी ए बनाने , भुनाने और अकादमिक दक्षता के भंवरजाल में फंसता गया .

इन दिनों घूमने के ही क्रम में पराई दृष्टि का एक और उदाहरण इस सन्दर्भ में उल्लेखनीय है . महाराष्ट्र के यवतमाल जिले मे ५० से भी अधिक आदिवासी लडकियां अविवाहित माँ हैं . परायेपन (अदरनेस ) की दृष्टि का ही परिणाम है कि इन्हें ‘ उत्पीडित’ मानकर  समाज के तथाकथित मुख्यधारा में लाने के लिए सामाजिक कार्यकर्ता सरकारी तंत्र से ‘ सुधार गृह’ आदि के मद में फंड पास करवाने में लगे हैं . जबकि अपने फैसले से संतुष्ट इन माओं की वास्तविक हालात को सुधारने की कोई योजना किसी के पास नहीं है.

शिक्षा में जातिगत और लिंगगत असमानता

रजनी दिसोदिया

साहित्यकार , आलोचक रजनी दिसोदिया मिरांडा हाउस मे हिन्दी की प्राध्यापिका हैं. संपर्क : ई -मेल : rajni.disodia@gmail.com,मोबाईल , मोबाईल : 9910019108 

( रजनी दिसोदिया छात्राओं के एक वर्कशॉप के अपने अनुभव से बता रही हैं कि किस तरह सवर्ण समुदाय की लडकियां लिंगगत भेदभाव को समझती हैं और स्वीकार करती हैं जबकि जातिगत उत्पीड़न को जानबूझकर या परिवेशगत समझ के कारण अस्वीकार करती हैं . )

अभी पिछले दिनों मैंने अपनी फाउन्डेशन कोर्स की कक्षा में ‘शिक्षा में जातिगत और लिंगगत असमानता’ नामक विषय पर समूह चर्चा कराई। इसमें शामिल प्रत्येक समूह में भिन्न- भिन्न जाति समूहों और कुछ ऊपर-नीचे के आर्थिक वर्गों से आने वाली छात्राएँ शामिल थीं। अपनी चर्चा में लगभग सभी छात्राओं ने न केवल शिक्षा के क्षेत्र में लिंगगत असमानता को स्वीकार किया बल्कि समाज में भी लिंगगत असमानता के विभिन्न रूपों को दिखाया और उस पर चर्चा की। जैसे लड़कियों को लड़कों के मुकाबले स्कूलों में कम भेजा जाता है। उनका स्कूल से ड्रॉप-आउट भी लड़कों के मुकाबले ज्यादा है। प्राइवेट और अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में लड़्कों के मुकाबले लड़कियों का प्रतिशत काफ़ी कम होता है। इस समूह चर्चा में भाग लेते हुए छात्राओं ने इस बात पर भी प्रश्न चिह्न लगाया कि समाज में स्त्रियों और पुरुषों के बीच कामों का बँटवारा क्यों किया गया है? उन्हें केवल घर- परिवार के कामों में ही क्यों लगाए रखा जाता है ? इंजीनियरिंग, आर्मड फ़ोर्सिज़ जैसे क्षेत्रों को उनके लिए निषिद्ध क्यों समझा जाता है? सार्वजनिक स्थानो पर होने वाली ईव-टीज़िंग से लेकर बलात्कार जैसी समस्याओं पर छात्राएँ खुल कर बोलीं। उन्होंने यह भी कहा कि जहाँ तक स्त्री सुरक्षा संबंधी कानूनी अधिकारों का सवाल है, उनका फ़ायदा केवल शहरी पढ़ी-लिखी महिलाओं को ही मिलता है। ग्रामीण और अशिक्षित महिलाओं को उनके अधिकारों के बारे में बताने वाला कोई नहीं। पर विशेष बात यह थी कि इस समूह चर्चा में विषय के दूसरे हिस्से ‘शिक्षा में जातिगत असमानता’ पर मुश्किल से एक या दो छात्राएँ ही बोलीं और वह भी केवल अस्पृश्यता को लेकर। और यहाँ वह आक्रोश नहीं था जो लिंगगत असमानता पर बात करते समय दिखाई दिया था।

इसके साथ ही उन्होंने यह भी जोड़ा कि आजकल के समाज में अस्पृश्यता की कोई खास उपस्थिति नहीं रह गई है इसलिए शिक्षा में जातिगत असमानता जैसी कोई चीज़ वर्तमान में उपस्थित नहीं है। ये छात्राएँ शिक्षा के विभिन्न स्तरों पर जातिगत असमानता के विभिन्न रूपों को देख पाने, उन्हें समझ पाने में तथा उन्हें बता पाने में असमर्थ रहीं। जैसे स्कूलों में प्रवेश लेने वाले बच्चों में निम्न जाति के बच्चों का प्रतिशत कितना है? बीच में ही पढ़ाई छोड़ देने वाले विद्यार्थियों में निम्न जाति के बच्चों का प्रतिशत कितना है? प्राइवेट और अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में निम्न जाति के बच्चों का प्रतिशत कितना है? स्कूलों में स्कूल प्रशासन और अध्यापकों का व्यवहार इन बच्चों के साथ कैसा है? स्कूलों में मिलने वाली सुविधाओं का वितरण के समय इन बच्चों के साथ कैसा व्यवहार किया जाता है? विशेष रूप से मिड डे मील जैसी योजनाओं को लेकर। ईंजीनियरिंग और मेडिकल कॉलेज इत्यादि में जाति के आधार पर छात्र- छात्राओं के साथ कितना घिनौना और हिंसक व्यवहार होता है इसका उन्हें सिरे से अन्दाजा नहीं था। ऐसे कितने ही प्रश्न हैं जिनपर लगभग सभी छात्राएँ या तो मौन थीं, या उनके संबंध में उनके कोई अनुभव नहीं थे और जिनके अनुभव थे वे शायद बता पाने की हिम्मत नहीं कर पा रही थीं।  दूसरी ओर कॉलेज और नौकरियों में आरक्षण को लेकर छात्राएँ काफ़ी मुखर थीं और उन्होंने पुरजोर इसका विरोध किया। ‘आरक्षण’ को वे जातिगत असमानता के व्यवहार के रूप में देख रही थीं, जिसमें तथाकथित उच्च जातियों के साथ अन्याय हो रहा था। आई० ए० एस० जैसी नौकरियों में उनके हिसाब से आरक्षण का प्रावधान प्रतिभा का हनन है।

अब मेरे सामने प्रश्न यही था कि पहले तो मैं यह समझूँ कि क्या सचमुच दुनिया इतनी बदल गई है कि समाज और शिक्षा में जातिगत असमानता का कोई अस्तित्व ही नहीं रहा ? जो कि मेरे जैसे कितने ही लोग यह जानते हैं कि जातिगत भेदभाव समाज में मुखर और प्रछन्न रूप में लगातार कायम हैं। इसका अन्दाजा ही नहीं ठोस अनुभव दलित और सवर्ण सभी जातियों को बराबर से है। फिर ऐसा क्यों हुआ? क्यों छात्राओं ने लिंगगत असमानता के तो पर्याप्त महीन से महीन रूपों को भी पहचाना पर जातिगत असमानता के संदर्भ में वे सिरे से उदासीन निकली और उल्टे उन्होंने आरक्षण के प्रावधान को जो जातिगत असमानता की खाई को भरने का एक उपाय समझा गया था, को ही जातिगत असमानता के उदाहरण के रूप में प्रस्तुत कर दिया। ध्यान से सोचने और समझने पर इसके अनेक कारण मुझे मिले।

इसकी सबसे बड़ी वजह यह थी कि (१) ये छात्राएँ चाहे समाज के अलग- अलग आयवर्ग समूहों से आईं थीं फिर भी स्त्री होने के नाते लिंगगत असमानता के विभिन्न अनुभव ( ईव टीज़िंग से लेकर यौन दुर्व्यवहार तक ) उनके देखे, भोगे, सुने और जाने थे। पढ़ लिख कर अपने सपनों को साकार करने निकली ये लड़कियाँ यौन दुर्व्यवहार, असमान व्यवहार तथा  लिंगगत आधार पर आर्थिक और सामाजिक अभावों को झेल चुकी थीं।( लड़कों की शिक्षा पर परिवार प्राय: तुलनात्मक रूप से अधिक सामाजिक और आर्थिक व्यय करते हैं। उन्हें घर से बाहर निकलकर अपना कैरियर बनाने के मौके ज्यादा और सहज ही मिल जाते हैं जबकि लड़कियों को लेकर विभिन्न दबाव माता- पिता और परिवार वालों के दिमाग में होते हैं जिनका पल- पल एहसास लड़कियों को कराया जाता रहता है।) ) ( २) कॉलेज-एडमिशन के दौरान हाई कट ऑफ़ के कारण बहुत सी छात्राओं को या इनके स्कूल की अन्य सहपाठियों को उनके मनपसंद कॉलेज और कोर्सों में प्रवेश नहीं मिल पाया होगा। उनमें से कुछ उनके जानकार रहे होंगे और कुछ के बारे में उन्होंने सुना होगा।  हम सभी जानते हैं कि अपने मनपसन्द कॉलेज और कोर्स में प्रवेश न मिल पाने के कारण के रूप में शिक्षण संस्थानों की कमी पर कभी कोई बात नहीं करता। हाँ एडमिशन न मिलने के कारण के रूप में एस० सी०, एस०टी० और ओ० बी० सी० आरक्षण को सबके द्वारा कोसा जाता है।  इन छात्राओं के सामने भी इस आरक्षण को इतना कोसा गया होगा कि स्वयं इस आरक्षण का लाभ लेकर एडमिशन लेने वाली छात्राएँ तक इस कदर दबाव में आ गईं कि वे भी इसके पक्ष में कोई दलील नहीं रख पाईं। बाकियों ने तो इसके विरुद्ध मोर्चा खोल ही दिया था। इसके अतिरिक्त ( ३) मेरी इस कक्षा में जितनी भी छात्राएँ थीं विशेष रूप से जिन्होंने मुखर होकर अपने समूह की राय को अभिव्यक्त किया, लगभग वे सभी अंग्रेजी माध्यम वाले प्राइवेट स्कूलों से पढ़कर आईं थीं। स्कूलों में स्वयं के साथ तो क्या किसी और के साथ जातिगत असमानता, अपमान और तिरस्कार की घटनाओं का उन्हें कोई अनुभव नहीं था। सरकारी स्कूलों में अध्यापकों, प्रशासन, सहपाठियों और उनके अभिभावकों द्वारा होने वाली जातिगत दुर्व्यवहार की घटनाओं को उन्होंने किसी से सुना तक नहीं था क्योंकि उन परिवारों, उन स्कूलों से उनका कोई सम्बन्ध नहीं रहा था। हम सभी जानते हैं कि प्राइवेट और अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों में निम्न जातियों का प्रतिशत बहुत कम ही होता है और जो होता भी है वह अपने जातीय पहचान को वहाँ छिपाए रहते हैं क्योंकि यहाँ परम्परा से निम्न जातियों के साथ अकारण सामाजिक भेदभाव किया जाता है। और यदि ऐसा न भी किया जाता हो तो भी अपने पूर्व जातीय अनुभवों के कारण ऐसे परिवार पर्याप्त सावधानी बरतते हैं और उन अंग्रेजी माध्यम प्राइवेट स्कूलों से पढ़कर आने वाले बच्चों को जातीय अपमान के कोई प्रत्यक्ष अनुभव नहीं होते हैं। इसी कारण ये बच्चे जब शिक्षण संस्थाओं में आरक्षण के सहारे प्रवेश पाते हैं तो वे अपने भीतर ऐसा कोई तर्क नहीं जुटा पाते कि क्यों उन्होंने आरक्षण का उपयोग किया। यहाँ एक बहुत बड़ा मुद्दा यह है कि आरक्षण को हमारे यहाँ सरकारों ने एक चेरिटी के तौर पर प्रचारित किया न कि अनिवार्य कर्तव्य के रूप में। चेरिटी में दया भाव बना रहता है। इस दया भाव के पैदा होने के लिए पर्याप्त शोषण और दलन की स्थितियों का प्रत्यक्ष होना जरूरी माना जाता है। जैसे कोई यदि तथाकथित निम्न जाति से है तो उससे यह अपेक्षा कि जाति है कि उसके वस्त्र इत्यादि बहुत सामान्य और मुश्किल से जुटाए हुए प्रतीत हों, उसे बोलने चालने और व्यवहार में आत्महीनता की झलक हो, और वह अपने अधिकारों तक के लिए दूसरों ( दयालु सवर्णों ) पर निर्भर हो। और यदि यह सब हमें न दिखाई दे तो हम उसके द्वारा आरक्षण के उपयोग को स्वीकार ही नहीं पाते। प्राय: आर्थिक रूप से कुछ ठीक-ठाक, पढ़े-लिखे दलित परिवारों के बच्चों को जातिगत भेदभाव का कोई प्रत्यक्ष अनुभव नहीं होता। बिना इस अनुभव के वे स्वयं के मन में भी कोई तर्क नहीं जुटा पाते कि उन्होंने क्यों आरक्षण का उपयोग किया। एक अन्य बड़ा कारण यह भी रहा कि (४) यहाँ महिला कॉलेज होने के कारण लिंगगत असमानता को बयान करने का जो सकारात्मक माहौल इन छात्राओं को मिला वह शायद जातिगत असमानता झेलने वाली छात्राओं को नहीं मिला, क्योंकि संख्या के मामले में वे काफ़ी कम रही होंगी। ब्राह्मणवादी परम्परा ने सायास और अनायास प्राय: प्रत्येक भारतीय को यह सिखाया है कि ब्राह्मण, बनिया या ठाकुर होना कोई कमाल की बात है और चमार, चूहड़ा या धानुक होना कोई शर्मसार होने वाली बात है। बहुत खेद के साथ कहना पड़ता है कि बहुत सी निम्न जातियाँ भी ऐसा ही मानती हैं।
आज़ादी के बाद से ही लिंगगत असमानता को मिटाने के प्रयास सरकारी और गैरसरकारी तौर पर जितने दिल से किए गए वैसे और उतने प्रयास जातिगत असमानता को मिटाने के लिए नहीं हुए। जातिगत असमानता को मिटाने के सभी प्रयास केवल सरकारी तौर पर ही हुए, क्योंकि वहाँ संविधान की बाध्यता थी। लड़कियों के लिए अलग से स्कूलों, कॉलेजों, हॉस्टल सुविधाओं, अलग शिक्षण संस्थाओं को न केवल सरकारी प्रयासों से अपेक्षाकृत ज्यादा मात्रा में खोला गया बल्कि समाज सुधार संस्थाओं, मिशनरी सोसाइटियों तक ने ऐसे बहुत से प्रयास किए। जबकि निम्न जातियों के लिए ऐसे सभी प्रयास बेमन से केवल सरकारों द्वारा ही किए गए। निम्न जातियों की शिक्षा को लेकर स्वयं समाजिक संस्थाओं के ऐसे प्रयास लगभग नगण्य ही कहे जाएँगे। निम्न जातियों के लिए कुछ भी करने के कार्य-भार से सामाजिक संस्थाएँ लगभग मुक्त रहीं अथवा उनके प्रयास शिक्षा के क्षेत्र में न के बराबर रहे। अब हम यह भी जाने कि ऐसा क्यों हुआ कि सामाजिक संस्थाएँ और गैर-सरकारी संस्थाएं लिंगगत असमानता मिटाने के लिए तो सतत प्रयासरत रहीं और आज भी हैं पर जातिगत असमानता मिटाने का जिम्मा केवल सरकारों का ही रहा। समाज में लिंगगत असमानता के प्रति संवेदनशीलता प्रायं जातिगत असमानता के मुकाबले ज्यादा क्यों रही। लिंगगत असमानता की मौजूदगी सभी स्वीकारते हैं पर जातिगत असमानता के प्रति सभी उदासीन बने रहते हैं।

लिंगगत पहचान प्राकृतिक है। इस पहचान को किसी तरह नहीं छिपाया जा सकता। इसलिए इस आधार पर होनेवाली सामाजिक असमानता ज्यादा विज़िबल है। उसे चाहकर भी अनदेखा नहीं किया जा सकता। न समाज द्वारा न उस व्यक्ति द्वारा जिसके प्रति वह बरती जा रही है। इसके विपरित जातिगत पहचान प्राकृतिक न होकर सामाजिक है। समाज में जितना संभव होता है प्राय: उतना ही निम्न जाति का व्यक्ति अपनी जातिगत पहचान को छिपाकर रखना चाहता है क्योंकि ऐसा करके वह प्रत्यक्ष रूप से होने वाले जातीय दुर्व्यवहार से अपने को बचा सकता है।  वह अलग बात है कि उच्च जाति के व्यक्ति  जहाँ बात बात पर प्राय: जातिगत अभिमान से भरी टिप्पणियाँ करते रहते हैं और जब निम्न जाति के व्यक्ति द्वारा ऐसे मौकों पर चुप रह जाया जाता है तब यह अनुमान हो ही जाता है कि कौन निम्न जाति से है और कौन उच्च जातियों से। लेकिन उसके बावजूद यथासंभव तथाकथित निम्न जातियों के व्यक्ति अपनी जातीय पहचान को छिपाकर रखते हैं और जातीय अपमान की घटना को काफ़ी हद तक सह भी जाते हैं क्योंकि उसके खिलाफ़ आवाज़ उठाते ही सबसे पहले जाति छिपा जाने का उनका अथक प्रयास ही मिट्टी में मिल जाता है। अपनी जातीय पहचान के प्रति सहज न रह पाना उनकी सबसे बड़ी कमजोरी है। वे या तो उसके प्रति आत्महीनता से ग्रस्त रहते हैं और ‘आरक्षण’ नामक अपने अधिकार के प्रति बचाव की मुद्रा में आ जाते हैं। या अपनी जातिगत अस्मिता के प्रति इतने संवेदनशील हो जाते हैं,कि जहाँ जातिगत अपमान की हरकत या स्थिति न भी हो तो वहाँ भी उसे देख कर अति आक्रोश से भरे रहते हैं।

दूसरी ओर परिवार, जाति की अपेक्षा ज्यादा छोटी, मजबूत और विज़िबल इकाई है। गाँव देहातों में तो जाति भी अपेक्षाकृत विज़िबल इकाई होती थी पर शहरी संरचना ने जातीय अस्मिता की सार्वजनिक विज़िबलिटी को बाधित किया है। ( यह अच्छा हुआ या खराब इस पर चर्चा नहीं है।)  नए लोकतान्त्रिक समाजो में जातिगत आधार पर भेदभाव सैद्धान्तिक रूप से स्वीकार्य नहीं है इसलिए उसके विभिन्न रूपों के मौजूद होने तथा उन्हें बनाए रखने के बावजूद सवर्ण जातियाँ उसके बारे मौन धारण किए रहती हैं। वे व्यवहार में तो जातिगत भेदभाव के नियमों को बनाए रखती हैं और रखना चाहती हैं पर उनके पक्ष में सार्वजनिक रूप से बोलना नहीं चाहतीं क्योंकि आधुनिक स्वतन्त्र लोकतान्त्रिक समाजों में इसे सैद्धान्तिक रूप से चलाए रखने का कोई नैतिक आधार उनके पास नहीं है। सवर्ण जातियाँ शासन- प्रशासन, शिक्षा और विभिन्न कला संस्थानों में परम्परा से जमी बैठी हैं और उनके दरवाजे केवल अपनी जाति के लिए ही खोलना चाहती हैं किसी अन्य जाति के व्यक्ति को वे भरसक पीछे धकेलने, रोकने और अन्दर न आने देने के लिए प्रयासरत रहती हैं। यहाँ मामला गरीबी और अमीरी का नहीं अपनी जाति और गैर जाति का होने का है। आरक्षण के कारण ही निम्न जातियाँ यहाँ घुसपैठ कर पाती हैं अन्यथा यहाँ प्रवेश करने की पहली योग्यता तो सवर्ण जाति होना है। जिस तथाकथित योग्यता की बात आरक्षण के संदर्भ में की जाती है यदि उसे आधार बनाया जाए तो कितने ही सवर्णों को ( लगभग तीन चौथाई) पहले अपना- अपना पद छोड़ना पड़ेगा। इन पदों के लिए जिस प्रकार की योग्यता को आधार बनाया जाता है उसे प्राय: जन्म से ही ये जातियाँ अपने बच्चों को घुट्टी में घोलकर पिलाना शुरू कर देती हैं; वह अलग बात है कि उसके बाद भी उनमें से अधिकाँश सीधे कम्पीट नहीं कर पाते फिर उनके लिए वही जोड़- तोड़ की राजनीति, भाई- भतीजावाद, और इससे भी काम न चले तो सीधे- सीधे पैसे का लेन-देन( यानि भ्रष्टाचार) इत्यादि का सहारा लिया जाता है। क्योंकि आरक्षण के कारण कुछ निश्चित पद संवैधानिक आधार पर निम्न जातियों को देने ही पड़ते हैं इस कारण सवर्ण जातियों ने इस अपवाद को खूब बढ़ाया और पोषित किया कि आरक्षण द्वारा आए अधिकारी, कर्मचारी और पदाधिकारी लायक नहीं होते यदि वे लायक होते तो आरक्षण का सहारा न लेकर सीधे मुकाबला करते। जबकि वे प्राय: स्वयं ही जोड़- तोड़, पैसे और मामा,चाचा, ताऊ के बल पर इन पदों पर आते हैं। सवर्णों के पास ऊपर चढ़ने की बहुत सी सीढ़ियाँ हैं निम्न जातियों के पास केवल एक सीढ़ी है आरक्षण की। आरक्षण की सीढ़ी सबकों दिखाई देती है या दिखाई जाती है अन्य सीढ़ियाँ क्योंकि संवैधानिक नहीं हैं इसलिए वे हैं पर उन्हें सार्वजनिक और कानूनी रूप से स्वीकारा नहीं जाता।

लिंगगत असमानता की उपस्थिति सभी उच्च और निम्न जातीय समाजों और परिवारों में है; बेशक उसके रूप और अनुपात भिन्न हैं। लिंगगत असमानता के प्रति समाज और परिवार ज्यादा मुखर हैं बजाय कि जातिगत असमानता के। लिंगगत असमानता को दूर करने से होने वाले फ़ायदे कमोबेश सभी को मिलेंगे चाहे वे उच्च जातीय समाज और परिवार हों या निम्न जातीय। इसलिए लिंगगत असमानता को लेकर समाज ज्यादा मुखर है, लिंगगत असमानता मिटाने वाले प्रयासों के प्रति ज्यादा सक्रिय है।( जैसे लड़कियों को लेकर बनने और चलने वाली सरकारी और गैरसरकारी योजनाओं का स्वागत किया जाता है उसके प्रति अपनी जवाबदेही के प्रति लोग जागरुक हैं। लड़कियों को मिलने वाली छात्रवृतियों, आर्थिक सुविधाओं, केवल उनके लिए बनने वाले संसाधनों के प्रति प्राय: न तो कोई दुर्भावना पैदा होती है और न ही यह सवाल कि इससे लड़को के प्रति अन्याय होता है। इस मामले में हम ज्यादा सजग, मुखर, और उन्हें लागू करवाने के प्रति ज्यादा सक्रिय रहते हैं। क्योंकि सामाजिक कर्तव्य के रूप में हम उसे अपना चुके हैं। हम यह मान लेते हैं कि लड़कों को पढ़ने लिखने, शिक्षा पाने के मौके तो मिलते ही रहते हैं, उन पर पढ़- लिख कर परिवार के लिए कमाने का दायित्व परम्परा से मौजूद है इसलिए वे तो अपने लिए शिक्षा और नौकरी जुटा ही लेंगे विशेष प्रयास केवल लड़कियों के लिए किए जाने चाहिए। दूसरी ओर जातिगत असमानता मिटाने के लिए किए जाने वाले विभिन्न प्रयासों के प्रति न तो सरकारी सक्रियता देखी जाती है, बल्कि वे जातीय समूह भी अपने लिए बनी उन योजनाओं को लागू करवाने के प्रति खास सजगता नहीं बरतते क्योंकि उन योजनाओं की सार्वजनिक स्वीकार्यता समाज में नहीं है। जातीय पहचान छिपाने के प्रयास में वे प्राय: संगठित नहीं हो पाते। बिना संगठन वे सरकारी प्रयासों को पूरी तरह लागू करवाने का  दबाव नहीं बना पाते। जातिगत आधार पर मिलने वाली छात्रवृतियों और आर्थिक सहायता राशि और अन्य मदद का फ़ायदा उच्च जातीय समूहों को नहीं मिलता इसलिए वे उसके विरोध में माहौल बनाते हैं। वे ऐसा प्रचारित करते हैं कि निम्न जातीय समूहों के लिए सरकार जो कुछ भी करती है वह उनके हिस्से से काटकर दिया जाता है। इस सबसे निम्न जाति समूह प्राय: एक दबाव झेलते रहते हैं, उन्हें जो कुछ मिल रहा है या दिया जा रहा है वह उनका हक़ है अधिकार है कोई भीख नहीं यह समझ पाने में प्राय: वे असमर्थ रहती हैं। सवर्ण जातियाँ प्राय: इस आशंका से धिरी रहती हैं कि ये सब सुविधाएँ मिलने से निम्न जातीय समूहों के बच्चे समाज में उन पदों और स्थानों पर जा पहुँचेंगे जिन पर परम्परा से उनका हक़ रहा है। जैसे गाँवों में निम्न जातीय समूहों को ज़मीने दिये जाने का विरोध इसी कारण हुआ कि जब इनकी अपनी जमीने होंगी तो फिर उनके खेतों में काम कौन करेगा? गाँव- देहातों में उच्च जातीय समूहों के स्त्री – पुरुष स्वयं तो सरकारी और गैरसरकारी संस्थानों में काम करते हैं और उनके खेतों और खलिहानों पर भूमिहीन मजदूर मजदूरी करते हैं जो प्राय: निम्न जाति समूहों से होते हैं। इसप्रकार जातिगत असमानता मिटाने के विभिन्न प्रयासों के प्रति सरकार की ओर से खानापूर्ति की जाती है और समाज के द्वारा उनके विरोध में माहौल तैयार किया जाता है।

अब यह जानने की कोशिश करते हैं कि शिक्षा और नौकरियों में जातिगत आरक्षण देने की आवश्यकता क्यों पड़ी। वे कौन सी ऐतिहासिक स्थितियाँ हैं जिससे विभिन्न जाति समूहों के बीच टकराव ज्यादा होने लगा। मध्यकालीन समाज जिसमें विज्ञान और तकनीक का इस्तेमाल तो था पर बड़ी- बड़ी मशीनों द्वारा उत्पादन नहीं होता था। अर्थात कोयले, पट्रोल और गैस से चलने वाली बड़ी- बड़ी मशीने और कल- कारखाने नहीं थे। उत्पादन बड़ी और विशालकाय मशीनों के द्वारा न होकर मानवहस्त चालित औजारों के द्वारा होता था। औजार मानव श्रम के सहायक, उसकी कार्यक्षमता बढ़ाने वाले, तथा वस्तु को तराशने, निखारने, मजबूती प्रदान करने में सहायक थे। प्राय: इतना उत्पादन होता था कि मांग निरन्तर बनी रहती थी। पूरा समाज अपनी- अपनी भौगोलिक स्थितिनुसार विभिन्न पेशेवर जातियों में बंटा हुआ था। विभिन्न पेशेवर जातियों द्वारा  बनाई जाने वाली वस्तु की समाज में मांग बराबर बनी रहती थी इसलिए उसकी सामाजिक हैसियत,जरूरत भी बराबर बनी रहती थी। कुम्हार, चमार, बढ़ई, लुहार, सुनार, दर्जी जैसी उत्पादक जातियाँ थीं तो दूसरी ओर बनिया, पुरोहित, मल्लाह, धोबी, खटीक, गडरिया, पशु-पालक,गांव की चौकिदारी करने वाले पासवान, राजमिस्त्री, खेतों में कृषि कर्म से जुड़ी खेतिहर जातियाँ भी थीं जो अपनी सेवाएँ देती थीं। कुछ ऐसी दास ( परिचारिका और घरेलू नौकर टाइप ) जातियाँ भी थीं जो उच्च, धनी- मानी सत्तावान वंशों, परिवारों के लिए वे सभी काम करती थीं जिन्हें इन वंशों, परिवारों, कुलों के औरत और मर्द अपने हाथों से नहीं करते थे। ये सत्तावान जातियाँ, वंश और कुल शासन- प्रशासन, धर्म और शिक्षा, कला- साहित्य समाज के नियमन और दिशा- निर्देशन जैसे कार्यों से जुड़े रहते थे। इन समुदायों, वंशो और परिवारों, कुलों को शासन-प्रशासन की शिक्षा देने, उन्हें राजनीति, युद्धनीति, धर्मनीति, कूटनीति सिखाने, शिक्षा- साहित्य और विभिन्न कलाओं की शिक्षा देने के लिए भी कुछ जातियाँ और समुदाय निश्चित हुआ करते। अपने आप को सत्ता में बनाए रखने के लिए ये जाति समूह,वंश,कुल और परिवार निरन्तर प्रयासरत रहते थे। इन जातियों, वंशों और कुलों के ऐसे प्रयास तब बहुत ज्यादा बढ़ गए जब उनसे परंपरा से इन पदों पर रहने का अधिकार आधुनिक लोकतान्त्रिक राज्यों ने ले लिया।

मध्यकालीन समाजों में प्राय: सभी पेशेवर-उत्पादक जातियाँ, शासन- प्रशासन से जुड़े समूह और उनकी सेवा में रहने वाली जातियाँ और समूह प्राय: अपने- अपने कामों को लेकर जन्म आधारित थे। अर्थात प्रत्येक जाति, वंश, कुल के वंशजों के लिए वही काम निश्चित था जो उसकी पूर्वज ( जातियाँ, वंश, कुल) करते थे। इसके बावजूद समय और स्थान परिवर्तन होने पर जातियों, वंशों, कुलों के काम बदल जाया करते थे या बदलने को मजबूर हो जाया करते थे। प्राय: विभिन्न जाति समूह अपनी – अपनी सामाजिक हैसियत बढ़ाकर सत्ता में दखल या कब्ज़ा कर लेने के लिए प्रयासरत रहते थे। इसलिए सत्तावान जाति- समूह, वंश और कुल हर दो- चार पीढ़ियों के बाद बदल जाया करते। यह अलग बात है कि तब सत्ता परिवर्तन का आधार मतदान नहीं होता था। विभिन्न जातियाँ अलग- अलग समयों और स्थानों पर अलग- अलग पेशों और कामों से जुड़ी होती थीं। पीढ़ियाँ स्थान बदलकर अपने पेशे में परिवर्तन कर लेती थीं। जातियाँ बनी रहती थीं पर पीढ़ियाँ निरन्तर एक ही जाति में बने रहने को अभिशप्त नहीं थीं। जाति बन्धन कहीं बहुत कठोर तो कहीं बहुत ढीले- ढाले होते थे। दूसरी और सभी पेशों की समाज में जरूरत थी इसलिए उनसे जुड़ी जातियों की सामाजिक हैसियत कमोबेश बराबर थी। सबके पास काम था और उसका उचित दाम भी। जैसे चमार जाति चमड़े के उत्पादन काम में लगी थी जिससे वह केवल जूते ही नहीं बनाती थी बल्कि सेना के लिए बख्तरबन्द, घोड़ों की जीन- काठी- लगाम, तलवार की ढाल, सेना के तम्बू, सिंचाई के लिए, तथा पानी की ढुलाई के लिए मश्क इत्यादि अनगिनत चीज़ें जिनकी माँग उस मध्यकालीन समाजों में बराबर बनी रहती थी। ऐसे में इस जाति की सामाजिक हैसियत और आर्थिक स्थिति निराशाजनक हो ही नहीं सकती थी। यही स्थिति कमोबेश सभी जातियों की थी। शादी- ब्याह में चाक- पूजन कुम्हार जाति की सामाजिक स्वीकार्यता का सबूत है ही। हाथों से काम करना, श्रम करना सामाजिक रूप से बुरा नहीं समझा जाता था। स्थिति उस समय बिगड़ी जब मध्यकालीन समाज आधुनिक मशीनीकृत तकनीकी समाज में परिणत हुआ। औजारों और हाथों का काम मशीनों ने ले लिया। धीरे- धीरे पेशेवर जातियों से उनके पेशे छिनने लगे। पेशे अब पीढ़ियों का बोझ ढोने में नाकामयाब रहने लगे। जमीन और खेती पर बोझ बढ़ा। पेशेवर जातियाँ बेकारी में या तो खेतिहर मजदूर बनी, या शहरों में उगने वाले कल- कारखानों में मजदूर या फिर नई विकसित सत्तावान जातियाँ जमींदारों की लठैत बनने लगी। विभिन्न पेशेवर जातियों का काम सिर्फ़ कच्चा माल जुटाने और उसे जमाकर अंग्रेजी मशीनों की खुराक बनाने तक सीमित रह गया। जैसे चमारों का काम पशु के शरीर से खाल उतारना, उसे सुखाना, रंगकर तैयार करने तक सीमित रह गया। सबसे पहले सबसे खराब स्थिति जुलाहों, बुनकरों और चमारों की हुई। मशीनों ने कपड़ा और चमड़ा उद्योग को ही सबसे पहले चौपट किया। इसके बाद बारी आई खेती से जुडी जातियों की। खेती की बर्बादी ने बेकारों की फ़ौज इकट्ठा कर दी।

दूसरी ओर सत्ता से जुड़े जातीय समूह, वंश, और कुल जो तकनीकी रूप से अंग्रेजों से कमजोर थे, अपने समाज को किसी प्रकार की सुरक्षा या दिशा निर्देश नहीं दे पाए बल्कि या तो अपने अभिजात्य गरूर में नष्ट हो गए या अपने और अपने वंश, कुलों के हितों की सुरक्षा हेतु अंग्रेजी शिक्षा – दीक्षा लेकर, उन्हीं की संस्कृति में ढलकर शासन- प्रशासन में अपेक्षाकृत छोटे पदों पर आसीन हो गए। अंग्रेजों के साथ मिलकर इन्होंने अपनी भाषा- साहित्य, सभ्यता और संस्कृति को धत्ता बताकर इन्होंने नई आर्थिक संरचना को स्वीकार कर लिया। भाषा, साहित्य और सत्ता ( पुलिस, प्रशासन, सेना इत्यादि) के अपेक्षाकृत नए संस्थानों में ये इस तरह घुस गए कि जैसे ही अंग्रेज भारत से जाएँ वैसे ही इन सभी संस्थानों पर इनका कब्जा हो जाए। और जैसा कि हुआ भी।  इनको शासन- प्रशासन और सत्ता का पुराना अनुभव होने के कारण अंग्रेजों ने भी काफ़ी हद तक इनका साथ दिया। इन्होंने स्वयं तो तथाकथित परंपरागत नियमों, मान्यताओं और विश्वासों को छोड़कर अंग्रेजी शिक्षा, साहित्य और संस्कृति को अपनाया पर जब निम्न और पेशेवर जातियों ने ऐसा करना चाहा तो इन्होंने जाति-धर्म और वर्ण के बन्धनों को कठोर से कठोर बनाकर प्रस्तुत किया और कहा कि परंपरा से ये जातियाँ शिक्षा- साहित्य शासन- प्रशासन के कार्यों से दूर रही या रखी गई हैं अत: अब भी उन्हें यह अधिकार नहीं मिलना चाहिए। उनका यह तर्क बिल्कुल ऐसा था जैसे कोट- पतलून या जिन्स टी- शर्ट पहना कोई भी आदमी महिलाओं द्वारा पतलून या जिन्स पहने जाने का विरोध यह कह कर करता है कि महिलाओं को भारतीय सभ्यता और संस्कृति के अनुसार सूट या साड़ी पहनना चाहिए। उस समय उनसे यह पूछा जाना जरूरी है कि वे जो कोट- पतलून या जिन्स टी शर्ट को पहनने हैं वे कब भारतीय सभ्यता या संस्कृति में विकसित हुए। शिक्षा –साहित्य शासन- प्रशासन में आने के निम्न जाति के प्रयासों को सवर्ण जातियों ने हिंसक तरीके से दबाया। मनु स्मृति जैसी रचना जिसकी कोई सामाजिक स्वीकार्यता नहीं थी, को जानबुझकर प्रचारित किया गया। बराबर की लड़ाई को एकतरफ़ा जीत में तब्दील कर दिया। स्वतन्त्रता की लड़ाई के दौरान यह स्पष्ट हो गया कि ये सवर्ण जातियाँ स्वतन्त्रता के बाद सत्ता संस्थानों, शासन प्रशासन के क्षेत्र में जम जाएँगी और अब तो इसके लिए उन्हें किसी मार्शल हुनर की भी जरूरत नहीं होगी। सारा क दिमागी होगा और उसके लिए किसी तरह का जान का खतरा उठाने, अपना शारीरिक बल और सैन्य क्षमता बढ़ाने की भी जरूरत नहीं होगी। इसलिए इस दौरान निम्न जातियों पर हिंसक जातीय हमले बहुत बढ़ गए। मनगंढ़त कहानियाँ और कुप्रथाएँ गढ़कर जाति प्रथा को अपरिवर्तनशील ठहराया जाने लगा जिससे एक बड़े समुदाय की चुनौती को दबाया जा सके।

उनके इन रंग- ढ़ंग को देखकर डा० अम्बेडकर ने यह माँग की कि निम्न जातियों को भी अंग्रेज वैसे ही उनका अलग हिस्सा दे दें जैसे वे मुसलमानों को दे रहे हैं। क्योंकि सवर्णों की मंशा देखते हुए विशेष रूप से दलित जातियों के हित उनके साथ सुरक्षित नहीं थे। इसके बाद पूना पैक्ट के तहत यह समझौता हुआ कि क्योंकि शासन- प्रशासन और शिक्षा संस्थाओं इत्यादि में सवर्ण जातियों ने कब्जा कर रखा है और चूकिं स्वतन्त्रता के बाद इन पर इनका ही कब्जा रहेगा इसलिए ऐसा प्रावधान होना जरूरी है कि जिसमें निम्न जातियों को कम से कम इतना प्रतिनिधित्व मिले कि उनके प्रैशर को रीलिज किया जा सके। आरक्षण से सवर्णों के हितों का बचाव होता है न कि दलितों के हित का। एक इतना बड़ा पेशेवर समाज जो अपनी दस्तकारी और हुनर पर जिन्दा था उसे स्वतन्त्र भारत में भी रोजगार देने का काम भारत का सत्ता वर्ग नहीं कर पाया है। हमारी योजनाएँ और नीतियाँ ऐसी हैं जो निरन्तर बेरोजगारी पैदा कर रही हैं। लगातार श्रम और हाथ से काम करने की संस्कृति की अवहेलना की जा रही है। श्रम और हाथ से काम करने वाली संस्कृति के विरोध ने ही आज यह स्थिति पैदा कर दी है कि न तो सबके पास काम है और न काम को करने की नीयत। मशीने मनुष्य कार्य क्षमता को बढ़ाएँ न कि उसे खत्म करें। भारत एक विशाल महामानव समुद्र है ऐसा गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर ने कहा था। इस महामानव समुद्र को, जो पेशेवर जातियों के रूप में रहा है ,को काम की जरूरत है। उसे काम चाहिए ऐसा काम जिसकी सामाजिक स्वीकार्यता हो, जिसमें इतनी कमाई हो कि “ मैं भी भूखा न रहूँ साधु न भूखा जाए।“ क्या भारत के नीति- निर्धारक भारत की पेशेवर जातियों को ऐसा काम दे पाएँगे ?

अविनाश मिश्र की चार कवितायें : बदसूरत औरत की जरूरत और अन्य

अविनाश मिश्र

युवा कवि अविनाश मिश्र तीक्ष्ण धार और गहरी सम्वेदना के कवि हैं. संपर्क : darasaldelhi@gmail.com


1. बदसूरत औरत की जरूरत 

उस दोपहर वह हर जगह अपनी नामौजूदगी
बड़ी शिद्दत से महसूस करती रही
शाम ढले जब बहुत सारे रास्ते जगमगा उठे
तब भी किसी पोस्टर में उसने खुद को नहीं पाया
खोई-खोई-सी वह रात दीवारों के बीच लौट आई
और अपने सारे कपड़े उतारकर
अपने बदन को अपने ही हाथों से सहलाते हुए सो गई

सुबह होने पर जब वह जागी
वह यह सोचकर खुश हुई
कि वह किसी और के बिस्तर पर नहीं है

…हवाएं खांसती हुई गुजरती थीं बदशक्ल कूचों से
थोड़ा और भीतर धंसने पर
कुछ खत्म किए जाने का बेरहम शोर सुनाई देता था

वह उड़ती हुई पतंगों और दड़बेनुमा मकानों के बीच पैदा हुई
और धीमे-धीमे अपने सारे ख्वाब खोकर
शाम से अंधेरे की तरह हो गई

यह जानकर भी कि सारे सपने उसमें ही कहीं गुमशुदा हैं
उसने कभी उन्हें ढूंढ़ने की कोशिश नहीं की

उस वक्त जब सुंदरता मुकाबलों में शरीक हो रही थी
वह चाहती थी हथिया लेना हर वह प्रसाधन
जिससे ज्यादा और ज्यादा बदसूरत दिखा जा सके

अपने बलात्कार के हर डर को मुज्महिल करती हुई
वह महफूज थी अपने बनाए घेरे में

बसें धूल उड़ाती हुई जाती थीं उसके मुंह पर
लेकिन वह चिपकी नहीं रही किसी मर्द की कमीज से बटन बनकर

वह इस तरह थी
कि बस दर्पण ही देख सकता था उसे वासना से
रात ही कर सकती थी उससे प्रेम
स्वप्न ही हो सकते थे उसके प्रति कामुक
अवसाद ही ले सकता था उसका चुंबन
उसके इन बेरंग साथियों के यहां
आंखों से चुनने का कोई दृश्य न था

बहुत कुछ झूठ था उसके लिए
और सिहरन सबसे बड़ी सच्चाई जिंदगी की

दुनिया में सब कुछ वैसा ही था—
कलाएं, प्रतियोगिताएं, बलात्कार, विवाह और विज्ञापन
लेकिन वह कहीं नहीं थी
आईनों के पहले, आईनों के रहते, आईनों के बाद…

2. जा तुझको सुखी संसार मिले 

लड़कियां वहां एक अजीब उधेड़बुन में रहती थीं
जब पिता धावक में बदल जाते थे
और मांएं एक बहुत बड़े आईने में
पिता लड़कियों की तस्वीरें लेकर
देर रात तक भागते रहते थे
वे उनके लिए आनंददाताओं की तलाश में थे

अब तक जैसा होता आया था
उसमें सबके एक-एक आनंददाता थे
बावजूद इसके जिंदगानियां रुआंसी ही रही आईं
जब भी वक्त मिला या संग-साथ वे रो पड़ीं

वे तनाव में थीं और देखने पर झुक जाती थीं
आंखें उनमें न देखने का सदाचार जीती थीं
एक अक्षत असमंजस में
विरह या संयोग जैसा वहां कुछ नहीं था

स्त्रीत्व बस एक क्रम था
विवाह बस एक विकल्प
प्रेम बस एक शब्द
यात्राएं बस एक विवशता
और हत्याएं बस एक औपचारिकता

जहां वे रहती थीं एक अजीब उधेड़बुन में…

ऑनर किलिंग 


(संभावना सरकार में वह एक चीज जो मुझे बहुत अच्छी लगती थी)

मैं क्या बताऊं वह एक चीज क्या थी उस बला की बदसूरत और बेवकूफ औरत में। वह थी और बर्दाश्त नहीं करती थी। वह कुछ गोपनीय कहने के लिए मुझसे कान पास लाने को कहती और फिर मेरे कान में इस कदर जोर से बोलती कि सारा आस-पास सुनता। वह धत्त, ठेंगा, कद्दू और कुछ अंग्रेजी शब्दों का गलत उच्चारण के साथ गलत जगह और मेरे सिर में दर्द मत कीजिए, चलिए हटिए यहां से, काली मां सब कुछ देखती है… जैसे वाक्यों को मेरे साथ बातचीत में जब-तब प्रयोग करती थी। वह वर्ष में केवल एक बार संभोग करती थी और बाकी दिन रवींद्र संगीत सुनती थी। वह दो दिन में एक बार नहाती थी और खूब मछली खाती थी। और… और क्या बताऊं, वह सदा एक संभावना ही बनी रही मेरे लिए। वह जल गई या जला दी गई मैं क्या जानूं। लेकिन मैं यह जानना चाहता हूं कि आप आखिर संभावना सरकार पर डॉक्यूमेंट्री क्यों बना रही हैं…


मैट्रिमोनियल 


विवाहेतर यौन संबंध
विवाह पश्चात भी हस्तमैथुन
और हमउम्र मित्रों और कमउम्र बच्चों के साथ
अप्राकृतिक व अशोभनीय आचरण
कभी-कभी कुत्तों या
घर की निर्जीव वस्तुओं के साथ अराजक हो जाना
और भी कई माध्यम हैं
विवाह कर लाई गई एक लड़की को
बगैर छुए प्रताड़ित करने के…

महिलाएँ-जाति, वर्ग या एक उत्पीड़ित लिंग

  इविलीन  रीड /अनुवाद-प्रोमिला

प्रोमिला , असिस्टैंट प्रोफ़ेसर , हिन्दी विभाग ,अंग्रेजी एवं विदेशी भाषा विश्वविद्यालय, हैदराबाद के द्वारा अनूदित इविलीन रीड का आलेख ‘ वीमेन : कास्ट , क्लास ऑर ऑपरेस्ड सेक्स मार्क्सवादी स्त्रीवाद को समझने के लिए बेहद महत्वपूर्ण पाठ है .

[इविलीन रीड(1905-1979)अमेरिका की एक ऐसी महत्वपूर्ण समाजवादी चिंतक हैं जिनका 1960-70 के महिला स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय योगदान रहा था। एंगेल्स और एलक्जेंड्रा क्लन्तोय से प्रेरणा लेते हुए रीड ने मार्क्सवादी स्त्री-चिंतन पर अपने महत्वपूर्ण विचार दिए हैं। ‘प्रोब्लमस् ऑफ वूमैन लिबरेशनःए मार्क्ससिस्ट एप्रोच’ और ‘वूमैन इवोलूशन फ्रॉम मैट्रिअर्चल क्लैन टू पेट्रिअर्चल फैमिली’ आदि इनकी उल्लेखनीय पुस्तकें हैं।‘महिलाएँ-जाति,वर्ग या एक उत्पीड़ित लिंग’नामक यह लेख 1970 में इन्टरनेशनल सोशलिस्ट रिव्यू के वॉल्यूम-31 में छपा था।]

इविलीन रीड

महिला उत्पीड़न का मूल स्रोत क्या है ? महिलाओं को एक जाति या वर्ग का गठनकर्ता माननेवालों का निष्कर्ष है कि पुरुष महिलाओं का प्राथमिक शत्रु है न कि पूँजीवाद। यह दृष्टिकोण स्त्री-स्वतंत्रता के संघर्ष को एक गलत रणनीति की ओर ले जाता है ।पिछली सदी के नारीवादी आन्दोलन की तुलना में महिला उत्पीड़न का नया चरण, उच्च वैचारिक स्तर पर खड़ा है । साथी विचारकों में से आज कई पूँजीवाद के मार्क्सवादी विश्लेषण का सम्मान करते हैं। महिला उत्पीड़न के मूल के विश्लेषण हेतु एंगेल्स के स्पष्टीकरण का आसरा लेते हैं। एंगेल्स का यह स्पष्टीकरण परिवार, निजी संपति और राज्य की अवधारणा पर स्थापित वर्ग समाज के विकास के सिद्धान्त से निकला है।लेकिन यहां अभी भी मार्क्सवादी पदों संबंधी कई गलतफहमियाँ और गलत व्याख्याएँ विद्यमान हैं। जिन्होंने उन कुछ महिलाओं का नेतृत्व किया है जो (प्रकटत: गुमराह होने तथा सैद्धांतिक तौर पर विचलित होने के लिए) स्वयं को रेडिकल या समाजवादी मानती हैं । ये रेडिकल महिलाएँ इस मिथ से प्रभावित होकर कि स्त्री हमेशा से अपने बच्चों की देखभाल के कार्यों द्वारा विकलांग बना दी जाती हैं, महिला-उत्पीड़न की उत्पत्ति का कारण (कम-से-कम कुछ सीमा तक) जैविक यौन भेद को ठहराती हैं। जबकि वास्तव में इसके कारणों का चरित्र ऐतिहासिक और सामाजिक रहा है ।

इन्हीं में से कुछ सिद्धांतकारों का मत है कि महिलाएँ एक वर्ग या जाति की निर्माणकर्ता हैं। ऐसी परिभाषाएँ न केवल मार्क्सवादी विचारों के लिए अजनबी हैं वरन इस गलत निष्कर्ष तक भी ले जाती हैं कि महिलाओं का प्रमुख शत्रु पूँजीवादी व्यवस्था नहीं, पुरुष है । मैं इस दावे को चुनौति देती हूँ ।वस्तुतः महिलाओं की पदच्युति केउत्पत्ति-ग्रंथ की व्याख्या करने की नींव रखने वाली मार्क्सवादी विधि की खोजों को निम्न बिन्दुओं में सारांशित किया जा सकता है ।सर्वप्रथम, महिलाएँ सदा से उत्पीड़ित या उत्पेक्षित सेक्स नहीं थी। नृवैज्ञानिक या प्रागैतिहासिक अध्ययन इसका दूसरा पक्ष रखता है। इनके अनुसार संर्पूण आदिम समाज में जोकि आदिवासी समष्टिवाद का युग था, महिलाएँ पुरुषों के समान थी और इसी रूप में सर्वमान्य थीं।दूसरे, मातृसत्तात्मक कम्यून कबीलों के विघटन और पितृसत्तात्मक परिवार, निजी संपति तथा राज्य सत्ता के संस्थानों पर आधारित वर्ग विभाजित समाज द्वारा इनके स्थानापन्न के साथ-साथ महिलाओं की स्थिति में गिरावट आयी ।

महिलाओं की सामाजिक स्थिति में यह विपर्यय लाने वाले प्रमुख कारक शिकार या भोजन जुटाने की अर्थव्यवस्था के स्थान पर कृषि, पशु पालन और शहरी शिल्पाधारित उच्च उत्पादन प्रणाली के परिवर्तन से पैदा हुए थे । लिंगों के मध्य श्रम का आदिम विभाजन, श्रम के अधिक जटिल सामाजिक विभाजन से प्रतिस्थापित हो गया था । बढ़ती श्रम-दक्षता ने बड़े अधिशेष उत्पादन को जन्म दिया था, जिसने पहले विभिन्नताओं और फिर समाज के विभिन्न खण्डों के मध्य गहरे विभाजनों का नेतृत्व किया ।व्यापक पैमाने पर कृषि, सिंचाई और निर्माण परियोजनाओं, साथ-ही-साथ पशुपालन के लिए पुरुष द्वारा निभायी गई निर्देशनात्मक भूमिकाओं के आधार पर, धीरे-धीरे यह अधिशेष धन, एक पदानुक्रम से उसकी (पुरुष की) निजी संपति के रूप में, विनियोजित हो गया। इस रद्दोबदल से पुरुष की संपति के कानूनी स्वामित्व तथा उत्तराधिकार को सुनिश्चित करने हेतु विवाह और परिवार जैसी संस्थाओं की आवश्यकता उत्पन्न हुई। एकल विवाह प्रणाली द्वारा पत्नी को पति के पूर्ण नियंत्रण में ला दिया गया। पुरुष संपति के उत्तराधिकारीयों के रूप में वैध बेटों का आश्वासन पा गया ।

ज्यों-ज्यों पुरुष ने सामाजिक उत्पादन की गतिविधियों को अपने अधिपत्य में लिया और परिवार नामक संस्था अस्तित्व में आयी त्यों-त्यों महिला (घर में) अपने पति और परिवार की सेवा के लिए पदावनित हो गई । निजी संपति और पितृसतात्मक परिवार की संस्थाओं को सुदृढ करने तथा वैधता देने के लिए राज्य-तंत्र अस्तित्व में आया । जिसे बाद में धर्म से भी पवित्र और पोषित कर दिया गया ।संक्षेप में, यह महिला उत्पीड़न की उत्पत्ति का मार्क्सवादी दृष्टिकोण है । महिला की अधीनता लिंग विशेष के रूप में,किसी जैविक कमी के कारण नहीं आयी । यह क्रांतिकारी सामाजिक परिवर्तन का परिणाम था जिसने मातृसतात्मक जीन या कबीले के समतावादी समाज को नष्ट कर, उसे एक पितृसतात्मक वर्गीय समाज में रूपांतरित कर दिया । यह पितृसतात्मक वर्गीय समाज अपनी उत्पत्ति से ही लिंगों की असमानता सहित, अनेक प्रकार के अन्य भेदभावों, असमानताओं से अंकित था । इस दमनकारी सामाजिक, आर्थिक संगठन का विकास महिलाओं के ऐतिहासिक पतन के लिए उत्तरदायी बना ।
किन्तु यह जाने बिना कि उसी समय पुरुष के साथ क्या घटा, महिलाओं के पतन को पूर्णता से नहीं समझा जा सकता, न ही उसके उत्थान के लिए कोई सही सामाजिक, राजनीतिक समाधान ही कारगर हो सकता है । सामान्यत: यह अनदेखा किया जाता है कि जिस पितृसत्तात्मक वर्ग प्रणाली ने मातृतंत्र और उसके सामुदायिक सामाजिक संबंधों को कुचला उसने पुरुष पक्ष के भातृत्व या आदिवासी भाईचारे को भी नष्ट किया। एक निश्चित स्वामी वर्ग (पुरुष) के पक्ष में महिलाओं का अपदस्थीकरण और बड़े पैमाने पर पुरुष श्रमिक की अधीनता साथ-साथ घटित हुए ।

प्रोमिला

यदि हम आदिवासी संरचनात्मक ढांचे के उस मूल चरित्र की जाँच करते हैं जिसे मार्गन, एंगेल्स तथा अन्य ‘आदिम साम्यवाद’ की प्रणाली के रूप में वर्णित करते हैं तो इन विकास प्रक्रियाओं के अभिप्राय को और अधिक स्पष्टता से समझा जा सकता है। कबीले के कम्यून में महिलाओं का बहनापा तथा पुरुषों का भाईचारा दोनों ही विद्यमान था । महिलाओं का बहनआपा, जिसमें मातृत्व का सार भी शामिल था अपने समूहवादी चरित्र का सूचक था । महिलाएँ बहनों के समूह के रूप में साथ-साथ कार्य करती थी । उनका सामाजिक परिश्रम व्यापक स्तर पर संपूर्ण समुदाय को स्थिरता देता था । वे मिलकर बच्चों को पालती थी । एक माँ अपने और कबीले की बहनों की संतानों में कोई भेद नहीं करती थी और बदले में सभी बच्चे भी सभी महिलाओं को परस्पर माँ मानते थे । दूसरे शब्दों में, सामुदायिक उत्पादन और सामूहिक संपति के साथ-साथ बच्चों का पालन-पोषण भी सामूहिक था ।
भाईचारा इसी बहनआपे का पुरुष प्रतिरूप था जो बहनापे की ही भांति उसी सामुदायिक ढांचे में आबद्ध था। जनजाति में समाविष्ट कबीला या कबीले की उपजातियाँ पुरुष की दृष्टि से ‘भाईचारे’ के रूप में मानी जाती थी,ठीक वैसे ही जैसे महिलाओं  की ओर से इसे ‘बहनापे ’ या ‘मातृभाव’ के रूप में देखा जाता था । इस मातृभाव और भाईचारे में दोनों लिंगों के व्यस्क, न केवल एक-साथ जीवन की आवश्यकताओं के लिए उत्पादन कर रहे थे ‍वरन समुदाय के अन्य सदस्यों को भी उसे उपलब्ध कराकर, उनकी सुरक्षा कर रहे थे । इन लक्षणों ने बहनापे  और भाईचारे को ‘आदिम साम्यवाद’ की एक विशिष्ट व्यवस्था बना दिया था ।

इस प्रकार से, परिवार (जिसमें कि आज वैयक्तिक पिता मुखिया के रूप में विद्यमान है) के जन्म से पूर्व ही पितृत्व का भाव उपस्थित था । उस पितृत्व के रूप में पुरुष के सामाजिक कार्य थे, न कि पारिवारिक दायित्व । और इससे भी अधिक महत्वपूर्ण बात यह है कि पहले पुरूष, जिन्होंने पितृत्व की सेवांएँ निभाई, वे कबीले की बहनों के पति या साथी नहीं बल्कि उनके कबीलाई भाई थे ।परप्राचीन समाज में शारीरिक पितृत्व की क्रियाएँ अज्ञात होना इसका कारण कदापि नहीं था । वरन ज्यादा निर्णायक रूप में,उत्पादन के सामुदायिक संबंधों और बच्चों के समष्टिवादी पालन-पोषण पर स्थापित एक समाज में यह अप्रासंगिक था ।आज परिवार नामक संस्था में बच्चे के पालन-पोषण के अभयस्त लोगों को, यह व्यवस्था चाहे कितनी ही विचित्र प्रतीत हो, किंतु आदिम कम्यूनों में बहनों के बच्चों के, भाइयों या मामाओं द्वारापित्रात्मक कार्य करना एकदम सामान्य बात थी । यही कार्य बाद में वैयक्तिक पिता द्वारा अपनी पत्नी से उत्पन्न बच्चों के लिए किए गए।

इस भाई-बहन समूह प्रणाली में पहला परिवर्तन जैसा कि मार्गन और एंगेल्स ने उन्हें कहा है समुदाय और परिवार में रहते हुए युग्म दंपति या युग्म परिवारों की प्रवृति बढ़ने के कारण हुआ । हालांकि इस सामान्य सह-निवास ने पूर्व के समष्टिवादी संबंधों या समुदायों में महिलाओं के उत्पादक की भूमिका को बड़े पैमाने पर नहीं बदला । पर इतना अवश्य हुआ कि श्रम का यौन विभाजन जोकि पहले क्लेन बहनों और भाइयों के मध्य आबंटित किया गया था, धीरे-धीरे पतियों और पत्नियों के मध्य, श्रम-यौन विभाजन में परिवर्तन हो गया । किंतु जब तक समूहवादी संबंध प्रबल रहे तथा महिलाओं ने सामाजिक उत्पादन में भाग लेना जारी रखा,लिंगों के मध्य, कम या ज्यादा,प्रारंभिक समानता चलती रही । संपूर्ण समुदाय ने युग्म इकाईयों को उसी रूप में बनाए रखा जिस रूप में इन इकाइयों के प्रत्येक वैयक्तिक सदस्य ने श्रम गतिविधियों में अपना-अपना योगदान दिया । परिणामत: परिवार प्रणाली के प्रारंभ में उभरा युग्म परिवार हमारे आज के, एकाकी या एकल परिवार से पूर्णत: भिन्न था । आज की इस क्रूर प्रतिस्पर्धी पूंजीवादी व्यवस्था में प्रत्येक छोटे परिवार को स्वयं के प्रयत्नों से ही डूबना या तैरना होता है । वह किसी बाहरी सहायता पर भरोसा नहीं कर सकता । इसमें पत्नी पति पर आश्रित है, जबकि बच्चों को निर्वाह हेतु अभिभावकों की ओर देखना पड़ता है । फिर चाहे कमानेवाल (जो उनका भरण-पोषण करते हैं) बेरोजगारी, बीमारी या मृत्यु से ही ग्रस्त क्यों न हो जायें । किन्तु युग्म परिवार के समय में ‘परिवार के अर्थशास्त्र’पर निर्भरता की ऐसी कोई प्रणाली विद्यमान नहीं थी । क्योंकि पालने से कब्र तक प्रत्येक व्यक्ति की बुनियादी आवश्यकताओं का ध्यान पूरा समुदाय रखता था।

यह आदिम कम्यूनों में उन सामाजिक उत्पीड़नों और परिवारिक विरोधों, (जिनसे हम आज परिचित हैं) की अनुपस्थिति का भौतिक-आधार था। कभी-कभी यह भी लक्षित किया जाता है कि पुरुष वर्चस्व सदा से ही अस्तित्व में रहा है । पुरुषों द्वारा सदा से ही महिलाओं से निर्दयी व्यवहार किया जाता रहा है । दूसरी और यह भी (व्यापक तौर पर) माना जाता है कि मातृसत्तात्मक समाजों में, महिलाओं द्वारा पुरुषों पर वर्चस्व के साथ, दोनों लिंगों के मध्य संबंध हमारे आज के समय से ठीक विपरीत थे । इनमें से कोई भी प्रस्ताव नृवैज्ञानिक साक्ष्यों पर खरा नहीं उतरता ।इसका  अभिप्राय बर्बरता के युग को महिमामंडित करने या अतीत के किसी स्वर्णिम युग की रोमांटिक वापसी की वकालत करने का कदापि नहीं है । शिकार और भोजन जुटाने पर खडी अर्थव्यवस्था मानव विकास का सबसे निचला स्तर थी । इसकी जीवन स्थितियाँ असभ्य, कच्ची और अत्यधिक कठोर थी । तदापि हमें समझना होगा कि उस समाज में स्त्री पुरुष संबंध वर्तमान समाज से मूलतः भिन्न थे ।महिलाओं के बहनापे और पुरुषों के भाईचारे की कबीलाई व्यवस्था के अन्तर्गत एक सेक्स के दूसरे पर हावी होने की अधिक संभावना नहीं थी । महिलाएँ सबसे महत्वपूर्ण स्थानों पर अधिकृत थी क्योंकि वे जीवन की आवश्कताओं की प्रमुख उत्पादक होने के साथ-साथ नव जीवन की सर्जक भी थी । लेकिन इस अधिकार ने उन्हें पुरुषों की शोषक नहीं बनाया था । उनका सामुदायिक समाज वर्ग, नस्ल या यौन के आतंक को बाहर रखता था।

जैसा कि एंगेल्स ने संकेत किया है, निजी संपति,एकल विवाह और पितृसत्तात्मक परिवार के उदय के साथ पारिवारिक संगठन और समाज में मौटे तौर पर नई सामाजिक ताकतें उभरी । इन्होंने पहले की, नारी जाति के अधिकारों को नष्ट कर दिया । सहज सामान्य युग्म से आगे एकल विवाह की कठोर ढाँचाकृत कानूनी प्रणाली का उदय हुआ । पत्नी और बच्चों को उस पति और पिता के पूर्ण नियंत्रण में ला दिया गया, जिसने परिवार को अपना नाम दिया और उसकी जीवन स्थिति और नियति निर्धारित की।महिलाएँ, जो एक समय बहनों के समुदाय के रूप में साथ रहती और काम करती थी। सामुदायिक रूप से बच्चों का पालन-पोषण करती थी,अब व्यक्तिगत परिवारों में अपने प्रभु और स्वामी की सेवा के लिए पुरुषों की पत्नियों के रूप में तितर-बितर हो गई । कम्यून में पुरुषों और महिलाओं के मध्य श्रम के भूतपूर्व बराबरी के यौन विभाजन ने परिवार के श्रम-विभाजन का मार्ग प्रशस्त किया, महिलाओं को कोल्हू के बैल की तरह पति, घर और परिवार की सेवा के लिए सामाजिक उत्पादन से दूर कर दिया गया । इस प्रकार, एक समय में समाज की संचालिका रही महिलाएँ (वर्ग संरचना में) पुरुष के बच्चों की दाई और उसकी प्रमुख नौकरानी बनने के लिए अवक्रमित या पदावनत हो गई ।

महिलाओं की यह पदवनति वर्ग समाज के सभी तीन चरणों-दास व्यवस्था से लेकर, सामंतवाद और पूँजीवाद तक की एक स्थायी विशेषता रही है । जब तक महिलाओं ने नेतृत्व किया संपूर्ण समुदाय के उत्पादक कार्य में भाग लिया, उन्हें आदर और सम्मान मिला । किन्तु अलग-अलग परिवार-इकाईयों के रूप में विखंडित होते ही वे महिलाएँ (घर, परिवार में) दासत्व की स्थिति में पहुँच गई ।  वे अपनी शक्ति और प्रभाव के साथ प्रतिष्ठा भी खो बैठी।क्या यह आश्चर्यपूर्ण है कि ऐसे प्रबल सामाजिक परिवर्तनों को, लिंगों के मध्य गहन और दीर्घकालिन विरोधों को जन्म देना चाहिए था। जैसा कि एंगेल्स कहते हैं – ‘एकल विवाह जो विवाह के सर्वोत्कृष्ठ रूप से दूर है, किसी भी तरीके से स्त्री-पुरुष की सुलह के रूप में, इतिहास में प्रवेश नहीं करता बल्कि  इसके विपरीत एक सेक्स द्वारा अन्य सेक्स की अधीनता के रूप में आता है क्योंकि इससे पूर्ववर्ती इतिहास में लिंगों के मध्य शत्रुता की घोषणा अज्ञात है । …………..इतिहास में वर्णित पहला वर्ग संघर्ष, एकल विवाह में, पति पत्नी की शत्रुता के विकास से मेल खाता है तथा पुरुष द्वारा महिला का पहला वर्ग उत्पीड़न भी यहीं प्रकट होता है ।’ (परिवार, निजी संपति की उत्पत्ति और राज्य, किर संस्करण, पृ.-79)

यहाँ निजी संपति की प्रणाली के अंतर्गत एकल पारिवारिक जीवन में, महिला-शोषण की दो डिग्रीयों के बीच अंतर नोट करना आवश्यक है । पूर्व औद्योगिक युग के उत्पादक किसान परिवार में महिलाएँ उच्च स्थिति में रहती थी। उन्हें हमारे शहरी जीवन के नाभिकीय उपभोक्ता परिवार की तुलना में अधिक सम्मान प्राप्त था ।
जब तक कृषि और शिल्प उद्योग अर्थव्यवस्था में प्रमुख रहे, किसान परिवार, (जोकि विस्तृत परिवार था) एक जीवनसक्षम उत्पादक इकाई बना रहा । लिंग और उम्र के आधार पर इसके सभी सदस्यों के कार्य निर्धारित थे । परिवार में महिलाएँ खेती करने, घरेलू उद्योग में शामिल होने के साथ ही साथ बच्चों के पालन-पोषण में मदद करती थी, जबकि बच्चे और बुड्डे सामर्थयनुसार, अपने-अपने हिस्से का उत्पादन करते थे ।औद्योगिक और एकाधिकारवादी पूँजीवाद तथा नाभकीय परिवार के उदय के साथ स्थिति बदल गई  । कारखानों में मजदूरी अर्जक बनने के लिए आम जनता कृषि और अन्य लघु व्यवसायों से एक बार बेदखल हुई तो उनके पास जीवन-निर्वाह हेतु अपनी श्रम शक्ति (पूँजीपतियों को) बेचने के अलावा कोई उपाय न बचा । इन दिहाड़ी मजदूरों की पत्नियाँ खेतों और शिल्प मजदूरी से विस्थापित हो कर अपने और बच्चों के निर्वाह हेतु पूर्णत: पति पर आश्रित हो गई । ज्यूँ –ज्यूँ पति मालिकों पर आश्रित हुआ त्यूँ-त्यूँ पत्नी अपने पतियों पर आश्रित होती गई ।

इस प्रकार महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता छिनने के साथ ही वे सामाजिक सम्मान में भी सदा के लिए निम्नतम स्तर तक गिर गई। वर्गीय समाज के आरंभ से ही पति के माध्यम से घर और परिवार की उत्पादक बनने के लिए उन्हें सामाजिक उत्पादन तथा सामाजिक नेतृत्व से हटा दिया गया । तत्पश्चात औद्योगिक शहरों के नाभकीय परिवार द्वारा कृषि परिवार के विस्थापन से तो इस धरातल से भी विस्थापित हो गयी ।बदली परिस्थितियों ने महिलाओं को दो निराशाजनक विकल्प दिए। वे या तो आश्रयदाता के रूप में पति की तलाश कर सकती थी और वैतनिक गुलामों की अगली पीढ़ी तैयार करने के लिए शहर में, किराये के घरों या अपार्ट्मेंटों में गृहणियों के रूप में लेख बद्ध हो सकती थी । अन्यथा सबसे खेदजनक हो सकता था कि मिलों और कारखानों में, सीमांत श्रमिकों के रूप में (अपने बच्चों के साथ) पसीना बहानेवाली, सबसे दलित तथा अल्पवैतनिक श्रमिक शक्ति बन सकती थी ।

पिछली कई पीढियों में महिला वेतन कर्मियों ने अपना श्रम संघर्ष संचालित किया है। वे पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर अपने वेतन और काम की परिस्थितियों में सुधार के लिए लड़ी हैं । किंतु आश्रित गृहणीयों के रूप में महिलाओं के सामाजिक संघर्ष का ऐसा कोई साधन नहीं रहा है । वे अपने कष्टों के लिए पति या बच्चों से शिकायतें या लड़ाई, झगड़े ही कर सकी हैं। महिलाओं की दयनीय परनिर्भरता और पुरुषों के लिए उनकि अनुचाकरी ने दोनों लिंगों के मध्य संघर्ष को और गहरा तथा तेज किया है ।‘पवित्र माँ’और ‘समर्पित गृहिणी’के रूप में नारीजाति को प्रदत आडम्बरों, श्रद्धाँजलों के बावजूद पूँजीवाद में महिलाओं की महत्ता न्यूनतम स्तर तक रह गयी है । चूँकि गृहणियाँ न तो बाजार के लिए कोई उत्पाद निर्मित करती है और न ही मुनाफाखोरी के लिए कोई अधिशेष मूल्य । अतः वे पूँजीवाद के क्रियाकलापों के केन्द्र में नहीं हैं । इस प्रणाली में उनके अस्तित्व का औचित्य केवल- प्रजनक के रूप में,घर के द्वारपाल के रूप में तथा परिवार हेतु घरेलु वस्तुओं के खरीदार के रूप में बचता है ।

धनी महिलाएँ अपने नीरस कार्यों को करने के लिए नौकरों को रख सकती हैं पर गरीब महिलाएँ जीवनप्रयन्त एक अंतहीन चक्की में पिसती रहती हैं । परिवार के भरण-पोषण हेतु जब से वे बाहर नौकरी करने के लिए बाध्य हुई हैं, उनकी दासता और गहरी हो गई है। दोहरे दायित्वों ने उनके दोहरे उत्पीड़न का काम किया है ।यहाँ तक कि पश्चिमी दुनिया की मध्यवर्गीय गृहणियाँ अपनी आर्थिक समृद्धि के बावजूद पूँजीवाद से पीड़ित हैं । उनके जीवन की रुक्ष,एकाकी,तुच्छ परिस्थितियाँ उन्हें बच्चों के द्वारा‘जीने का रास्ता’देती हैं –यह एक ऐसा संबंध जिसने कई तंत्रिका संबंधी समस्याओं को बढावा दिया है और जिससे आज का पारिवारिक जीवन भी प्रभावित है । महिलाओं की ऊब को कम करने की कोशिशें मुनाफाखोरों द्वारा उपभोक्ता वस्तुओं के क्षेत्र में इस्तेमाल और शिकार की जा सकती है और की जा रही है । उपभोक्ता के रूप में महिलाओं का यह शोषण उस प्रणाली का अभिन्न अंग है जो पुरुष द्वारा उत्पादक के रूप में पहली बार शोषण के लिए निर्मित किया गया था ।
पूँजीपतियों के पास एकल परिवार की महिमा गाने के पर्याप्त कारण हैं। इसकी छोटी-छोटी गृहस्थियाँ,पंसारियों, अचल संपति एजेंटो से लेकर डिटर्जेंट तथा प्रसाधन सामग्री निर्माताओं के लिए सोने की खाने हैं । यह ठीक वैसे ही है जैसे कि पर्याप्त जन परिवहन के विकास के स्थान पर व्यक्तिगत प्रयोग के लिए ऑटोमोबाइल उत्पादित किए जा रहे हैं, ताकि बड़े निगम छोटे घरों को व्यक्तिगत वाशिंग मशीन,रेफ्रिजरेटर और अन्य वस्तुओं से सुसज्जित करने के क्रम में बिक्री से अधिक पैसा बना सकें । वे कम किराये में बड़े स्तर पर आवास निर्माण या सामुदायिक सेवाओं और शिशु पालन गृहों के विकास की तुलना में इसे ही लाभप्रद पाते हैं ।

दूसरी ओर, महिलाओं का अलगाव, निजी घर में घेराव और रसोईघर तथा पालन-पोषण में बंधीकरण उन्हें एक साथ एकत्र होने नहीं देता । स्थापित सत्ता के विरूद्ध उन्हें एक मजबूत सामाजिक बल और गंभीर राजनैतिक खतरा बनने से रोकता है।अत:वर्गीय समाज के घर और परिवार में नारीजाति के इस दीर्घकालीन कारावास के गहन सर्वेक्षण से क्या सबक तैयार होता है, जो पूर्व के वर्गीय समाज से ऐसे चिन्हित विपपर्य में खड़ा है? यह सवाल दर्शाता है कि स्त्रीलिंग की अवर स्थिति उनकी जैविक संरचना या बच्चों की जन्मदात्री होने के तथ्य का परिणाम नहीं है । आदिम कम्यून में बच्चे पालना विकलांगता नहीं थी। यह हमारे समय के नाभिकीय परिवार में विकलांगता बन गई है । गरीब महिलाओं को घर में बच्चों की देखभाल तथा संपोषण हेतु बाहर काम करने के परस्पर विरोधी दायित्वों में विभाजित कर दिया गया है ।तत्पश्चात महिलाएँ उन्ही सामाजिक शक्तियों और संबंधों के द्वारा (अपनी दीन-हीन स्थिति के लिए) निन्दित तथा दंण्डित की गई है जो एक वर्ग के दूसरे वर्ग, एक नस्ल के दूसरी नस्ल और एक राष्ट्र के दूसरे राष्ट्र के द्वारा पीड़न के लिए जिम्मेदार थे । यही है- पूँजीवादी व्यवस्था, वर्गीय समाज के विकास की अंतिम अवस्था, जो महिलाओं के ह्रास और उत्पीड़न का मूल स्रोत है ।

मुक्ति आंदोलन की कुछ महिलाएँ मार्क्सवाद के इन आधारभूत शोधों पर विवाद करती हैं । वे कहती हैं कि स्त्रीलिंग एक अलग जाति या वर्ग का प्रतिनिधित्व करता है । उदाहरण के लिए टी.ग्रेस एंतकिंसन महिलाओं को एक अलग वर्ग ठहराती हैं जबकि रौक्सै डनबर कहती हैं कि वे एक अलग जाति प्रस्तुत करती हैं। अतः अब हम वर्ग और जाति दोनों सिद्धान्तों और  इनके निष्कर्षों की  जाँच करते हैं। सर्वप्रथम,क्या महिलाएँ एक जाति हैं ? इतिहास में जाति पदानुक्रम पहले आया। यह वर्ग प्रणाली का पूर्वरूप और पूर्वगामी था । यह श्रम के नये विभाजनों और सामाजिक कार्योंनुसार समाज के विभिन्न वर्गों के सबसे पहले चिन्हित अन्तरों के आविर्भाव के कारण और आदिवासी कम्यून के टूटने के बाद उभरा था। उत्कृष्ट या अवर पद की सदस्यता जाति विशेष में पैदा होने से निर्धारित हो जाती थी ।यहां यह रेखांकित करना महत्वपूर्ण है कि जाति व्यवस्था जन्मजात थी और अपनी उत्पत्ति में ही वर्ग प्रणाली भी थी । इसके अलावा जहाँ दुनिया के केवल कुछ क्षेत्रों जैसे कि भारत में जाति व्यवस्था अपने चरम पर पहुँची, वहाँ वर्ग-प्रणाली, विश्व व्यवस्था बनने के लिए , इससे बहुत आगे विकसित हुई, जिसने जातिव्यवस्था को अपने में समाहित कर लिया ।

यह स्पष्ट रूप से स्वयं भारत में देखा जा सकता है,जहाँ चारों प्रमुख जातियों– ब्राह्मण या पुजारियों, सैनिकों, किसानों और व्यापारियों, श्रमिकों की, जाति बहिष्कृत अछूत जाति के साथ शोषक समाज में अपनी-अपनी उचित सुनिश्चत स्थितिभी थी। आज भारत में, जहाँ प्राचीन जाति व्यवस्था जीर्ण रूपों में जीवित है, पूँजीवादी संबंध और सत्ता ने जाति के अवशेषों सहित, दूसरी विरासत में मिले पूर्व-पूँजीवादी संस्थानों पर भी अपना प्रभाव कायम कर लिया है . हालांकि दुनिया के वे क्षेत्र जो सभ्यता के रास्ते पर तेजी से और बहुत आगे तक विकसित हुए, जाति व्यवस्था को पूर्णतया बाइपास कर गये । पश्चिमी सभ्यता, जो प्राचीन ग्रीस और रोम के साथ आरंभ हुई थी, गुलामी से सामंतवाद के रास्ते आगे बढते हुए, वर्ग समाज की सबसे परिपक्व अवस्था पूँजीवाद तक विकसित हुई ।

महिलाओं ने कभी भी न तो जातिव्यवस्था में, न ही वर्ग प्रणाली में और न ही इनके संयोजन में पृथक् जाति या वर्ग बनाया । जिन्होंने इन सामाजिक संरचनाओं को बनाया उनके द्वारा महिलाएँ भी अपने आप ही विभिन्न जातियों और वर्गों में विभाजित कर दी गई ।महिलाएँ सेक्स के रूप में अवर स्थिति रखती हैं, यह तथ्य वास्तव में महिलाओं को अवर जाति या वर्ग नहीं बना सकता । यहाँ तक की प्राचीन भारत में भी महिलाएँ ठीक उसी प्रकार विभिन्न जातियों से संबंधित थी, जैसे समकालीन पूँजीवाद में वे वर्गों से संबंधित हैं । एक में उनकी सामाजिक स्थिति जाति विशेष में जन्म से निर्धारित थी । दूसरी में उनके पति या पतियों के धन से निर्धारित है । किन्तु एक स्तर पर महिलाओं और दोनों पुरुषों के संबंध में इन दोनों ही बातों को जोड़ा जा सकता है और वह है कि दोनों ही लिंग उच्च जातियों से संबंधित होकर उच्च सत्ता, स्थिति तथा ऐश्वर्य को भोग सकते हैं ।तो फिर, रौक्सै डनबर सभी महिलाओं को एक वर्ग विहीन जाति (या चाहे वर्ग क) बता कर क्या कहना चाहती हैं ? और इस लक्षण वर्णन से वे कार्यवाही के लिए कौन से परिणाम निकालती हैं ? उनके आधार और निष्कर्ष की सटीक अन्तर्वस्तु स्पष्ट नहीं है । अत: यह विषय गहन विश्लेषण की अपेक्षा करता है ।

सामान्य ढ़ग से कहें तो महिलाओं को अवर ‘जाति’ के रूप में संदर्भित करना संभव है – जैसे कि कभी-कभी उन्हें ‘दास’या पददलित कहकर किया भी गया है। जब उद्देश्य मात्र इतना ही संकेत करना होता है कि वे पुरुष प्रधान समाज में अधिनस्थ स्थिति रखती हैं, ऐसे में ‘जाति’ शब्द का प्रयोग केवल हमारी भाषा की दरिद्रता का भंडाफोड़ करता है-जहाँ शोषित लिंग के रूप में नारी जाति को इंगित करने के लिए कोई शब्द नहीं है । किन्तु यदि हम रौक्सैन डनबर के फरवरी 1970 के पर्चे (जिसमें वे इस प्रश्न पर अपनी पूर्व राय को बदल देती हैं) के आधार पर विश्लेषित करते हैं तो लगता है कि इसमें कुछ गहरी बात शामिल है । इस लेख में वे कहती हैं कि उसका महिलाओं को एक शोषित जाति के रूप में चरित्रांकित करना कोई नई बात नहीं है। मार्क्स और एंगेल्स इसी प्रकार से स्त्रीलिंग की स्थिति का विश्लेषण करते रहे हैं। पर यह बात बिल्कुल नहीं है । न ही मार्क्स की ‘दास कैपिटल’ में न एंगेल्स के परिवार, निजी संपति और राज्य की उत्पत्ति’ में और न ही लेनिन से रोजा लग्समवर्ग तक किन्ही भी विख्यात मार्क्सवादियों के लेखन में  स्त्री को ‘जाति’ के रूप में परिभाषित किया गया है । अत: यह शब्द के दुरूपयोग का मौखिक झगड़ा मात्र नहीं है। यह मार्क्सवाद के नाम से प्रस्तुत किए जाने के बावजूद  मार्क्सवाद से पृथक् प्रस्थान बिन्दु है ।

रौक्सैन डनबर को इस निष्कर्ष पर स्पष्टीकरण देना चाहिए जो वह अपने सिद्धांत से निकालती हैं कि यदि सभी पुरुष उच्च जाति तथा महिलाएँ निम्न जाति से संबंधित हैं, तो महिलाओं के मुक्ति-संघर्ष की केन्द्रीय धुरी सभी महिलाओं का,सभी पुरुषों के खिलाफ एक ‘जातिगत’ युद्ध होगा । उनके इस कथन से यह निष्कर्ष पुष्ट होता हुआ प्रतीत होता है कि “हम एक अन्तराष्ट्रीय जाति व्यवस्था के तहत रहते हैं ।”यह दावा भी उतना ही गैर मार्क्सवादी है क्योंकि मार्क्सवादी कहते हैं कि हम एक अन्तराष्ट्रीय वर्ग प्रणाली के तहत रहते हैं न की अन्तराष्ट्रीय जातिव्यवस्था के तहत। और आगे वे कहते हैं कि महिला मुक्ति के साथ सभी शोषित स्त्री-पुरुष और संपूर्ण प्रताड़ित जनता की मुक्ति के लिए जाति-संघर्ष की नहीं, वरन सभी प्रताड़ित स्त्री और पुरुषों के वर्ग-संघर्ष, की आवश्यकता होगी । क्या रौक्सै डनबर वर्ग संघर्ष की सर्वोपरि भूमिका के इस दृष्टिकोण से सहमत है, या असहमत?

डनबर का भ्रम एक वैज्ञानिक व्याख्या में सटीक भाषा के उपयोग की आवश्यकता का संकेत करता है । पूँजीवाद के तहत पददलित महिलाएँ आज किसी सामंती गुलाम या निम्न जाति की सदस्य, नहीं है तथा दास, गुलाम और जाति की सामाजिक श्रेणियाँ तो हमारे इतिहास के विभिन्न चरणों और विशेषताओं का उल्लेख करती हैं न कि हमारे आज के समाज में महिलाओं की स्थिति को परिभाषित नहीं करती हैं ।यदि हम सटीक और वैज्ञानिक होना चाहते हैं, तो महिलाओं को एक ‘शोषित लिंग’ के रूप में परिभाषित किया जाना चाहिए । दूसरे दृष्टिकोण से देखें तो महिलाओं को विशेष ‘वर्ग’ के रूप में चिन्हित करना और भी गलत है। मार्क्सवादी समाजशास्त्र में वर्ग को दो अन्तर्संबंधित ढंगों से परिभाषित किया गया है:- पहला उस भूमिका से जो वह उत्पादन की प्रक्रिया में निभाता है । दूसरा जो संपति के स्वामित्व में उसकी हिस्सेदारी से हैं । इस प्रकार से पूँजीपति हमारे समाज की प्रमुख शक्ति हैं क्योंकि उत्पादन के साधनों पर उन्हीं का स्वामित्व है वे ही राज्य को नियंत्रित और अर्थव्यवस्था को निर्देशित भी करते हैं । जबकि धन पैदा करने वाले दिहाड़ी मजदूरों के पास और उनकी श्रम शक्ति के अलावा कुछ नहीं होता जो उन्हें मालिकों को बेचनी ही पड़ती है ।

इन ध्रुवीय वर्ग ताकतों  के  पारस्परिक संबंधों में महिलाएँ कहाँ खड़ी हैं ? वे सामाजिक पिरामिड के सभी स्तरों से संबंधित हैं। शीर्ष की कुछ महिलाएँ धनिक वर्ग का हिस्सा हैं, कुछ अधिक हमारे मध्यम वर्ग का हिस्सा हैं तथा अधिकांश जनसंख्या सर्वहारा परतों से संबंधित है । इनका विशाल प्रसार रॉकफेयर, मार्गन और फोर्ड के परिवारों की कुछ धनी महिलाओं से लेकर,कल्याणकारी अंशदान पर निर्भर करती लाखों गरीब महिलाओं तक है । संक्षेप में, महिलाएँ, पुरुषों की भांति एक बहुवर्गीय लिंग हैं । यह महिलाओं को एक-दूसरे से विभाजित करने का प्रयास कतई नहीं है बल्कि उनके मध्य विद्यमान वास्तविक विभाजनों की पहचान है । सभी महिलाओं के एक ही वर्ग के सदस्यों की तुलना में, परस्पर सेक्स के रूप में अधिक समानता रखने की धारणा गलत है। उच्च वर्ग की महिलाएँ अपने धनवान पतियों की केवल हमबिस्तर नहीं हैं । एक नियम के तहत उनके मध्य दूसरे संबंध भी हैं, जो उन्हें एक-साथ बाँधते हैं । वे आर्थिक, सामाजिक और राजनैतिक हमसफर हैं, जो निजी संपति, मुनाफाखोरी, सैनिक शासन, नस्लवाद की सुरक्षा और अन्य महिलाओं के शोषण के लिए एकजुट हैं ।

निश्चित तौर पर,इस नियम के कुछ अपवाद हो सकते हैं ।विशेष रूप से आज की युवा महिलाओं के मध्य। उदाहरण के लिए हम जानते हैं कि श्रीमती फ्रैंक लेस्ली ने महिला मताधिकार आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए करोडों की वसीयत छोड़ी थी । तथा उच्च वर्ग की अन्य कई महिलाओं ने भी हमारे नागरिक अधिकारों को सुरक्षित करने के उद्देश्य से अपनी संपति समर्पित कर दी। लेकिन पूँजीवीदी  हितों और विशेषाधिकारों के लिए खतरा पैदा करने वाले क्रांतिकारी संघर्ष का अनुमोदन या समर्थन करने के लिए, धनी महिलाओं की किसी बड़ी संख्या की उम्मीद करना बिल्कुल भिन्न बात है । उनमें से अधिकांश ने खुले तौर पर या परोक्ष रूप में, “हमें मुक्त होने के लिए क्या चाहिए?” कहकर मुक्ति आंदोलन का तिरस्कार ही किया है ।

क्या इस बात पर बल देना वास्तव में आवश्यक है ? नवम्बर 1969 और मई 1970 में, वाशिंगटन में हजारों हजार महिलाएँ युद्ध विरोधी प्रदर्शनों के लिए गई थी । जीवन और मृत्यु के उस मुद्दे पर क्या आतंकी पुरुषों के साथ चलते हुए उनमें कुछ अधिक समानताएँ विद्यमान थी ? या फिर श्रीमती निक्सन, उनकी बेटियों और अटॉर्नी जनरल की पत्नी श्रीमती मिशेल से उनकी कुछ समानता थी जिन्होंने बेचैन होकर खिड़की से बाहर झांका और उस प्रदर्शन करती जनता में एक और रूसी क्रांति की काली छाया को देखा था? क्या बेंकरों, जनरलों, वकीलों और बड़े उद्योगपतियों की पत्नियाँ, मुक्ति के लिए लड़ रही महिलाओं की, मजदूर वर्ग के पुरुषों की अपेक्षा अधिक कट्टर सहयोगी हो जाएँगी ? वर्ग संघर्ष के दोनों पक्षों पर क्या महिलाएँ और पुरुष दोनों नहीं होंगे ? यदि ऐसा नहीं है तो क्या यह पूँजीवाद के स्थान पर पुरुष-लिंग के खिलाफ संघर्ष होगा ? यह सत्य है कि वर्ग समाज के सभी रूप पुरुष प्रधान रहे हैं और पुरुषों को पालने से ही युद्धप्रिय होने के लिए प्रशिक्षित किया जाता रहा है । लेकिन यह सही नहीं है कि पुरुष अपने आप में महिलाओं के प्रमुख शत्रु हैं । यह उन हजारों-हजार पददलित, शोषित पुरुषों जोकि स्वयं भी (महिलाओं के प्रमुख दुश्मन) पूँजीवादी व्यवस्था ,द्वारा पीड़ित है को कटघरे में खड़ा कर देता है । ये पुरुष इस तरह महिलाओं की मुक्ति-संघर्ष में हिस्सेदार हैं, और यही हमारे सहयोगी हो सकते हैं तथा होंगे।

हालांकि संघर्ष पुरुष हिंसा के विरूद्द पूरी  कार्यवाही का एक महत्वपूर्ण अंग है जिसे महिलाओं को अपने मुक्ति आन्दोलन के माध्यम से जरूर आगे बढ़ाना चाहिए किन्तु इसे ही केन्द्रिय मुद्दा बनाना गलत होगा। यह सत्तारूढ़ शक्तियों की भूमिका छुपाने या नजरअंदाज करने की कोशिश होगी, जो भेदभाव और उत्पीड़न के सभी रूपों में न केवल पोषित और लाभान्वित होते हैं वरन् पुरुष हिंसा को पोषित करने और बनाए रखने के जिम्मेदार भी होते हैं । स्मरण कीजिए कि पुरुष वर्चस्व बहनआपे और भाईचारे पर स्थापित आदिम समाजों में मौजूद नहीं था । नस्लवाद की तरह लिंगवाद की भी जड़ें निजी संपति प्रणाली में निहित हैं।

एक गलत सैद्धान्तिक दृष्टिकोण महिला-मुक्ति-संघर्ष को बड़ी सहजता से गलत रणनीति की ओर ले जाएगा । ऐसा ही रेडस्टोकिंग का मामला है, जिन्होंने अपने घोषणा पत्र में कहा कि ‘महिलाएँ एक उत्पीड़ित वर्ग हैं ।’2 यदि समस्त महिलाएँ एक वर्ग की संरचना करती हैं तो सभी पुरुष एक विरोधी वर्ग यानि शोषक वर्ग का निर्माण करेंगे। इस अवधारणा से क्या अर्थ संप्रेषित होता है ? कि शोषित वर्ग में कोई पुरुष नहीं?यह निष्कर्ष उन लाखों अश्वेत मजदूरों को कहाँ खड़ा करेगा, जो शोषित अश्वेतों और अन्य अल्पसंख्कों की ही भांति एकाधिकारवादियों के द्वारा उत्पीड़ित किए जा रहे हैं? क्या ये लोग सामाजिक क्रांति के संघर्ष में केन्द्रिय स्थान नहीं रखते? फिर किस बिन्दु पर और किस झंड़े के नीचे सभी नस्लों और लिंगों के ये पीड़ित लोग, अपने सांझा दूश्मन के विरूद्द कार्यवाही हेतु संगठित होंगे । महिलाओं द्वारा एक वर्ग के रूप में पुरुषों को एक अन्य वर्ग मानकर विरोध का सीधा परिणाम वास्तविक वर्ग-संघर्ष में भटकाव ही साबित होगा ।

क्या रौक्सै डनबर के दावे में इसी दिशा का सुझाव नहीं है कि महिला-मुक्ति सामाजिक क्रांति का आधार है ?  यह मार्क्सवादी रणनीति से दूर है क्योंकि यह वास्तविक स्थिति को सिर के बल खड़ा कर देता है । मार्क्सवादी कहते हैं कि सामाजिक क्रांति सम्पूर्ण महिला मुक्ति का आधार है-जैसे कि यह संपूर्ण मजदूर वर्ग की मुक्ति का भी आधार है । अतः अंतिम विश्लेषण में महिला-मुक्ति की वास्तविक सहयोगी वे शक्तियाँ ठहरती हैं जो स्वयं के कारणों से साम्राज्यवादी स्वामियों के विरूद्ध संघर्ष के लिए प्ररित होती हैं और उनकी बेड़ियों को तोड़ देती हैं । महिलाओं के शोषण का मूल स्रोत, जोकि पूँजीवाद है, केवल महिलाओं द्वारा समाप्त नहीं किया जा सकता, न ही सभी वर्गों की महिलाओं के गठबंधन द्वारा । आज के संयुक्त राज्य अमेरिका में केन्द्रीत पूँजावादी सत्ता को उखाड़ फेंकने के लिए स्त्री-पुरुष, मजदूरों एवं उत्पाड़ित वर्ग के विश्वव्यापी समाजवादी संघर्ष की आवश्यकता होगी । निष्कर्षत:हमें सवाल उठाना चाहिए कि महिला-मुक्ति-संघर्ष और समाजवाद के लिए संघर्ष के मध्य क्या संबंध है ?

सर्वप्रथम, हालांकि समाजवादी क्रांति के बिना महिला-मुक्ति का पूर्ण लक्ष्य प्राप्त नहीं किया जा सकता है, किन्तु इसका अर्थ यह नहीं कि तब तक सुधारों के लिए संघर्ष को स्थगित कर दिया जाए । विशेष उद्देश्यों की प्राप्ति हेतुलिए हमारी सभी संघर्षरत बहनों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर संगठित कार्यवाही के लिए लड़ना मार्क्सवादी महिलाओं के लिए आज से ही आवश्यक है । एक वर्ष पूर्व या उससे भी कुछ समय पहले, जब से महिला मुक्ति आन्दोलन का नया चरण सामने आया है, यही हमारी नीति रही है ।अन्य मुक्ति आन्दोलनों की भांति महिला-मुक्ति आन्दोलन भी प्राथमिक माँगो जैसे-शिक्षा और रोजगार में पुरुषों के समान अवसर और समान वेतन, स्त्री इच्छानुसार मुक्त गर्भपात, सरकार द्वारा वित पोषित तथा समुदायों द्वारा नियंत्रित शिशु पालन गृहों को आगे रखकर  आरंभ हुआ है। इन मुद्दों के लिए महिलाओं को एकजूट करना सुधार प्राप्ति की न केवल कुछ संभावना निर्मित करता है बल्कि इस समाज में हमारी अधीनता के सबसे घृणित पहलूओं को भी उजागर, नियंत्रित और संशोधित करता है ।

दूसरे, क्यों महिलाओं को अपने मुक्ति-संघर्ष का नेतृत्व स्वयं करना चाहिए, जबकि अंतत: समाजवादी क्रांति की जीत के लिए संपूर्ण मजदूर वर्ग का संयुक्त पूँजीवादी-विरोध आवश्यक हो जाएगा? इसका कारण यह है कि उत्पीड़न के लिए अधीन कर लिया गया समाज का कोई भी खंड (फिर चाहे वे तीसरी दुनिया के लोग हों या महिलाएँ) अन्य शक्तियों की आजादी के लिए अपनी स्वतंत्रता के नेतृत्व और प्रोत्साहन से प्रतिनिधित्व दे सकते हैं । हालांकि अन्य शक्तियाँ भी उनके सहयोगियों के रूप में कार्य कर सकती हैं । पर हम उन कुछ राजनैतिक प्रवृतियों के दृष्टिकोण को अस्वीकार करते हैं, जो स्वयं को मार्क्सवादी तो कहते हैं, लेकिन वे इस बात को मानने से इंकार करते हैं कि महिलाओं को अपने उद्दार के लिए स्वयं स्वतंत्रता संग्राम का नेतृत्व करना होगा। ठीक वैसे ही जैसे वे यह नहीं समझ सकते कि अश्वेतों को भी ऐसा ही क्यों करना चाहिए ।आयरिश क्रांतिकारियों में एक प्रसिद्द कहावत है कि ‘जो स्वयं को मुक्त करेगा वह स्वयं प्रहार करेगा ।’ यह कहावत महिला-मुक्ति के प्रश्न पर शत-प्रतिशत लागू होती है । महिलाओं को स्वतंत्रता प्राप्ति के लिए स्वयं प्रहार करना चाहिए । और यह पहले भी तथा पूँजीवाद विरोधी क्रांति की विजय के बाद भी सत्य बना रहेगा।

हमारे संघर्ष के दौरान और इसके बाद भी, हमें उन पुरुषों को पुन: शिक्षित करना होगा, जिनका ब्रेनवॉश इस विश्वास के पक्ष में किया गया है कि जैविक संरचना की कुछ कमियों के कारण महिलाएँ, स्वाभाविक रूप से अवर लिंग रही हैं । पुरुषों को समझना होगा कि उनकी हिंसा और प्रभुत्व, पूँजीवाद के द्वारा बनाए गये उत्पीड़न के पदानुक्रम, मालिक वर्ग द्वारा अपना शासन बनाए रखने के दूसरे हथियार हैं। शोषित मजदूर अपनी आश्रित गृहिणी के, अपने से गहरे दुखों को देखकर कोई आत्मसंतुष्टि नहीं प्राप्त कर सकता है । उसे दमनकारी शक्ति के उन स्रोतों को पहचानने के लिए तैयार करना होगा । जिसनसे वे दोनों पदावनित हैं।

अंततः  यह कहना कि महिलाएँ एक अलग जाति या वर्ग की निर्माणकर्त्ता हैं, दोनों लिंगों के मध्य विरोध को (मार्क्सवादियों के क्रांतिकारी आशावाद के ठीक विपरीत) तार्किक रूप से अत्यन्त निराशावादी निष्कर्ष तक ले जाएगा । इसलिए जब तक कि, या तो दोनों लिंगों को पूर्णतया अलग न कर दिए जाएगा अथवा पुरुष पूर्णत: समाप्त न कर दिए जाऐंगें । ऐसा प्रतीत होता है कि वे परस्पर सदैव युद्ध की स्थिति में ही बनें रहेंगे ।

मार्क्सवादियों के रूप में हमारे पास अधिक यथार्थवादी तथा आशावादी संदेश है । हम अस्वीकार करते हैं कि जैविक संरचना में महिलाओं की अधिनता एक निर्धारित नियति थी और यह हमेशा से अस्तित्वमान थी । शाश्वत होने के बजाय महिलाओं की अधीनता और दोनों लिंगों के मध्य की कटु शत्रुता कुछ हजार सालों से अधिक पूरानी नहीं है । यह उन कठोर सामाजिक परिवर्तनों द्वारा पैदा की गई है जिनसे परिवार, निजी संपति और राज्य सत्ता का उदय हुआ ।

इतिहास का यह दृष्टिकोण असमानता के कारणों को जड़ से उखाड़ फेंकने और अपने लिंग के लिए मुक्ति प्राप्त करने हेतु संपूर्ण (सामाजिक, आर्थिक संबंधों में) क्रांति से कम की आवश्यकता को नहीं अंकित करता। यही समाजवादी कार्यक्रम का वादा और उद्देश्य है तथा इसी के लिए हम निरन्तर संघर्षरत हैं।

संदर्भ-

1  रोबिन मार्गन(एडिटर) सिसटरहुड इज पॉवरफूल, न्यूयोर्क:विनटेज बुक्स,1970, पेज 486
2  ‘रेडस्टॉकिंग्स मैनिफेस्टो’, (नोटस फ्रॉम द सैकंड ईयर(1970)रीप्रिंटिंड इन फूल इन फेमेनिज्म इन आवर टाइम : द एशेंशियल राइटिंगस् , वर्ल्ड वार II, टू द प्रजैंट, मिरियम सच्नियर, एडिटर, न्यूयार्क विंटेज बुक्स,1974, पी.पी.-125-129

संपर्क :
प्रोमिला
असिस्टेंट प्रोफेसर,
हिंदीविभाग,
अंग्रेजी एवं विदेशी भाषा विश्वविद्यालय
हैदराबाद, आन्ध्र प्रदेश-500605,
फोन-+91-89779611  ई -मेल : promila.du@gmail.com

दूजी मीरा : आख़िरी क़िस्त

संदीप मील

संदीप मील मह्त्वपूर्ण युवा कथाकार हैं . फिलहाल राजनीति शास्त्र में शोधरत हैं . संपर्क :09636036561

(राजस्थानी परिवेश में लिखी गई संदीप मिल की यह कहानी जाति और जेंडर के आपसी साहचर्य को समझने के लिए एक आवश्यक पाठ है. आख़िरी क़िस्त  )  

पहली क़िस्त पढ़ने के लिए क्लिक करें : 
दूजी मीरा : पहली किस्त
‘‘ओछा, यो ‘टाॅक’ कांई हुवै है ?’’ रफीक को इस बाबत कोई जानकारी नहीं थी।
‘‘रफीकड़ा, छोरां के सामणै क्यों अपणी मिट्टी पलीत करवा रिया है। तू कौन-सा जाणता नहीं। बिना ‘टाॅक’ ही चार बच्चों का बाप बन गया। थोड़ी तो शर्म कर गधा।’’ बन्नेसिंह ने बोलने की बजाय लगभग दहाड़ना ठीक समझा।

यह सुनते ही सारे लौंडे खिलखिलाकर हंसने लगे। कईयों को तो अपने ज्ञान पर नाज-सा होने लगा कि उन्हें अंग्रेजी आती है। वे भी ‘टाॅक’ का यही अर्थ निकाल रहे थे। और अब तो तय हो गया कि ‘टाॅक’ करने से बच्चे पैदा होते हैं, ठाकुर बन्नेसिंह ने जो कह दिया। बन्नेसिंह के दादा अंग्रेजों के राज में दरोगा थे और तभी से उनके परिवार वाले हर अंग्रेजी शब्द का अर्थ बता देते हैं। जब बच्चे परीक्षा के लिये तैयारी करते और उन्हें ‘टू दि हेडमास्टर’ का अर्थ नहीं मालूम होता तो ठाकुर ही बताता – सुण हेडमास्टर के बच्चे। इतने में ही राधेश्याम पंडित का छोरा नयन आते दिखा।

‘‘यह बतायेगा सही, जैपर ही रहता है आजकल। मीरा की पूरी कथा जानता है।’’ नरेश ने पूरे विश्वास के साथ कहा।
‘‘आओ बेटा नयन, जैपर से कब आया ?’’ ठाकुर ने बैठने का इशारा किया।
‘‘पाय लागूं बाबो-सा। परसों ही आया था।’’ नयन ने मोबाईल में वक्त देखा तो रात के करीब ग्यारह बजे थे।
‘‘चैधरी की मीरा की कहाणी बताय रे…………..।’’ ठाकुर ने नयन के सर पर बड़े प्यार से हाथ फेरा।
‘‘जैपर में मीरा जिस काॅलेज में पढ़ती है वह एक बदनाम काॅलेज है। हर लड़की को कोई पंगा रहता है। रात को लड़कियां सड़क पर लड़कों के साथ घूमती हैं। कई बार तो बिल्कुल अकेली भी। ऐसे में मीरा कौन-सी दूध  की धुली है। मेरा एक दोस्त बता रहा था कि वह रात को चाय वाले के पास बैठी रहती है। आधी रात तक। भई, हमारे पंडितों में तो ऐसी लड़की होती तो अभी तक क्रियाकर्म कर देते लेकिन अब जाटों की ही मति मारी गई तो क्या करें…………। नयन ने नरेश और अन्य जाटों के छोरों की तरफ हिकारत के भाव से देखा।
‘‘सुसरे…, शहर में चार पैसा कमा लिया तो कौन-सा बिड़ला बण गया। तेरा खानदान तो अब भी आटा मांगकर खाता है और हम जाट ही आटा डालते हैं। ज्यादा हुसियार होणे की जरूरत नहीं है। औकात में रिया कर।’’ नरेश को तैश आ गया।
‘‘देखो, बाबो-सा। आपके कहने पर मैंने सच बताया और मुझे ही गरिया रहा है। एक ठाकुर के ड्योढ़ी पर एक पंडित का ऐसा अपमान तो कभी नहीं हुआ होगा।’’ नयन से ठाकुर को उकसाया।
‘‘ऐ छोरे, जियादा बोलणै की जरुरत नहीं है। सच सबसे सहन नहीं होता। इतो ही जाट बणै है तो चौधरी को जात बहार कर दो। इण बेचारे समझदार पंडित पर क्यों हेकड़ी दिखा रिया है। याद रखो कि या ठाकुर की महफिल है, कोई भी जोर से नहीं बोलेगा। अपणै घर में देना ज्ञान, यहां नहीं होगा पंडित का अपमान।’’ बन्नेसिंह का जर्द चेहरा लालिमा दिखा रहा था जो अंधेरे में आगे के उजाले से भी दिख जाती है।
‘‘सुण ठाकर, बहुत देखी है तेरी हेकड़ी। दो बीघा जमीन बेचणै से कोई सेठ नहीं बणता। पव्वे के बीस रुपये मांगता था तू।’’ नरेश भी गुस्से में खड़ा हो गया।
‘‘ठहर, तनै मैं आज सारी औकात दिखा दूंगा।’’ बन्नेसिंह हवेली से तलवार लाने दौड़ा।
‘‘आ जाणा चैधरियों की चैकड़ी में रांगड़ा।’’ नरेश के साथ कई जाटों के छोरों ने नारा लगाया।

खबर मीरा तक भी पहुंच गई थी कि रोज उसके ब्याह के लिये चौधरियों का तांता लगा रहता है। कहीं न कहीं मामला सैट कर ही दिया जायेगा। लेकिन जब आज चौधराइन ने सगाई की बात पक्की होने की खबर दी तो मीरा के पैरों की जमीन खिसक गई। बहुत गुस्से में चौधराईन को डांटा, ‘‘आपको मेरी जीन्दगी तय करने का हक किसने दिया ?’’
‘‘किसणे का मतलब ? तेरे मां-बाप हैं तो तेरो ब्याह करणों फर्ज है।’’ चौधराइन ने समझाने अंदाज में कहा।
‘‘मेरे बारे में मैं खुद तय करुंगी। मुझे नहीं करनी है शादी।’’
‘‘ब्याह तो जगत की रीत है बेटा। आज नहीं तो कल करणा पड़ेगा।’’
‘‘मुझे नहीं करना है और मेरी शादी के बारे में आप सोचना बंद कर दीजिये।’’
‘‘तेरे बाप ने ‘हां’ कर ली है, इब ब्याह तो करणा ही पड़ेगा। ब्याह में डरण की बात नीं है पगली।’’
‘‘बाप की ‘हां’ जाये भाड़ में। मैंने ‘ना’ बोल दी है, यही मेरा अंतिम फैसला है।’’
‘‘तनै इति बड़ी करी है, पिसा खर्च किया है।’’
‘‘किसने आपको यह सब करने का हुक्म दिया था। और अब उसकी वसूली करना चाहते हो क्या ?’’
‘‘देख बेटी, इब भी सोच ले, चौधरी को मोह ही देख्यो है तनै, गुस्सो भोत जोरको है।’’
‘‘होगा तो, मैं क्या करुं ?’’
‘‘अगले महीने से पिसा भेजणों बंद है।’’
‘‘मुझे अपनी मेहनत पर जीना आता है। नहीं चाहिये आपकी दौलत।’’

हालांकि भाव में आकर मीरा ने कह तो दिया था कि उसे अपनी मेहनत पर जीना आता है लेकिन अभी तक तो कमाने की सोची भी नहीं थी। आज पहली बार सोचना पड़ रहा है। वैसे भी हाॅस्टल की फीस तो हर महीने देनी पड़ती है।
किसको कहे ?
रोहित को!
उसे ही क्यों ?
दोस्त है ना, इसलिये।
इन्हीं सब उलझनों में फंसी मीरा रात के ठीक ग्यारह बजे अकेली रोहित की दुकान की तरफ जा रही थी। ज्यों ही वह दुकान के करीब पहुंचने वाली थी कि पीछे से घोड़े की पैरों की टप-टप सुनाई दी। पीछे मुड़कर देखा तो फागुनी हवा की सनसनाहट थी, न घोड़ा  था और न ही बंजारा था।
‘‘तेरा बंजारा पीछे से नहीं, आगे से आयेगा।’’ रोहित ने अपने सदाबहार अंदाज में कहा। उसके कान सुनने को उत्सुक थे, ‘‘तू कहता है तो मेरा बंजारा जरूर आयेगा।’’
आज मीरा ने यह जवाब नहीं दिया। वह चुपचाप कुर्सी पर बैठ गई। रोहित को बैचेनी तो उस जवाब न मिलने की वजह से ही हो गई थी लेकिन अपने रोजमर्रा के कामों में व्यस्त रहा। सारा सामान दुकान में जमाया और फिर एक कुर्सी लेकर मीरा के बगल में बैठ गया।
‘‘क्या हुआ मीरा, इतनी उदास क्यों हो ?’’
‘‘तू कौन हुआ मेरी उदासी का सबब जानने वाला ?’’
‘‘मैं तेरा दोस्त हूं। तेरे सदियों के प्रेम को कहानियां तो राहित सुने, तेरी जीन्दगी के सारे सपने भी सुने। बस, उसे तेरे गम सुनने का हक नहीं है। ठीक है फिर।’’
‘‘यार, मैं बहुत टेंशन में हूं।’’
‘‘घरवालों से लड़ाई हो गई ना ? शादी कर रहे होंगे ?’’
‘‘तेरे को कैसे पता चला जालिम कि ये सब हुआ है।’’
‘‘अक्सर लड़कियों के साथ यही होता है। तेरे साथ भी हो गया।’’
‘‘तो फिर ऐसी स्थिति में लड़कियां अक्सर करतीं क्या हैं ?’’
‘‘मर जातीं हैं। या तो आत्महत्या कर लेतीं हैं या अपने सपनों को मार देती हैं या अपने प्रेमी के साथ भाग जातीं है जिसे वे ठीक से समझी तक नहीं हों या फिर …..।’’
‘‘या फिर…कोई और भी रस्ता है क्या ? बोलो रोहित।’’
‘‘डगर कठिन है मगर, तू करेगी वही।’’
‘‘तू भी आजकल बातों को घूमाकर कहता है, सीधे बताओ ना ?’’
‘‘मुक्ति का मार्ग है ना, अपनी मर्जी की जिंदगी उसी में है।’’
‘‘आजादी कहां, सिवाय मर्दों के चंगुल से बाहर निकलने के।’’
‘‘यही मैं कह रहा था मीरा। लेकिन तेरे बंजारे का क्या करेगी ? वह भी तो पुरुष है और तू चैबीस घंटे तो उसी के उधेड़बुन में रहती हो।’’ रोहित ने दुखती हुई रग पर हाथ मारा।


‘‘ते क्या सोचता है कि मैं उस बंजारे की मोहब्बत में पन्द्रह साल निकाल दिये। वह तो मेरा शगल था, ऐसा थोड़ा ही होता है कि अमूर्त प्यार पर जिंदगी कुर्बान की जाये। यह तो सिर्फ दिल बहलाने के बहाने होते हैं। मैंनें भी ऐसा ही किया। एकान्त अपने आप में कई बार इंसान का खून पीने लग जाता है और जब यह अहसास होने लगता है कि वह अकेला है तभी से यह प्रक्रिया शुरू हो जाती है। अपनी उसी उदासी को भूलने के लिए एक तरीका था ‘बंजारा’। हुआ यूं कि इस बहाने मैं अपने आप को बहुत गहराई तक छूने लगी। यार, यह अन्तर्मन की यात्रा ही मुझे मुक्ति का मार्ग दिखा गई थी। वैसे तू कह सकता है कि तू जिस पुरुष के खिलाफ लड़ना चाहती है उसी के जरिये मुक्ति का मार्ग खोज रही है। अगर तेरा बंजारा सच में महबूब होता तो अभी तक क्योंकर  नहीं आया। सच भी है कि बचपन की दोस्तियां सिर्फ भावनाओं की नींव पर खड़ी होती हैं, वहां विचार और तर्क की कोई गुंजाईश नहीं होती। यूं तो भावना का भवन बहुत मजबूत होता है लेकिन जिंदगी के भूचालों से उतनी ही तेजी से धराशायी भी हो जाता है। वह कोई बंजारा नहीं था, जिसकी खोज में सर्दियों की कई रातें इन अंधेरी सड़कों पर बेवजह जाया कर दी जाती। वह मेरा आदर्श पुरुष भी नहीं कहूं तो, ऐसा कह सकती हूं कि बेहतर दुनिया को बनाने का साथी हो सकता है, इसलिए उसका सृजन मैंने अपनी तमाम तर्कों की चाक पर विचारों की मिट्टी से किया था। हो तो यह भी सकता है कि कल को मैं एक पुरुष बन जाऊं और वह मेरे सपनों के बंजारे जैसा पुरुष हो। यह एक मनोवैज्ञानिक विकृति भी है कि इंसान ख्वाब में खामियां नहीं छोड़ता और अगर छूट जाये तो ‘एडिट’ करने का आॅप्शन भी रखता है। अच्छा यह बता कि मैं जब मर्दों के खिलाफ विद्रोह कर रही हूं तो तेरे खिलाफ भी हुआ ना, तू क्या सोचता है मेरे बारे में?’’ मीरा ने एक लम्बी सी सांस ली।
‘‘मैं तो मर्द हूं ही नहीं।’’
‘‘तो तू क्या नामर्द है?’’
‘‘पत्ता नहीं! कभी चैक नहीं किया। हां, तेरे साथ रहने से कुछ गड़बड़ जरूर हो गई।’’
‘‘मर्दानगी में लोचा हो गया क्या?’’
‘‘नहीं रे, मैं धीरे-धीरे औरत होता जा रहा हूं।’’
‘‘अपने ‘पुरुष’ को मारकर स्त्री होने की प्रक्रिया ही एक पुरुष की इंसान बनने की प्रक्रिया हैं।’’
‘‘चलो, मैं पशु से इंसान हो ही रहा हूं।’’
‘‘अब बड़ा संकट आने वाला है यार। इम्तिहान की घडि़या नजदीक आ गई हैं। शादी तय। अपुन की मनाही और पैसा बंद।’’
‘‘मुक्ति की असली सीढ़ी तो अभी शुरू हुई है। आर्थिक रूप से अपने पैरों पर खड़ा होना, मुक्ति के लिए जरूरी होता है। और वह…… क्या नाम था उसका….. तू रोज-रोज बोलती है ना…… अरे…. हां कार्ल मार्क्स  …. उसने क्या कहा था।’’
‘‘बंद कर मार्क्स के बच्चे। हाॅस्टल बिल की सोच।’’
‘‘कितना लगता है? दो हजार ही लगता है ना, ले जाना मेरे से।’’
‘‘अबे बिड़ला के मुनीम, मैं आजादी की लड़ाई लड़ रही हूं। तू दो हजार देकर फिर से गुलाम बनाना चाहता है।’’
‘‘मैं तो तेरा दोस्त हूं ना मेरे से लेने में क्या हर्ज, जब कमाने लगो तो चुका देना।’’
‘‘वह तो ठीक है लेकिन संसार के सारे मर्द एक जैसे होते हैं गर पूंजी का मामला हो तो सारे मर्दों के साथ औरतें भी वैसी ही होती हैं।’’

मीरा जयपुर आकर अपनी पढ़ाई के साथ साहित्य और अन्य वैचारिक किताबों को भी पढ़ना शुरु कर दिया। दरअसल, उसे अपने शिक्षक बासु से इस तरह की किताबों की प्रेरणा मिली। बहुत ज्यादा तो नहीं लेकिन कामभर की किताबें पढ़ डाली थी। इन किताबों से अपने बदलते विचारों को एक व्यवस्थति रूपरेखा बनाने और उसको परिमार्जित करने में सहुलियत हुई। इसी सिलसिले में वह जो भी पढ़ती उसकी चर्चा रोहित से जरूर करती। यूं रोहित को कुछ लेखकों और विचारकों के नाम याद हो गये। कई बार तो ऐसा होता कि वह कोई बात कहता और मीरा हंसती, ‘‘तेरी बात, फुको से टकरा गई। उसने भी यही बात कही है, थोड़ी-सी भाषा का बदलाव जरूर हुआ है।’’
‘‘फुको कौन था ? मैंने तो उसका नाम भी नहीं सुना। मेरी बात उससे टकरा गई इसमें मेरी क्या गलती है।’’ रोहित आश्चर्य प्रकट करता।
और ऐसे ही फुको, ग्राम्शी सहित मार्क्स का नाम भी रोहित को पता हो गया था। उसने इनकी कोई किताब नहीं पढ़ी फिर भी वह मानता था कि इन लोगों ने बात तो ठीक ही कही है। मीरा की काॅलेज जीवन में कोई विशेष लगाव नहीं था। वह क्लास में जाती और अपनी मस्ती में कुछ किताबें पढ़ती रहती और इसी वजह से काॅलेज में उसका कोई दोस्त नहीं बन पाया। सब उसे गंवई लड़की समझते थे। कितना विराधाभास है कि बिंदास रहने और मोडर्न होने के बावजूद शहर वाले गांव की समझते थे और गांव वाले शहर की। उसने खुद कभी इस बारे में कुछ तय नहीं किया। क्लास में अपनी आदतों के मुताबिक स्टूडेंटस के ग्रुप थे लेकिन मीरा किसी में भी नहीं थी। उसकी आदतें तो किसी से मेल ही नहीं खाती। अपनी रूममेट निकिता से भी मीरा का अजीब-सा रिश्ता था। दोनों बहुत प्यारी दोस्त थीं और उतनी ही प्यारी दुश्मन। इन दोनों की वजह भी क्या थी, मालूम नहीं। कई बार तो दोनों एक ही बैड पर सोती और दूसरा बैड कमरे से बाहर निकाल देती। दो-चार दिन का वक्त गुजरता की बेवजह ही बाहर रखा हुआ बैड अन्दर आ जाता और कमरे की तमाम चीजों का बंटवारा हो जाता। सीमांकन भी होता। कमरा मापा जाता और फिर ऐन बीच में चाॅक से सीमांकन हो जाता। कोई भी एक-दूसरे की सीमा को नहीं लांघती। कमरे को भी मालूम नहीं चलता की कब बीच की दीवार गिरा दी गई और बैड को अराम फरमाने के लिये बाहर पहुचा दिया गया। ये सिलसिला यूं चलता रहा। दोनों ही आलसी थीं, सो कमरे की सफाई के बारे में इतना ही कहा जा सकता है कि उन्होंने झाडू को दुश्मन मांन रखा था। इन सब के बावजूद वे एक-दूजे के जीवन के प्रति कोई भी भाव नहीं रखतीं थीं। रूम से बाहर मिलती तो ऐसा लगता कि आपस में जान-पहचान मात्र है। इसलिये मीरा की कहानी में निकिता कोई जगह नहीं बना पाई। न कभी आपके इस लेखक से शिकायत की कि मीरा मेरी रूममेट है तो मुझे भी कहानी में रखो।

राजपूतों और जाटों के बीच दंगल तो मचना ही था, नरेश ने ठाकुर बन्नेसिंह को टका-सा जवाब जो दे दिया था। होली के रंग की बजाय गांव अब रंजिश के रंग में रंग गया था। दोनों तरफ तैयारियां होने लगी। जोधपुर, बीकानेर से लेकर जयपुर तक के बन्नेसिंह के रिश्तेदारों के रिश्तेदारों के रिश्तेदार तक आ गये थे। ठाकुर की इज्जत का सवाल था। राजपूतों की ड्याढ़ी में शराब के प्यालों का दौर चल रहा था। जंग लगी तलवारों को धार दी जा रही थी और इन सब के लिये बन्नेसिंह ने चार बीघा और  बेच दी थी। एक तरफ ईंटों के चुल्हे पर बकरा जवान हो रहा था। बन्नेसिंह भी सज-धज के तैयार हो गया था, जैसे कि रण में शहादत को जाते हैं। बाकी सारा गांव सहमा हुआ था। लोग घरों में दो-चार दिन का खाना एक साथ बनाकर दुबके हुये थे। अस्सी बरस का ठाकुर कुशाल सिंह राजपूतों की वीरता के किस्से सुना रहा था।

इधर भी ऐसा ही हाल था। हालांकि जाटों के अखाड़े में गांव के बाहर से कोई नहीं आया था लेकिन गिनती करने पर गांव के ही कुल एक सौ बीस आदमी हो रहे थे। हालांकि ठाकुर बन्नेसिंह से निपटना एक चुनौती थी लेकिन पहले अंदरवियर से भी निपटना था।
‘‘चौधरी जात में रेहसी या अपण रहेगा। दोन्यूं साथ नहीं रहेगा।’’ नरेश जाटों के पूरे जमावड़े को संबोधित कर रहा था।
‘‘भई, दोनों ही रह जावो।’’ गिरधारी ने समझाने का यत्न किया।
‘‘ना जी। आज फैसलो करणों ही पड़ेगा।’’ हठ था नरेश का भी।
‘‘पहले ठाकर बड़ो दुसमण है, चौधरी नै बाद में सुलटा देंगा।’’ सांवरमल ने कहा।
‘‘आ बात ठीक लागी मनै भी।’’ गिरधारी बीचबचाव करना चाहता था।
‘‘तनै तो सारी बात ठीक ही लागै हैं। डूंगरी दादी के चिपककर बैठो हो न।’’ नरेश न ताना मारा।
इता सुनते ही गिरधारी को रीस आ गई और वह उठकर जमावड़े से अलग चला गया। भीड़ में लोग अपनी बगल वाले से गुसर-फुसर करने लगे। चांदनी रात में हुक्कों से निकलने वाले धुआं लोगों के सर पर बादल की तरह मंडरा रहा था। ऐन बीच में आग जल रही थी और उसके आसपास कुछ पावरफुल चौधरी बैठे थे। धीरे-धीरे सारा मजमा छोटे-छोटे गुटों में बदल गया और इस गंभीर सवाल पर चर्चा होने लगी कि पहले चैधरी को निपटाया जाये कि ठाकुर को। कोई चैधरी को पहले निपटाने के पक्ष में था तो कोई ठाकुर को। हर किसी के अपने-अपने तर्क थे लेकिन इस पर आम राय थी कि दोनों को निपटाना है। हुक्कों में लगातार तम्बाकु भरी जा रही थी। रात के करीब दो बज गये थे लेकिन कोई एक राय नहीं बन पाई। असल में इस समाज के लोगों में कभी एक राय बनती ही नहीं है, सब अपनी-अपनी राय पर डटे रहते हैं। फतवा ही अंतिम निष्कर्ष तक पहुंचाता है। करीब आठ चौधरियों में से कोई भी खड़ा होकर फतवा जारी कर देता है, तब किसी की बोलने की हिम्मत नहीं होती। सब उसको स्वीकार कर लेते हैं और अपने तर्कों को जिंदा ही दफना देते हैं। आज भी इंतजार किया जा रहा था कि कब इन चौधरियों में से कोई मुंह खोले और अंतिम फैसला हो पर मुंह किसी का खुल ही नहीं रहा था। हर किसी का चौधरी कानाराम से अपना रिश्ता था, वे पहले बोलकर दुश्मनी मोल लेना नहीं चाह रहे थे। नरेश ने अपने घर से चाय, चिणी और दूध भी मंगवा लिया था। चाय का दौर भी शुरु हो गया। नरेश ज्यादा उत्साह इसलिये दिखा रहा था क्योंकि वह अपना भविष्य चैधरी बनने में देख रहा था। यह मौका था प्रमाण देने का। वह चूकना नहीं चाहता था।

हालांकि बात अंदरवियर तक भी पहंच गई थी। वह लगातार दो दिनों से पी रहा है, किसी से भी बात नहीं करता। चौधराईन की तबियत तो मीरा से शादी वाली बात करते ही नासाज हो गई थी। खाट ही पकड़ ली। गिरधारी सेवा में लगा रहता है। आज रात की सभा में चौधराईन ने ही भेजा था कि कैसे भी करके चौधरी को जाति में रखो लेकिन वहां से भी नाउम्मीदी ही हाथ लगी। गिरधारी निराश होकर जब अंदरवियर की हवेली की तरफ आ रहा था तो उसका मन किया कि कुआ-फांसी कर ले। एक बार तो इरादा भी बना लिया था लेकिन फिर सोचा कि चौधराईन को मुश्किल में अकेले छोड़ना बेवफाई है। सो, उस समय के लिये इरादा तज दिया। संकोच तो यह था उसे कि चौधराईन कहेगी कि गिरधार तेरे पर ही बिसवास हो, इब तो नैया डूबगी। वह गर्दन झुकाये अंदरवियर की हवेली में दाखिल हुआ और फिर मुश्किल से, दिल पर हाथ रखकर चैधराईन की कोटड़ी में प्रवेश किया।

‘‘ओ……..हो……। दो दिण में ई चैधराइन की सुरत ही बदलगी। वह रौनक तो गुजरे जमाने की बात हुगी इब।’’ गिरधारी यह सोच ही रहा था कि उसके कानों में चैधराईन की दर्दभरी दहाड़ पड़ी।
‘‘गिरधारी, ऊंट पर जीन मांड, जैपर चालस्यां।’’
गिरधारी अचानक जयपुर जाने की योजना के बारे में ज्यादा तो नहीं समझ पाया लेकिन उसने यह अंदाज जरूर लगा लिया था कि मीरा से मिलने जाना है और अब या तो ऊंट टीला पार या फिर घुटने टेक देगा। चैधराईन का हुक्म भला कभी गिरधारी ने टाला है। तुरन्त ऊंट पर जीन मांडकर चलने को तैयार कर दिया। चैधराईन ने अंदरवियर को कुछ भी कहने की जरूरत नहीं समझी और जाकर ऊंट पर सवार हो गई। इशारे के मुताबिक गिरधारी रस्सी पकड़कर आगे रवाना हो गया। रात के इस पहर अमूमन गांव में खामोशी होती है लेकिन ठाकुर और जाटों की जंग की तैयारी के कारण लोग सोने की बजाय घरों में दुबके पड़े थे। गिरधारी के मन में एक शंका थी, सोच रहा था कि गांव की बसावट से बाहर निकलकर पूछूंगा  लेकिन इतनी सब्र नहीं कर पाया और पूछ ही डाला, ‘‘चौधराईन जैपर को रस्तो जानो हो कै ?’’
‘‘नहीं जाणूं। लोगा सूं पूछता-पूछता ही पूग जावांगा।’’ चौधराईन को पूरा यकीन था।
जब चौधराईन के कह दिया कि लोगों को रास्ता पूछ कर जयपुर पहुंच जायेंगे तो गिरधारी को मानना ही था। लेकिन जब चौधराईन ने जवाब दिया तब वे नरेश के घर के बगल से ही गुजर रहे थे। वह चाय के लिये दूध लेने के लिये आया था और चौधराईन की आवाज भले कोई न पहचाने। उसके घर के बगल से ही रस्ता जाता है, गिरधारी और चौधराईन के बीच जब यह वार्तालाप हो रहा था तब नरेश पतीले से दूध का कटोरा भरकर बोतल में डाल रहा था। चौधराईन की आवाज सुनते ही उसके हाथ से कटोरा छूटा………….खननन से।
‘‘छुरेरे……।’’ नरेश की मां बिल्ली के भरोसे तुरंत खाट से उतरी।
‘‘मैं हूं……।’’ नरेश ने दबी आवाज में कहा।
यह सुनकर उसकी मां तो चुप हो गई और वह दबे पांव दौड़कर छत पर चढ़ा। उसे चांदनी रात में जाता हुआ एक ऊंट दिखा जिस पर शायद कोई औरत बैठी है और नीचे एक मर्द रस्सी पकड़े चल रहा है। यह तीनों देखते ही उसने सही अंदाजा लगा लिया था क्योंकि गांव में चौधराईन के अलावा कोई औरत ऊंट पर चढ़ती ही नहीं है और चैधराईन के साथ चैधरी तो नीचे रस्सी पकड़कर चलता नहीं है। जाहिर तो पर गिरधारी होगा, इतना सोचते ही नरेश के कदमों के पंख लग गये और वह कब जाटों के उस मीटिंग में आ गया जहां पर आज कुछ फैसले होने थे।

‘‘इब बताओ, डूंगरी दादी ऊंट पर चढ़ी गांव सूं बाहर गयी है। साथ में गिरधारी भी है।’’ नरेश ने पूरा दम लगाकर चिल्लाते हुये खबर उछाली।इतनी धमाकेदार खबर सुनते ही सबके कान खिलखिलाकर हंसने लगे। अलग-अलग गुटों में बैठे लोग दौड़कर नरेश के चारों ओर इक्कठे हो गये। अपने चारों ओर जाटों का इतना बड़ा झुंड अपनी ओर ताकते हुये देखकर नरेश को एक बारकी चौधरी बनने का अहसास हो गया। यह अहसास होते ही उसे लगा की वह जमीन से पांच इंच उठ गया है और सीना भी सरक रहा है। छोटी-सी मूछें भी अचानक बढ़ती हुई लगी। धीरे-धीरे सारा चौधरीपन उसके जिस्म में उतरने लगा और वह हर अंग में सरसराहट महसूस करने लगा। बोलने से ठीक पहले उसे लगा कि उसकी आवाज बहुत भारी हो गयी है, इसलिये जोर लगाना पड़ा, ‘‘इति रात को डूंगरी दादी इक पराये मर्द के साथ जा रही है। समाज की नाक चौधरी पूरी कोटेगो।’’
‘‘इब कै फैसलो करणों है पंचो।’’ भीड़ ने एक स्वर में प्रमुख चौ रियों की ओर मुखातिब होते हुये कहा।
उन आठ चौधरियों ने चुपचाप एक-दूसरे की ओर देखा। कोई भी पहले बोलने की हिम्मत नहीं कर पा रहा था। आखों के इशारों से अलग जाकर राय मश्विरा करने को कहा किसी एक चौधरी ने। आठों तुरंत उस भीड़ से तकरीबन अस्सी फिट दूर जा चुके थे। अब भीड़ को तस्सली हो गई थी कि जब ये गुप्त मंत्रणा करने गये हैं, तो कुछ फैसला जरूरी होगा और यह तो यकीन था ही कि कुछ भी हो, फैसला जाति के हित में होगा। काफी देर तक इंतजार करने के बाद मंत्रणा का दौर समाप्त हुआ और सातों चौधरी भीड़ की तरफ आये और एक चैधरी ने कहा, ‘‘देखो जात भाईयो, बात या सै कि चौधरी ने जाति सूं बाहर करणों ही पड़सी। बन्ने ठाकर नै भी सुलझाना पड़ेगा। बारी-बारी सूं सारे काम निपटाने हैं। इब पहलो काम है कि चौधराईन की खबर करणी कि वह रात को कहां गई है। पंचों ने तय किया है कि सारे भाई चौधराईन के पीछे चालेंगे और देखेंगे कि वह कहां गई है।’’
‘‘पंचों को हुक्म सिर-माथै।’’ सारी भीड़ ने एक स्वर में कहा।

हुक्म पंचों का था और बाकी तैयारियां नरेश को करनी है थी क्योंकि भविष्य में वह भी पंच बनने वाला है और फिर हुक्म भी जारी करेगा। उस समय शायद कोई ओर उस जैसा जवान तैयारियों में लगा होगा, यही चक्र चलेगा जब तक जाति रहेगी। पूरी रात न सोने के कारण भी भीड़ के चेहरे पर किसी प्रकार की थकान का भाव नहीं था, वे पूरी थकान जहन में छुपाकर जाति को बचाने के लिये तैयार थे। गांव में कुल पांच टेªक्टर थे और उनमें से एक अंदरवियर के पास था। इसलिये तीन टेªक्टर के पीछे ट्रोली जोड़ी गई, लोग उनमें लाठियां भी भर ली और फिर सवार होकर चले। लोगों को मालूम नहीं था कि चौधराईन गई किस तरफ है। उसे गांव के बाहर निकलती हुई को नरेश ने जरूर देखा था। अब काफिले का नेतृत्व भी वही कर रहा है। आगे वाली ट्रोली में नरेश जोर से जय बोल रहा था, ‘‘बोलिये बजरंग बली की।’’
‘‘जय हो।’’ एक स्वर में सारे लोग बोले। चौधराईन ने गांव से निकलते ही गिरधारी को ऊंट रोकने का आदेश दिया। उसने आदेश की तुरन्त पालना की। दूसरा आदेश आया कि वह भी ऊंट पर चैधराईन के साथ बैठ जाये क्योंकि थक गया था और सफर तो इतना लम्बा था कि दोनों को किलोमीटरों का भी कोई हिसाब मालूम नहीं था। गिरधारी को थोड़ा-सा संकोच हुआ।
‘‘किण दिक्कत नहीं है। मैं तो पैदल ही चालूं हूं।’’
‘‘अरे बावले, इति दूर पैदल चलेगा तो जाण निकल जायेगी। आ, बैठ जा।’’ चैधराईन ने बड़े प्यार से कहा।
गिरधारी के लिये चैधराईन का यह आदेश टालना मुमकिन नहीं था। उसने ऊंट को बिठाया और चैधराईन से आगे बैठ गया। यूं तो गिरधारी कई बार ऊंट की सवारी की है लेकिन आज कुछ अलग ही अनुभव हो रहा था। उसे लग रहा था कि वह ऊंट पर नहीं, हवाईजहाज में उड़ रहा है। चूंकि जयपुर का रास्ता नहीं जाने थे और सड़क पर ऊंट धीरे भी चल रहा था। गिरधारी को सीकर तक का रास्ता मालूम था और सड़क पर किसी के देखने का डर भी उसे सता रहा था। सो, बीकानेर से जयपुर जाने वाली मुख्य सड़क को छोड़कर उन्होंने कच्चे रास्ते ही जाना उचित समझा। कच्चे रास्ते भी सीकर तक तीन जाते थे। उन्होंने सबसे सीधा रास्ता चुना जिस पर वाहनों का जाना सम्भव ही नहीं है। पीछे से आ रही भीड़ वैसे तो उनसे दो घंटे की देरी से चली थी लेकिन ट्रोली से चलने के कारण उन्हें पकड़ सकती थी। एकदम गुस्सायी भीड़ उस निर्जन में संभव है कि दोनों को मार देती, बंदी बना लेती या फिर अंदरवियर के खिलाफ गवाही दिलवा लेती लेकिन ऐसा नहीं हुआ क्योंकि उन्होंने सीकर जाने का रास्ता तो कच्चा चुना लेकिन दूसरा चुन लिया। चौधराईन और गिरधारी को यह जानकारी तो नहीं थी कि कोई उनका पीछा कर रहा है लेकिन उनके मन में एक डर जरूर था। इसलिये चुपचाप ही सवारी कर रहे थे। कभी कुछ इशारों से बातें हो जाती तो कभी फुसफुसाहट से काम निकाला जाता।

उधर ठाकुर की ड्याढ़ी में वैसे ही महफिल जमी हुई थी। जंग की लगभग तैयारियां पूरी हो चुकी थी। यह तय करना था कि जगं की शुरुआत कैसे, कहां और कब की जाये । इन तीन सवालों पर कोई एक राय नहीं बन रही थी। शेखावतों का कहना था कि जाटों को घर में घुसकर मारेंगे। राठौड़ों ने इसका विरोध किया और कहा कि हम कायर नहीं हैं, दुश्मन को ललकारेंगे और बीच मैदान जंग होगी। इन दोनों के अलावा कुछ मड़तिया राजपूतों का मानना था कि जैसे मौका मिले, वैसे ही मारो। इसी सवाल पर रातभर बहस चल रही थी। कई बार तो वे आपस में ही उलझ जाते और तलवारें तन जाती। फिर कोई उन्हें याद दिलाता कि आज जंग राजपूतों की आपसी नहीं, जाटों से है। कुछ देर मामला ठंडा रहता और फिर वैसे ही मूंछें फरकाई जातीं। कई राठौड़ ज्यादा पीने की वजह से लुढ़क गये थे। किसी के मुंह में कुता मूत रहा था तो कोई गोबर में लौट रहा था। हर कोई अपना राग अलाप रहा था। बीच में कुछ शेखावत और राठौड़ों के बीच रिश्तों की बात पक्की हो रही थी। हालांकि जो रिश्तों की बात कर रहे थे वे बिल्कुल नौजवान थे और उनके औलाद भी नहीं थी लेकिन औदाल होने से पहले ही रिश्ता तय कर रहे थे। कुछ ने तो एक-दूसरे को समधी कहना भी शुरु कर दिया था। बकरा पक चुका था। होश में जो थे, उन्होंने तो बोटियां खा मारी, कुछ को झोल हिस्से में आया और कुछ मदहोश राठौड़ हांडी चाट रहे थे। लगभग चार बजे के आसपास सारा मजमा लुढ़क चुका था।

सूरज निकलने से उजास हो गया था। सारे राजपूत रेत पर सोये हुये थे। आसपास कहीं-कहीं हड्डियां बिखरी हुई थी जिनको खाने के लिये कुतों का एक पूरा दल तैनात था। कुछ कौवे भी मंडरा रहे थे कि उन्हें भी कुछ नसीब हो जाये। किसी का पाजाम गोबर में लथपथ हो गया था तो किसी की धोती अधिकांश खुल चुकी थी। बस, अपकी बार पसवाड़ा पलटा की नरुका और शेखावत, सब नंगे। पास से गुजरती पणिहारी घूंघट उठाकर यह दृश्य देख रही थी। तभी किसी ने यह खबर ठाकुरों की हवेली में यह खबर पहुंचाई कि ठाकुर जंग में जाने की बजाय ड्योढ़ी में लौट रहे हैं। मूंछें तो सबकी रेत और गोबर से रंगी हुई हैं। यह सुनते ही बन्नेसिंह की ठकुराईन आयी और उससे झकझोरा। ठाकुर मुश्किल से होश में आ पाया। आते उसने जो नजारा देखा तो चुपचाप उठकर हवेली की अंदर की तरफ भागा। धीरे-धरे सब ठाकुर उठकर अंदर गये और नहाकर फिर उसी रंगत में आ गये। बोतलें आ गई, महफिल सज गई और वही बहस शुरु। जंग कहां, कब और कैसे की जाये। कुछ होश और बेहोशी के आलम में भी लोग अपनी-अपनी जिद्द पर डटे हुये थे। सारे लोग तीन धड़ों में बंट गये। एक में शेखावत थे, जो उसी गांव के थे और उनमें कुछ आसपास के गांवों के भी थे। दूसरे गुट में राठौड़ थे, जो बीकानेर और जोधपुर से आये हुये थे और तीसरे में मेड़ता के मेड़तिया राजपूत थे। नरुका निष्पक्ष थे। उनका कहना था कि सारे लोग जो भी तय करेंगे, वे उसको मानने को तैयार हैं।

बन्नेसिंह ने हस्तक्षेप करते हुये कहा, ‘‘यह राड़ शेखावतों की है। घरों में घुसकर मारेंगे।’’
‘‘खाली शेखावतों की नीं है राड़ इब। सारी राजपूत जाति की राड़ है। मैदान में बुलाकर लड़ेंगे।’’ राठौडा़ें में से रायसिंघ बोला। फिर वैसी ही तकरार हो गई। कोई भी राय न बनने के कारण बन्नेसिंह के रिश्तेदारों के रिश्तेदार अपने घर लौट चुके थे। अंदरवियर घर में अकेला शराब पी रहा था। चौधराईन और गिरधारी रास्ता भटक गये। जयपुर पहुंचेचे ही नहीं। गांव वालों का कहना है कि वे मीरा से मिलने नहीं, मटरगस्ती करने गये थे। जाटों का काफिला जरूर जयपुर पहुंच गया था और जब वे मीरा के हाॅस्टल में गये तो गार्ड ने चाय वाले को पूछने को कहा। सारी भीड़ ने रोहित को घेर लिया। उसने बताया, ‘‘कल रात को मीरा जयपुर छोड़कर चली गई। यहां आयी थी। उसे फ्रांस सरकार ने फैलोशिप दी है। वह जाती हुई, वही पुराना गाना गा रही थी।’

सांझी सजना प्रित है ।
तू ना थाणेदार।।
धोरां माथे साबूत हैं।
मिलणे के निशाण।।
ना तू समझयो मोय को।
ना मै समझी तोय।।
न तन द्यूं, न बदन द्यूं।
मर्जी अपणी ऐथी होय।।
सांझी सजना प्रित है ।
तू ना थाणेदार।।
आपको कहीं कोई मीरा मिले तो इस कथाकार का ‘सलाम’ कहना।

दूजी मीरा पहली क़िस्त

संदीप मील

संदीप मील मह्त्वपूर्ण युवा कथाकार हैं . फिलहाल राजनीति शास्त्र में शोधरत हैं . संपर्क :09636036561

( संदीप मिल की यह कहानी जाति और जेंडर के आपसी साहचर्य को समझने के लिए एक आवश्यक पाठ है. दो किस्तों में प्रकाश्य  ) 


गांव के गुवाड़ में खेलते बच्चों को जब चैधरी के कदमों की आहट का अहसास हो जाता, तो पलभर में सारा गुवाड़ खाली हो जाता था। बच्चे जादू के मानिद गायब हो जाते और किसी बच्चे का चेहरा अगर चैधरी को दिख गया तो समझो उसकी घर में खैर नहीं। पापा-मम्मी सब कहेंगे कि तू गुवाड़ में गया ही क्यों था ?अब चैधरी कल ही सुबह गुवाड़ से निकलते समय टोक देगा, ‘‘तेरे छोरे आजकल खूब खेल रहे हैं!’’फिर सारे घर में चैधरी के बारे में चर्चा शुरु हो जाती।

चैधरी का पूरा नाम कानाराम चैधरी था। गांव के गुवाड़ के पूर्व में बिल्कुल सटे हुए  चैधरी की हवेली के विशाल दरवाजे के सामने गुवाड़ बौना-सा लगता था। दरवाजे के दोनों तरफ दो चबूतरे थे जिन पर हरदम एक हुक्का सीमेंट फैक्टरी की तरह धुंआ उगलता रहता था। इन चबूतरों पर बैठने वाले लोग अमूमन अधेड़ उम्र के ही होते थे। बायें चबूतरे पर चैधरी की चारपाई लगी रहती थी जिस पर ऊंट के बालों की बनी दरी बिछी रहती थी। कद साढ़े चार फिट का था। साधारण नाक-नक्श और साठ किलो के वजन के करीब वाले चैधरी की आवाज भी बिल्कुल साधारण थी। इसी चारपाई के दायें तरफ एक लकड़ी की कुर्सी रहती थी जिस पर चैधराईन बिराजती थी। चैधराईन के नाम का तो किसी को पता नहीं था। लोग कहते थे कि चैधरी इसे पहाड़ों से उठाकर लाया था, इसलिए गांव वाले उसको ‘डूंगरी दादी’ कहते हैं।

गोरा बदन, साढे़ पांच फिट लम्बाई और तीखी आवाज वाली डूंगरी दादी से चैधरी भी खौफ खाता है। गांव में जो भी मामला उलझ जाता है तो उसका निपटारा इसी चबूतरे पर होता है और हमेशा जज डूंगरी दादी ही बनती है। चैधराईन के पास अपना छोटा हुक्का रहता है जिसको मुंह लगाने की इजाजत चैधरी को भी नहीं है। इस हुक्के के लिए हनुमानगढ़ से विशेष तम्बाकू मंगाई जाती है।गिरधारी कहता है, ‘‘डूंगरी दादी के हुक्के से चमेली की खुश्बू आती है। एक बार यह खुश्बू नाक से टकरा जाये तो जुकाम की शिकायत नहीं होगी।’’इसलिए तो गिरधारी चैधराईन से चिपक कर बैठता है। वह पानी लाने से लेकर हुक्के के लिए आग लाने के कामों का किसी को मौका ही नहीं देता। अब तो उसे यह भी पता चलने लगा है कि कब चैधराईन को प्यास लगने वाली है और कब हुक्के की तलब होगी। चैधरी को भी गिरधारी के इस ‘विशेष खूशबू’ के लिए किये जा रहे सेवा-भाव से कोई ऐतराज नहीं है। वह जानता है कि चाहे गिरधारी कितना ही मुरीद् हो चाहे, पर चैधरी की सीमा को लांघ नहीं सकता। वैसे भी, आज तक किसी गांव वाले ने चैधरी के कहे को पाटने की सोची भी नहीं। एक चैधराईन ही है जिसकी जबान चैधरी के सामने भी छूरी की तरह खच-खच चलती है।

गांव के आधे गुवाड़ पर चौधरी का अघोषित कब्जा है, वहीं पर चैधरी का ऊंट बंधता है और वहीं पर पिकअप खड़ी होती है। ऊंट रखना वह आज भी अपनी शान समझता है, कहीं भी जाता है तो सवारी ऊंट से ही करता है। जब चैधरी ऊंट के जीन पर सफेद गद्दा डालकर रवाना होता है तो चैधराईन हुक्के से सलाम ठोक कर उसे विदा करती है। कभी-कभार होने वाली चौधरी की यात्रा के अतिरिक्त यह ऊंट किसी भी काम में नहीं लिया जाता है, इसलिए ‘बोछाड़’ हो गया है। दिन रात जुगाली करते-करते दांत घिस गये हैं। बिना मेहनत के खाने के कारण गिरधारी ऊंट को ‘सेठ जी’ कहता है।

चैधराईन के दो बेटे और एक बेटी है। बड़े वाला बेटा महावीर गांव में किराने की दुकान को संभालता है और छोटा बेटा बजरंग ‘आधुनिक पहलवानी’ करता है। यह आधुनिक पहलवानी पुराने समय की अखाडे़ की पहलवानी का उत्तर-आधुनिक रूप है। बजरंग कहीं भी अखाड़े में नहीं जाता है। उसने अपनी हवेली के एक कमरे में अखाड़ा बना रखा है। लौहे के स्लेटों से यहीं पर दिनभर कसरत करता रहता है और सुबह शाम दो किलो दूध  पीता है। चैधराईन का कहना है कि आज के जमाने के दस लौंडों को बजरंग अकेला पछाड़ सकता है। हालांकि, आज तक बजरंग ने किसी को थप्पड़ भी नहीं मारी और न ही मारने का मौका मिला क्योंकि चौधरी के खौप से गांव वैसे ही सहमा हुआ था। बजरंग जब भी गांव की किसी गली से गुजरता है तो बच्चे पीछे से चिढ़ाते हैं-

‘‘जय बजरंग बली, फूटे ना मूंगफली।’’
‘‘बने हैं पहलवान, उठे न दो किलो सामान।’’

हां, गांव के बारे में बताना तो भूल ही गया। इस गांव का नाम अमरनगर है। लगभग तीन-सौ के आसपास घर हैं। गांव में तीन कुएं हैं, एक दलितों के लिए, एक ब्राह्मणों का और एक जाटों और खातियों का। एक जाति के कुएं से कोई दूसरी जाति का पानी नहीं भर सकता है। अगर कोई पानी भरता हुआ पकड़ा गया तो उसे  चौधरी की अदालत में हाजिर होना होगा और जज चैधराईन एक निश्चित सजा सुनायेगी कि गुनेहगार को दो महीनें चैधरी के घर पर बिना वेतन काम करना पड़ेगा।गिरधारी बताता है, ‘‘सात बरस पहले एक दलित पकड़ा गया था जाटों के कुएं से पानी पीते हुए। बारह साल का बच्चा था, स्कूल से आ रहा था। जिस्म जलाने वाली धूप थी। दलितों के कुएं का पम्प चार दिन से खराब था। वहां पानी न होने के कारण चुपके-से जाटों के कुएं पर पूरे पांच घूंट पानी पी लिया था। चैधरी का बड़ा बेटा महावीर शहर से पिकअप में खल-चूृरी लेकर आ रहा था, उसने देख लिया। उसी रात अदालत बैठी और उसे दो महीने वाली सजा मिली। लगातार दो महीने तक उसे  चौधरी के घर

पर झाड़ू लगानी पड़ी थी। सारा घर रोहित डांटता था।’’ रोहित के जहन को उस घर के लोगों की यादों में सिर्फ मीरा की यादें बैचेन करती हैं।अरे यार! आपको मीरा के बारे में बताया ही नहीं है। चैधरी की बिटिया है। एकलौती बेटी होने के कारण एकदम नकचढ़ी। उस पर न किसी का हुक्म चलता है और न किसी की मोहब्बत। जो मन में आये, वही करेगी।
‘‘चैधरी साहब!’’
कुछ नहीं  बोलते। अगर मीरा को किसी ने एक शब्द भी कह दिया तो चैधराईन खाल खींच लेगी और फिर उस खाल में कांटों वाला भूसा भी भर देगी। वैसे भी, चैधराईन का तो नम्बर ही नहीं आता, मीरा खुद ही सामने वाले का भर्ता बना देगी।
‘‘उम्र!’’
होगी तकरीबन सौलह के आसपास।
‘‘रंग-रूप पूछ रहे हैं ?’’
इसके बारे में कुछ बोल दिया तो कलम की कसम आपके इस लेखक की यह आखिरी कहानी होगी। खैर, जो भी हो, मीरा की दुनिया में न चौधरी की सियासत थी और न ही चैधराईन का हुक्का। अंग्रेजी की किताबें, हाॅलीवुड फिल्में और राॅक म्यूजिक के अलावा उसे किसी से कोई लेना-देना नहीं था। जब मीरा अंग्रेजी में बोलती थी तो गांव वालों का मुंह खुला का खुला रह जाता था। इस गांव की वह पहली लड़की है जो शहर में जाकर ‘बीए’ कर रही है। वैसे तो वह बीएससी कर रही है लेकिन गांव में बाहरवीं के बाद की सारी पढ़ाई ‘बीए’ के नाम से ही जानी जाती है। और इससे आगे कोई पढ़ाई नहीं होती।

जब पहली बार मीरा गांव से जयपुर पढ़ाई करने जा रही थी तो सारा गांव देखने के लिए आया था। गुवाड़ में तिल रखने को भी जगह नहीं थी। चैधरी ने सबको दाल-बाटी-चूरमा खिलाया और चैधराईन ने मीरा को सलाह दी, ‘‘शहर जाकर तेरे बाप के नांव का ख्याल रखियो।’’
मीरा सोच रही थी कि शहर में उसके बाप को कोई जानता भी है या नहीं ?
जो भी हो, उस दिन गांव में उत्सव का माहौल था।
आज तो गजब हो गया भाई। गिरधारी शाम के वक्त चैधराईन के पास बैठा चमेली की खुशबू का इंतजार कर रहा था। चैधराईन लगातार हुक्का गुड़गुड़ा रही थी लेकिन चमेली की खुशबू गायब थी। गिरधारी को लगा कि तम्बाकू बदल दी गई है। उसने हुक्के की जांच की तो तम्बाकू भी वही थी। फिर चमेली की खुशबू क्यों नहीं आ रही ? इस खुश्बू के लिए ही तो वह रोज चबूतरे पर आता था। उसने माचिस की तिल्ली से तीन-चार बार नाक साफ किया। लेकिन आज कहीं चमेली की खुशबू थी ही नहीं। थक-हारकर वह घर आ गया और तकरीबन एक घंटे बाद उसके नाक से पानी बहने लगा। आज उसे जुकाम हो गई थी।

चधरी की हवेली का दरवाजा कभी बंद नहीं होता था। रात को चौधरी अपनी चारपाई आधी दरवाजे में और आधी गुवाड़ में रखकर उस पर सोता था। सारे गांव की औरतें भौर को ही पानी भरने के लिए गुवाड़ से गुजरती तो घूंघट निकालती थी। कई बार नींद में चौधरी की धोती खुल जाती थी और गांव वाले बिना टिकट का रंगीन सिलेमा देखते थे। एक दिन तो सांवरमल के पोते ने चैधरी से पूछ भी लिया था, ‘‘दादा जी, आप अंदरवियर क्यों नहीं पहनते ?’’

चौधरी को ‘अंदरवियर’ का मतलब समझ में नहीं आया और जब मीरा शहर से आयी तो उससे पूछा। पहले तो वह खूब हंसी और फिर बताया कि इसका मतलब ‘कच्छा’ होता है। गिरधारी बताता है कि उसके बाद चौधरी ने सांवरमल के पोते को टाॅफी देना बंद कर दिया। पता नहीं यह बात गांव वालों को कैसे मालूम हुई, सारा गांव पीठ पीछे चौधरी को ‘अंदरवियर’ कहता है। आपकी इजाजत हो तो यह लेखक भी गांववाला होने के नाते आगे की कहानी में  चौधरी को ‘अंदरवियर’ ही कहे।

तो साहब, अंदरवियर के चबूतरे की बैठक में कई दिनों से गिरधारी का आना बंद हो गया है। उसका जुकाम ठीक ही नहीं हो रहा है। पहले अंग्रेजी बैदों से इलाज करवाया। न जाने कितनी दवाइयां ली। दिन में तीन बार टेपलैट और दो बार पीने की दवा भी ली। गिरधारी ने जीवन में पहली बार अंग्रेजी दवा ली थी। बीमारी ठीक होने की बजाय बढ़ने लगी। जब रात को वह पीने वाली दवा लेकर सोता था तो अजीब सपने आने लगे। ऐसा लगता था कि जैसे कोई उसे तेली की घानी में डालकर उसका तेल निकाल रहा है। लेकिन तेल निकलता ही नहीं था, शरीर से आग निकलती। फिर उस आग से सारी घानी धू-धूकर जलने लगती और बैल रस्सी तोड़कर भाग जाते। बैल भी अजीब तरह के थे, एकदम हरे रंग के। दस पैर और आठ सर। अचानक वह उठता और नवम्बर के महीने में ठंडे पानी से नहाता। जब सर पर पानी डालता है तो शरीर की आग और तेज हो जाती है। ऐसा लगता है कि आग पानी को जला डालेगी।

अंग्रेजी दवा से तंग आकर वह अब देशी बैदों को खोजने लगा। इस कार्य में भी उसे ज्यादा मशक्कत नहीं करनी पड़ी, पहले गांव वाले को अपनाया। बुखार तो कम हुई लेकिन जुकाम नहीं गई और रात वाले सपने ज्यादा परेशान करने लगे। पास के कस्बे के बैद की दवा शुरु की। बिमारी ही अजीब थी, रात के खराब वाले सपने बंद हुए तो उनके साथ नींद भी जाती रही। उन सपनों को फिर भी जैसे-तैस झेल लेता था लेकिन बिना सोये हालत खराब हो गई। दो-तीन रात तो जागकर निकाल दी लेकिन अब स्थिति यह हो गई कि रात-दिन का पता ही नहीं चलता।

सब दवाएं फैल हो गई। आज सुबह से गिरधारी की तबीयत में ज्यादा गिरावट आ गई थी। किस बैद के पास जाये ? एक ही उपाय था। चमेली की खुशबू कहीं से मिल जाये तो जुकाम ठीक हो सकती है। यह विचार मन में आते ही वह महावीर की दुकान में गया और आधा किलो वाली चमेली के तेल की बोतल ले आया। जब दुकान से घर आ रहा था तो सोच रहा था कि इसमें खुशबू क्यों नहीं आ रही है ? कहीं नकली तो नहीं दे दिया है ? लेकिन महावीर पर उसे पूरा भरोसा था कि चीजों के दाम दो रुपये ज्यादा जरूर लेता है पर माल खरा देता है। शायद बंद बोतल से खुश्बू नहीं आती होगी। घर आकर तेल कि बोतल का ढ़क्कन खोला। वह सोच रहा था कि ढ़क्कन खोलते ही पूरे कमरे में चमेली की खुश्बू फैल जायेगी और वह खुश्बू, एक्सप्रेस रेल की तरह उसकी नाक की पटरियों से अंदर चली जायेगी, फिर जुकाम का जड़ से सफाया। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। न कमरे में किसी प्रकार की खुशबू फैली और न ही नाक की पटरियों पर रेल का छिक-फक हुआ। आज तेल को क्या हो गया ? तेल की एक अंगुली भरकर उसने अपने नाक पर लगाई लेकिन खुशबू नहीं थी। अब क्या करे ? उसका मन किया कि पूरी बोतल को गटक जाये, शायद कुछ खुशबू तो मिलेगी। ज्यों ही तेल की बोतल को पीने के लिये मुंह की तरफ ले गया तो खुश्बू की जगह अजीब किस्म की बू आने लगी।

ब चमेली की खुशबू एक ही जगह मिल सकती थी, चैधराईन के हुक्के में।इसे आखिरी प्रयास समझकर वह अंदरवियर की हवेली की तरफ चल पड़ा। उम्मीद तो यही थी कि बीमारी ठीक हो जायेगी। आज चौधरी के चबूतरे पर कोई नहीं दिख रहा था। उसने सोचा कि लोग तो खाना खाने के लिए गये हुए होंगे और चैधरी कहीं बाहर गया होगा। दरवाजे के अंदर रखे हुए हुक्के को एक बार उसने नजदीक से सूंघा, शायद अब चमेली वाली खुशबू आ जाये। लेकिन हुक्के से सड़ी हुई तम्बाकू की बदबू आ रही थी। आज गिरधारी को सिर्फ वह खुशबू ही बचा सकती थी। खूशबू की चाहत में हवेली के अंदर प्रवेश करते गिरधारी के नथूने बार-बार अजीब तरह से फूल रहे थे। हवेली के सामने वाले कमरे के बगल में चैधराईन धूप में बैठी पैरों पर सरसों के तेल की मालिश कर रही थी। नजर पड़ते ही एक बार तो उसके कदम ठिठके और वह वापस मुड़ने ही वाला था कि चैधराईन ने आवाज दे दी, ‘‘आओ गिरधारी, आज थोड़ी तबियत खिराब थी, बदन दुखो हो। सोच्यो कै धूप में बैठकर तेल लगा लियो जावै। कई दिनों से आये नहीं, तेरी जुकाम ठीक हुई कै ?’’

वह सहज होकर कोई जवाब खोज ही रहा था कि अचानक उसके नाक से चमेली के तेल की खुशबू टकराई। उसके बदन में सरसराहट होने लगी। लेकिन चैधराईन जो तेल लगा रही थी, वह तो सरसों का था। सरसों के तेल से चमेली की खुश्बू, चैधराईन तेरी माया गजब है।
‘‘क्या सोचो हो बाबू ? बैठ जाओ, इतणे दिनों बाद आये हो।’’ चैधराईन ने बैठने का इशारा किया।शाम को गांव में चमेली की खुशबू की तरह खबर फैली कि गिरधारी की जुकाम ठीक हो गई है।सुबह-सुबह गांव में अखबार पढ़ने का एकमात्र अड्डा भी अंदरवियर का चबूतरा था। लगभग दो घंटे तक अखबार का पाठ होता था और लोग सामूहिक रूप से खबरों का विश्लेषण करते थे। हर खबर पर प्रतिक्रिया देने के लिए लोग अपनी-अपनी विशेषज्ञता रखते हैं। बुजुर्ग भी लगातार खबरे पढ़ने के कारण कई राजनेताओं और फिल्म अभिनेताओं के नाम जानने लग गये हैं। खबरों के अतिरिक्त कुछ बुजुर्ग ‘शोक-संदेश’ भी पढ़वाकर सुनते हैं। भींवाराम ने तो एक दिन अपने बेटे के सामने इच्छा जताई कि उसके मरने पर मृत्युभोज चाहे मत करना पर अखबार में ‘शोक-संदेश’ छपवाना। उसने इस बाबत बेटे को दस हजार एडवांस भी दे दिये और पांच लोगों के सामने ‘शोक-संदेश’ छपवाने की कसम खिलवाई। अब हर रोज होने वाले अखबार पाठ में शोक-संदेश पढ़े जाने के समय वह कहता है, ‘‘वैसे तो अपणे गांव का अखबार में नाम कभी आया नहीं है, मेरे मरने पर जरूर आयेगा।’’ उसकी इस बात पर महावीर हमेशा मजाक करता है, ‘‘दादा, तू जल्दी निपट जा, अखबार में गांव का नाम तो आये।’’

इस अखबार पाठ के भी कई चरण हैं। पहले चरण में राजनीतिक खबरों का पाठ होता है। दूसरे में अपने इलाके की खबरों का और फिर बारी आती है प्रेमी युगलों से संबंधित खबरों की। इन खबरों के विश्लेषण में हर कोई बढ़-चढ़कर भाग लेता है। अगर खबर प्रेमी-प्रेमिका की घर से भागने की हो तो सबसे पहले उनकी जाति के बारे में अटकलें लगाई जाती हैं। फिर उन दोनों के परिवारों के प्रति असीमित संवेदनाएं व्यक्त की जातीं हैं। इस बहस में एक तरफा बातें की जाती थीं और ज्यादातर लोग स्टेटमेंट जारी करते थे –
‘‘आजकल भैया जमाना ही खराब आ गया है। किसी का विश्वास किया ही नहीं जा सकता है।’’
‘‘छोरां को दोष नहीं है। छोरियां को रहन-सहन ही खराब हो गया।’’
‘’पढ़ी-लिखी छोरियां जात-धर्म ही नहीं देखती हैं।’’
‘’पहले तो बचपन में शादी हो जाती थी। आजकल तीस साल तक घर वाले शादी तो करते नहीं, छोरियां भागेंगी नही तो क्या करेंगी।’’
‘‘कुछ दिनों बाद शादी-वादी का झंझट ही नहीं रहेगा। सब भागकर कर लेंगे।’’
‘‘शहर में रहने वाली छोरियों का तो पक्का है कि भागेंगी ही………।’’
‘शहर’ का नाम आते ही सबकी तिरछी नजर अंदरवियर पर आ टिकती क्योंकि उसकी मीरा भी तो शहर में पढ़ रही थी। एक बार तो अंदरवियर के घर पर किसी अंग्रेजी बोलने वाले छोरे का फोन भी आ चुका है – ‘‘केन आई टाॅक टू मीरा ?’’
फोन चैधराईन ने ही उठाया था। गांव वाले कहते हैं कि चैधराईन जब फोन उठाकर दहाड़ती है तो सामने वाले का गोबर निकल जाता है। वह अपनी धारदार आवाज में कहती है, ‘‘कोण बोलर्या सै ?’’
इति सुणते ही कई तो फोन काट देते हैं। लेकिन उस दिन ‘‘केन आई टाॅक टू मीरा ?’’ सुनकर चैधराईन की भी बोलती बंद हो गई।
वह चिंतित भाव में अंदरवियर को बोली, ‘‘मीरा के लखण ठीक नै सै चौधरी। किण छोरे का फोन आया सै। ‘टाॅक’ कर रिया सै मीरा सूं।’’
यह सवाल सुनने के बाद से अंदरवियर ने प्रतिदिन दो रोटी कम खाना शुरु कर दी। अब वह पहले की तरह न तो हंसता है और न ही दहाड़ता है। चौधराईन को बहलाने के लिये उसने आश्वासन भाव में कहा, ‘‘मालकण, डरणै की कोई बात नै सै। मीरा चैधरी की जल्मी है।’’

यह आश्वासन सुनकर चैधराईन उसकी तरफ ऐसे देखती जैसे अंदरवियर की झूठ पकड़ी गयी हो। इस गांव में खबरें बहुत तेजी से फैलती हैं। आप दिवार के पास मुंह करके एक शब्द भी बोलें तो सुबह तक पूरे गांव में बात उड़ जायेगी। लोग दूसरे ही दिन कहने लगे कि एक छोरा मीरा के साथ ‘टाॅक’ करता है। कल उसने चैधराईन को भी फोन करके ‘टाॅक’ करवाने को कहा। इस ‘टाॅक’ का मतलब किसी को भी मालूम नहीं था। हर कोई अपना अर्थ लगा रहा था लेकिन मूलतः वह अर्थ मीरा के चरित्र पर ही जाकर टिकता। पीठ पीछे लोग अंदरवियर को मूर्ख बताते, ‘‘एक तो बेटी को अकेली शहर भेज दिया, दूसरा उसकी शादी भी नहीं कर रहा है। ऐसे में लोग ‘टाॅक’ तो करेंगे ही।’’

मीरा काॅलेज में एकदम मस्त थी, शुरु में तो शहर के रिवाजों से वाकिफ नहीं होने के कारण कुछ मायूस थी लेकिन अब सब कुछ समझने लगी थी। अपनी मर्जी का पहनने और बिंदास रहने के कारण वह शहर के लौंडों के आकर्षण का केंद्र भी थी। चेहरे से बेहद सहज लगने वाली मीरा के पीछे कई लड़के वक्त जाया किया करते थे। लेकिन जब मीरा को मालूम होता है कि पट्ठा उसके पीछे बाइक का पेट्रोल जला रहा है तो तड़ाक से ऐसा जवाब देती कि कई ने तो लड़कियों के पीछे घूमने की आदत तक तज दी। और जब वह रात को हाॅस्टल की सड़क पर अकेली टहल रही होती थी तो अचानक पीछे से तेजी से दौड़कर आ रहे घोड़े की पैरों की टप-टप सुनती, पीछे मुड़कर देखती तो सुनसान सड़क। तभी सामने से दूधध की डेयरी वाला आवाज देता, ‘‘तेरा बंजारा पीछे से नहीं, आगे से आयेगा।’’

‘‘तुम अभी तक दुकान बंद नहीं किये, रोहित। जब तू कह रहा है तो आयेगा मेरा बंजारा।’’ खिलखिलाकर हंसती हुई मीरा डेयरी के सामने रखी कुर्सी पर बैठ जाती।यह वही रोहित था, जिसे कभी पांच घूंट पानी जाटों के कुए से पीने के एवज में दो महीनें चैधरी के घर पर बिना वेतन की मजूदरी की सजा मिली थी। मीरा के हाॅस्टल के सामने दूध की डेयरी कर रखी है। डीनर के बाद अक्सर मीरा यही आकर रोहित के साथ गप्पें हांकती हैं। कभी गांव की, तो कभी उस बंजारे की बातें किया करते हैं। हालांकि यह बात मीरा के गांव में मालूम नहीं है वरना ‘टाॅक’ के साथ रोहित का नाम जरूर जुड़ जाता। आज फिर वही पुराना राग छेड़ दिया रोहित ने, ‘‘मैं तो भूल ही गया, तेरा बंजारा दिखने में कैसा है ?’ यह सवाल आते ही मीरा पन्द्रह साल पीछे चली जाती है, जब उसके गांव में एक बंजारी मेवा बेचने आती थी और उसके साथ होता था एक मीरा की ही उम्र का उसका बेटा सुल्तान बंजारा। क्या सज-धज के रहता था सुल्तान। चूड़ीदार पाजामा, पठानी कुर्ता, जड़ावदार जूती और हाथ में होता था घोड़े का चाबुक। बंजारी और उसका बेटा, दोनों सफेद घोड़े पर आते थे लेकिन आगे सुल्तान बैठता था। गांव में घुसने से पहले ही घोड़े की टाप सुन जाती थी और मीरा दौड़कर दरवाजे पर आ जाती। बंजारी तो घर-घर मेवे बेचने चली जाती और सुल्तान गांव के गुवाड़ में घोड़े को दाना चबाता रहता। सारे गांव के बच्चे इक्कठे हो जाते। हर बच्चा सुल्तान और उसके घोड़े को निहारता रहता। तभी दरवाजे पर खड़ी मीरा आवाज देती, ‘‘ऐ सुल्तान, मुझे घोड़े पर बिठायेगा क्या ?’’
‘‘तू गिर जावे तो डूंगरी दादी मारे।’’
‘‘नहीं गिरुंगी रे! और लगाम तो तेरे हाथ मैं है ही।’’
‘‘मैं आगे बैठूंगा, तू पीछे बैठणा।’’
‘‘घोड़े पर तो मैं अकेली ही बैठूंगी, तू लगाम पकड़कर नीचे चलना।’’
‘‘मेरो घोड़ो और मैं ही नीचे चालूं!’’
‘‘दोनों ऊपर बैठ जायेंगे तो घोड़ा भागेगा। मुझे डर लगेगा।’’
‘‘तू कहती थी ना कि तू डरती नहीं है।’’
‘‘घोड़ा है तो दादागीरी दिखा रहा है क्या सुल्तान ? चल मैं नहीं बैठूंगी।’’
‘‘मीरा, मैं दादागीरी नहीं, दोनों के बैठणे की बात बोलूं हूं।’’
‘‘बोल दिया ना कि घोड़े पर अकेली ही बैठूंगी, तू नीचे चलेगा।’’
‘‘मैं थारो नौकर हूं कै ?’’
‘‘नौकर नहीं रे सुल्तान, भायला (दोस्त) है।’’
‘भायला’’ नाम आते ही सुल्तान हल्का-सा हंसता और लगाम पकड़कर घोड़े को कहता, ‘‘चल जिलू, मीरा को घूमाकर लाते हैं।’’
सुल्तान नीचे लगाम पकड़कर चलता और मीरा घोड़े पर। कुछ दूर तो गांव के लड़के पीछे हो-हल्ला करते आते लेकिन तभी मीरा पीछे मुड़कर जोर से डांटती और लड़कों का झूंड वापस भाग जाता। एक रेत के टीले पर चढ़ते हुये सुल्तान थक चुका था, ‘‘मीरा, मेरे से अब नहीं चला जायेगा। कुछ देर यहीं आराम करते हैं।’’
मीरा भी घोड़े से नीचे उतर जाती है। चूंकि आसपास कोई पेड़ न होने की वजह से छाया के कोई आसार ही नहीं थे। अब धूप का मुकाबला कैसे किया जाये ?
‘‘मुझे बहुत धूप लग रही है सुल्तान।’’ मीरा का चेहरा उदास हो जाता।
‘‘यहां पर तो छांव है ही नहीं।’’ सुल्तान भी चिंतत हो गया।
‘‘ऐसी धूप में तो मैं मर जाऊंगी!’’
‘‘मैं कुछ करता हूं। ऐ जिलू, इधर आ।’’
‘जिलू’ नाम सुनते ही घोड़ा सुल्तान के पास आ गया। सुल्तान ने घोड़े का मुंह दक्षिण में किया तो सूरज घोड़े के बदन के पीछे आ गया और टीले पर तीन फिट के आसपास छाया बन गयी।
‘‘अब इस छांव में बैठो आराम से।’’ सुल्तान बड़ा खुश हुआ।
‘‘लेकिन धूप तो तुम्हें भी लग रही है ना! तुम भी आ जाओ।’’ मीरा ने सहजता से कहा।
फिर घोड़ा जुगाली करता रहा और वे दोनों तीन फिट की जगह में बैठे देर तक बातें करते रहे। वापस घर आये तो मीरा के घर पर ही सुल्तान को खाना खिलाया जाता।
मीरा जब इतनी लम्बी कहानी सुना रही थी तो रोहित बड़े इत्मिनान से सुन रहा था। कई बार सुनी हुई इस कहानी को वह उसी उत्सुकता से सुन रहा था जैसे पहली मतर्बा सुन रहा हो।
‘‘लेकिन तेरो सुल्तान तुझे पहचान पायेगा ?’’
‘‘बिल्कुल पहचान लेगा। और मेरा सुल्तान है ना, अब भी इंतजार कर रहा होगा मेरा। रोहित, हमारी प्रीत  सौदा नहीं थी रे कि इस हाथ दो, उस हाथ लो। हमने तो बचपन में एक गाना भी बनाया था अपनी मोहब्बत के वास्ते। अब भी उसके बोल बंजारे के कानों में पड़ गये तो दौड़ा चला आयेगा। तुमने तो देखा है ना सुल्तान को।’’
‘‘मीरा, समाज की हकिकत को समझो। वह बंजारा है और तू चौधरी की बेटी। समाज में कतई स्वीकार नहीं किया जायेगा यह रिश्ता। सोचो कि किसी गांव वाले ने दिख लिया कि तुम रात में मेरी दुकान में अकेले में मुझ से बातें कर रही हो, तो क्या-क्या बेहुदी बातें बनायेंगे गांव वाले ? और बंजारे से तेरी शादी की बात पर तो दोनों को काट दूंगा ।’’

‘‘रोहित, मुझे गांव, समाज और ऐसे लोगों से कोई इत्फाक नहीं है। ये बता तू मेरा साथ देगा कि नहीं ?’’
‘‘मैं तो साथ दूंगा, मेरे साथ से होगा क्या मीरा ?’’
‘‘तेरे साथ से मैं मजबूत हो जाऊंगी। तुमने सुना है ना कि हर कामयाब इंसान के पीछे एक औरत का हाथ होता है ?’’
‘‘हां, सुना है। इसका हम दोनों से क्या नाता ?’’
‘‘देख रोहित, यह कहावत दरअसल यह बताती है कि एक तो औरत कभी कामयाब नहीं होती। दूसरा यह कि औरत की कुर्बानी केवल मर्द की कामयाबी में ही काम में आती है। और तीसरा सबसे महत्वपूर्ण सवाल उठता है कि औरत हमेशा पुरुष के अधीन है। हमें यह कहावत बदलनी है।’’
‘‘मीरा मैं ज्यादा पढ़ा-लिखा तो नहीं हूं लेकिन तुम्हारी बात को समझ जरुर रहा हूं। कैसे बदलेंगे ?’’
‘‘हमने सिर्फ किताबें पढ़ी हैं रोहित, तुमने तो जिन्दगी को पढ़ लिया है। आज से यह कहावत ऐसे कही जायेगी – हर विद्रोहणी औरत का भी कोई प्यारा-सा दोस्त होता है, जो उसके मन को गहराई तक जानता है।’’
‘‘इसमें नया क्या ?’’
‘‘इसमें नया यह है कि शारीरिक संबंधों के इतर भी स्त्री-पुरुष की दोस्ती हो सकती है, बिल्कुल सच्ची। हमारे समाज में दोस्ती का मतलब सिर्फ दो पुरुषों की यारी से लगाया जाता है।’’
‘‘अरे! तुम्हें पढ़ना नहीं है क्या ? ग्यारह बज गये हैं। तुम जाओ पढ़ो और मैं तुम्हारे बंजारे को ढ़ूंढकर लाता हूं।’’
‘‘रोहित, यह आदेश दे रहे हो क्या ?’’
‘‘नहीं बाबा, यह एक दोस्त को सलाह है। मीरा को कोई आदेश थोड़ा ही दे सकता है।’’
रोहित दुकान बंद करने लग जाता है और मीरा हाॅस्टल की तरफ रवाना हो जाती है। कोहरे में नहाई सुनसान सड़क पर जाती मीरा को पीछे से देखता रोहित सोचता है कि यह मीरा भी एक सामंत के घर पैदा हो गई। वह तो आध्यात्म के लिबास में विद्रोह कर ही थी और यह…..। जो भी हो, ऐसी मीरा हर युग और हर घर में पैदा होनी चाहिये।

अंदरवियर के चबूतरे पर रोज नये-नये चौधरी आ रहे हैं। कोई दो सौ बीघा का जागीरदार तो कोई इलाके का बड़ा ठेकेदार। सफेल धोती-कुर्ता और सर पर पगडि़यों वालों का तांता-सा लगा है। दरअसल, उस ‘टाॅक’ वाले फोन आने के बाद से ही अंदरवियर ने मीरा की शादी करने की सोच ली थी। आसपास के रिश्तेदारों में जब इस बाबत जानकारी दी गई तो रिश्ते आने शुरु हो गये। कल भोजासर के एक चौधरी आये थे। बड़े ठाठ वाला आदमी था। सौ बीघा जमीन थी, दो कुए थे और सीकर में भी मकान थे। छोरा भी खूब कमा रहा था। सड़कों का ठेका लेता है जी। एक ठेका मतलब पैसों की पोटली। दिखने में भी बड़ा धाकड़ छोरा था। अंदरवियर के तो सब जीचें पंसद थी लेकिन चौधराईन को नहीं पसंद आया। जब भोजासर के चैधरी से बातचीत हुई तो अंदरवियर ने चौधराईन को हवेली में ले जाकर राय मश्विरा किया –
‘‘मालकण, तेरे जच्यो कै सौदो ?’’
‘‘देख चौधरी, बाकी तो सब ठीक सै। लेकिण छोरा नीं जच्या।’’
‘‘छोरा तो तनै देख्या ही नीं है। ऐसा गबरु जवान है कि आसपास के किण चैधरी के ऐसा जंवाई नीं आया सै।’’
‘‘चैधरी, छोरा पढ़ा-लिखा नहीं है। अपणी मीरा की जोड़ी का पढ़ा तो चाये।’’
‘‘पढ़ण-लिखण से क्या होता है ? इण छोरे के नीचे कई इंजनीयर काम करते हैं। और सब ‘साब’ कहते हैं।’’
‘‘मेरे तो छोरो नीं जंच्यो। अब तू जांणै चैधरी और तेरा काम जांणै।’’

हालांकि अंदरवियर को यह रिश्ता बहुत पसंद आया था लेकिन चौधराईन की जिद की वजह से मना करना पड़ा। आज वाले  चौधरी हरींद्र सिंह के साथ सब चीजों को देखते हुये बात पक्की कर दी थी। यह चौधरी भी किसी भी मामले में कमजोर नहीं है और छोरा प्राईवेट बीए पास है। अंदरवियर चौधराईन को बता रहा था कि बड़ा चंगा छोरा है। हिंग्लीश भी बोल लेता है और आस्ट्रेलिया में अपनी होटल बणा रखी है। ‘बीए’ पास का नाम सुनते ही चौधराईन भी गदगद  हो गई। वैसे दहेज का मामला भी केवल दस लाख में सेट हो गया था। अब इकलौती बेटी के बाप अंदरवियर को दस लाख बहुत ज्यादा नहीं थे।

शाम को अंदरवियर के चबूतरे पर वैसे ही मजमा लगा हुआ था। लोगों को जानकारी भी हो गई थी कि मीरा का रिश्ता तय हो गया है। चौधराईन हुक्का गुड़गुड़ा रही थी और पास में बैठा गिरधारी चमेली की खुशबू ले रहा था। और अंदरवियर अपने नये समधी हरीन्द्र सिंह की जमीन जायदाद के बारे में हांक रहा था। और छोरे के बारे में तो ऐसा बता रहा था कि वह हिन्दुस्तान का सबसे कामयाब लौंडा हो। जब ‘आस्ट्रेलिया’ की बात आयी तो सबने आश्चर्य से पूछा, ‘‘चौधरी साहब, यह पड़ता कहां है ?’’
चैधरी ने अपनी पतली मूंछों पर ताव दिया और फिर बताना शुरु किया, ‘‘बहुत दूर पड़ता है। कांच की सड़कें हैं वहां पर। अपणा जंवाई जो होटल बणा रखा है, वहां बड़े-बड़े लोग आते हैं जी। और एक लाख का रोज गल्ला उठता है। सब हिंग्लीश बालते हैं। दाल-रोटी भी हिंग्लीश में मंगाते हैं।’’
‘‘चैधरी साब, दाल-रोटी को हिंग्लीश में कैसे मंगाया जाता है ?’’ गिरधारी को भी उत्सुकता हुयी।
‘‘अरे तू क्या जाणे बड़ी बातें। जंवाई आये तो उससे पूछणा। और जंवाई हिंग्लीश में ही पैसा मांगते हैं तो सारे गोरे लोगों की फट जाती है। ऐसी धड़ाके की भाषा बोलते हैं।’’ आज चैधरी की आवाज में नयी ताकत आ गई थी।
‘‘आपकी मीरा तो राजी है क्या इस रिश्ते से ?’’ गिरधारी ने दुखती रग पर हाथ रखा हो जैसे।
‘‘तनै भोत बात आवें रे गिरधारी। मेरी मीरा की मर्जी अपणे बाप सूं अलग नहीं हो सकै। जियादा लपर-लपर मत किया कर।’’ चौधरी को तैश आ गया।
‘‘चौधरी, गरम मत हुवो। गिरधारी तो भोला-भंडारी है। इसके मन में खोट नहीं है।’’ चौधराइन ने बीच बचाव करने की कोशिश की।

चौधरी के चबूतरे की शाम की बैठकी खत्म हुई तो लोग अपने घरों पर इस सवाल को साथ ले गये, ‘‘मीरा तो राजी है क्या इस रिश्ते से ?’’ फिर क्या था, लोगों ने अपने-अपने स्तर पर कहानियां बनानी शुरु कर दी। गांव वालों का मीरा से कोई संवाद तो था नहीं, वे नहीं जानते थे उसकी मर्जी और चाहतों के बारे में तनिक भी, फिर भी कहानियों में अपनी मर्जी को मीरा की मर्जी मानकर कथानक को आगे बढ़ाते रहे। प्रारम्भिक दौर में कई कहानियां बनी थी। फिर कुछ छोटी-छोटी कहानियों को लोग जोड़ने लगे और एक लम्बी कहानी गढ़नी की प्रक्रिया चली।

फागुन का महीना था और ठाकुर बन्नेसिंह की ड्योढ़ी के सामने मजमा लगा था। लोग चंग बजा रहे थे, कुछ शराब पी रहे थे और ठाकुर अपने दो चमचों के साथ चंग के रसियों को ‘वाह-वाही’ दे रहा था। हर फागुन में ठाकुर के यहां गुलाल उड़ता है। यूं तो ठाकुर की माली हालात बहुत बुरे हैं लेकिन ठिकाणा जाते वक्त जमीन दो सौ बीघा बच गई थी। जरुरत के मुताबिक बेच लेता है। इस ठाकुर के पास दो ही चीजें बची थी, एक जमीन और दूसरी ठकुरायत। सालभर ठाकुर टका नहीं खर्चता है, बीड़ी भी मांगकर पीता है लेकिन फागुन में हजारों उड़ाना उसकी लत है। शायद इसी के लिये जमीन बेचता होगा। फाग गाने वाले जब भी गाना खत्म करके बीड़ी पीने के लिये आराम करते तभी कई किस्से ठाकुर अपनी बहादूरी के सुनाता। गिरधारी जब भी वहां मौजूद होता तो उसे ठाकुर के इन किस्सों में बिल्कुल भी इंटरेस्ट नहीं होता क्योंकि वह जानता था कि ठाकुर के किस्सों की कोई जमीन नहीं है। लेकिन आज घर से चलते वक्त ही उसका मन हुआ था कि खुलकर बोलेगा और सारे रसिये सुनेंगे मजे से। पहला ही फागुनी गीत गाकर जब रसिये रुके तो गिरधारी शुरु हो गया, ‘‘ठाकुर सा, इब तो गांव में किण कायदो ही नीं बच्यो है। बड़ा खराब दिन आयेगा गांव रा।’’

‘‘किसकी बात कर रिया हो गिरधारी, ठाकुर की नियत खराब हो सकती है लेकिन दिन खराब नहीं हीं। राज-पाट सब चले गये, अब क्या दिन खराब आयेंगे पगले।’’ बन्नेसिंह ने गहरी सांस ली।सारे रसिये बीड़ी का धुआं निकालकर गिरधारी की ओर एक टक देखने लगे। वे सब जानते थे कि वह चौधरी के बारे में बात करेगा और चौधरी के बारे में तो सिर्फ मीरा की ही बात हो सकती है। हालांकि, इस चर्चा को कई बार सुनने के बाद भी लोगों में उत्सुकता बनी हुई थी। आज वे ठाकुर के मुंह से मीरा की कहानी सुनना चाह रहे थे। गणेश ने ठाकुर को उकसाते हुये पूछा, ‘‘ठाकर सा, मीरा के ब्याह के बारे में आप क्या सोचते हैं ?’’

बन्नेसिंह ने पास रखी बोलत से दो पग देशी के मारे और एक बीड़ी सुलगाई। थोड़ी देर की चुप्पी के बाद शुरु, ‘‘एक मीरा राजपूत के घर भी जल्मी थी पहले। पूरी जात पर कोई कलंक है तो वह औरत। क्या कमी थी उसके ?’’
‘‘लेकिन उसने तो भक्ति की थी।’’ मजमें में से किसी ने कहा।
‘‘भक्ति करणे के लिये यादव ही मिला था क्या ? राजपूतों में देवताओं की कमी थोड़ी ही है। हमारे पुर्खों में तो सब ‘शहादत’ को ही गये थे, सबके मंदिर बणें हैं, उन्हें में से किसी की भक्ति कर लेती। अब राजपूत जाति में कोई छोरी को नाम मीरा नहीं रखै। चैधरी की ही गलती थी कि यह नाम रखा, अब भुगतो अपणी। सबसे बड़ा खतरा जाति को है।’’
’’किस जाति को खतरा है ठाुकर सा ?’’ ‘जाति’ का नाम सुनते ही सारे रसियों के कान खड़े हो गये।
‘‘ठाकुरों पर तो जितने खतरे थे, सब आ गये। अब ‘जाटों’ की बारी है। उन्होंने ही मीरा नाम धर्या है। एक मनुष्य पूरी जात ने आसमान भी ले जा सकता है और पाताल भी।’’ ठाुकर आगे के दो नकली दांतों से असली हंसी हंसते हुये बोला।
‘‘भला एक चैधरी के कारण पूरो जाट समाज खतरो क्यों उठावै ?’’ नरेश को गुस्सा आ गया।
ठाकुर ने दायें हाथ से नकली दांतों को यथास्थान सैट किया और फिर ठाकुरियत की मुद्रा में कहा, ‘‘बेटा, चौधरी नै छोरी ही जाति के कलंक लगाण वाली जल्म दी। अब तो एक ही उपाय है, या तो चौधरी जाति में रहे या फिर जाति रहे। देख लो तुम लोगों को कौन जियादा प्यारो है।’’
‘‘मीरा ने ऐसो कै काम कर दियो कि जाति पर संकट आयगो ?’’ आज पहली बार रफीक रजक ने ठाकुर के सामने बोलने की हिम्मत की।
‘‘पूरे समाज की नाक कटवा दी। शहर में जाकर छोरों के साथ ‘टाॅक’ करती है। न जाति देखती, न धर्म।’’ ठाकुर की बजाय जवाब नरेश ने दिया।
क्रमशः