Home Blog Page 135

हाँ, मैं स्त्रीवादी हूँ लेकिन दुर्गा और स्मृति ईरानी विरोधी भी

भोपाल से मेरे एक मित्र का फोन आया, ‘यार तुम तो स्त्रीवादी हो, लेकिन दुर्गा के अपमान के अभियान में कैसे शामिल हो !!! तुम्हें नहीं लगता कि स्मृति इरानी जिस कोट को पढ़ रही थीं, वह दुर्गा और स्त्रियों, दोनों का अपमान है.’

सच है यह सवाल तो बनता है कि स्त्रीवादी नजरिये से दुर्गा के विरोध को कैसे देखा जाये. सवाल यह भी है कि स्त्रीवादी पुरुष के पोजीशन से मैं दुर्गा –महिषासुर प्रसंग को तो नहीं देख रहा हूँ, और अपने भीतर गहरे किसी कोने में छिपे पुरुष से संचालित होकर दुर्गा के अपमान में तो नहीं लगा हूँ . यह सवाल तब भी उठा था, जब 2014 में फॉरवर्ड प्रेस के अक्टूबर (बहुजन परम्परा)  अंक ‘ में मेरा लेख छपा था. और उस अंक के खिलाफ हिंदुत्ववादी ताकतों की शिकायत के बाद पुलिस ने न सिर्फ फॉरवर्ड प्रेस पत्रिका के दफ्तर पर रेड किया था, बल्कि इनके संपादकों को गिरफ्तार करने के लिए जोर लगा दी थी, इस बीच संपादकों को कोर्ट से अग्रिम जमानत मिल गई.

मैं जिस स्त्रीवाद को समझता हूँ, और जिससे प्रेरणा ग्रहण करता हूँ , वह ‘दुर्गा –सरस्वती –काली’ आदि देवियों से कोई  स्त्रीवादी  ऊर्जा नहीं लेता, बल्कि वह समझता है कि इन मिथकों के माध्यम से भारतीय समाज में कभी मातृवंशात्मकता या मातृसत्तात्मकता के अस्तित्व और उसके स्वरुप को समझा जा सकता है, या यह समझा जा सकता है कि कैसे स्त्रियों की सामाजिक स्थिति दोयम, यानी पुरुष के बाद, निश्चित कर दिया गया और स्त्रियाँ भी अपनी इस सामाजिक स्थिति के प्रति अनुकूलित होती गईं.  मेरे स्त्रीवाद की प्रेरणा ‘सावित्रीबाई फुले’ हैं और एक पुरुष स्त्रीवादी के रूप में मैं अपनी परम्परा महात्मा बुद्ध, महात्मा फुले और डा. आम्बेडकर में देखता हूँ. बल्कि मैं यह समझता हूँ कि पुरुष स्त्रीवादी को ही नहीं स्त्रीवाद को भी इन महापुरुषों की परम्परा से खुद को जोड़ना चाहिए. हालांकि दुखद है कि अभी तक ‘तथाकथित मुख्यधारा के स्त्रीवाद’ ने इनसे अपने को नहीं जोड़ा है, और शायद इसीलिए इनसे अलग होकर स्त्रीवाद की एक धारा बनती है, जिसे ‘दलित स्त्रीवाद’ कहा जाता है. मैं खुद को स्त्रीवाद की इसी धारा के साथ देखता हूँ, जो सबसे मुक्कमल दृष्टि रखती है, सामाजिक समता के लिए.

एक स्त्रीवादी के रूप में मैं खुद को उन मुहीमों से स्वाभाविक रूप से जुड़ा पाता हूँ, जो इस देश में ब्राह्मणवादी पुरुषसत्तात्मक वर्चस्व को समाप्त कर भारतीय समाज की लाइलाज बीमारियों को ठीक करने की मुहीमें हैं. ‘महिषासुर शाहदत दिवस’ उनमें से एक है. इसके आयोजक भारतीय त्योहारों में अनिवार्य रूप से नत्थी कर दिये गये ‘हत्याओं के जश्न’ के खिलाफ अपनी बात कहते हैं. इन जश्नों को बहुत भावुक आवरण भी दे दिया गया है -तथाकथित पाप पर पूण्य के विजय का आवरण. पाप और पूण्य की इस बायनरी(द्वैध) की एक ओर रक्तशुद्धता के आग्रह से संचालित ब्राह्मण –द्विज समुदाय हैं और दूसरी ओर वे वंचित समुदाय, जिनपर इन ब्राह्मण –द्विजों ने वर्चस्व स्थापित कर लिया है. पूण्य का पक्ष ब्राह्मण–द्विजों की ओर और पाप का पक्ष इन वंचित समुदायों की ओर. इस बौद्धिक बेईमानी के खिलाफ जब वंचित समुदायों ने विद्रोह कर दिया है तो ‘महिषासुर शाहदत’, ‘नरकासुर की जयंती’ जैसे आयोजन आकार ले रहे हैं. महात्मा फुले ने जब ‘बलिराजा’ की पुनर्व्याख्या की तो, ब्राह्मणवादी दर्शन का वर्चस्वशाली विचार ‘दशावतार’ का महिमंडन स्वतः ध्वस्त हो गया –ये समतामूलक चेतना है, समतामूलक अभियान. जे एन यू में ‘महिषासुर शाहदत दिवस’ के आयोजकों ने जब मुझे भी बोलने को बुलाया तो उन्होंने इस आयोजन की पद्धति भी बताई थी. इस दिन एक आचारसंहिता बनाई गई है कि यह पूजारहित आयोजन होगा. एक विचार गोष्ठी आयोजित की जायेगी, जिसकी अध्यक्षता कोई स्त्री करेगी.

‘महिषासुर शहादत दिवस’ की आचारसंहिता स्त्री को ब्राह्मणवादी वर्चस्व के लिए अनुकूलित करने की विचारधारा के बरक्स स्त्री की बौद्धिकता और एजेंसी को केंद्र में लाने की आचारसंहिता है. दुर्गा –काली से जोड़कर शक्ति का स्रोत ढूँढने वाले स्त्रीवाद और हिंदुत्ववादी स्त्री संगठन ‘दुर्गावाहिनी’ के विचारों में बहुत ही कम फर्क है- दोनों की जड़ें ब्राह्मणवादी पितृसत्ता से जुडी हैं. हालांकि दुर्गा अनिवार्य रूप से उत्पीडक छवि नहीं है. मराठी विद्वान् इसे गणनायिका बताते हैं, आदि गणनायिका ‘नैऋति’ की नातिन. इस तरह इस सिद्धांत में मातृवंशात्मकता के इतिहास को समझने और उसके आदर्शों को व्याख्यायित करने का प्रयास है. देखना यह होगा कि विविधताओं से भरे इस देश में देशव्यापी स्वीकार्यता और उपस्थिति वाले महिषासुर और दुर्गा के बीच में संघर्ष की कथाएं, मिथ कैसे बनते गये. यह किन बौद्धिक बेईमानियों या षड्यंत्रों से संभव हुआ कि इन सारी परम्पराओं पर हावी ब्राह्मणवादी – वैष्णव परम्परा तो ‘न्याय और वर्चस्व’ की कुर्सी हथियाती गई, और दूसरी परम्पराओं के आपसी टकराव और एक दूसरे को समाप्त करने के संकेत पाप-पूण्य की बायनरी में बंट गये.

एक स्त्रीवादी पुरुष के रूप में मैं ब्राह्मणवादी षड्यंत्र के खिलाफ खुद को पाता हूँ, जिसने कुछ स्त्रियों को ‘अच्छी’ के टैग से अपने वर्चस्व को पुष्ट करने की मुहीम से जोड़ लिया और कुछ को ‘ बुरे’ के टैग के साथ तथाकथित ‘असुरों’ राक्षसों के साथ जोड़कर एक बायनरी बना दिया, अन्यथा तत्कालीन समाज के अनुरूप एक प्रेमी को प्रेम का प्रस्ताव देने वाली शूर्पनखा का क्या अपराध कि वह एक बुरी स्त्री हो गई . उसे कैसे पता चला कि आर्य-वैष्णवों की एक पीढी पहले तीन रानियों के परिवार (दशरथ) के बाद एक पत्नी ( राम) का चलन स्थापित हो गया है. संघ के द्वारा ‘आधुनिक हिन्दू छवि’ के निर्माण में कुछ और ही आक्रामक ब्राह्मणवादी विचार केंद्र में आता गया है . अन्यथा कोई कारण नहीं है कि दुर्गा सप्तशती में जिस भाषा का नियमित पाठ किया जाता है  वह किसी स्मृति इरानी की समझ से अश्लील हो जाती है. एक संथाली लोककथा की दृष्टि से महिषासुर –दुर्गा की कथा को दक्षिणपंथी छात्र संगठन एबीवीपी और उसके वैचारिक पार्टी तथा संगठन के लोग एक तरह से, एक भाषा में और एक विचार में सोचते हैं. यह ब्राहमण –वैष्णव विचार के आधिपत्य का प्रयास है.

मेरी जानकारी में स्मृति इरानी जिस पैम्फलेट को संसद में पढ़ रही थीं, वह ‘महिषासुर शाहदत’ के आयोजकों के विचारों का दक्षिणपंथी- ब्राह्मण सोच से अश्लील पुनर्पाठ भर है –उसे एबीवीपी ने ही लिखा था. वह पर्चा संथाल कथा और चर्चित विचारक एवं लेखक ‘प्रेमकुमार मणि’ के लेख ‘ किसकी पूजा कर रहे हैं बहुजन(!)’ की उनकी समझ से डिकोडिंग भर है. वे पिछले दो सौ साठ सालों में बनी आक्रामक दुर्गा की छवि से ये जमातें इतनी बद्ध हैं कि इन्हें यह भी समझ में नहीं आयेगा कि कैसे देवियों और देव परम्परा कहीं –कहीं पत्नी –पति के रूप में संयुक्त होती गई, खुद ब्राह्मण ग्रंथों के आधार पर प्रसिद्ध विद्वान् डी डी कोसांबी कुछ कथाओं में दुर्गा को महिषासुर की पत्नी भी बताते हैं.

इसीलिए मैं दुर्गा और स्मृति ईरानी दोनो का स्त्री होने के नाते उतना ही आदर करता हूँ , जितना कि ब्राह्मणवादी -हिंदुत्व के एजेंट होने के कारण उनका विरोध.  


स्त्रीकाल के सम्पादक , सम्पर्क : themarginalised@gmail.com

स्मृति इरानी जी, हमारी दुर्गा आप ही हो !

संजीव चंदन


स्मृति इरानी जी, 


आपको एक दिन लोकसभा में और दूसरे दिन राज्यसभा में बोलते हुए देखकर  मैं बेहिचक इस निष्कर्ष पर हूँ कि आप साधारण नहीं हो, कोई दैवीय अंश है आपमें. हालांकि मैं किसी देव या देवी को नहीं मानता हूँ, फिर भी ब्राहमण ग्रंथों से जितना उन्हें जाना है उसके अनुसार मैं इस यकीन पर हूँ कि आप में दैवीय अंश है. यद्यपि आपके आदरणीय अटल बिहारी वाजयी जी ने इंदिरा गांधी को दुर्गा कहा था, जिसे इंदिरा जी ने विनम्रता से ठुकरा दिया था. पता चला है ऐसा उन्होंने वामपंथी नेता श्रीपाद अमृत डांगे जी के कहने पर किया था,  क्योंकि डांगे ने उन्हें याद दिलाया था कि दुर्गा देश के दलित –बहुजनों की स्मृतियों में कोई अच्छा स्थान नहीं रखतीं .
खैर, छोडिये इंदिरा जी को, आपके ओजस्वी (!) भाषण की चर्चा करते हुए कहाँ मैं इंदिरा जी को ले बैठा ! आपके ओजस्वी भाषण में लोग मीन -मेख  निकालते रहें या प्रधानमंत्री की तरह आपको शाबाशी देते रहें, मेरी रुचि इसमें नहीं है. प्रधानमंत्री ने लोकसभा के आपके भाषण को ‘सत्यमेव जयते’ कहकर ट्वीट किया तो डेढ़ लाख लोग से अधिक उसे देख चुके हैं दो दिन में और उधर कुछ अखबार आपके भाषण से झूठ पकड़ने में लगे हैं , मसलन यह कि दलित विद्यार्थी रोहित वेमुला की सांस्थानिक ह्त्या के बाद डाक्टरों के न जाने देने की आपकी बात झूठी निकली अथवा रोहित वेमुला और उसके साथियों पर कार्रवाई करने वाली समिति में दलित प्रोफ़ेसर के होने वाली बात भी झूठी निकली.

अपनी रुचि यह बताने में है कि स्मृति जी  कि आपमें और दुर्गा में मैं बहुत सारी समानतायें देखता हूँ. आप सच में आधुनिक दुर्गा हैं.  दुर्गा को देवों ने अपने तेज से उत्पन्न किया था ऐसी कथा है , प्रसंग था महिषासुर, शुंभ-निशुम्भ आदि ‘ असुरों’ से देवों की रक्षा. दुर्गा की कई कथायें प्रचलित हैं  लोक और शास्त्र में, आप एक –दो से घबडाकर इतना गुस्से में हैं. आपको पता नहीं ही होना चाहिए कि हिन्दू मिथकीय चरित्रों के लेकर पूरे देश में कई –कई कथाएं प्रचलित हैं , आपसब के आराध्य राम को लेकर भी  कई कथाएं हैं , वैसे ही दुर्गा की कथायें बिखरी पडी हैं. उन कथाओं में कुछ बहुजन पाठ हैं और कुछ हो रहे हैं.

आपको क्या दुर्गा की कथा से ही नहीं स्पष्ट होता है कि दुर्गा आदि की कहानियां दलित –बहुजनों के ऊपर एक समूह की जीत और वर्चस्व की कहानियां हैं. यह स्पष्ट है कि इन जीतों की पटकथाओं में स्त्रियों को ब्राह्मणवादी वर्चस्व ने या तो पराभूत किया है या उन्हें अपने साथ लेकर अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए उनका इस्तेमाल किया है और बाद में उन्हें उनके हाल पर छोड़ दिया है.  नहीं तो कोई कारण नहीं था कि दुर्गा , काली , सरस्वती आदि के रूप में स्त्रियों की पूजा अर्चना करते हुए , उनकी स्तुति करते हुए वास्तविक अर्थों में स्त्रियों को सभी संसाधनों से वंचित करने के तर्क पैदा किये जाने के. दूसरी ओर इन देवियों पर पुरुष वर्चस्व के लिए भी अनुकूलन को मजबूत करती कहानियां कही गईं. सरस्वती विद्या की देवी है, तो उसपर पिता के द्वारा बलात्कार की कहानी, यानी पढ़ोगी –बुद्धिमान बनोगी तो बलात्कार की सजा, काली को उसकी अपनी ही शक्ति से लज्जित करने के लिए शिव का मिथ आदि –आदि.

हाँ तो मैं आपको बता रहा था कि आप आधुनिक दुर्गा हैं. जैसे दुर्गा का एक पशुपालक राजा महिष- असुर के पराजय के लिए देवों ने इस्तेमाल किया वैसे ही लोकतंत्र और संविधान की ताकत के कारण बढ़ते दलित -बहुजन सांस्कृतिक –शैक्षणिक –आर्थिक पराक्रम को ख़त्म करने के लिए आपका इस्तेमाल किया जा रहा है. इसको और स्पष्टता से समझने के लिए आपको ज्यादा मशक्कत करने की जरूरत नहीं है , मात्र दुर्गा सप्तशती ही देखें , स्तुति का क्या अद्भुत आयोजन है वहां देवों की कार्य –सिद्धि के लिए !!  जब प्रधानमंत्री जी ने आपकी प्रशंसा में ‘सत्यमेव जयते’ का ट्वीट लिखा तो मुझे इस प्रशंसा में के साथ ही  दुर्गा सप्तशती की स्तुतियाँ याद आ गईं. दुर्गा की तरह आपको भी तो दलित-बहुजन संधान पर लगाया गया है. रोहित वेमुला की सांस्थानिक ह्त्या पर बने आक्रोश के आगे भी आपके ‘ तेज’ का ही सहारा है ब्राह्मणवादी राष्ट्रवादियों को और शैक्षणिक संस्थानों में दावेदारी बना रहे दलितों –पिछड़ों को ठीक करने की भी जिम्मेवारी आपको ही दी गई है.स्त्री की शक्ति , क्षमता, तेज का इस्तेमाल दलित –पिछड़ों के पराक्रम के खिलाफ ताकि ब्राह्मणवादी सत्ता खतरे में न आ जाये- स्पष्ट है कि उत्पीडित अस्मिता का उत्पीडित अस्मिता के खिलाफ इस्तेमाल , सत्तावान द्विज-राष्ट्रवाद के हित में.

आप सचमुच वीरांगना हैं, जिस ‘बहन जी’ ( मायावती) के लिए आपकी पार्टी के बड़े –बड़े नेता सम्मान भाव दिखाने के लिए मजबूर हैं , उन्हें क्या खूब ललकारा आपने !  आपकी ललकार, ‘ सिर काटकर चरणों में रख देने’ का हुंकार, सबका भाव मुझे दुर्गा सप्तशती की कथा में ही ले गया , जब बीच रणभूमि में लाल –लाल क्रोधाग्नि से धधकती आँखों के साथ दुर्गा कहती है, ‘रे दुष्ट मुझे मदिरापान कर लेने दे , फिर ….’    आपकी ललकार , आपका हुंकार दलित – बहुजनों के लिए दुर्गा से कम नहीं है ! मायावती से लेकर रोहित वेमुला तक को ठीक करने के लिए आपको अभियान पर लगा दिया गया है . बार –बार अमेठी-अमेठी की चिंता क्यों करती हैं ?  आप तो बस मानव संसाधन विकास मंत्रालय में रहकर दलित –पिछड़ों के खिलाफ युद्ध छेड़े रहो , आप सत्ता के आभास के साथ सत्तावान बनी रहेंगी!

पुनश्च : आप संसद में कह रही थीं न जज जाति देख कर निर्णय नहीं करते , आपके नाम से आपकी जाति नहीं बताई जा सकती, कितनी भोली हैं आप , इसीलिए दुर्गा हैं . आपको पता नहीं लगेगा कि जजों के निर्णय से लेकर संघ के प्रचारकों की नियुक्ति भी जाति और लिंग देख कर होती है और जाति इतना काम करती है कि अपने प्रधानमंत्री जी देखते -देखते चायवाला से ओबीसी और दलित हो जाते हैं !!!

कंडोम- राष्ट्रवाद, जे एन यू और गार्गी का मस्तक

संजीव चंदन


राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ महिलाओं की सदस्यता नहीं लेता है, स्पष्ट है कि उनके राष्ट्रवाद में महिलाओं की जगह नहीं है- हालांकि उनकी अनुसंगी शाखा ‘दुर्गा वाहिनी’ जरूर है, जिसकी सदस्याएं महिलायें होती हैं. ‘नमस्ते सदा वत्सले मातृभूमे’ की वंदना के साथ राष्ट्र की परिकल्पना खडा करने वाले संघ का राष्ट्र यद्यपि मां है, लेकिन स्त्रियाँ उस मां की दोयम दर्जे की संतान हैं-पिता-पुत्र –पति –भाई से संरक्षित.

गूगल से साभार

आखिर संघ की शाखाओं से स्त्रियाँ गायब क्यों हैं ? संघ का सरसंचालक स्त्री –रहित ‘ब्रह्मचारी’ पुरुष ही क्यों बनाया जाता है?  संघ का प्रचारक विवाह नहीं करता और ब्रह्मचारी रहता है . हमारे प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी संघ के प्रचारक बने तो शादीशुदा होकर भी पत्नी यशोदाबेन से अलग हो गये. तो क्या संघ स्त्रियों की यौनिकता से डरता है या संघ ‘नमस्ते सदा वत्सले भारतभूमे’ गाते हुए भी ‘अपौरुषेयता’ में विश्वास करता है?

सवाल है कि संघ और संघ के हिन्दू राष्ट्रवाद के पुरोधाओं की चिंता में आखिर स्त्री की यौनिकता इस कदर खौफ बन कर क्यों शामिल है कि वे गाहे –बगाहे अपना ‘कंडोम- चिन्तन’ प्रकट करते रहते हैं. राजस्थान के विधायक ज्ञानदेव आहूजा के द्वारा जे एन यू में प्रतिदिन 3000 कंडोमों की खपत वाला बयान कोई आकस्मिक बयान नहीं है , इसके पीछे संघ की ट्रेंनिंग और समझ काम करती है – जिसमें स्त्रियों , दलितों , अल्पसंख्यकों के लिए जगह नहीं होती , होती है तो दोयम दर्जे की . संघ का राष्ट्रवाद ऊंची जातियों के पुरुष ( हाई कास्ट हिन्दू मेल ) के हितों के लिए साकार होता है .  संघ, हिंदुत्व के विचार और हिन्दू राष्ट्रवाद के विचार में न सिर्फ स्त्री की यौनिकता से डर निहित है बल्कि स्त्री की यौनिकता पर कठोर नियंत्रण का भाव भी अन्तर्निहित है.

संघ के स्वयंसेवक

ज्ञानदेव आहूजा कोई अकेले व्यक्ति नहीं हैं , जो कंडोमों की गणना कर रहे हैं. हाई कास्ट हिन्दू मेल के लिए समर्पित संघी राष्ट्रवाद के हर वीर बाँकुरे इसी गिनती में लगे हैं. उनकी टीम सोशल मीडिया पर, व्हाट्स अप पर जे एन यू के बजट , वहां खपत होने वाली हड्डियों और कंडोमों की गिनती जन –जन तक पहुंचाने में लगी है . इससे एक ओर तो उनकी फंतासियाँ संस्तुष्ट होती हैं , दूसरा जे एन यू जैसे उच्च शिक्षण संस्थानों के प्रति जन –आक्रोश पनपता है . इसका दूरगामी असर स्त्रियों की शिक्षा पर भी पड़ता है . और यह असर डालना ही इनका एजेंडा है , पढी –लिखी स्त्रियाँ इन्हें और इनके राष्ट्रवाद को खटकती हैं .

जिस पुनरुत्थान के मुहीम में वे लगे हैं , उससे प्रेरणा लेकर वे दो कदम आगे जाकर पढी –लिखी लड़कियों के प्रति आक्रामक हैं . इनकी याज्ञवल्कीय परम्परा गार्गियों के ‘मस्तक फटने’ या काट दिये जाने की धमकी से आगे जाकर उन्हें बलात्कार से ठीक करने की धमकी तक विस्तार पा गई है. कविता कृष्णन , अपराजिता राजा आदि के लिए उनके राष्ट्रवादी बोल ( स्त्री एक्टिविस्ट के लिए गाली –गलौच ) तो स्त्रियों के खिलाफ इनकी मर्दवादी कुंठा से प्रेरित हैं ही , ये पूरे जे एन यू सहित उच्च शिक्षा संस्थानों में पढ़ रही स्त्रियों को बर्दाश्त नहीं कर सकते, इसलिए इनका संघ प्रेरित हिंदुत्ववादी –राष्ट्रवादी-ब्रह्चारी मस्तिष्क जे एन यू जैसी संस्थाओं में कंडोम गिनने में व्यस्त है .

विधायक ज्ञानदेव एक नर्तकी पर रुपये लुटाते हुए

ज्ञानदेव जैसे कुंठित मर्दवादी राष्ट्रवादियों के बयान सिर्फ उपहास से उड़ा दिए जाने लायक नहीं हैं , ये चिंताजनक इसलिए हैं कि इनका षड्यंत्रकारी दिमाग एक तो ऊंची शिक्षा हासिल कर रही स्त्रियों के खिलाफ जनमानस बनाता है, उन्हें सेक्स के लिए उपलब्ध रहने वाली स्त्रियों के बिम्ब में ढालकर , दूसरा स्त्रियों को सिर्फ पुरुषों की वासना के लिए पैसिव वस्तु में ढाल देता है. ब्रह्मचारी ‘संघ’ के सेक्स चिन्तन और अनैतिक रिश्तों को लेकर खुद इनके स्वयंसेवक हेमेन्द्रनाथ पांडे की किताब ‘ द एंड ऑफ़ अ ड्रीम : ऐन इनसाइड व्यू ऑफ़ द आर एस एस’ में विषद विवरण है कि कैसे न सिर्फ स्त्रियों से बल्कि किशोर स्वयंसेवकों से इनके प्रचारकों ,स्वयंसेवकों के अनैतिक रिश्ते होते रहे हैं.

अभी बड़ी मुश्किल से स्त्रियों का साक्षरता दर बढ़ा है, जबकि उच्च शिक्षा तक उनका ड्रापआउट रेट काफी ऊंचा है, उच्च शिक्षा तक काफी कम लडकियां पहुँच पाती हैं. इस तरह के बयान और माहौल उनके लिए और भी कठिन स्थितियां पैदा करेंगी, क्योंकि स्त्रियों की शिक्षा के लिए पहले से ही असहमत समाज के भीतर एक भयबोध पैदा हो रहा है और स्त्रियों के लिए घर के दरवाजे और मजबूत हो जायेंगे , माता –पिता उन्हें उच्च शिक्षा में भेजने से डरेंगे. ‘ भारत माता’ के लिए दूसरों की जान लेने के लिए उतारू इन राष्ट्रवादियों का एजेंडा भी यही है.

जे एन यू में लडकियां

आज आजादी के बाद जब संविधान के प्रभावी होने से स्त्रियों सहित वंचित तबकों के लोग शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं, तो लोकतांत्रिक स्पेस में बढ़त हुई है,  स्त्रियाँ और वंचित तबके के लोग अपनी उपस्थिति से वर्चस्वशाली ब्राह्मणवादी हिंदुत्व के भीतर बेचैनी पैदा कर रहे हैं . इसका एक प्रमाण है संघ के मुखपत्र ‘ ऑर्गनाइजर’ में इस बात पर प्रकट की गई चिंता कि जे एन यू में ‘ महिला अधिकार’ जैसे विषय पढ़ाएं जा रहे हैं. आखिर यह जमात महिला अधिकारों से डरती क्यों है , उनके हक़ मांगने से डरती क्यों है ?

वर्चस्वशाली ब्राह्मणवादी हिंदुत्व और उसके राष्ट्रवाद की दिक्कत यही है कि वे इस या उस भाषा में स्त्रियों सहित वैसे वंचित समूहों को धमकाना चाहता है, जो लोकतांत्रिक संस्थानों में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करा रहे हैं. स्त्रियों के लिए इनके पास सबसे उपयुक्त हथियार है  ‘बलात्कार की धमकी’. जे एन यू में कंडोमों की खपत के आंकड़े के साथ वे मेसेज दे रहे हैं कि उच्च शिक्षा में जाने वाली स्त्रियाँ या तो बिगड़ जायेंगी या बलात्कार की शिकार होंगी . ज्ञानदेव की पूरी भाषा गौर की जाने लायक है . वह कह रहा है, ‘3000 कंडोमों की रोज खपत बताते हैं कि जे एन यू में हमारी माताएं और बहनें सुरक्षित नहीं हैं .’ यह प्रक्ररांतर से बलात्कार का भय पैदा ही करना है.  दरअसल इन ब्रह्मचारी हिन्दूवादी संघी राष्ट्रवादियों की कल्पना में स्त्रियाँ सेक्स की वस्तु भर हैं, उनकी अपनी कोई एजेंसी नहीं होती, इसीलिए शायद उनकी राष्ट्रवादी कल्पना में कंडोमों की गिणती शामिल है.
सांस्कृतिक राष्ट्रवादी सरकार संरक्षित यह राष्ट्रवाद उच्च शिक्षा प्राप्त कर रही लड़कियों को इसलिए भयभीत करना चाहता क्योंकि वे सक्रियता से जनता के हित में सक्रिय हैं और अपनी अधिकारों के लिए ब्राह्मणवादी पितृसत्ता को भी चुनौती दे रही हैं. स्त्रियों की सक्रियता से याज्ञवल्क्य का आक्रोश ज्ञानदेव तक विस्तार पाकर आज की गार्गियों को बलात्कार , यौन उत्पीडन का भय देना चाह रहा है , ताकि स्त्रियाँ उच्च शिक्षण संस्थान तक पहुंचे ही नहीं.

स्त्री, आस्था और धर्म

सविता खान 


इस आधुनिक राष्ट्र-राज्य में आधुनिकता और आधुनिक परम्पाओं, (परम्पराओं नहीं) के बीच जंग का एक बेहतरीन नमूना अभी हाल ही में  स्त्रियों  के शनि मंदिर प्रवेश सम्बन्धी विवाद के तौर पर सामने आया।  वेदांत दर्शन में किसी भी वैचारिक टकराव के निपटारे के लिए तीन तरीके सुझाये गए: वाद, विवाद और वितंडा। इस टकराहट में विवाद हुआ, वितंडा हुआ पर वाद की सम्भावना ही नहीं बनी और यह हमारे नव-न्याय की परंपरा को रचने वाले देश, अमर्त्य सेन की आर्ग्यूमेंटीटिव इंडियंस की साँचे में नहीं दिखी। मसले कुछ और भी रोचक बनेंगे जब कुछ मूल प्रश्नों की तरफ गौर किया जाए, मसलन शनि देव कौन हैं, क्या वह सचमुच न्याय के देव हैं जैसा कि पुराणों में वर्णित है और यदि वे हैं तो फिर न्याय की परंपरा क्या है? दूसरा की क्या आस्था और धर्म किसी मंदिर से बंध सकते हैं भले ही वह मंदिर न्याय के देव का क्यों न हो? तीसरा कि क्या स्त्रियों  का शनि- मंदिर प्रवेश व निषेध भारत के हर प्रदेश का एक सार्वभौमिक सत्य है तो फिर भारत के अन्य क्षेत्रों में स्त्रियां उन्हें कैसे  पूजतीं हैं, देश की राजधानी  दिल्ली  के हर चौक-चौराहे पर भगवान शनि, चंद सिक्कों के व्ययवसाय के लिए क्यों धडल्ले  से इस्तेमाल किये जाते हैं उन्हीं महिलाओं द्वारा, बच्चों द्वारा जो रोटी को हर रोज तरसते हैं, क्या यही धर्म है इस नए राष्ट्र-राज्य का कि मंदिर प्रवेश तो हो पर महिलायें और बच्चे आज़ादी के सत्तर साल बाद भी भीख की रोटी खाएं ? धिक्कार है ऐसे रैशनल पर जो न तो भूख की चुनौती से निपट पायी और ना ही आस्था को संदर्भित कर सकी।

मुद्दे और भी हैं कि जिस प्रदेश में यह ‘क्रांति‘ किसी भूमाता ब्रिगेड( जो मंदिर प्रवेश करते-करते ही तीन टुकड़ों में बंट गयी, इसके तीन कोर सदस्यों ने अपने प्रेजिडेंट तृप्ति देसाई के ‘ऑटोक्रॅटिक’ व्यवहार के विरोध में भूमाता स्वाभिमानी संगठन की घोषणा कर दी) द्वारा शुरू की गयी उसका बैकग्राउंड क्या था? क्या इसका प्रत्यक्ष सम्बन्ध रेशनलिस्ट दाभोलकर द्वारा सं 2000 ई में शनि मंदिर में महिलाओं के प्रवेश से जुड़ा था, क्या हमारा आधुनिकता से जन्मा ‘रैशनल’ महिलाओं के लिए यही रोडमैप तैयार किये बैठा है,  जिसमें राज्य को इस ‘आंदोलन’ को ट्वीट द्वारा समर्थन (मुख्यमंत्री फडणवीस की समर्थन ट्वीट) और कानून और व्यवस्था के तहत उन्हीं महिलाओं को पुलिस द्वारा जबरन रोके जाने के मायाजाल में फंसा रहेगा? और भी रोचक सन्दर्भ हैं इसके, कमोबेश इसी समय एक शक्तिशाली दलित महिला नेता जब मंदिर प्रवेश को लेकर भीषण मानवाधिकार हनन का रोना संसद में रो रही थीं तो दूसरी दलित/पिछड़ा महिला नेता जो उसी प्रदेश से सम्बन्ध रखतीं हैं जहाँ यह वितंडा खड़ा किया जा रहा था, खुलेआम परंपरा को बचाने की आपाधापी में महिला मंदिर प्रवेश के खिलाफत में उतर  आयीं, यहाँ महिला, मंदिर और सत्ता का एक ऐसा कॉकटेल बना जिसमें अधिकार, आस्था और सशक्तिकरण अपने वैलिडिटी की नयी परंपरा चुनते नज़र आये जो अब लोक नहीं राज्य तय करेगा।

 क्या लोक की सत्ता जिसका जन-आंदोलन से काफी गहरा और सत्यापित रिश्ता है इस नौटंकी के बीच कहीं बहुत बुरी तरह से मात खा गयी? क्या यह प्रकरण ओरवेल लिखित एनिमल फार्म के आखिरी दृश्य की तरह प्रतीत हुई , जहाँ चेहरों को पहचानना मुश्किल हो गया कि आखिर स्त्री के मुद्दे क्या और उसके संरक्षक कौन।  इस सबके बीच द हिन्दू अखबार के अनुसार आंध्र प्रदेश के एरदानुर गाँव में. २०१३ ई में  सबसे बड़े शनि मूर्ति (गिनीज़ वर्ल्ड बुक) की  स्थापना करते वक़्त उसके संस्थापक ठाकुर सूर्य प्रताप सिंह का शनि के इर्द-गिर्द ‘बैड ओमेन’ की भ्रान्ति को ख़ारिज करते हुए उनका आधुनिक न्याय व्यवस्था से सम्बन्ध का पैरेलल रचना( वकीलों के काले कोट और शनि के काले रंग में) भी कम आशंकित नहीं करता कि क्या जिस तरह शनि के किसी छोटे से चबूतरे पर जहाँ तेल के फिसलन के सिवा कोई मानवीय मूल्य  निवास नहीं करता, जहाँ स्त्रियों  का प्रवेश वर्जित है (अब पुरुषों का भी), क्या वैसी ही विडम्बना न्याय के मठों में भी पलता  है जहाँ कानूनी धाराएं तो बसतीं हैं पर न्याय की आस्था, सामान्य लोक का प्रवेश  दिन ब दिन जर्जर होकर, क्रूर अ-न्याय बनतीं जा रहीं हैं।  स्त्रियों  के आस्था के द्वार और मठ जो लोकायत की विशाल परंपरा ने सदियों पहले इसी भूभाग पर मजबूती से स्थापित किया था, जिसमें न्याय का सेक्रेड स्त्री व्यक्तिगत तौर पर तय कर सकती थी, मोक्ष या मुक्ति का रास्ता तंत्र के विशाल प्रसार ने सद्यः खोल रखा था, उसका आखिर इन मंदिर-प्रवेश जैसे तुक्ष मुद्दों से क्या मुकाबला?

यदि पश्चिमी विद्वान ह्यूघ बी अर्बन को माना जाए तो वो तंत्र को यूरोपियन कोलोनाइज़र्स, ओरिएंटलिस्ट्स और विक्टोरियन माइंडसेट के क्रिस्चियन मिशनरीज के एक्सोटिक चोंचले से निकालकर उसके मात्र  सेक्सुअ लिटी एंगल  से परे, स्त्रियों  के दैवी, अन्तर्निहित विशाल शक्तिपुंज, मानवीय शरीर, कॉसमॉस और राजनीतिक समाज के बीच एक सतत धारा के तौर पर देखते हैं। इस कॉसमॉस की शक्तिपुंज को, तंत्र की मुक्तिदायिनी को, टैगोर की चण्डालिका को आनंद से, बौद्ध धर्म से, शनि हिन्दू मंदिर से किस याचना की जरूरत पड़  गयी? थोड़ी  और विशालता की तलाश में,  वेंडी डोनिगर इस लोक के संसार को एक विशाल सांस्कृतिक धरोहर के तौर पर देखतीं हैं जो कर्मकांड की दुनिया से कहीं आगे की चीज़ थी, परिष्कृत और परिमार्जित थी, आखिर हमने उन्नीसवीं शताब्दी के उपरान्त समाज सुधार के नाम पर सिर्फ धार्मिक धाराओं को सनिटाइज़ ही तो किया वर्ना क्या मजाल थी इन मंदिर रूपी क्लबों की कि वे उस विशाल लोक की अधिकारी से उसका काया प्रवेश अधिकार छीन लें?  यह नए परम्पराओं की मायाजाल है जिसमें उलझ कर कम से कम स्त्रियों  को तो निषेध के सिवा कुछ और  नहीं मिलेगा।

लेखिका ‘इतिहास’ की विदुषी हैं . संपर्क : savita.khan@gmail.com

सोनी सोरी पर हमला क्रूर दमन का प्रतीक

सोनी सोरी पर फिर हमला हुआ है . स्टेट की क्रूरता की शिकार रही सोनी सोरी पर यह ताजा हमला मानवाधिकार के लिए आवाज उठा रहे लोगों के लिए एक चेतावनी सी है . उन्होंने अपने ऊपर किसी ज्वलनशील पदार्थ के फेके जाने पर आँखों में जलन की शिकायत की  है . जामिया मीलिया इस्लामिया की प्रोफ़ेसर हेमलता महिश्वर की सोनी सोरी को समर्पित कविता और पूरी खबर 


छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में आदिवासी अधिकारों के लिए संघर्षरत  सामाजिक कार्यकर्ता सोनी सोरी पर अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया है। सोरी को बेहतर इलाज के लिए जगदलपुर भेजा गया है।

दंतेवाड़ा जिले में हुई वारदात


दंतेवाड़ा जिले के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के गीदम थाना क्षेत्र के अंतर्गत जवांगा गांव के करीब अज्ञात लोगों ने आम आदमी पार्टी की नेता सोनी सोरी पर हमला कर दिया है तथा उनके चेहरे पर ग्रीस जैसा कोई पदार्थ पोत दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

मोटरसाइकल पर आए हमलावर
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सोरी शनिवार को अपने दो अन्य साथियों के साथ जगदलपुर से अपने गृहग्राम गीदम के लिए मोटरसाइकल से रवाना हुई थी। सोरी बस्तानार घाट पार करने के बाद जब जवांगा गांव के करीब पहुंची तब कुछ मोटरसाइकल सवार लोगों ने उन्हें घेर लिया और उनके साथ धक्कामुक्की करते हुए उनके चेहरे पर ग्रीस जैसा पदार्थ लगा दिया। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर वहां से भाग गए। उन्होंने बताया कि घटना के बाद जब सोरी के चेहरे में जलन होने लगी तब वह सीधे गीदम के अस्पताल गईं तथा पुलिस को भी मामले की जानकारी दी गई।

चेहरे पर हुई जलन
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गीदम को अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि हमलावरों ने सोरी के चेहरे पर ग्रीस या बाम जैसा कछ पदार्थ लगा दिया है जिससे चेहरे में जलन हो रही है। सोरी को बेहतर इलाज के लिए बस्तर जिले के मुख्यालय जगदलपुर के लिए रवाना कर दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

मानवाधिकार के मामलों को उठाने के कारण हमला
इधर राज्य में आम आदमी पार्टी के प्रदेश संयोजक संकेत ठाकुर ने आरोप लगाया है कि बस्तर में मानवाधिकार उलंघन के मामलों को उठाने के कारण सोरी पर हमला किया गया है। ठाकुर ने कहा कि अज्ञात लोगों द्वारा कुछ दिनों पहले सोरी को जान से मारने की धमकी दी गई थी। इसकी शिकायत पुलिस से की गई थी, लेकिन पुलिस ने सोरी को सुरक्षा प्रदान नहीं की।

सोनी सोरी को समर्पित हेमलता महिश्वर की कविता 



तुम्हारे
स्खलित वीर्य बूँद को
चंद्र बिंदु की तरह
सहेज लिया था
और दी थी पनाह
अपनी कोख में
तो जना था शिशु
मेरी रचनात्मकता ने

अब तुमने
ठूँस दिए जो
टुकड़े पत्थर के
मेरी योनि में
तो भी पैदा होगा
मानस मनुज
तुम्हारे रोपे
और
मेरे पोसे गए पत्थर
मत घबराना
कहेंगे सच तुम्हारा

‘नील, नीले रंग के’ से

खबर  एन डी टी  वी  से साभार 

शरियत कानून, स्त्री -शोषण, और नासिरा शर्मा की कहानियां

0
 हनीफ मदार

समकालीन हिन्दी कहानी को बिना किसी चीख चिल्लाहट के गढ़ा जाना एक नये परिवर्तन की ओर इशारा कहा जा सकता है। क्यों कि ये बदलाव इस मायने में ज्यादा सार्थक और असरदार माना जा सकता है कि, रचनाकार अपनी संस्कृति, परिवेश और वातावरण को पहचान कर उससे संघर्ष करते हुए अपना सामंजस्य बिठा आगे बढ़ रहा है। तब यह सृजनशीलता अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों के साथ उत्पन्न परिस्थितियों के मूल कारणों को पुर्नः मूल्यांकन और खोजबीन में समाहित और संल्गन है। इधर समकालीन कहानी ने अपने वर्ग-बोध और वर्ग दायित्व को खोजकर अपनी सामाजिक परम्पराओं के विश्लेषण की वैज्ञानिक दृष्टि के अगले उत्थान को सूचित किया है नासिरा शर्मा के कहानी संग्रह ‘खुदा की वापसी’ की कहानियां कुछ इसी परम्परा की हैं।

नासिरा शर्मा के संग्रह ‘खुदा की वापसी’ में संग्रहित कहानियों में स्त्रीवर्ग के शोषित युवा मन की कराहटें हैं,  जो शिक्षित अशिक्षित स्त्री ही है। जिसका मन संभावनाओं से भरा है। उमंगें हैं। वह जिन्दगी को जिन्दगी की तरह जीना चाहती है। खुले आकाश में पंख लगा कर उड़ना चाहती है। परन्तु पुरानी पीढ़ी की टकराहट और अनेक समस्यायें, उसके संस्कार, धर्म, समाज उसे बार-बार मथ देते हैं। उसकी परेशानी निरंतर बढ़ती  जाती है। उसके सारे खूबसूरत सपने रेत की चट्टान की तरह बिखर जाते हैं। तब कितने ही अनसुलझे वैचारिक सवाल उथल-पुथल मचाने लगते हैं। वे पुरुष निर्मित सामाजिक ढांचे के बीच, निहत्थी खड़ी स्त्री की चेतना और उसके वर्चस्व पर लटकती स्वार्थ पूर्ण धार्मिक परिभाषाओं की पैनी तलवार के रूप में नजर आते हैं। संग्रह की संग्रहित कहानियां स्त्री के जन्म से मृत्यु तक, लड़की होने के अभिशाप के रूप में, पग-पग पर शरियत के नाम पर बताई जाने वाली पाबंदियों के बीच, स्त्रियों को कुंठित जीवन जीने को विवश करने की सामाजिक मंशा को भी उद्घाटित करने से नहीं चूकती हैं। लेखिका के अन्तःकरण में पनपी स्त्री वेदना के ये सवाल धार्मिक कठमुल्लओं, पुरुष समाज को तो कटघरे में लाते ही हैं, साथ ही, आदिम जाति में स्त्रियों के उस बड़े वर्ग समूह को भी घेरे में लेती हैं जो अशिक्षित या शिक्षित होने के वावजूद भी धार्मिक अज्ञानताओं के कारण, धार्मिक कानूनी बेडि़यों में जकड़ी स्त्री विरोधी मानसिकता के साथ जी तो रही ही है साथ ही ‘‘स्त्रियों की यही नीयति है’’ को मनवाने पर भी अड़ी है।

हालांकि तसलीमा नसरीन, मैत्रेयी पुष्पा, स्मत चुगतई आदि की लेखनी से निकली कहानियां या उपन्यास स्त्री  पीड़ा की मर्मान्तक त्रासदी से भरे दिखाई देते हैं। मगर जहां इन लेखिकाओं का साहित्यक सृजन धार्मिक आडम्बरों के खिलाफ उग्र तेवरों के साथ नजर आता है वहीं नासिरा शर्मा की कहानियों के स्त्री पात्र धार्मिक कट्टरवाद की संकीर्णता और औघड़पन के विरोध में सहज संघर्ष कर एक स्वतंत्र जीवन जीने का रास्ता चुन रहे हैं। लेखिका की कहानियां केवल धार्मिक ही नहीं सामाजिक, आर्थिक विद्रूपताओं की गहरी चोटों से टूटे स्त्री मन के कारणों को भी खोजती हैं। आखिर क्या कारण हैं कि पति की मृत्यु के बाद पत्नी के आर्थिक अधिकारों को छीन कर उसे मायके भेजने का फैसला किया जाता है ? वे कौन से कारण हैं कि पारिवारिक कलह में स्त्री जब किसी से भी नहीं जीतती और बच्चों की भूख के उपरान्त उन्हें पीटती है तो बैठकर देर तक रोती है ? वह मानसिक रूप से शून्यता में चली जाती है। स्त्री वर्ग के इन तमाम मनोवैज्ञानिक तथ्यों को गहराई में जाकर समझने की आवश्यकता है। क्योंकि इन समस्याओं के मूल में भी नारी पराधीनता का इतिहास मौजूद है। नासिरा शर्मा की कहानियां इन विषयों पर भी चुप नहीं हैं।

नासिरा शर्मा की कहानियों में स्त्री पुरुष संबधों की प्रमुखता है। यह संबध पति-पत्नी  के अधिक हैं। यहां संबधों के बीच मर्द समाज के तथाकथित धार्मिक कानूनों की विसंगतियों से पैदा अनुगूंज है। और उनके मध्य छटपटाती नारी यंत्रणा की भयानक त्रासदियां जो स्त्री को जड़ कर रही हैं, उनमें एक आक्रोश भर रही हैं। उनकी कहानियां महज एक कथा ही नहीं अपितु तर्क पूर्ण विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत करती हैं। संग्रह की कहानी ‘खुदा की वापसी’, ‘दिलआरा’, ‘पुराना कानून’ इन विसंगतियों को शिद्दत से प्रस्तुत कर उनके खिलाफ तर्क सम्मत आवाज बुलंद करती हैं। इन आवाजों में कहीं भी लेखिका का स्वर सुनाई नहीं देता बल्कि प्रेमचंद के पात्रों की तरह नासिरा शर्मा की कहानियों के पात्रों के ही सम्वेत स्वर सुनाई पड़ते हैं। इस्लामिक कानूनों के तहत शादी में तय होने वाली महर या मर्दों को चार शादियों की इजाजत एवं तीन बार तलाक-तलाक-तलाक के परिणाम स्वरूप टूटते विघटित होते पारिवार एवं दाम्पत्य जीवन की भावनात्मकता भी धर्म से भोथरी होती जाती है। भले ही तलाक के कारण में महज महर की रकम को धार्मिक कानून की दुहाई देकर मर्द द्वारा स्त्री से माफ करवाना रहा हो या अन्य कोई वजह मगर एक बार तलाक हो जाने के बाद, स्त्री और पुरुष दोनों की भावनात्मक एकता में धर्म ही सबसे बड़ी बाधा बन सामने खड़ा होता है। मर्दों को मिला चार शादियों का हक भोगवादी संस्कृति के लिए भले ही माफिक हो लेकिन सामान्य जन की बर्बादी और पारिवारिक विघटन का यह मुख्य कारण भी है। क्योंकि तलाक हो जाने पर आपसी प्रेम समाप्त हो जाय ये जरूरी नहीं। कानूनी बंधन टूटने से दिल का बंधन तो नहीं टूट जाता। निम्न और मध्य वर्ग में यह समस्याऐं बेहद विकराल रूप में सामने आती हैं। जब ऐसी स्थिति में लड़की का अपना कोई मत नहीं होता। सब कुछ ‘‘अल्लाह की मर्जी  से हो रहा है’’  कह कर पल्ला झाड़ा जाता है। यही समसामायिक वैज्ञानिक दृष्टिहीनता एवं अज्ञानता आध्यात्म से लगाव पैदा करती है। तब यही आध्यात्मिक लगाव जीवन को और पलायन की ओर ले जाता है। जहां लड़की निर्विकल्प हो कष्टमय जीवन जीने को विवश होती है। किन्तु खुशफहमी है कि नासिरा शर्मा की कहानियों की वह युवा लड़की पात्राऐं चाहे वे निम्न वर्ग की हों मध्यम या उच्च वर्ग की इन कारणों और समस्याओं के खिलाफ लड़ती और समाज में स्त्रियों की आदर्श बन दिशा देती नजर आती है।

जब लड़कियों को जिंदा दफनाया जाता था तब से, आज उत्तर आधुनिक एवं वैज्ञानिक तकनीकि के समय में हालात और बदतर हो गये, जब लड़की को पैदा होने से पहले ही उसकी हत्या होने लगी। मजेदार तथ्य यह है कि इन हत्याओं में भी औरत की रजामंदी होती है। अगर लड़की पैदा हो भी गयी तो लड़की जनित औरत की कोख को औरत द्वारा ही कलंकित करना। खुद ही पीडि़त स्त्री के खिलाफ पुरुष को दूसरी शादी करने को प्रेरित करती है। पुरुष के द्वारा पहली पत्नी के होते दूसरी शादी के लिए मना करने पर औरत ही उसे उस शरियत कानून को बताती है कि, मर्दों को चार शादी करने का अधिकार है। और स्वंय औरत ही अपने पैरों पर कुल्हाड़ी मारने का काम करती है। संग्रह की कहानी ‘चार बहनें शीशमहल की’ समाज में गहरी पैठ बना चुकी इसी सामाजिक बुराई का पूरा सटीक और मार्मिक चित्रण करती है। लेखिका की कलम यहां पूरे पुरुष वर्ग को स्त्री विरोधी एक ही तराजू में नहीं तोलती बल्कि उस वर्ग के साथ सामंजस्य बिठा कर आगे बड़ती है। और एक पुरुष के द्वारा ही चार शादियों के अधिकार वाले कठमुल्लावादी कानून के खिलाफ तर्क प्रस्तुत करती है जब ‘चार बहनें शीशमहल की’ कहानी का शरीफ ‘मां के द्वारा दूसरी शादी के लिए जोर-दबाव डालने पर परेशान होकर पीढि़त पत्नी के दुःख में उसे हौसला देते हुए कहता है- ‘‘मैं फिरोज शाही मस्जिद के मौलवी साहब से मिला था। उन्होंने मुझे सही जानकारी दी है कि, बिना किसी माकूल वजह के दूसरी शादी की इजाजत नहीं है। फिर बिना वीवी की रजामंदी लिए शौहर को दूसरे निकाह का हक भी नहीं है।’’ (पृष्ठ-52)

संग्रह की शीर्षक कहानी ‘खुदा की वापसी’ सोचने पर मजबूर करती है कहानी में फरजाना के द्वारा कही गयी यह बात बेहद तर्क संगत है जो उसने अपने पति जुबैर से तब कही है जब उसे शरियत कानूनों की तमाम किताबों के अध्ययन के बाद पता चलता है क जुबैर ने धर्म कानून का सहारा लेकर उससे महर माफ कराकर उसके साथ धोखा किया है- ’’यदि तुम्हें रस्में तोड़नी थीं तो बगावत करनी थी। एक नई जिंदगी की बुनियाद डालते, जिसके नियम नये होते। धर्म के बनाए कानून को नकारना था तो, नास्तिक बन क्रांति करते, मगर वे खतरे तुम मोल नहीं ले सकते थे। नियम और कानून से बंधी जिंदगी को कबूल करके उसमें से उन नियमों को छांटना जो तुम्हारे लाभ में जाते हैं और उनको रद्द कर देना जो दूसरों के फायदे में जाते हैं क्या यह गुनाह नहीं है ?’’ (पृष्ठ-31) ऐसे अनेक तर्क लेखिका ने बड़ी रोचकता से कहानी में पिरोये  हैं।

नासिरा शर्मा की कहानी ‘दहलीज’ किस्सागो शैली में स्त्री जीवन की तमाम मानवीय त्रासद पूर्ण घटनाओं से उठने वाली स्त्री मन की वेदना को अपने में समेटे है। कहानी ‘दहलीज’ धीरे से औरतों को यह याद दिलाना भी नहीं भूलती कि खुद पैगम्बर ने स्त्रियों को तालीम की हिदायत दी थी।‘दिलआरा’ कहानी इस संग्रह की सबसे रोचक कहानी है। रोचक इस लिए कि यह संग्रह की सबसे तार्किक कहानी है। कहानी में वर्तमान कठमुल्लेपन के साथ स्त्री संघर्ष और उसकी बुलंद आवाजों की सीधी मुठभेड़ है। कहानी के उत्तर्राध मंे टूटकर बिखरती कठमुल्लावादी सोच और उन्हीं के बनाए तथाकथित कानूनों के धाराशाई होते महलों से उठते बवंडर हैं। कहानी में लेखिका द्वारा धार्मिक कानूनों की वे दलीलें जो स्त्री हक की वकालात करती हैं पेश की हैं। ‘दिलआरा’ के सोसियोलाॅजी के प्रोफेसर वर्मा जब मुस्लिम औरतों पर एक लेख लिखने में मदद या शरियत कानून की सही जानकारी लेने, साजदा बेगम से मिलने आते हैं जो विधवा होकर लड़कियों का मदरसा चलाती है। प्रोफेसर वर्मा लड़की को अपनी मर्जी से शादी करने की आजादी को इस्लामी सबूतों में जानना चाहते हैं तब साजदा बेगम बताती हैं- ‘‘जैसी कि रवायत है कि हजरत खदीजा ने खुद अपनी पसंद का इजहार करते हुए पैगम्बर से शादी की बात कही थी। इससे बड़कर और कौन सा सबूत होगा। इसलिए औरत को पूरा हक है कि वह अपने साथ की जा रही ज्यादती के खिलाफ आवाज उठाए। वह निकाह के वक्त बाकायदा शादी से इनकार कर सकती हैं अगर शौहर उसको पसंद नहीं है या फिर शादी जोर-जबरदस्ती या लालच, से हो रही है। (पृष्ठ-85) प्रोफेसर वर्मा के कहने पर साजदा बेगम एक ऐसा हादसा बयान करती हैं जो उक्त रवायत को और अधिक मजबूत बनाता है। ‘‘रवायत है कि पैगम्बर साहब की एक बीवी असमा थीं। निकाह के बाद हुजूर अकरम उनके पास जाते इससे पहले असमा ने तलाक की ख्वाहिश जाहिर की और उनकी मर्जी का लिहाज कर हजूर ने उन्हें तलाक की आजादी देदी। (पृष्ठ-85)

कहानी तमाम धर्म कानूनों और स्त्री अधिकारों की अनसुलझी गुत्थियों को अपने तर्कों से सुलझाती अंत तक पहुंचती है जहां साजदा बेगम का यह कथन- ‘‘बात औरत को बाहर निकलने या मरद के मुकाबिल खड़ा करने भर की नहीं है बल्कि उसे एक इंसान समझकर उसकी पूरी शख्सियत की है। उसको वो सारे हक मिलने चाहिए जिससे वो अपने दिमागी और जज्बाती जरूरतों को पूरा कर सके और एक सेहतमंद नजरिए के साथ वह इस दुनिया के हर फैसले में शामिल हो सके। मगर आप लोग तो वह हक भी नहीं देना चाहते हैं जो उसे चैदह सौ साल पहले मिल चुके हैं। मगर उसके लिए बस रूहानी तौर पर तहखाने-दर-तहखाने तैयार किये जाते हैं।’’ (पृष्ठ-93) साजदा बेगम के कथन की यही टीस इस संपूर्ण संग्रह की टीस है जो नासिरा शर्मा की कलम से निकली है। कहानी को पढ़कर लगता है संग्रह का शीर्षक ‘दिलआरा’ होना चाहिए था मगर ‘खुदा की वापसी शीर्षक’ लेखिका का निजत्व है।

वर्तमान बाजारवाद और ग्लैमर के पीछे की भोगवादी संस्कृति में डूबी युवा पीढ़ी के लिए धार्मिक कानून में तीन बार तलाक एक कारगार हथियार ही है। इस धार्मिक कानून की धार तब और ज्यादा तेज हो जाती है जब सामाजिक व्यवस्था इन शरियत कानूनों की सच्चाई से बिल्कुल अनजान है। वह केवल इतना भर ही जान पाई है कि तीन बार तलाक-तलाक-तलाक कहने से वैवाहिक  संबन्ध विच्छेद हो जाएगा। और वह दूसरी शादी करने के लिए आजाद हो जाएगा। पुरुष वर्ग में स्त्री को भोग्या समझने की शैतानी साजिश भी अधिकांशतः इसी कानून के मूल से पनपती है। इंसान अपनी आर्थिक हैसियत, वीवी की रजामंदी को दरकिनार कर अपनी योनिच्छाओं की पूर्ति के लिए वीवी को तलाक दे दूसरी शादी कर लेता है। क्योंकि उसे ऐसा करने का सामाजिक अधिकार खुद इस्लामी कानून ने दे रखा है। कहना न होगा ऐसे धार्मिक कानूनों के प्रति सामाजिक अज्ञानता समाज में इंसानी संवेदनात्मक चेतना एवं उससे भावनात्मक पतन का मूल कारण बनने लगी है। ‘पुराना कानून’ ‘दूसरा कबूतर’ कहानियां इन तथ्यों पर गम्भीर मंथन करती हैं। ‘पुराना कानून’ का शमीम रुबीना के लिए जब अपनी वीवी अफसाना को चिट्ठी में तीन बार तलाक लिख कर तलाक दे देता है, तब अफसाना की अम्मा का यह कहना- ‘‘ सुनी सुनाई कहती हूं बीवी कि, तीन बार तलाक-तलाक-तलाक कहने से तलाक नहीं होता, मगर हमारे मौहल्ले के मौलवी साहब कह रहे थे कि, तलाक हो गया है, असलियत क्या है कुछ समझ में नहीं आता। ’’ (पृष्ठ-106) समाज की धार्मिक कानूनी अज्ञानता और इनके समक्ष इंसानी लाचारी स्पष्ट रूप में देखने को मिलती है। सीरिया और मिश्र से लड़ाई के चलते  बहुत सी कैदी औरतें मदीना आयी थीं। उन्हें देखकर मर्दों ने उनसे शादी करनी चाही और अपनी बीवियों को धड़ाधड़ तीन बार तलाक-तलाक-तलाक कह कर उनसे आजादी हासिल कर ली। (पृष्ठ-107) लेखिका द्वारा खासतौर पर ‘पुराना कानून’ कहानी में प्रयुक्त यह प्रसंग इस कानून के पीछे पुरुषों की भोगवादी मानसिकता को पूर्ण परिलक्षित करता है। कहानी के अंत में, समाज के सामाजिक सरोकारों एवं व्यावहारिक दबाव में इस धार्मिक कानून एवं शमीम का टूटना और अफसाना को उसकी जिंदगी का वापस मिलना लेखिका की वैज्ञानिक दृष्टि एवं इंसानी रिश्तों के बीच की भावनात्मकता को तमाम धार्मिक कानूनों से ऊपर रखने की मंशा रही है। जो कहानी की विशेषता भी है। ‘दूसरा कबूतर’ के बरकत द्वारा नाम बदलकर धोखे से एक साथ दो निकाह करने एवं उसका भेद खुलने पर अपनी दोनों वीवियों सादियां एवं रुकइया से यह कहना- ‘‘यह कुछ अनहोनी नहीं हैं यही हमारा समाज है, रिवाज है और जरूरत है।’’ वहीं उसी के द्वारा औरतों को तंग नजर कहकर यह कहना- ‘‘औरत एक मर्द से मुतमईन हो सकती है मगर, मर्द नहीं।’’  यह भोगवाद की खुली चुनौती है, सादिया का बरकत से यह कहना- ‘‘मर्द के इस कारनामेे पर कोई भी खुदगर्ज औरत मर्द को तीन बार तलाक-तलाक-तलाक कहकर उससे अलग हो सकती है।’’ इसके जबाव में बरकत कहता है- ‘‘यह न शरियत है न इंडियन पैनल काॅर्ट न ही किसी मुल्क में रायज कानून यह सब फितूर है लिवरैटेड औरतों के एवनार्मल बर्ताव का’’ (पृष्ठ-130) कहानी धार्मिक कानूनों पर हावी पुरुष सत्तावाद की स्वार्थ पूर्ण दास्तान बयान करती है। हालांकि कहानी का अंत सादिया और रुकइया द्वारा बरकत को इसी शरियत कानून से मिले अधिकार के प्रयोग से तलाक देकर होता है। परंतु इस स्थिति में भी यह कानून इंसानी रिश्तों के बीच एक कांटा तो है।

कहानी ‘मेरा घर कहां’ की सोना आधुनिक समाज में उन खदबदाते मानकांे से निरंतर लड़ती है, जो इस व्यवस्था में स्त्रियों के लिए ही खास कर गढ़े गये हैं। जिन्हें परोसने वाला भी पुरुष है और मापने वाला भी। जिन्हें पुरानी पीढ़ी ने पूरी तरह आत्मसात कर रखा है। इन कायदे कानूनों को समाज में सीधे स्त्री के चरित्र से जोड़ा गया है। कहानी शिद्दत से समाज के उस पहलू से जद्दो जहद करती है जो समाज सोना जैसी स्वाभिमानी लड़कियों का चरित्रहंता होकर भी उसके चरित्रहीन होने का फैसला सुनाता है। वह अपनी योन पिपाशा के लिए कथित प्रेम कर सकता है, बलात्कार कर सकता है मगर उससे शादी कर पत्नी का दर्जा दे एक सम्मान से भरा जीवन नहीं दे सकता। नासिरा शर्मा की इस कहानी का सुखद पहलू है जो महज अट्ठारह वर्षीय अशिक्षित सोना को समाज की कूपमंडूप व्यवस्था से केवल लड़ने की हिम्मत ही नहीं देती बल्कि अनेक कठिनाइयों के बाद भी स्वाबलम्बी होकर जीना सिखाती है। संग्रह की अंतिम कहानी ‘नयी हुकूमत’ की हाजरा का अपने पति अलताफ को उसकी बिना रजामंदी के दूसरा निकाह कर लाने पर खुद तीन बार तलाक-तलाक-तलाक कहकर तलाक देना नारी जाति का वह रूप प्रस्तुत करता है, जहां वह इस दुनिया को यह बता पाती है कि शरियत ने यह अधिकार सिर्फ मर्दों को ही नहीं दिया बल्कि इसका इस्तेमाल स्त्री भी कर सकती है और लड़ सकती है अपने हकों के लिए।

संग्रह की सभी कहानियां पढ़ते समय कहानियों में प्रयुक्त कथानुकूलित परिवेश, सम-विषम परिस्थितियों एवं पात्रों का सजीव हो जाना लेखिका की उत्कृष्ट कला-कौशलता का नतीजा है। मनोवैज्ञानिक विश्लेषणों एवं तार्किक होने के बावजूद भी कहानी बोझिल नहीं होतीं। अपितु एक जिज्ञासा जगातीं हैं। पात्रों के चयन उनकी भाषा, जीवनयापन पर लेखिका की पैनी नजर रही है इसीलिए शिक्षित-अशिक्षित स्त्री की सामाजिक, मानसिक, शारीरिक और आर्थिक पीढ़ाओं, कुंठाओं को अपने शब्दों में उकेरने में लेखिका पूर्ण सफल दिखी है। सभी कहानियां एक बेहतर उद्देश्य के साथ पूरी होती हैं। जैसे वे सामाजिक, धार्मिक पाबंदियों के मकड़जाल से बाहर आने को वर्तमान नारी को आवाज दे रही हैं। हालांकि कहा जा सकता है कि कहानियां बहुत ज्यादा नया नहीं कहतीं मगर नासिरा शर्मा की कलम की बुनाई और उनकी कहानी तकनीकि इन्हें नयापन प्रदान करती है।

समीक्षक हनीफ मदार कहानियां लिखते हैं . सामाजिक -सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय, ऑनलाइन मैगजीन हमरंग के संपादक. संपर्क:  08439244335, ईमेल- hanifmadar@gmail.com

इस राष्ट्रवाद की भाषा में स्त्रियाँ ‘ रंडी’, ‘रखैल’ और बलात्कार से ठीक की जाने वाली बिगडैलें हैं

संजीव चंदन


भारतीय जनता पार्टी देश भर में ‘ राष्ट्रभक्ति’ का जोश भरने के लिए आंदोलन करने जा रही है. जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जे एन यू ) प्रकरण में दुनिया भर में अपना ही उपहास बनाने वाली सरकार अब भले ही कन्हैया कुमार की रिहाई के साथ डैमेज कंट्रोल में लगी है , लेकिन उसकी पार्टी आक्रामक हिंदुत्व से भी आगे जाकर आक्रामक राष्ट्रवाद की रणनीति को अमली जामा पहनाने वाली है . निश्चित तौर पर देश भर के उसके अभियान में उसके स्त्री कार्यकर्ताओं की बढ़ –चढ़ कर भागीदारी होगी . मानव संसाधन विकामंत्री स्मृति इरानी खुद राष्ट्रवाद के इस आक्रामक अभियान को संरक्षण और तर्क दे रही हैं .

राष्ट्रवादियों के द्वारा दी जा रही गालियाँ

लेकिन स्त्रियों, जरा ठहरो जिस राष्ट्रवाद की ‘यज्ञ –बेदी’ बनाने में आपका सक्रिय सहयोग लिया जा रहा है, उसका लक्ष्य पूरा होने के बाद आपकी क्या हैसियत होगी उसे सोचा है आपने ! यदि नहीं तो भी और यदि यह सोचती होंगी कि आपको ‘देवी’ जैसी कोई गरिमा और सम्मान दिया जायेगा तो भी,  ज़रा ठहरकर सोचो. कुछ बानगियाँ देख लेते हैं , इस राष्ट्रवाद के भीतर तुम्हारी ‘ अवस्थिति’ की. 

राष्ट्रवादियों के द्वारा दी जा रही गालियाँ

आज भारत माँ के इमेज को ही सारे ज्ञान, सारी संवेदनाओं पर वरीयता मिल गई है, जिसकी आड़ में कोई भी गुंडा , हुल्लड़बाज या तो हाथ में तिरंगा लिए हुए या फिर अपने फेसबुक बुक ट्विटर प्रोफाइल को तीन कलर का रंग दिये हुए सारी बौद्धिकता और सारी संवेदनशीलता पर हावी हुआ जा रहा है, ज्ञान केन्द्रों के लिए खतरा बना हुआ है , न्याय के संस्थानों और ढांचों के लिए खतरा बना हुआ है .

भारत ‘ मां’ का इमेज स्त्रियों से अनिवार्य रूप से जुड़ा है, क्योंकि वह मां है , वह स्त्री है – इसके लिए वाल्मीकि रामायण के जमाने से या उसके पहले से ही ‘ जननि जन्मभूमिश्च स्वर्गादपि गरियसी’ की भावनाएं व्यक्त की जाती रही हैं.  श्री अरविंद की देवी ‘भारत मां’ है और बंकिम चन्द्र चटर्जी की आराध्या भी भारत माँ है , जिसके लिए वे वंदे मातरम् गीत रचते हैं . स्वंत्रता आन्दोलन के दौरान भारत मां का यह इमेज देश की आजादी की चाह रखने वालों , उपनिवेशवाद के खिलाफ लड़ने वालों के लिए उद्दीपक का काम करता था. मां चूकी स्त्री है , इसलिए उसके अपमान की भाषा उसकी इज्जत से जा जुडती है और स्त्रियों के इज्जत का सन्दर्भ उसकी यौनिकता से . यही कारण रहा है कि भारत की दुर्दशा की सबसे पावरफुल इमेजरी बनती है ‘बलात्कार की भाषा में.’ पश्चिम से पढ़े –लिखे जवाहर लाल नेहरू हों या समुद्र न लांघने वाले स्वतंत्रता आन्दोलन के दूसरे दीवाने, अपने भाषणों में ‘ भारत माँ’ के बलात्कार और इस तरह उसकी संतानों के अपमान के इमेजरी का खूब इस्तेमाल किया जाता था. आजादी के दीवानों के लिए भारत या तो मां थी या प्रेमिका – ‘मदर इंडिया’ की नरगिस (मां ) और ‘क्रान्ति’ की हेमामालिनी( प्रेमिका) भारतवासियों ,आजादी के दीवानों ( स्पष्ट है कि अधिकांश मामलों में वह पुरुष है – सुनील दत्त, राजेन्द्र कुमार या मनोज कुमार है ) के प्रिय रूपक हैं , उद्दीपक हैं देश भक्ति के लिए .

राष्ट्रवादियों के द्वारा दी जा रही गालियाँ

यहाँ तक तो सुकून है स्त्रियों के लिए दोयम ही सही , पुरुष के बाद ही सही , उससे संरक्षित होकर ही सही, उसका अस्तित्व है – जिसका भाव देवी का भी हो सकता है , प्रेयसी का भी या धोखेबाज फितरत वाली नायिका –खलनायिका का भी. सुविधाअनुसार नार्यस्तु यत्र पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवता या फिर सुविधा अनुसार पुरुषस्य भाग्यम , त्रिया चरित्रं दैवो न जानाति कुतो मनुष्यः.

लेकिन ठहरिये ,  आज के राष्ट्रवादी अभियान में अपने लिए नियत की जा रही भूमिका को भी देखिये. तिरंगा झंडा लिए न्यायालय परिसर में हंगामा करने वाले वकीलों से लेकर सोशल मीडिया में सक्रिय राष्ट्रवादी सेनानियों पर गौर करिये. वे सब आपको ठीक करने में लगे हैं . लोकतंत्र के सामान्य उसूलों समता , बंधुत्व की बात करने वाले लोगों,  न्याय की चाहना रखने वाले लोगों के लिए ये राष्ट्रवादी सेनानी उनकी माँ, बहनों के बलात्कार से अपनी राष्ट्रभक्ति सिद्ध करना चाहते हैं.

राष्ट्रवादियों के द्वारा दी जा रही गालियाँ

राष्ट्र के लिए उनकी परिकल्पना से अलग सोच रखने वाले लोगों, खासकर स्त्रियों के लिए उनकी भाषा के नमूने हैं , ‘ रंडी , रखैल , या बलात्कार करके ठीक कर देना, गैंग रेप का शिकार बना देना आदि. ये आक्रामक राष्ट्रवादी सेनानी क्या तालिबानियों या इस्लामिक स्टेट के वीर बांकुरों से तनिक भी अलग हैं , जो अपनी स्त्रियों को धार्मिक और राष्ट्रवादी बनाने के लिए अपने पौरुष का इस्तेमाल कर रहे हैं , उन्हें बलात्कार या सामूहिक बलात्कार का शिकार बना रहे हैं. यह भाषा और यह सोच राष्ट्रवाद के किस रूप में अनूदित होती है , उससे क्या इमेजरी बनती है . यह इमेजरी है – राष्ट्र का ‘ पितृभूमि , पुण्यभूमि में तब्दील हो जाना , जहां स्त्रियाँ शिक्षा के अधिकार से वंचित होंगी , जहां उनकी भूमिका पुरुष संरक्षित पत्नी, पुत्री , मां तक सीमित होगी, जहां उनकी भूमिका अच्छी गृहिणी, देवदासी या गणिका की होगी. और यदि वे अपने अधिकारों के लिए आवाज बनाती हैं तो उनके खिलाफ, उन्हें ठीक करने के लिए पुरुष का बंदूक और लिंग एक साथ सक्रिय होंगे . इस  तथ्य को समझने के लिए सोशल मीडिया में सक्रिय समतावादी स्त्रियों के लिए राष्ट्रवादी सेनानियों की उग्र स्त्रीविरोधी भाषा की बानगियाँ देखें या उस भाषा की बानगियाँ भी जो समतावादी पुरुषों की मां, बहनों के लिए दी जाती हैं. राष्ट्रवाद के इन सेनानियों के राष्ट्र का आदर्श होंगे – ‘चातुर्वर्ण मया सृष्टं गुण कर्म विभागशः’ , और स्त्री को यौनदासी के रूप में मिलने वाला मान सम्मान , दुलार या फटकार.

तय आपको करना है कि आप इस आक्रामक राष्ट्रवाद का हिस्सा बनेंगी , जहां आपसे ज्यादा ‘ गौ माता’ सुरक्षित है , या उस राष्ट्र का जो समता, स्वतन्त्रता में यकीन रखता है . जिन लड़के –लड़कियों को ये राष्ट्रवादी जेलों में ठूस देना चाहते हैं , वे लड़के नारे जरूर लगा रहे थे , आजादी के नारे लगा रहे थे, लेकिन वे नारे थे , पितृसत्ता से आजादी के , जातिवाद से आजादी के , सामंतवाद से आजादी के. आजादी के इन दीवानों की कब्र पर ज्ञान और सोच –विचार के संस्थानों को नालंदा विश्वविद्यालय का हस्र देकर राष्ट्रवाद के ये सेनानी जिस राष्ट्र को गढ़ना चाहते हैं , वहां आप अपने लिए थोड़ा सा भी हक़ मांगेंगी तो वे आपको ठीक करने के लिए सामूहिक बलात्कार की सजा का इजाद कर चुके है. उनके राष्ट्र में स्त्रियाँ ‘ रंडियां , रखैलें या फिर बलात्कार से ठीक की जाने वाली बिगडैलें होंगी. 


आज़ादी के नारे लगाते विद्यार्थियों और जे एन यू स्टूडेंट असोसिएशन के अध्यक्ष कन्हैया कुमार का वीडियो लिंक



नोट : ‘रंडी’ और ‘ रखैल’ शब्दावली से लेखक का कोई इत्तेफाक नहीं है. यह शब्दावली  स्त्री यौनिकता पर पुरुष नियंत्रण की शब्दावली है . इस लेख में इसका इस्तेमाल सांस्कृतिक ( आक्रामक ) राष्ट्रवादियों की मनोवृत्ति और उनकी भाषा को स्पष्ट करने के लिए उनकी ही भाषा से लेकर किया गया है, ताकि स्त्रियाँ इस राष्ट्रवाद के भीतर अपनी नियत स्थिति को देख सकें . 

क्या ऐसे ही होगी ‘थियेटर ओलम्पिक 2018’ की तैयारी ?

कविता 


भारतीय रंग महोत्सव के शेष दो दिन बचे हैं . कथाकार और सांस्कृतिक पत्रकार कविता नाट्य प्रेमियों का ध्यान खीच रही हैं इस ओर

मंडी हाउस हमेशा से कला,संगीत, और नाटक प्रेमियों की पसंदीदा जगह रही है.पर आजकल यह (भारंगम) की सुगंध से महक रहा है.दीवारों को ढकते हुए नाटकों के चित्र और पोस्टर ,वातावरण में गीतों-आवाजों की गूँज बताते हैं कि कुछ ख़ास जरुर है. जो यहाँ चल रहा हैं. सोंधी धूप, ताजी हवा हर तरफ रंगीनी और चहकते चेहरे यदि ये सब आपको पसंद है तो एक दिन जरुर होकर आयें राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय से. यहाँ की फिजां आपके भीतर ख़ुशी और मुस्कान घोल देगी.जिन्दगी में रंगों, और भावनाओं का महत्व बताएगी.

यहां जाने के लिए आपका नाटक प्रेमी होना भी जरुरी नहीं,यदि आप गीतों, गजलों, कव्वाली,लोकगीत और लोक-नृत्य और सूफी संगीत के शौक़ीन हैं. जादू देखना अगर पसंद है आपको.तो एक दिन जरुर होकर आयें इधर से.दिन भर अलग-अलग जगह बने खूबसूरत मंचों पर यहाँ कोई–न–कोई कार्यक्रम होता मिल जाएगा. यहाँ ‘थियेटर-बाजार’ नामक एक रंग-बिरंगा बाजार भी है,जहाँ ब्यूटी –पार्लर से लेकर दैनिक जीवन में इस्तेमाल होनेवाली बहुत सारी वस्तुएं मिल जायेंगी.लोगों की भीड़ जहाँ- तहां बैठकर इन वस्तुओं का,संगीत का आनद लेती मिल जायेगी. इस सबमें भी अगर मन न रमे तो आप फिल्मों और नाटक से एक साथ जुड़े हुए बड़ी-बड़ी हस्तियों से मिल सकते हैं.नाटक और अभिनय से जुड़े अलग-अलग मुद्दों परउन्हें सुन सकते हैं-बहुमुख में रोज चलटी हुई श्रृंखला –लिविंग लीजेंड, मास्टर क्लास, वर्ल्ड थियेटर फोरम और राष्ट्रीय सेमीनार के तहत.विशिष्ट पकवानों की एक लम्बी सूची यहाँ उपलब्ध है,जहां ब्रांडेड खाध्य सामग्री से ज्यादा लिट्टी-चोखा,  परांठे,चायनीज,साउथइन्डियन, जलेबियाँ-पकौड़ियाँबिक रही हैं. अगर इनकी गंध आपके मुंह में पानी न ला दें तो आप कह सकते हैं,स्वाद का आपके जीवन में उतना महत्व नहीं.

किताबों ,पोस्टरों, आयुर्वेदिक् सौन्दर्य प्रसाधनों, कशीदाकारी वाले और राजस्थानी-गुजराती दुपट्टे-कुरते, लाख की चूड़ियां-बूंदे बहुत कुछ मिलेगा एक साथ यहां,जिसके लिए आप अलग -अलग जगह भटकते फिरेंगे.
और किताबों-पत्रिकाओं के लिए बहुत सारे प्रकाशन- गृहों के स्टाल भी.जाहिर है यह सबकुछ नाटक के लिए इस्तेमाल होनेवाली चीजें हैं, उससे सम्बंधित क्रॉप्स पर इनका उदेदेश्य यहाँ के बच्चों के लिए  पहले भले ही उनकी जरुरत की चीजें कैम्पस में ही उपलब्ध करना रहा हो , पर अब यह आम लोगों के लिए भी खरीद-बिक्री और ध्यान आकर्षित करने के लिए ,उन्हें यहाँ बांधकर लाने के लिए है.

नाटक प्रेमियों लिए तो यूं भी  यह जगह काबा जैसा ही है हमेशा से, पर अभी 1 फ़रवरी से 21 फ़रवरी तक यानी तीन सप्ताह तक चलनेवाला यह नाट्य-समारोह अभी आकर्षण का सबसे बड़ा केंद्र है., जिसमें देश-विदेश और हर भाषा और प्रदेश के नाटक सम्मिलित हैं .यह खासा दिलचस्प  आयोजन रहता आया है,हमेशा से. पर इसकी इस बार की विशेषता यह है कि यह हर बार की तरह अंग्रेजी नाटकों और आभिजात्य वर्ग को केंद्र में रखकर नहीं रचा गया. यह यहाँ प्रदार्शित 80 बहुभाषिक नाटकों को देखकर भी कहा जा सकता है,और यहाँ की अभूतपूर्व  साज-सज्जा देखकर भी.सजावट में लालटेनों,परान्दों ,कागजी रंगीन झंडियों, नाटककारों की रंगीन लाईटों के साथ लटकती और क्ले((मिटटी) से बनी आदमकद  जानवरों की सजावटी मूर्तियों को देखकर भी कहा जा सकता  है. और बैठने के लिये खुले में रखे गए मूढे. कैम्पस दीवारें नाटकों के चित्रों-तस्वीरों से भरी हुई,खुशबू  देते रंगबिरंगे फूल.कुल मिलाकर कहें तो एक ग्रामीण या लोक-कलाओं वाला अंदाज  यह विशेष अंदाज इसे एक अनोखा रंग-रूप प्रदान करता है.

पर इसके विपरीत दुखी करनेवाली बात यह कि इन नाटकों के प्रचार-प्रसार में इस बार कोई ख़ास दिलचस्पी नहीं जताई गई.हर बार के उलट इस बार नाटकों से ज्यादा अहमियत सेलिब्रेटीज (शख्सियतों) को दी गई.शायद इसलिए भी की नाना पाटेकर,अनुपम खेर,पंकज कपूर,नीना गुप्ता,,सौरभ शुक्ला, एम .के.रैना, सुषमा सेठ और इन जैसे तमाम राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय से कभी के जुड़े नाम भीड़ खुद जुटा लेंगे, यह भरोसा इस विश्वास की वजह हो. और तो और नाना पाटेकर को बुलाये जाने की वजह मुझे कुछ ख़ास समझ में नहीं आई.जबकि उनका कोई नाटक नहीं था इस महोत्सव में. क्या सिर्फ इसलिए कि वे नाटकों से ही फिल्म में आये थे.या इसलिए की हाल-फिलहल उन्होंने ‘नटसम्राट’जैसी रंगकर्म पर आधारित फिल्म की है.जबकि नाना ने खुद ही कहा कि पिछले 15 सालों से उन्होंने कोई नाटक नहीं किया.अपने फिल्म को प्रमोट करते हुए नाना पाटेकर ने कहा –इस फिल्म ने मेरे भीतर का सबकुछ ले लिया, अब फिर से जमा होने में वक़्त लगेगा.

नाना का जादू लोगों पर अभी भी चलता है,उनके स्वागत में जुटी जनता और उनके बोलने को मंत्रमुग्ध सुनते दर्शकों को देखकर कहा जा सकताथा.अनुपम खेर ने अपनी बातचीत में राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय की पुरानी यादों को ताजा करते हुए अपने संघर्ष के दिनों की बातें की.पंकज कपूर की ‘दोपहरी’ को सुनते हुए लोग निराश हो रहे थे.कारण यह कि वे अपना पाठ भूल रहे थे, और बार-बार दर्शकों ने उन्हें इस कहानी का पाठ करते हुए सुना है. यह दुखद है कि पंकज कपूर जैसा समरथ अभिनेता अपने पहले प्रेम नाटक के लिए वर्षों से एक नई कहानी,या फिर कोई नया पीस तैयार नहीं कर सका.

अंततः सबसे दुखद पक्ष यह कि पत्रकारों और आम लोगों के समूह को मांगने पर भी टिकट या पास नहीं मिलना. यह वही रंगमंच है जो साल भर दर्शक न होने, खासकर टिकट खरीदकर नाटक न देखने वाले दर्शकों का रोना आये दिन रोया रहता है. उन्हीं दर्शकों की ऐसी अवमानना सचमुच एक  दुखद स्थिति है.जिस नाटक में भीड़ उमड़ने की संभावना पहले से ही हो, उस नाटक के लिए बड़े मंच को उपलब्ध न करा पाना अफसोसजनक है. शायद भविष्य में मिल पाने वाले180 करोड़ रुपये के प्रस्तावित बजट से इस दिशा में कुछ बेहतर हो सके. शायद  फिर आधुनिक तकनीकों से युक्त उस बड़े प्रेक्षागृह को उपलब्बध कराया जा  सके जो अभी तक सिर्फ प्रस्तावों में है. उम्मीद यह है कि प्रस्तावित ‘थियेटर ओलम्पिक 2018 ’  तक ये सारी योजनाएं अपना प्रारूप ले सकेंगी.

लोकगायक और नाटककार संभाजी भगत पूछते हैं कि क्या वजह है कि हिन्दी क्षेत्र में नाटकों का अपना दर्शक वर्ग तैयार नहीं है , जिसके बीच प्रोफेशनली नाटकों की प्रस्तुति हो सके . वही एन एस डी के निदेशक वामन केंद्रे इस बात को लेकर आश्वस्त हैं कि अपने कार्यकाल में वे बहुत कुछ बेहतर कर सकेंगे. 

लेखिका हिन्दी की चर्चित कथाकार हैं . इन दिनों ऑनलाइन हिन्दी पोर्टल ‘सत्याग्रह’ के लिए काम कर रही हैं . सम्पर्क : kavitasonsi@gmail.com

स्त्री के अकेलेपन का दर्द है दोपहरी

रेणु अरोड़ा 


दोपहर का समय स्त्री के जीवन का ऐसा समय होता है जब अपनी दिनचर्या से थोड़ी फुर्सत पा वह अपनी सखी-सहेलियों और पड़ोसिनों के साथ अपना दुख-सुख बांटती है,हँसी-ठिठोली करती है। ये सब करते हुए समय कब बीत जाता है-पता ही नहीं चलता। लेकिन अकेले में यही दोपहरी खाने दौड़ती है और अगर इस अकेलेपन में बुढ़ापा भी मिल जाए तो स्थिति और भी मारक और दयनीय हो जाती है। अवस्था,परिस्थिति और स्थिति की इसी विडम्बना,मार्मिकता को उभारा पंकज कपूर द्वारा लिखित,निर्देशित नाटक दोपहरी ने। इस नाटक का मंचन 18वें भारत रंग महोत्सव में 5फरवरी को हुआ था। मूलतः यह एक कहानी है जिसका भावपूर्ण वाचन बड़े ही सहज ढंग से किया गया।

पंकज कपूर दोपहरी को प्रस्तुत करते हुए

यह कहानी लखनऊ की गलियों में बसी एक बड़ी हवेली में रहने वाली एक अकेली बूढ़ी अम्मा बी की कहानी बताता है यह नाटक। अम्मा बी के शौहर नवाब साहब की मृत्यु हो चुकी है। इकलौता बेटा जावेद अमरीका अपने परिवार के साथ रहता है। कभी-कभी कुछ दिनों के लिए घर आता है। माँ को जल्दी वापस आने का भरोसा और दिलासा देकर लौट जाता है न आने के लिए। उनके अकेलेपन का साथी है उनका नौकर,जो सुबह आकर काम करके दोपहर को चला जाता है फ़िर शाम को वापस आता है। दोपहर के इस अकेलेपन में अम्मा बी को छत पर किसी के दौड़ने की आवाज़ सुनाई देती है। एक दिन कदमों की आवाज़ के साथ पायल की आवाज़ भी सुनाई देती है और फ़िर एक दिन कागज़ का एक पुर्जे पर आज रात दस बजे—ये संदेश मिलता है। अम्मा बी की हालत ऐसी कि काटो तो ख़ून नहीं। उन्हें ये आवाज़ें इतवार को नहीं सुनाई देती क्योंकि हर इतवार को नवाब साहब के दोस्त डॉक्टर साहब घर आते,अनके साथ ही दोपहर का खाना खाते और गप-शप में ही सारा दिन बीत जाता। डॉक्टर साहब अम्मा बी को कोई काम करने या किरायेदार रखने की सलाह देते है मगर वे तैयार ही न होतीं ।

 एक दिन जुम्मन के कहने पर वे वृद्धाश्रम भी जाती हैं  ऊपर से तो सब ठीक ही लगता है लेकिन वहाँ रहने वाले परिचित उन्हें अपनी ही हवेली में रहने की हिदायत देते हैं। इस घटना के बाद डॉक्टर साहब अधिकारपूर्वक किरायेदार रखने को कहते हैं और अम्मा बी को तैयार होना पड़ता है। काफ़ी जद्दोज़हद के बाद एक लड़की सबीहा को वे चुनती हैं क्योंकि वह उनके मायके जौनपुर की रहने वाली है साथ ही दोपहर एक बजे से शाम चार बजे तक तथा रात आठ बजे घर लौटने की शर्त उसे मंज़ूर थी। सबीहा के आने से अम्मा बी का अकेलापन ही दूर नहीं होता बल्कि औलाद की दूरी का ग़म भी नहीं अख़रता और सबसे बढ़कर छत से आने वाली आवाज़े भी अब उन्हें परेशान न करती। एक दिन सबीहा बिना बताए चली जाती है और बाद में बी को एक आदमी के फोन से पता चलता है कि वह काम से बाहर गई है दो दिन में लौटेगी। अम्मा बी के मन में तमाम अच्छे-बुरे ख्याल आते हैं , अपनी बेचैनी में वे उसके कमरे का ताला तुड़वाकर कमरे में दाख़िल होती है तो बिस्तर पर अधसिली गिलहरी को प्यार से पुचकारकर सिल देती हैं।

पंकज कपूर दोपहरी को प्रस्तुत करते हुए

सबीहा के वापस आने पर उन्हें सच्चाई का पता चलता है साथ ही सबीहा को भी बी के हुनर का पता चलता है। वह बताती है कि उसे पाँच सौ खिलौनों का आर्डर पूरा करना है मगर अकेले काम पूरा करना संभव नहीं। जिस सहेली ने भरोसा दिया था वह अब मुकर गई। बी के हुनर को देखकर वह उनसे खिलौने बनाने का इसरार करती है। बी थोड़ी न-नुकुर के बाद काम में लग जाती है और इन सब में उनका अकेलापन, बुढ़ापे के सारे दर्द औ ग़म गायब ही हो जाते हैं। वे पूरे उत्साह से काम में जुट जाती है। समय पर आर्डर पूरा हो जाता है। कंपनी के मालिक को खिलौने पहले से भी ज्यादा पसंद आते हैं और वह और खिलौनों का आर्डर दे जाता है। बी को सबीहा उनकी मेहनत की कमाई का पहला चैक देती है जिसे वे ख़ासी मशक्कत के बाद स्वीकारती हैं। और उन्हें पहली बार यह एहसास होता है कि यह उनकी कमाई है और वे केवल अम्मा बी नहीं मुमताज़ सिद्दकी हैं—उनका अपना वजूद है। इस तरह कहानी केवल स्त्री-सरोकारों की ही बात नहीं करती बल्कि परिवारों में वृद्धों के साथ जो दुर्व्यवहार और अत्याचार होता है—उसकी भी बानगी कहती है—यह कहानी। हम बेटे की चाहना करते हैं लेकिन अनचाही बेटी कैसे हमारे जीवन के भाव-कोष को भर देती हैं—इससे हम अनजान नहीं—फ़िर भी अपनी चाहत से मजबूर हैं। सबीहा के किरदार के माध्यम से हम इसी सच्चाई से दो-चार होते हैं। लड़की का बचपन से लेकर बुढ़ापे तक का सफ़र पिता,पति और पुत्र की छाया में बीत जाता हैं उसका ख़ुद का व्यक्तित्व घर-गृहस्थी के बोझ तले ओझल ही हो जाता है। मगर पहचान की चाह राख में दबी चिंगारी की तरह मन के किसी कोने में रहती है।  अम्मा बी का चाँद को संबोधित करते हुए अपने शौहर को बताना कि—यह मुमताज सिद्दकी की अपनी कमाई—इसी सत्य को प्रमाणित करता है।

पंकज कपूर के कहानी कहने के अंदाज़ के कारण हम कहानी सुनते नहीं बल्कि देखते हैं । ध्वनि-प्रकाश और आवाज़ के ताने-बाने से ऐसा लगता है कि कहानी हमारे सामने घटित हो रही है। कहानी का घटनाक्रम तीन स्थलों पर घटित होता है। इन तीन अलग स्पेसों का आभास मंच पर थोड़ी-थोड़ी दूरी पर रखे सामान या व्यवस्था से आसानी से हो जाता है। दाहिनी ओर एक टेबल-कुर्सी और उस पर रखा लैंप कमरे का एहसास देता है तो बीच में रखी आरामकुर्सी और साथ ही रखी साइड-टेबल तथा थोड़ी दूरी पर रखा कपड़े टँगा हैंगर-रैक कभी आँगन तो कभी अम्मा बी का कमरा बन जाता है। बाईं ओर दो सीढ़ी का रेलिंग लगा चबूतरा छत बन जाता है। वाचक का इन स्पेसों में घूमते हुए आवाज़ के उतार-चढ़ाव के साथ कहानी पढ़ना पात्रों के आपसी संबंधों को और स्थान एवं समय के साथ उनके जुड़ाव को बाख़ूबी उजागर करता है। वाचक कभी सीधे दर्शकों से सीधे संवाद स्थापित करके भी कहानी कहता चलता है। अंतिम दृश्य में साइक्लोरामा पर उभरा चाँद और छत पर खड़ी अम्मा बी का उससे अपने मन की बात कहना दर्शकों के मर्म को ही नहीं छूता बल्कि उसे ये भुला भी देता है कि वह वाचक है अम्मा बी नहीं। बड़ी सादगी से किया गया यह अंदाज़े बयां मन को मोह लेता है।

रेणु अरोड़ा मिरांडा हाउस, दिल्ली विश्वविद्यालय में असिसटेंट प्रोफेसर हैं. नाटक और रंगमंच में अभिरूची . संपर्क : renur71@gmail.com