बिहार के मुजफ्फरपुर में समकालीन हिंदी के प्रसिद्ध अम्बेडकरवादी कहानीकार, उपन्यासका कैलाश वानखेड़े को उनके उपन्यास ‘उजला अँधेरा’ के लिए अयोध्या प्रसाद खत्री स्मृति सम्मान से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर हिंदी साहित्य, आलोचना, शिक्षा और संस्कृति से जुड़े अनेक प्रतिष्ठित लोग उपस्थित रहे।
अयोध्या प्रसाद खत्री परिवार के सदस्य वीरेन नंदा द्वारा 2008 में शुरू हुई इस पहल ने अब तक देश के अनेक महत्वपूर्ण लेखकों, कवियों, आलोचकों और साहित्यिक पत्रिकाओं को सम्मानित किया है। इस सम्मान से कृष्ण बलदेव वैद, शेखर जोशी, डॉ. तुलसीराम, डॉ. रोज केरकेट्टा, अनिल यादव, सुधीर विद्यार्थी, डॉ. विनय कुमार, पंकज बिष्ट की पत्रिका ‘समयांतर’, वॉल्टर भेंगरा ‘तरुण’, निदा नवाज, जोराम यालाम, सुरेंद्र मनन, कमलेश वर्मा, सुचिता वर्मा, नवीन जोशी और शेखर पाठक जैसी साहित्यिक हस्तियां जुड़ चुकी हैं।
कैलाश वानखेड़े को मिले सम्मान के निर्णायकों में दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रोफेसर व आलोचना के संपादक आशुतोष कुमार ने वानखेड़े के साहित्यिक अवदान और पुरस्कृत ‘उपन्यास उजला अँधेरा’ पर अपनी बात रखी। समारोह में पूर्व कुलपति प्रो. रवींद्र कुमार ‘रवि’, एलएनटी कॉलेज में हिंदी के सहायक प्राध्यापक डॉ. चितरंजन कुमार, हापुड़ (उत्तर प्रदेश) के हिंदी प्राध्यापक रामायन राम, ‘आलोचना’ के संपादक प्रो. आशुतोष कुमार, समाजकर्मी कामेश्वर प्रसाद, संस्कृतिकर्मी स्वाधीन दास, सुपरिचित कवि एवं वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. रमेश ऋतंभर, अप्पन समाचार के संस्थापक संतोष सारंग, कहानीकार डॉ. सुशांत कुमार (सुशांत मोहन), नदीम खान, अमृतांज इंदीवर, प्रो. रवि रंजन, डॉ. रिंकु कुमारी और पत्रकार विनय कुमार सहित अनेक लोग उपस्थित थे।
अयोध्या प्रसाद खत्री और सम्मान की परंपरा
अयोध्या प्रसाद खत्री हिंदी साहित्य के इतिहास में खड़ी बोली के शुरुआती और महत्वपूर्ण समर्थकों में गिने जाते हैं। 1857 में बलिया में जन्मे खत्री का कार्यक्षेत्र मुजफ्फरपुर रहा। उन्होंने हिंदी को केवल गद्य की भाषा तक सीमित रखने के बजाय कविता की भाषा के रूप में भी प्रतिष्ठित करने का प्रयास किया। उस दौर में हिंदी कविता पर ब्रजभाषा का प्रभाव था। खत्री ने खड़ी बोली में कविता लेखन को प्रोत्साहित किया और 1887-1889 के दौरान ‘खड़ी बोली का पद्य’ के माध्यम से इस दिशा में महत्वपूर्ण काम किया। उनकी भाषायी दृष्टि में सहज, जनसुलभ और विभिन्न भाषाओं के प्रचलित शब्दों को स्वीकार करने वाली हिंदी की कल्पना प्रमुख थी।

मुजफ्फरपुर में शुरू हुआ अयोध्या प्रसाद खत्री स्मृति सम्मान इसी ऐतिहासिक भाषायी और साहित्यिक विरासत को याद करने की एक महत्वपूर्ण पहल है। इसकी विशेषता यह भी है कि इसके दायरे में केवल स्थापित मुख्यधारा के लेखक ही नहीं, बल्कि दलित, आदिवासी, क्षेत्रीय और हाशिए के समाजों की आवाज को साहित्य में जगह देने वाले रचनाकार भी शामिल रहे हैं।
कैलाश वानखेड़े : साहित्य और सामाजिक यथार्थ का लेखन
11 जनवरी 1970 को इंदौर, मध्य प्रदेश में जन्मे कैलाश वानखेड़े समकालीन हिंदी के महत्वपूर्ण कथाकार हैं। वे मध्य प्रदेश में भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी के रूप में कार्यरत हैं। प्रशासनिक जिम्मेदारियों के साथ उन्होंने साहित्यिक लेखन की अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।
उनके दो कहानी-संग्रह ‘सत्यापन’ और ‘सुलगन’ प्रकाशित हैं। ‘उजला अँधेरा’ उनका पहला उपन्यास है। उनकी कहानियों का मराठी, पंजाबी और अंग्रेजी सहित कई भाषाओं में अनुवाद हुआ है। उन्हें इससे पहले ‘हंस कथा सम्मान’ और ‘मधुकर सिंह स्मृति सम्मान’ से भी सम्मानित किया जा चुका है।
वानखेड़े के लेखन में दलित जीवन, सामाजिक विषमता, संस्थागत संरचनाओं और मनुष्य के अनुभवों की जटिलताएं प्रमुखता से सामने आती हैं। उनके उपन्यास ‘उजला अँधेरा’ में दलित समुदाय की पीड़ा के साथ-साथ भारतीय समाज की संरचना और उसकी अंतर्विरोधी विकास यात्रा की पड़ताल की गई है। यह उपन्यास सामाजिक विकास की प्रचलित धारणाओं के बरक्स उन लोगों के अनुभवों को सामने लाता है, जिनके हिस्से में आधुनिकता और विकास के बावजूद असमानता और वंचना बनी हुई है।
कैलाश वानखेड़े को मिला यह सम्मान समकालीन हिंदी साहित्य में सामाजिक यथार्थ, हाशिए के अनुभवों और लोकतांत्रिक संवेदना के साथ लिखे जा रहे साहित्य की पहचान के रूप में भी देखा जा सकता है।




