कुछ मुलाकातें संयोग होती हैं, कुछ यात्राएँ याद बन जाती हैं और कुछ लोग हमारी जिंदगी में इस तरह शामिल हो जाते हैं कि फिर उनके बिना जीवन की कल्पना भी अधूरी लगती है।
मैं और मुकेश, दोनों हरियाणा के हैं। लेकिन मज़ेदार बात यह है कि हम दोनों की मुलाकात अपने प्रदेश में नहीं, बल्कि बहुत दूर जाकर विशाखापट्टनम, आंध्र प्रदेश में हुई। न मुझे वहाँ की भाषा आती थी, न मुकेश को और न ही हम दोनों को उस शहर से कोई विशेष परिचय था। हम दोनों छात्र जीवन की एक कॉन्फ्रेंस में शामिल होने के लिए वहाँ गए थे। जीवन के उस दौर में एक अलग उत्साह था, नई जगहों को देखने की उत्सुकता थी और भविष्य को लेकर मन में अनेक सपने थे।
मुझे याद है कि वह 14 फरवरी के आसपास का समय था। शायद इस तारीख का स्मरण इसलिए भी बना हुआ है कि प्रेम के इस पूरे संस्मरण में कहीं न कहीं 14 फरवरी की एक अनकही उपस्थिति महसूस होती है। जब हम विशाखापट्टनम की ओर जा रहे थे, तब ट्रेन में एक लड़का और लड़की सामने की बर्थ पर बैठे बड़े प्यार से बातें कर रहे थे। लड़के के हाथ में एक फूल था, जिसे वह लड़की को दे रहा था। लड़की शरमा रही थी। शायद उसे इस बात का संकोच था कि सामने की बर्थ पर हम लोग बैठे हुए हैं।तभी लड़के ने कहा, “इनको कुछ समझ नहीं आता। इन्हें हमारी बात समझ नहीं आएगी।” और फिर दोनों अपनी बातचीत में लग गए।
उसकी बात तो सही थी। हमें उनकी भाषा समझ में नहीं आ रही थी, लेकिन उनकी भावनाएँ बहुत अच्छी तरह समझ में आ रही थीं। भाषा की सीमाएँ थीं, लेकिन प्रेम की भाषा तो किसी अनुवाद की मोहताज नहीं होती। लेकिन हमारी कहानी विशाखापट्टनम पहुँचकर शुरू नहीं हुई। हमारी कहानी तो वहाँ से वापसी की रेलयात्रा में शुरू हुई। और शुरुआत भी ऐसी कि आज याद करूँ तो चेहरे पर मुस्कान आ जाती है।
सतपुड़ा के जंगल और एक तस्वीर का जुनून
हम विशाखापट्टनम से दिल्ली की ओर लौट रहे थे। हुआ यूँ कि जब हमारी ट्रेन सतपुड़ा के जंगलों की ओर से गुजर रही थी, तब मुझे अपनी स्कूली पाठ्यपुस्तक में पढ़ी सतपुड़ा के जंगलों से संबंधित कविता याद आ गई। बचपन में किताबों में पढ़े हुए जंगलों को अपनी आँखों से देखने की एक अलग ही उत्सुकता थी। ट्रेन में मेरी सीट नीचे थी और मैं खिड़की से बाहर देख रही थी। मन ही मन सोच रही थी कि काश, ट्रेन कहीं रुक जाए और मैं इन जंगलों को जी भरकर देख सकूँ। जिन रास्तों और दृश्यों को कभी किताबों के पन्नों में कल्पना के सहारे देखा था, आज उन्हें अपनी आँखों से देखने का अवसर मिल रहा था।
और देखिए, संयोग भी कितना सुंदर था! थोड़ी ही देर में ट्रेन बीच रास्ते में रुक गई। ट्रेन रुकते ही मैंने पास में खड़े मुकेश से कहा, “मुकेश, चल फटाफट नीचे उतरते हैं। मेरी फोटो खींचना। मुझे फोटो खिंचवानी है।”
मेरे घर के आर्थिक हालात बहुत अच्छे नहीं थे, फिर भी मेरे भीतर तस्वीरें खिंचवाने का एक अजीब-सा जुनून था। बचपन से ही अपनी तस्वीरें सहेजने का शौक रहा है मुझे। कभी चाचा से डाँट खाकर, कभी माँ से डाँट खाकर, किसी काम के लिए मिले पैसों में से थोड़ा बचाकर मैं फोटो खिंचवाने का जुगाड़ कर ही लेती थी।ऐसा ही एक किस्सा याद आ रहा है।
जब मैं स्कूल से लौट रही थी तो कैमरे वाली दुकान के सामने से गुजरी। वहाँ एक हरियाणवी ड्रेस में किसी की फोटो टँगी हुई थी। मैंने सोचा कि अगर मैं इस ड्रेस में फोटो खिंचवाऊँ तो कैसी दिखूँगी! उसी दिन मन में ठान लिया कि एक फोटो मैं भी ऐसी ही खिंचवाऊँगी। बस फिर क्या था! थोड़े-थोड़े पैसे जोड़े और पहुँच गई दुकान पर। दुकानदार मेरे इस शौक को पहले से जानता था। मुझे देखते ही झट से बोल पड़ा, “आ ही गई तू!”
मैंने कहा, “एक सुथरी-सी फोटो उतार दे, बिल्कुल ऐसी ही।” मैंने दीवार पर टँगी तस्वीर की ओर इशारा करते हुए कहा।
उसने बताया कि इस ड्रेस के पैसे अलग से लगेंगे। इतने पैसे तो मेरे पास थे नहीं। मैंने थोड़ी झिझक के साथ कहा कि फोटो लेने आऊँगी, तब पैसे दे दूँगी। उसने मना कर दिया तो मैं उदास हो गई।
आखिरकार उसने कहा, “अच्छा-अच्छा, ठीक है, पैसे जरूर दे देना,’मैं खुश हो गई।
मैंने अंदर जाकर अपने पहने हुए कपड़ों के ऊपर से ही वह ड्रेस पहन ली, लेकिन वह मेरे साइज की थी ही नहीं। बस जुनून ऐसा था कि उसी में फोटो खिंचवानी है। मैं तैयार हो गई। कैमरामैन ने सब कुछ सेट करके मुझे सीधे खड़े रहने का इशारा किया, लेकिन मेरा ध्यान पास में सजाकर रखी मटकी पर चला गया। मैंने कहा, “इसे पकड़कर फोटो लो।”
वह झुँझला गया, क्योंकि मैं पैसे कम दे रही थी। फिर भी उसने मुझे समझाया कि मटकी कैसे पकड़नी है और मेरे हाथ में थमा दी। मैंने एक हाथ से मटकी थामी और दूसरे हाथ से दुपट्टा पकड़ लिया।
उसने दो-तीन बार फ्लैश मारा। मैं बहुत उत्सुक थी। जैसे ही उसने कैमरा अपनी आँखों से हटाकर नीचे किया, मैंने दोनों हाथ खाली छोड़े और झट से उसकी ओर भागी। मटकी हाथ से छूटते ही फर्श पर गिरी और उसके टुकड़े-टुकड़े हो गए।
उत्सुकता में यह सब इतनी जल्दी हुआ कि मेरा ध्यान ही नहीं रहा कि मटकी छोड़ने से वह टूट जाएगी। टूटने की आवाज सुनते ही मैं आवाक रह गई। फर्श पर टूटी पड़ी मटकी को देखकर सहम गई कि अब तो मेरी खैर नहीं! कुछ देर के लिए न तो मेरे मुँह से कुछ निकला और न ही कैमरामैन के। थोड़ी खामोशी के बाद वह जोर से चिल्लाया, “छोरी, ये क्या कर दिया तैन्नै! मेरा नुकसान कर दिया। कैथल से लाया था ये। ऐसी क्या आफत आ पड़ी थी कि मटकी ही हाथ से छोड़ दी?”
मैं चुप रही और अटकते हुए कहा, “गलती से हाथ से छूट गई।” वह मुझ पर खूब चिल्लाया। मैं चुपचाप सुनती रही, क्योंकि गलती मेरी थी। अगर मेरी गलती नहीं होती तो मैं भी उसे दो-चार बातें सुनाकर वहाँ से चली जाती!
शाम को यह पूरा कांड चाचा को बता दिया गया। घर पर बहुत डाँट पड़ी। लेकिन चाचा के सामने थोड़ा रोने पर सब ठीक हो गया। मैंने पूरी कहानी कह सुनाई तो चाचा मेरी नादानी पर हँसने लगे। प्यार से सिर पर हाथ फेरा और कहा, “मैं ले आऊँगा तेरी फोटो, तू उसकी दुकान पर मत जाना। मैं देख लूँगा।”
पास खड़ी माँ ने ताना मारते हुए कहा, “बिगाड़ दी बिल्कुल। इसके शौक अमीर घर के हैं। कब तक पूरे करेगा? घर में दाल-सब्जी के पैसे नहीं और छोरी को फोटो खिंचवानी हैं!”
बचपन की वे बातें आज भी याद आती हैं तो हँसी भी आती है और मन भावुक भी हो जाता है। मैं अपने इस विचार से बाहर आई और मुकेश को ऊँची आवाज में कहा कि मैं ट्रेन से नीचे उतर रही हूँ। मेरी फोटो खींचना।
मेरे लिए तस्वीर केवल तस्वीर नहीं थी। मेरे अपने अस्तित्व को सहेजने का एक तरीका था। शायद उस समय भी यह अहसास था कि समय बहुत तेजी से गुजरता है, लेकिन तस्वीरें बीते हुए पलों को हमेशा के लिए थाम सकती हैं। मैं तस्वीरों को चुपचाप अपने पास रखती और समय-समय पर उन्हें देखकर पुराने दिनों में लौट जाती। आज भी जिंदगी की बहुत-सी यादें तस्वीरों के रूप में सुरक्षित हैं। मैंने कैमरा मुकेश के हाथ में थमाया और खुद नीचे उतर गई। लेकिन जैसे ही नीचे उतरी, ट्रेन चल पड़ी! वह भी इलेक्ट्रिक ट्रेन, जो कुछ ही क्षणों में तेज रफ्तार पकड़ लेती है। अब तो मेरे हाथ-पाँव फूल गए। मैं पूरी ताकत से ट्रेन की ओर भागी। उधर मुकेश भी भौचक्का रह गया। एक तरफ मेरे मन में डर था कि कहीं ट्रेन छूट न जाए और दूसरी तरफ मुकेश के मन में चिंता थी कि कहीं मैं जंगल में ही पीछे न छूट जाऊँ। कितना विचित्र क्षण था! अभी कुछ देर पहले तक मैं अपनी तस्वीर खिंचवाने के लिए उत्साहित थी और अब अपनी पूरी ताकत लगाकर ट्रेन पकड़ने की कोशिश कर रही थी।इसी अफरा-तफरी, घबराहट और भागमभाग के बीच कैमरे का बटन अपने आप दब गया और एक तस्वीर कैद हो गई!उस तस्वीर में मैं ट्रेन की ओर भाग रही थी। चेहरे पर घबराहट थी, कदमों में तेजी थी और मन में केवल एक ही चिंता थी कि किसी तरह ट्रेन पकड़ लूँ।
कभी-कभी जिंदगी की सबसे यादगार तस्वीरें हम सोच-समझकर नहीं खिंचवाते। वे अचानक खिंच जाती हैं। शायद इसलिए कि जिंदगी को पता होता है कि कौन-सा पल आगे चलकर सबसे अधिक अनमोल बनने वाला है। जैसे-तैसे मैं ट्रेन में चढ़ पाई। ट्रेन में चढ़ने के बाद हम दोनों ने एक-दूसरे की तरफ देखा। वह केवल एक सामान्य नजर नहीं थी। उसमें राहत थी, चिंता थी, एक-दूसरे को सुरक्षित देखकर मिलने वाली खुशी थी और शायद कुछ ऐसा भी था, जिसे उस समय हम दोनों ठीक से समझ नहीं पा रहे थे। हम दोनों एक-दूसरे को देखते रहे। निगाहें तब तक नहीं हटीं, जब तक हमारे एक साथी ने आकर छेड़ नहीं दिया। हरियाणा की भाषा में कहें तो साथियों ने खंखारा किया। तब हमारा ध्यान टूटा। हम दोनों शरमा गए और अपनी-अपनी सीट पर जाकर बैठ गए। लेकिन अब तक कुछ बदल चुका था। हम दोनों अपनी-अपनी सीटों पर बैठे थे। बातचीत का कोई औपचारिक आरंभ नहीं हुआ था, लेकिन हमारे बीच कुछ न कुछ घट रहा था।
चाँदनी रात में ताजमहल देखने की इच्छा
मैं बहुत शर्माती थी। मुकेश भी ऐसा नहीं था कि तुरंत हिम्मत करके खुलकर बात कर सके। हम दोनों के बीच एक झिझक थी, एक संकोच था। लेकिन उस संकोच के भीतर एक अनकहा आकर्षण भी धीरे-धीरे आकार ले रहा था।
कुछ देर बाद मैंने अपने साथियों से पूछा, “क्या यह ट्रेन आगरा की तरफ से होकर निकलेगी?”
हमारे साथ सुरेंद्र नरवाल भी था। मैंने उससे पूछा, “सुरेंद्र, यह ट्रेन आगरा की तरफ से निकलेगी?”
सुरेंद्र ने कहा, “हाँ, निकलेगी।”
मैंने बड़े उत्साह से कहा, “मुझे आगरा का ताजमहल चाँदनी रात में देखना है। भले ही ट्रेन की खिड़की से ही सही। अगर मैं सो जाऊँ तो मुझे आगरा में जगा देना।”
यह एक बहुत छोटी-सी इच्छा थी। कोई बड़ी माँग नहीं थी, कोई विशेष तैयारी नहीं थी। बस मेरी चाह थी कि मैं चाँदनी रात में ताजमहल को देख सकूँ। सुरेंद्र नरवाल ने तो अपनी बर्थ पर चादर तानी और सो गया। शायद उसे याद भी नहीं रहा कि रात में ट्रेन आगरा से होकर गुजरने वाली है। लेकिन एक दूसरा छोरा था—मुकेश! उसने मेरी उस छोटी-सी इच्छा को अपने मन में रख लिया। वह पूरी रात जागता रहा। केवल इसलिए कि मुझे ताजमहल दिखा सके।
सोचिए, प्रेम की शुरुआत में कितनी छोटी-छोटी बातें कितनी बड़ी हो जाती हैं! कोई व्यक्ति आपकी कही हुई बात को कितना महत्व देता है, यह उसके प्रेम की गहराई बताने के लिए काफी होता है। मुकेश के लिए उस रात शायद नींद से ज्यादा महत्वपूर्ण मेरी इच्छा थी। जैसे ही आगरा आने का संकेत मिला और ट्रेन आगरा जंक्शन की ओर बढ़ी, मुकेश खिड़की से बाहर झाँकने लगा। फिर वह तेजी से मेरी तरफ आया और मुझे उठाते हुए बोला, “देखो, देखो कौशल! उठो, हम आगरा से निकल रहे हैं। ताजमहल देखने की कोशिश करो!” मैं भी तुरंत उठकर खिड़की की तरफ देखने लगी।
रात का समय था। आसमान में चाँद दिखाई दे रहा था। बाहर हल्की-सी रोशनी और कुछ परछाइयाँ नजर आ रही थीं। मुकेश बार-बार उत्साह से कह रहा था, “देखो, देखो! वो देखो, ताज है, ताज!”
वह अपनी तरफ से मुझे ताजमहल दिखाने की पूरी कोशिश कर रहा था।शायद उस रात ताजमहल स्पष्ट दिखाई नहीं दिया। शायद केवल उसकी एक हल्की-सी परछाईं ही नजर आई। लेकिन उस क्षण की खूबसूरती किसी इमारत को देखने में नहीं थी। उसकी खूबसूरती उस भावना में थी, जिसके कारण एक लड़का पूरी रात जागा था। ट्रेन आगे निकल गई। ताजमहल पीछे छूट गया, लेकिन हमारी आँखें और मन कुछ देर तक वहीं अटके रहे। और फिर मुकेश अपनी बर्थ छोड़कर मेरी खिड़की के पास वाली सीट पर आकर बैठ गया।
अब बातचीत शुरू हुई। एक रात, अनगिनत बातें और जीवन की नई शुरुआत अब आप स्वयं अंदाजा लगा सकते हैं कि सतपुड़ा के जंगलों से शुरू हुई यह यात्रा आगरा होते हुए कुरुक्षेत्र की ओर बढ़ रही थी, लेकिन हम दोनों को नींद नहीं आ रही थी। रात गहराती जा रही थी। ट्रेन अपनी रफ्तार से आगे बढ़ रही थी। बाहर अँधेरा था, कहीं-कहीं रोशनी की झलक दिखाई देती थी। लेकिन हम दोनों के लिए उस रात का सबसे सुंदर दृश्य शायद एक-दूसरे के साथ बैठकर बातें करना था।
न जाने कितनी बातें हुईं। कितनी जिज्ञासाएँ, कितने सवाल, कितनी हँसी और कितनी अनकही भावनाएँ एक-दूसरे तक पहुँचीं। बीच-बीच में हमारे मित्र अपनी बर्थ से सिर उठाकर हमें देखते। हमें बातचीत में मशगूल देखकर वे परेशान नहीं करते। एक-दो बार उन्होंने कहा भी, “अरे, अब सो भी जाओ! कुरुक्षेत्र पहुँचने वाले हैं।”
हम दोनों का जवाब लगभग एक ही होता, “हाँ-हाँ, सोते हैं।” लेकिन नींद कहाँ आने वाली थी!
कुछ रातें ऐसी होती हैं, जिनमें समय का अहसास ही नहीं रहता। घड़ी की सुइयाँ आगे बढ़ती रहती हैं, रास्ते बदलते रहते हैं, स्टेशन पीछे छूटते रहते हैं, लेकिन मन किसी एक बातचीत में ठहरा रहता है। शायद वह रात भी ऐसी ही थी आखिरकार ट्रेन कुरुक्षेत्र पहुँच गई। एक रेलयात्रा समाप्त हुई, लेकिन जीवन की एक नई यात्रा शुरू हो चुकी थी। और मित्रों, यही वह सफर था, जहाँ से हमारा रिश्ता आगे बढ़ा और समय के साथ शादी के सात फेरों के पवित्र बंधन तक पहुँचा। इस दौरान बहुत कुछ हुआ। कई परिस्थितियाँ आईं, कई कठिनाइयाँ भी रहीं। लेकिन आज हम उन कठिनाइयों की चर्चा नहीं करेंगे। आज हम केवल प्रेम की बात करेंगे। उन पलों की बात करेंगे, जो समय के साथ और अधिक खूबसूरत होते चले गए।
शादी के बाद फिर आगरा की यात्रा
जब हमारी शादी हुई, तब मुकेश को मेरी वह छोटी-सी इच्छा याद थी—आगरा का ताजमहल देखना। वह इच्छा, जो एक रात ट्रेन की खिड़की से झाँकते हुए व्यक्त की गई थी, मुकेश के मन में कहीं सुरक्षित रह गई थी। शादी के बाद जब हमारे जीवन में साथ बिताने का नया अध्याय शुरू हुआ, तब मुकेश मुझे लेकर फिर ट्रेन में बैठा। इस बार मंजिल थी आगरा। आज की भाषा में कहें तो यह हमारा हनीमून पीरियड था। लेकिन इस यात्रा का महत्व केवल हनीमून तक सीमित नहीं था। यह उस छोटी-सी इच्छा को पूरा करने की यात्रा थी, जिसे मैंने कभी बहुत सहजता से व्यक्त किया था और मुकेश ने उतनी ही सहजता से अपने मन में संजो लिया था। इस बार हम आगरा पहुँचे और ताजमहल को सामने से देखा। वह ताजमहल, जिसे कभी चाँदनी रात में ट्रेन की खिड़की से देखने की कोशिश की थी। वह ताजमहल, जिसकी केवल हल्की-सी परछाईं दिखाई दी थी। वह ताजमहल, जिसे दिखाने के लिए मुकेश पूरी रात जागा था। आज हम दोनों उसके सामने थे। शायद उस दिन ताजमहल की खूबसूरती से अधिक खूबसूरत वह स्मृति रही होगी, जो हमारे बीच जीवित थी।
मेरे लिए ताजमहल अब केवल प्रेम का ऐतिहासिक प्रतीक नहीं था। वह उस रात की याद था, जब मेरे एक साथी ने मेरी कही हुई छोटी-सी बात को अपने मन में इतनी गहराई से रख लिया था कि समय बीतने के बाद भी उसे भुलाया नहीं। और मुकेश के लिए शायद यह केवल मुझे ताजमहल दिखाने का अवसर नहीं था, बल्कि यह जताने का एक तरीका था कि मेरी छोटी-छोटी इच्छाएँ उसके लिए भी उतनी ही महत्वपूर्ण हैं।
प्रेम की असली खूबसूरती
कभी-कभी हम प्रेम को बहुत बड़े-बड़े शब्दों में परिभाषित करने लगते हैं। बड़े वादे, बड़े उपहार और बड़े आयोजन प्रेम की अभिव्यक्ति के साधन हो सकते हैं, लेकिन प्रेम की असली गहराई अक्सर उन छोटी-छोटी बातों में छिपी होती है, जिन्हें दुनिया शायद मामूली समझती है-किसी की तस्वीर खींचने के लिए कैमरा हाथ में लेना, ट्रेन छूटने पर किसी के पीछे छूट जाने की चिंता करना,किसी की कही हुई एक छोटी-सी इच्छा को याद रखना, पूरी रात जागकर किसी को ताजमहल दिखाने की कोशिश करना, और फिर वर्षों बाद उसी इच्छा को पूरा करने के लिए दोबारा उसी शहर की यात्रा करना-इन सबमें प्रेम का एक अलग ही रूप दिखाई देता है। प्रेम केवल किसी के साथ रहने का नाम नहीं है। प्रेम किसी की छोटी-छोटी खुशियों को अपने जीवन का हिस्सा बना लेने का नाम भी है। प्रेम यह है कि आप किसी की कही हुई बात को उस समय भी याद रखें, जब कहने वाला स्वयं उसे भूल चुका हो। शायद यही वह अपनापन है, जो किसी रिश्ते को समय के साथ और गहरा बनाता है।
एक सफर, जो आज भी जारी है
तो मित्रों, यह थी मेरी और मुकेश की कहानी।
हम दोनों हरियाणा के थे। मुलाकात हुई विशाखापट्टनम में। कहानी का अंकुर फूटा वापसी की ट्रेन यात्रा में। सतपुड़ा के जंगलों ने हमें एक तस्वीर दी, आगरा की चाँदनी ने एक याद दी और कुरुक्षेत्र ने हमारे रिश्ते को एक नया ठिकाना दिया। फिर सात फेरों के साथ हमने जीवन की एक नई यात्रा शुरू की। कितना सुंदर संयोग है कि जिस ताजमहल को एक रात ट्रेन की खिड़की से देखने की इच्छा थी, उसे शादी के बाद हमने साथ जाकर देखा। वह रात बीत गई। वह ट्रेन भी बहुत पीछे छूट गई। सतपुड़ा के जंगल भी पीछे रह गए। आगरा का वह स्टेशन भी अब केवल स्मृति में है।
लेकिन उस रात की जागती आँखें, वह भागती हुई लड़की, कैमरे में कैद हुई अनायास तस्वीर और मुकेश की आवाज़—
“देखो, देखो कौशल, वो ताज है!” आज भी शायद उसी तरह जीवित हैं।
जिंदगी में कुछ तस्वीरें कैमरे से खिंचती हैं और कुछ मन के भीतर। कैमरे वाली तस्वीरें समय के साथ पुरानी हो सकती हैं, लेकिन मन में कैद तस्वीरें कभी धुँधली नहीं पड़तीं।
विशाखापट्टनम से कुरुक्षेत्र तक की वह रेलयात्रा केवल दो शहरों के बीच का सफर नहीं थी। वह दो अनजान से परिचित होते दिलों की यात्रा थी। एक ऐसा सफर, जिसमें प्रेम ने बिना किसी घोषणा के जन्म लिया, धीरे-धीरे अपना आकार पाया और फिर जीवनभर के साथ में बदल गया।
आज भी जब उस सफर को याद करती हूँ, तो लगता है कि जिंदगी की सबसे खूबसूरत यात्राएँ वे नहीं होतीं, जिनमें हम सबसे सुंदर स्थानों पर जाते हैं। सबसे खूबसूरत यात्राएँ वे होती हैं, जिनमें हमें कोई ऐसा मिल जाता है, जिसके साथ पूरी जिंदगी का सफर तय करने का मन हो जाता है। और हमारी कहानी में शायद यही हुआ था।
________________________________________
Dedicated to My Love ❤️
उस साथी के नाम, जिसने मेरी छोटी-छोटी इच्छाओं को अपनी यादों में जगह दी; जिसने एक रात ताजमहल की झलक दिखाने के लिए अपनी नींद कुर्बान कर दी; और जिसने मुझे यह समझाया कि प्रेम केवल कहा नहीं जाता, उसे छोटी-छोटी बातों में जिया भी जाता है। वह ट्रेन यात्रा तो कब की समाप्त हो गई, लेकिन उसके साथ शुरू हुआ हमारा सफर आज भी जारी है। क्योंकि कुछ प्रेम कहानियाँ ताजमहल देखकर पूरी नहीं होतीं, बल्कि ताजमहल से लौटकर जीवनभर साथ चलती हैं। ❤️
कौशल पंवार हिंदी की साहित्यकार और संस्कृत की विदुषी हैं। वे इन दिनों इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) में प्राध्यापक हैं। संस्कृत में पीएचडी प्राप्त कौशल पंवार का अकादमिक लेखन धर्मशास्त्रों, शूद्रों की सामाजिक स्थिति, जाति व्यवस्था और स्त्री प्रश्नों पर केंद्रित रहा है।उनका कहानी संग्रह ‘जोहड़ी’ (2017) राष्ट्रीय पुस्तक न्यास से प्रकाशित हुआ। उनकी आत्मकथा ‘बवंडरों के बीच’ में जातिगत भेदभाव, श्रम, अभाव, शिक्षा और आत्मसम्मान के लिए एक स्त्री के संघर्ष की जीवन्त कथा दर्ज है। उनकी कहानियों और आत्मकथात्मक लेखन में दलित स्त्री जीवन, जाति और पितृसत्ता के अंतर्संबंध तथा सामाजिक विषमता के अनुभव प्रमुखता से सामने आते हैं।




